फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

’पापा याद बहुत आते हो’ कुछ ऐसा भी मुझे कहो



   अप्रैल माह की सातवीं और अंतिम रचना एक गीत है जिसके रचनाकार निशीथ द्विवेदी की यह हिंद-युग्म पर पहली दस्तक है। अक्टूबर 1979 मे जन्मे निशीथ शाजापुर (म.प्र) से तअल्लुक रखते हैं। निशीथ ने रासायनिक अभियांत्रिकी मे आइ आइ टी रुड़की से बी टेक और आइ आइ टी दिल्ली से एम टेक की उपाधि हासिल की है। कविताकर्म मे रुचि रखने वाले निशीथ सम्प्रति आयुध निर्माणी भंडारा मे कार्यरत हैं।
   हम यहाँ माँ विषयक हृदयस्पर्शी कविताएं पहले भी पढ़ते रहे हैं, वही पिता के जिम्मेदारी और अनुशासन के तले दबे व्यक्तित्व का कोमल पक्ष अक्सर कविताओं मे उतनी प्रमुखता से उजागर नही हो पाता है। प्रस्तुत कविता अपने पारंपरिक कलेवर मे एक पिता की ऐसी ही अनुच्चारित भावनाओं मे छिपे प्रेम और विवशता को स्वर देती है।

पुरस्कृत कविता: गीत

माँ को गले लगाते हो, कुछ पल मेरे भी पास रहो !
’पापा याद बहुत आते हो’ कुछ ऐसा भी मुझे कहो !
मैनेँ भी मन मे जज़्बातोँ के तूफान समेटे हैँ,
ज़ाहिर नही किया, न सोचो पापा के दिल मेँ प्यार न हो!

थी मेरी ये ज़िम्मेदारी घर मे कोई मायूस न हो,
मैँ सारी तकलीफेँ झेलूँ और तुम सब महफूज़ रहो,
सारी खुशियाँ तुम्हेँ दे सकूँ, इस कोशिश मे लगा रहा,
मेरे बचपन मेँ थी जो कमियाँ, वो तुमको महसूस न हो!

हैँ समाज का नियम भी ऐसा पिता सदा गम्भीर रहे,
मन मे भाव छुपे हो लाखोँ, आँखो से न नीर बहे!
करे बात भी रुखी-सूखी, बोले बस बोल हिदायत के,
दिल मे प्यार है माँ जैसा ही, किंतु अलग तस्वीर रहे!

भूली नही मुझे हैँ अब तक, तुतलाती मीठी बोली,
पल-पल बढते हर पल मे, जो यादोँ की मिश्री घोली,
कन्धोँ पे वो बैठ के जलता रावण देख के खुश होना,
होली और दीवाली पर तुम बच्चोँ की अल्हड टोली!

माँ से हाथ-खर्च मांगना, मुझको देख सहम जाना,
और जो डाँटू ज़रा कभी, तो भाव नयन मे थम जाना,
बढते कदम लडकपन को कुछ मेरे मन की आशंका,
पर विश्वास तुम्हारा देख मन का दूर वहम जाना!

कॉलेज के अंतिम उत्सव मेँ मेरा शामिल न हो पाना,
ट्रेन हुई आँखो से ओझल, पर हाथ देर तक फहराना,
दूर गये तुम अब, तो इन यादोँ से दिल बहलाता हूँ,
तारीखेँ ही देखता हूँ बस, कब होगा अब घर आना!

अब के जब तुम घर आओगे, प्यार मेरा दिखलाऊंगा,
माँ की तरह ही ममतामयी हूँ, तुमको ये बतलाऊंगा,
आकर फिर तुम चले गये, बस बात वही दो-चार हुई,
पिता का पद कुछ ऐसा ही हैँ फिर खुद को समझाऊंगा!
________________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तक।



रंग की हों पपड़ियाँ उचली किसी दीवार से



शामिख फ़राज का नाम हमारे नियमित पाठकों के लिये नया नही है। कुछ वक्त पहले तक शामिख मंच के खूब सक्रिय कवि और पाठकों मे से रहे हैं। इधर कुछ समय से उनकी रचनाओं का क्रम कुछ अनियमित हुआ है। इससे पहले उनकी एक कविता गत वर्ष जनवरी माह मे आयी थी। इस अप्रैल माह की प्रतियोगिता मे उनकी प्रस्तुत रचना ने छठा स्थान हासिल किया है।

अब क्योंकि हाथ ख़ाली
 लौटा हूँ बाज़ार से,
हाथ ही सर पे
फिरा दूंगा मैं उसके प्यार से,
ज़िन्दगी लगती है यूँ
जो दोस्तों से दूर हूँ,
रंग की हों पपड़ियाँ
उचली किसी दीवार से,
आना जाना उसका
अब भगवानों के घर पे नहीं,
लौटा होगा ख़ाली जो
भगवानों के वो द्वार से,
चीख भूखे फिर किसी बच्चे की
मुझको ही क्यों
है सुनाई देती
उस पाजेब की झंकार से,
लोग सब अपने घरों को
लौट जाते हैं फ़राज़
तू परेशां से दिखे
खुद में हुई तकरार से।
____________________________________
पुरस्कार:हिंद-युग्म की ओर से पुस्तक।


ये सफर अच्छे से बेहतर की तलाश में



प्रतियोगिता की पाँचवीं रचना एक गज़ल है, जिसके रचनाकार रोहित रुसिया हैं। अनियमित रूप से लिखने वाले रोहित की कविताएं अक्सर लंबे अंतराल के बाद आती हैं। इससे पहले उनकी पिछली कविता पिछले सितंबर माह मे प्रकाशित हुई थी।

पुरस्कृत रचना:  गज़ल


इंसानियत की जद में, उजालों की आस में
ये सफर अच्छे  से, बेहतर की  तलाश में।

किरदार  कैद  हैं  कई, पर्दों के दरमियाँ
फन उनके फिर से लायें, चलो हम उजास मे।

मिटटी  के घरौदें  हैं, महलों  की  ओट में
गिरवी रखी हैं खुशियाँ, महाजन के पास में।

संजीदा  बहस  होगी, दिल्ली  में भूख पर
मुद्दा  ये  जिक्र  में है, हर आमों-खास  में।

गुलशन की हवाओं में ये, कैसा ज़हर घुला
तितली भी  डर रही हैं, जाने को पास में।

मुद्दत से मौन ढूंढ रहा, क्या है ये हुजूम
खुशियों की चाह है या, सुकूं की तलाश में।
__________________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तक।


उम्मीद भरा गीत



अप्रैल माह की तीसरे स्थान की कविता चैन सिंह शेखावत की है। चैन सिंह जी राजस्थान के माध्यमिक शिक्षा विभाग मैं हिंदी व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं और राजस्थानी तथा हिंदी दोनो मे काव्य-सृजन करते हैं। .विभिन्न समाचार पत्रों तथा पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित हो चुकी हैं। हिंदी कविता की ई-पत्रिकाओं में भी कविताओं का प्रकाशन हो चुका है। इसके अतिरिक्त राजस्थान के शिक्षा विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तकों में भी रचनाएँ संकलित हुई हैं। हिंद-युग्म पर चैन सिंह शेखावत के यह प्रथम कविता है। कविता का प्रबल आशावाद इसकी प्रमुख शक्ति है।


पुरस्कृत कविता: उम्मीद  भरा  गीत 

शब्दों का ही सामर्थ्य है
दिन अभी इतने मैले नहीं हुए हैं
निथर जाएगा सब आकाश
चाँद फिर तुम्हें मनुहारने
झाड़ियों की ओट तक
चला आएगा

एक कविता इतनी उम्मीद भरा गीत है
सत्ता और शोषण की
तमाम नाकेबंदियों में
आदमी आज़ाद है तो
इसी दम पर

कोई पुचकारने या सहलाने नहीं आएगा
हमें अपने अपने हिस्से के पात्र
स्वयं गढ़ने होंगे
कुंद हुए किनारों पर
अंगूठे से धार चखनी है

तुम रहो या ना रहो
तुम्हारे पुराने कपड़ों में कोई और होगा
बीत चुके सावन में लगाए पेड़ों पर
तुम्हारी ही शक्ल के लोग
झूला झूलते होंगे

एक दिन जरूर ऐसा आएगा
धरती का बाँझपन
और युद्धरत मनुष्यता
तुम्हारे सामने बौने नज़र आएँगे
तब तुम समझोगे
मेरे शब्द की ताक़त क्या है।
_____________________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म से पुस्तक।


इंद्रियाँ और दिमाग़



धर्मेंद्र कुमार सिंह की रचनाओं ने यूनिप्रतियोगिता मे हर माह शीर्ष पायदानों पर रहने की आदत ही बना ली है। इनकी कविताएं और ग़ज़लें पाठकों की भी पसंद बनती रही हैं। पिछले माह दूसरे स्थान पर धर्मेंद्र की गज़ल प्रकाशित हुई थी। तो इस बार उनकी प्रस्तुत कविता ने चौथा मुकाम हासिल किया है। प्रस्तुत कविता इंद्रियों और दिमाग के अंतर्संबंध के इशारे से हमारी सामाजिक व्यवस्था के इतिहास की सच्चाई बयाँ करने की कोशिश करती है।


पुरस्कृत कविता: इंद्रियाँ और दिमाग़

इंद्रियाँ तो कठपुतलियाँ हैं
सबसे ऊपर बैठे दिमाग़ की
उसी के इशारों पर नाचती हैं
इंद्रियों को तो पता भी नहीं होता
कि वो आखिर कर क्या रही हैं
आवश्यकता से अधिक सुख सुविधाएँ
जिन्हें वो गलत तरीके से इकट्ठा कर रही हैं
उन्हें या तो निकम्मा बना देंगी
या रोगी
और अगर पकड़ी गईं
तो सारी सजा मिलेगी इंद्रियों को
बलि की बकरियाँ हैं इंद्रियाँ।

इंद्रियाँ करें भी तो क्या करें
आदिकाल से
नियम ही ऐसे बनते आये हैं
जिससे सारी सजा इंद्रियों को ही मिले,
हर देवता, हर महात्मा ने
हमेशा यही कहा है
कि इंद्रियों पर नियंत्रण रखो
दिमाग़ की तरफ़ तो
कभी भूल कर भी उँगली नहीं उठाई गई
कैसे उठाई जाती
उँगली भी तो आखिरकार
दिमाग़ के नियंत्रण में थी।

मगर कलियुग आने का
पुराने नियमों से विश्वास उठने का
एक फायदा तो हुआ है
अब यदा कदा कोई कोई
उँगली दिमाग़ की तरफ भी उठने लगी है,
ज्यादातर तो तोड़ दी जाती हैं
या जहर फैल जाएगा कहकर काट दी जाती हैं
मगर क्या करे दिमाग़
अनिश्चितता का सिद्धांत तो वो भी नहीं बदल सकता
कि उठने वाली हर उँगली तोड़ी नहीं जा सकती,
कोई न कोई उँगली बची रह ही जाएगी
तथा उस उँगली की सफलता को देखकर
उसके साथ और भी उँगलियाँ उठ खड़ी होंगी,
अन्ततः दिमाग को
उँगलियों की सम्मिलित शक्ति के सामने
सर झुकाना ही पड़ेगा
अपनी असीमित शक्ति का दुरुपयोग
रोकना ही पड़ेगा।
_____________________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तक।

निरंतर वध


नरेंद्र कुमार तोमर की कविताएँ अक्सर असहज करने वाले प्रश्नों से जूझती नजर आती हैं। प्रचिलित मिथकीय तथ्यों को समकालीन सामाजिक संदर्भों मे इस्तेमाल करते हुए वे अपने समाज के बाजारीकरण के खिलाफ खड़े होते हैं और वक्त के यक्षप्रश्नों का सामना करने की कोशिश करते हैं। उनकी पिछली कविता दिसंबर माह मे चौथे स्थान पर प्रकाशित हुई थी। इस माह दो पायदान चढ़ते हुए प्रस्तुत कविता ने दूसरा स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविता: निरंतर वध

न होने पर भी
मैं धर्मराज नहीं
युधिष्ठिर नहीं मैं
मैने पांसे नहीं फैंके
जुआँ नहीं खेला
दांव पर नहीं लगाया कुछ,
पर मेरी द्रोपदी छिन गई
उठा ले गया उसे बाजार
दिलाने को साड़ियां
और करता रहा चीरहरण-
करोड़ों की तरह
मैं भी
उतरा नहीं युद्ध में कभी
मैने किसी को नहीं ललकारा
आग, बर्बादी और मौत उगलते
जीवन निगलते
बमों का सामना नहीं किया
पर हो गया लंजपुंज
बाहर आ गईं
अंतड़ियां मेरी भूख से
सूख गया भीतर तक प्यास से-
मैं योद्धा नहीं कहलाया
पर मारा गया बार बार
लड़ते हुए
थोपे हुए
अनचाहे युद्ध
नहीं था कुछ मेरे पास
सिवा हाथ-पांव के
पर मैं लुटता रहा
पिटता-कुटता रहा
सबसे ज्यादा
पूरी करने कामेच्छा अपने पिता की
मैने नहीं की थी भीष्मप्रतिज्ञा
पर मैं होता रहा लगातार
निर्वासित
नहीं था मैं पांचाली पुत्र
मेरा पिता नहीं कर कर रहा था
साम्राज्य के लिए युद्ध
मैं चक्रव्यूह भेदने नहीं गया
पर महारथी मेरा वध् करते रहे
विश्वामित्रों ने मुझे बना दिया त्रिशंकु
लटका दिया अधर में
सदा की तरह देवता
मुझे स्वीकार नहीं करते
अपने स्वर्ग में
और मंत्रशक्ति
मुझे नहीं उतरने देती है
धरती पर

अप्रैल 2011 की यूनिकवि प्रतियोगिता के परिणाम



 
     अप्रैल 2011 की युनिकवि प्रतियोगिता के परिणाम आ गये हैं, जिन्हे ले कर हम आपके समक्ष उपस्थित हैं। पिछले कुछ माहों मे निर्णय आने मे होने वाले विलम्ब की वजह से परिणाम प्रकाशित करने की अवधि मे थोड़ा व्यतिक्रम होता गया है, जिसे हम दुरुस्त करने की कोशिश कर रहे हैं। अप्रैल माह के आयोजन के द्वारा प्रतियोगिता ने अपने बावन महीनों का पड़ाव पार कर लिया है। प्रतिभागियों का जोश और पाठकों का नियमित प्रोत्साहन इस प्रतियोगिता की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है।

     अप्रैल माह की प्रतियोगिता के लिये हमारे पास कुल 38 जायज प्रविष्टियाँ आयीं, जिनको दो चरणों मे परखा गया। पहले चरण मे चार निर्णायक तय किये गये, इन निर्णायकों द्वारा दिये गये अंकों के आधार पर 21 कविताओं को दूसरे यानी अंतिम चरण के निर्णय के लिए भेजा गया। अंतिम चरण में 2 निर्णयक थे, जिनके द्वारा दिये गये अंकों और पुराने औसत अंकों के औसत के आधार पर कविताओं का अंतिम वरीयता क्रम निर्धारित किया गया। हालाँकि इस बार निर्णायकों को यह भी लगा कि कविताओं का सामूहिक स्तर पिछले माहों की तुलना मे कुछ कमतर रहा है। इसलिये हमने शीर्ष की सिर्फ़ सात कविताओं को प्रकाशित करने का निर्णय किया है। कविता अपने मन के भावों को अभिव्यक्त करने के माध्यम के अलावा शब्दों के हथौड़े से सामाजिक-सांस्कृतिक-वैचारिक जड़ता की दीवारों को तोड़ने और हमारी सोच की हदों को और विस्तृत करने का औजार भी होती है। एक अच्छी कविता कहलाये जाने के लिये उसमे कथ्य/शिल्प स्तर पर मौलिकता का समावेश होना जरूरी शर्त होता है। जो कविताएँ प्रचिलित लीक को चुनौती दे कर मौलिकता की इस कसौटी पर खरी उतरती हुई अपने समय के सच को शब्दों की रोशनी मे लाने की हिम्मत करती हैं, वही कविताएं कालातीत हो पाती हैं और अपने वक्त का दस्तावेज बन जाती हैं। आशा है कि हमारे उत्साही प्रतिभागी हर बार अपनी अभिव्यक्ति की सीमाओं को चुनौती देते हुए हर रचना के संग परिपक्वता के नये मुकाम पार करते रहेंगे। शीर्ष की तीनों कविताओं के बीच इस बार ज्यादा फ़र्क नही रहा है मगर सारे निर्णायकों की पसंद के आधार पर पंकज रामेंदु अप्रैल माह के लिये हिंद-युग्म के यूनिकवि घोषित हुए हैं।

युनिकवि: पंकज रामेंदु 


  पंकज रामेंदु का जुड़ाव हिंद-युग्म से काफ़ी पुराना रहा हैं मगर इधर एक लंबे अंतराल के बाद उनकी हिंद-युग्म पर वापसी हुई है। उनकी पिछली कविता 2008 मे हिंद-युग्म पर प्रकाशित हुई थी। हमारे पुराने पाठक संभवतः उनसे परिचित होंगे मगर नये पाठकों के लिये हम एक बार पुनः उनका परिचय प्रस्तुत कर रहे हैं।

पंकज का जन्म मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 29 मई 1980 को हुआ। इनको पढ़ने का शौक बचपन से है, इनके पिताजी भी कवि हैं, इसलिए साहित्यिक गतिविधयों को इनके घर में अहमियत मिलती है। लिखने का शौक स्नातक की कक्षा में आनेपर लगा या यूँ कहिए की इन्हें आभास हुआ कि ये लिख भी सकते हैं। माइक्रोबॉयलजी में परास्नातक करने के बाद एक बहुराष्ट्रीय कंपनी मे कुछ दिनों तक काम किया, लेकिन लेखक मन वहाँ नहीं ठहरा, तो नौकरी छोड़ी और पत्रकारिता में स्नात्तकोत्तर करने के लिए माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय जा पहुँचे। डिग्री के दौरान ही ई टीवी न्यूज़ में रहे। एक साल बाद दिल्ली पहुँचे और यहाँ जनमत न्यूज़ चैनल में स्क्रिप्ट लेखक की हैसियत से काम करने लगे। वर्तमान में स्क्रिप्ट लेखक हैं और लघु फ़िल्में, डाक्यूमेंट्री तथा अन्य कार्यक्रमों के लिए स्क्रिप्ट लिखते हैं। कई लेख जनसत्ता, हंस, दैनिक भास्कर और भोपाल के अखबारों में प्रकाशित।

     पंकज की प्रस्तुत कविता जो इस बार की यूनिकविता चयनित हुई है, साहित्य के एक बेहद महत्वपूर्ण मगर उपेक्षित नाम भुवनेश्वर को याद करने के बहाने वर्तमान हिंदी साहित्य के परिदृश्य पर गहरा कटाक्ष करती है। हम अपने पाठकों को बताते चलें कि भुवनेश्वर का जन्म 1910 मे शाहजहाँपुर (उ प्र) मे हुआ था। अपने कुछ नाटकों और कहानियों के बल पर परिपक्वता के मामले मे वो अपने समय के साहित्य से कहीं आगे निकल गये थे। उनकी सबसे प्रसिद्ध कहानी ’भेड़िये’ हंस मे सर्वप्रथम 1938 मे प्रकाशित हुई थी, जिसे कई आलोचक हिंदी की पहली आधुनिक कहानी मानते हैं। मगर अपने बेहद स्वाभिमानी और तल्ख स्वभाव के चलते वो तत्कालीन साहित्य के राजपथ से निर्वासित और समकालीन साहित्यकारों मे सर्वथा उपेक्षित ही रहे। उनकी मृत्यु 1955 मे गहरी गुमनामी और फ़ाकाकशी के दौर मे हुई। गत 2010 भुवनेश्वर की जन्मशती का वर्ष था।

युनिकविता: पीड़ा (भुवनेश्वर के बहाने) 

वो लिखता था,
लिखता क्या था आतंक,
आंतक उनके लिए
जो मान बैठे थे खुद को खुदा,
शब्दों का ब्रह्मा,
जो ये मानते थे कि वो जानते हैं,
जो ये मानते थे कोई नहीं जानता,
जो ये मानते थे जानना भी उन्हे आता है,
जो ये मानते थे कलम उनके बाप की है,
जो ये मानते थे लिखना उन्हें आता है,
वे आतंकित हो गये थे,
नये शब्दों के चयन से
एक असुरक्षा घिर गई थी उनके मन में
उसकी लेखनी में आम सा कुछ था,
कुछ साधारण सा लगने वाला
जिसे हर कोई समझ जाता था
जो हर एक की बात थी,
उसमें कुछ आधुनिकता थी
कुछ ऐसा जो अब तक नहीं लिखा गया था
या जिसे लिखने की हिम्मत नहीं जुटा सका था कोई।
वो भय बन गया था अचानक
उसे सब समझते थे जिसे हम आम कहते हैं
औऱ जिसे नासमझ भी कहा जाता है
वो उनकी बोली उनकी भाषा की बात थी
उसने वो बात भी कही या लिखी
जो शायद उस दौर की सोच में नही थी।
बस आलोचनाओं के कीड़े
धीरे धीरे कुतरने लग गये उसे,
बुद्धिजीवियों के पिरान्हा रूपी समूह ने
साहित्यिक मांस को नोच डाला था
शब्दों के गोश्त को चबा-चबा कर
सब कुछ पचा गये
और सुबह की जुगाली में
दांत में फंसे हुए गोश्त के टुकड़े को
किसी पैनी चीज़ से कुरेद कर निकाल फेंका था,
वो टुकड़ा जो किसी कहानी, किसी कविता का हिस्सा था
हवा में विलीन हो गया,
सुना है वो जो आतंक था
वो सर्दी के आतंक से ठिठुर गया था।
आजकल साहित्य का मांस नोचने वाले
जिनके पुरखों ने उसके गोश्त का मज़ा चखा था
उसके शब्दों के मांस का फिर लुत्फ उठा रहे हैं,
उसके मरने पर अफसोस जता रहे हैं
उसकी याद में गोष्ठी पर गोष्ठी सजा रहे हैं,
जिसमें कहानी के किसी टुकड़े को
एकांकी के किसी कतरे को
कविता के किसी पल को याद किया जा रहा है
और उसे भी, जो कभी आतंक था
उसे भुनाया जा रहा है
कैसा अजीब है ये रवैया
तिल तिल कर मरना,
फिर एक दिन चुपचाप खामोश हो जाना,
कितना मुश्किल है
दुनिया में अमर हो पाना ।
___________________________________________
पुरस्कार और सम्मान: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें तथा प्रशस्तिपत्र। प्रशस्ति-पत्र वार्षिक समारोह में प्रतिष्ठित साहित्यकारों की उपस्थिति मे प्रदान किया जायेगा। समयांतर में कविता प्रकाशित होने की सम्भावना।

  इसके अतिरिक्त अप्रैल माह की शीर्ष की जिन छ: कविताओं का हम प्रकाशन करेंगे, उनके रचनाकारों का क्रम निम्नवत है-

नरेंद्र कुमार तोमर
चैन सिंह शेखावत
धर्मेंद्र कुमार सिंह
रोहित रुसिया
शामिख फ़राज़
निशीथ द्विवेदी

उपर्युक्त सभी कवियों से अनुरोध है कि कृपया वे अपनी रचनाएँ  7 जून 2011 तक अन्यत्र न तो प्रकाशित करें और न ही करवायें।

     हम उन कवियों का भी धन्यवाद करना चाहेंगे, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाया। और यह गुजारिश भी करेंगे कि परिणामों को सकारात्मक लेते हुए प्रतियोगिता में बारम्बार भाग लें। प्रतियोगिता मे भाग लेने वाले शेष कवियों के नाम निम्नांकित हैं (शीर्ष 21 के अन्य प्रतिभागियों के नाम अलग रंग से लिखित हैं)

राकेश जाज्वल्य
विशाल बाग
संगीता सेठी
आलोक उपाध्याय
शोभा रस्तोगी
सुरेंद्र अग्निहोत्री
सनी कुमार
निशा त्रिपाठी
रेणु दीपक
अनंत आलोक
गौरव कुमार ’विकल’
दीपक वर्मा
अरविंद कुमार पुरोहित
विजय विगमल
शील निगम
कमल जोशी पथिक
सीमा स्मृति मलहोत्रा
गंगेश ठाकुर
प्रवीण कुमार
यानुचार्या मौर्य यानु
मेयनुर खत्री
जोमयिर जिनि
वंदना सिंह
अनिल चड्डा
स्नेह सोनकर पीयुष
बलराम मीना दाऊ
दीपक कुमार
डॉ गौरव गर्ग
अनुपम चौबे
विभोर गुप्ता
एकनाथ उत्तम तेलतुंबडे

विशेष:  इस बार किसी पाठक को यूनिपाठक सम्मान हेतु योग्य नही पाया गया है। हमारा अपने पाठकों से अनुरोध है कि अपनी रचनात्मक और निष्पक्ष प्रतिक्रियाओं से रचनाकारों का मार्गदर्शन करें।

महंगाई का दानव



मार्च प्रतियोगिता की नवीं कविता के रचनाकार मनोज गुप्ता ’मनु’ हैं। हिंद-युग्म पर यह उनकी पहली कविता है। 1977 मे गुना (म.प्र.) मे जन्मे मनोज ने कम्प्यूटर से स्नातक किया है और वर्तमान मे शेयर-ब्रोकिंग व्यवसाय से संबद्ध हैं। लेखन के अलावा पेंटिंग मे भी रुचि रखने वाले मनोज की रचनाएँ दैनिक पत्रों मे प्रकाशित हो चुकी हैं और वो ब्लॉग पर भी लिखते हैं। अपने साहित्यिक रुझान के बारे मे खुद उनका कहना है कि  "मेरे परिवार का कोई भी सदस्य साहित्य में रूचि नहीं रखता है। मैंने अपने जीवन की पहली कविता मेरे एक दोस्त के जोर देने पर उसकी प्रेमिका के लिए लिखी थी, उसके बाद लेखन के प्रति मेरी गहरी रूचि हुई !"
सम्पर्क: 'वात्सल्य" 7 ए, शारदाकुंज,
नरेला शंकरी, भेल
भोपाल (म.प्र.) 46202
दूरभाष: 9329783197

पुरस्कृत रचना: महंगाई का दानव

चहकते हुए पड़ोस में
मातम सा छा गया है
महंगाई का ये दानव
एक दम से आ गया है!

मांगी थी फीस उसने
चांटा दिया पिता ने,
स्कूल आज बच्चा
रोता हुआ गया है!

वो भूख से तड़पकर
मजदूर मर रहा है,
सारे जहाँ की रोटी
ये कमबख्त खा गया है!

इस बार मेरी बहना
राखी न भेजना तू ,
ससुराल में बहन को
ये ख़त रुला गया है !!
_____________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।

तुम्हारा साथ


मार्च की दसवीं कविता भी नये रचनाकार की है। रचनाकार रितेश पांडेय मूलतः इलाहाबाद से हैं और वर्तमान मे दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य विषय मे परास्नातक मे अध्ययनरत हैं। बचपन से ही कविताओं मे रुचि रखने वाले रितेश ने कालेज स्तर पर ’तरुण मित्र’ पत्रिका का संपादन भी किया है। इनकी अन्य रुचियों मे संगीत सुनना और विभिन्न भाषाओं की फ़िल्में देखना भी शामिल है। इसके अतिरिक्त रितेश सांस्कृतिक गतिविधियों मे सक्रिय भागेदारी भी करते हैं। हिंद-युग्म पर यह उनकी प्रथम कविता है।

पुरस्कृत कविता: तुम्हारा साथ

तुम्हारा साथ होता है
बसंत की तरह
जिसमे मुस्कराती हैं कलियाँ
लहलहाते हैं खेत
मचलती हैं हवायें
इठलाते है बादल और
उन्ही में से झांकता है सूरज....

तुम्हारा साथ होता है
बारिश की तरह
जो पुलकित कर देता है
तन-मन को,
एक पल के लिए
इनकी छोटी बूंदों पर
होते है हमारे सपने,
जो टूट कर, बिखरकर मिल जाते हैं
और बनाते है आशाओं की नदियाँ....

तुम्हारा साथ होता है
बचपने की तरह,
जिसकी हर किलकारी पर
उमड़ पड़ता 'माँ' का मातृत्व
देखते है कौतुहल भरे नेत्रों से
हर किसी के प्यार को...
जो थाम लेना चाहता है
नन्हीं-नन्हीं अँगुलियों से
पूरा का पूरा संसार,
घूम लेना चाहता है
लड़खड़ाते कदम से
पूरा का पूरा जहाँ
जिसकी चाँद जैसी मुख-भंगिमा पर मुग्ध हो
हिलोरे लेने लगता है
पूरा का पूरा समुद्र....

तुम्हारा साथ होता है
झरनों की तरह,
जिससे फिसलकर गिरता है वक्त
निश्च्छल, कान्त और पवित्र,
जो सिंचित करता है आत्मा को
मधुर, मलय, शीतलता
उद्धेलित कर जाती तन-मन को..........

तुम्हारा साथ होता है
भावनाओं का सम्प्रेषण,
मुश्किल होता है
जज्बातों को लफ्जों में बांधना,
कहाँ है वो
वाक्यों की सुन्दरतम वाय परिसीमा
जो शब्दों की लड़ियों से
परिभाषित कर सके
हमारे-तुम्हारे साथ को.....
_________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म से पुस्तकें।

नागार्जुनों सुनो


जुलाई 2009 के यूनिकवि रहे अखिलेश श्रीवास्तव हिंद-युग्म के लोकप्रिय कवियों मे रहे हैं। बदलते परिवेश मे जीवन की कठोर विडम्बनाएँ तीखे व्यंग्य की धार के साथ इनकी कविताओं मे मुखरित होती हैं। मार्च माह प्रतियोगिता की प्रस्तुत कविता के बहाने उनकी हिंद-युग्म पर लम्बे अंतराल के बाद दस्तक है, जिसे इस माह सातवाँ स्थान मिला है। इससे पहले उनकी एक कविता ’पिता’ अक्टूबर माह मे प्रकाशित हुई थी।

पुरस्कृत कविता: नागार्जुनों सुनो

पुलिसिया अट्टहासों के बीच
जब कुछ दबंग
उठा ले जाते है
मेरे निर्दोष पड़ोसी को,
मैं इसे ईश्वर का नैसर्गिक
न्याय करार देते हुए
कर देता हूँ
लाइट ऑफ
एंजाय करता हूँ नाइट।

मेरी संवेदना
लालगढ़ स्टेशन के पहले ही
चाय पीने उतर जाती है,
मैं नही चला पता कलम
जब लालगढ़ के लालों के
हाड़ों पर पुलिस
खून पोत कर लिख देती है क्रांति।
शायद इसलिए क्योकि
ख्यातिनाम पुरस्कारों/सम्मानों की
कमेटी में कोई भी
मार्क्सवादी कवि नही है।

मैं फाइल के बजट के दस प्रतिशत
की शर्त पर देशसेवा करता हूँ,
कमजोर और बूढ़ी नारियों को
मैं पुरूषों के समकक्ष मानता हूँ।
पर देशसेवा की शर्त
जवान लड़कियो के लिए कुछ कम है,
बशर्ते उनके डियो की खुशबू
मेरी लपलपाती जीभ को पसंद हो।

मैं खिखिया कर हँसता भी हूँ,
जब भरे चौराहे, बीच दुपहरिया
सूरज के बेटे
झटक देते है
जुगनुओं के दुपट्टे।

नागार्जुनो सुनो
मैं भी कवि हूँ
तुम्हारी अगली पीढ़ी का।
_____________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।

पिता


प्रतियोगिता की आठवीं कविता अनिता निहलानी की है। हिंद-युग्म पर यह उनकी दूसरी कविता है। उनकी पिछली कविता जनवरी माह मे सातवें पायदान पर रही थी।

पुरस्कृत कविता: पिता

पुराने वक्तों के हैं पिता
उन वक्तों के
जब हवा में घुल गयी थी दहशत
खिलखिलाहटें, फुसफुसाहटों में
और शोर सन्नाटे में बदल रहा था
पाक पट्टन के स्कूलों में ।

बंटवारे की चर्चा जो पहले उड़ती थी
चाय की चुस्कियों के साथ
अब हकीकत नजर आने लगी थी
तब किशोर थे पिता,
नफरत की आग घरों तक पहुँच चुकी थी
पलक झपकते ही आपसी सौहार्द का पुल
विघटन की खाई में बदल गया था ।

पुश्तों से साथ रहते आये गाँव तथा परिवार
ढह गए थे ऐसे जैसे कोई दरख्त जड़ों सहित
उखाड़ दिया गया हो,
जलते हुए मकान, संगीनों की नोक पर
टंगे बच्चे, बेपर्दा की जा रहीं औरतें ।

रातोंरात भागना पड़ा था उन्हें
औरतों व बच्चों को मध्य में कर
घेर कर चारों ओर से वृद्ध, जवान पुरुष
बढ़ते गए मीलों की यात्रा कर
कारवां बड़ा होता गया जब जुटते गए गाँव के गाँव..

....और फिर दिखायी पड़ी भारत की सीमा
जो था अपना पराया हो गया देखते-देखते
खून की गंध थी हवा में यहाँ भी
दिलों में खौफ, पर जीवन अपनी कीमत मांग रहा था,
पेट में भूख तब भी लगती थी
...कहते-कहते लौट जाते हैं (अब वृद्ध हो चले पिता)
पुराने वक्तों में... कि सड़कों के किनारे मूंगफली
बेचते रहे, गर्म पुराने कपड़ों की लगाई दुकान
और कम्पाउडरी भी की
फिर पा गए जब तहसील में एक छोटी सी नौकरी,
हाईस्कूल की परीक्षा के लिये
सड़क के लैम्प के नीचे की पढ़ाई
पुरानी मांगी हुई किताबों से
और बताते हुए बढ़ जाती है आँखों की चमक
पास हुए प्रथम श्रेणी में,
भारत सरकार के डाकविभाग में बने बाबू
और सीढ़ियां दर सीढ़ियां चढ़ते
जब सेवानिवृत्त हुए तो सक्षम थे
एक आरामदेह बुढ़ापे की गुजरबसर में,
पर रह रह कर कलेजे में कोई टीस उभर आती है
जब याद आ जाती है कोई बीमार बच्ची
जिसे छोड़ आये थे रास्ते में उसके मातापिता,
एक बूढी औरत जो दम तोड़ गयी थी पानी के बिना ।
दिल में कैद हैं आज भी वह चीखोपुकार
वह बेबसी भरे हालात
आदमी की बेवकूफी की इससे बड़ी मिसाल क्या होगी ।
पिता ऊपर से संतुष्ट नजर आते हैं
पर भीतर सवाल अब भी खड़े हैं !
_______________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।

प्रवासी होते हुये



मुकेश कुमार तिवारी हिंद-युग्म के पुराने और लोकप्रिय कवियों मे से हैं। अप्रैल 2009 के यूनिकवि रहे मुकेश जी की इस माह हिंद-युग्म पर लम्बे समय के बाद वापसी हुई है। इससे पहले उनकी एक कविता ’ये लड़कियाँ’ नवंबर 2009 मे प्रकाशित हुई थी। मुकेश जी हिंद-युग्म के यूनिकवियों के प्रकाशन ’संभावना डॉट कॉम’ का हिस्सा भी रह चुके हैं। इनकी कवितायेँ अक्सर मानवीय जीवन के बढते मशीनीकरण के बीच क्षरित होती संवेदनाओं के स्रोत को बचाने का यत्न करती हैं। प्रस्तुत कविता मार्च माह मे छठे पायदान पर रही है।


पुरस्कृत कविता: प्रवासी होते हुये
एक,
सालिम अली थे,
उनसे मैंने जाना था
अपने गाँव की चौपाल पर
पहली बार किसी डॉक्यूमेन्ट्री में कि
पंछी प्रवासी होते हैं
खैर तब तक तो
मुझे प्रवासी होने का भी अर्थ नही पता था
अलबत्ता, पंछियों से खासी पहचान थी
हमारे गाँव से
कोई आदमी बाहर नही जाता था
और पंछी उतने ही थे
जिन्हें मैं पहचानता था
नाम रख छोड़े थे मैंने, उनके
फिर,
न जाने क्यों?
जो लोग कभी गाँव से गये थे
लौटे किसी तीज-त्यौहार पर
और उनका यह लौटके आना
बन ही गया दस्तूर
अब हर मौके पे
लौटते हैं यह लोग गाँव
अपने साथ लिये चमकती कामयाबी में
खामोश नाकामियों
जिसे बिखेर जाते हैं खेत में बीज़ की जगह
और अगली फसल के कटने पर
कोई और छोड़ देता है गाँव
चौंधियाते हुये
इन्हें भी अगली बार लौटने के लिये
साथ तो चाहिये किसी का
अब,
मैं समझने लगा हूँ
प्रवास और प्रवासी दोनों को
लेकिन, अब वो पंछी
जिन्हें सालिम अली कहते थे
हमारे मेहमान नज़र नही आते हैं
आदमी जरूर मेहमान सा
लौटता है कुछ देर के लिये घर
रिश्तों में दीमके लग चुकी है
मियादों की
इस,
फागुन में जब लौटगे वो
महुए,
अब भी उबाले जा रहे होंगे
देर रात तक
सुबह,
पहली धार से मिटाकर तड़प
मदमाती हो जायेगी
लाली फैल जायेगी होंठों से फिसलकर
गालों तक
यूँ लगेगा कि
सूरज कुछ देर के लिये ही सही
ठहर गया हो यहीं आस-पास
और ताक रहा हो
बौराये यौवन को फागुनी बयार में
भीगते / जलते हुये
मांदल की थाप पर
सनसनी दौड़ने लगी है देह में
बालियों में पक रहा है गेंहू /
यौवन संदली बदन में /
और मन में कई ख्वाब
रात लगती ही नही कि खत्म होगी कभी
होली की आँच में
गर्म हो रही होंगी कई हथेलियाँ मेहंदी रची हुई
और पसीना बस सरक रहा होगा
गर्दन से फिसलते हुये
सीने के करीब
या और थोड़ा नीचे....
बस,
एक दो दिन के बाद
लौटके किसी भीड़ में बदल जायेंगे ये
गाँव में पीछे
कोई कर रहा होगा
फसल पकने का इंतजार
___________________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।


हम करते ही नहीं हैं प्रार्थनाएँ


संगीता सेठी यूनिप्रतियोगिता की सबसे नियमित कवियत्रियों मे से हैं, जिनकी प्रविष्टियाँ लगभग हर माह प्रतियोगिता मे शामिल होती हैं और शीर्ष मे स्थान भी बनाती हैं। इससे पहले उनकी एक कविता दिसंबर प्रतियोगिता मे बारहवें स्थान पर रही थी। प्रस्तुत कविता ने मार्च माह मे पाँचवां स्थान प्राप्त किया है।

पुरस्कृत कविता: हम करते ही नहीं हैं प्रार्थनाएँ

हम करते ही नहीं हैं प्रार्थनाएँ
कि हमारे पड़ौस का
बीमार बच्चा
हो जाए चंगा
चहकता चिड़ियों सा
और खेलने लगे
आँगन में अपने,
ताकि हमारे आँगन भी
उसके चहकने की आवाज़ें
आने लगें छन कर
और हमारे आँगन का बच्चा
उचक कर देखने लगे
पडौस की दीवार के उस पार।

हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
कि इस वर्ष बरसें बादल
किसानों की उन फसलों पर,
जो देख रही हैं बाट
भरपूर पैदावार के लिए,
ताकि धुँए भरे हमारे शहर में
पहुँचे तादाद में पैदावार
और हमारे जेब पर ना पड़े मार
और हम भरवा सकें
अपने वाहनों में पेट्रोल
और धुँआ करने के लिए।

हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
कि टूटे ना एक भी सितारा
इस आकाश की ओढनी से,
लबालब रहे आकाश की ओढनी
सितारों से
ताकि ढकी रहे धरती
उस ओढनी की छाँव से
कि एक भी उल्कापिण्ड
धरती की छाती पर
गिर कर ना करे विलाप।

हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
देश के उस पार भी
आबो-हवा चलती रहे
ठण्डी और सुखद
कि सरहद पर बची रहे गोलियाँ,
ताकि एक भी चिंगारी
हमारी या उनकी सरहद पर
घास के एक भी टुकड़े को
जला ना सके।

हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
कि धरती पर जीने वाले
हर एक इंसान को
मुहैय्या हो रोटी कपड़ा और मकान.
ताकि खाते वक्त रोटी,
पहनते वक्त कपड़े
और ओढते वक्त चादरें
नहीं आए हमारे सामने
उन लाचार लोगों की सूरतें,
कि हम एक भी निवाला
निगल ना सकें हलक से।

हम जानते ही नहीं है प्रार्थना
की शक्ति को
वरना वो ताकत
सिमट जाती है
आत्मबल बन कर
फिर क्या ज़ुर्रत
कि पड़ौस का बच्चा
चंगा ना हो,
फसलों पर
ना बरसें बादल,
टूटे ना सितारे कभी,
बहती रहे हवाएँ
ठण्डी और सुखद
इस पार भी
उस पार भी,
और धरती पर जीने वाला
हर इंसान हो खुशहाल
कि दर्द का एक शूल भी
उसको छू ना पाए

दरअसल
हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
उन सब के लिए ।
______________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।

बात चलेगी धीरे-धीरे



मार्च प्रतियोगिता के चौथे पायदान पर एक नया नाम हिंद-युग्म से रचनाकार के तौर पर जुड़ा है। राकेश जाज्वल्य की यह कहीं भी प्रकाशित पहली रचना है। छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखने वाले राकेश का जन्म 1972 मे रायपुर मे हुआ। प्राथमिक शिक्षा जांजगीर मे हुआ, तत्पश्चात इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर से कृषि विज्ञान मे परास्नातक किया है। वर्तमान मे क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र रायगढ़ से बतौर वैज्ञानिक संबद्ध हैं। छात्र-जीवन से ही रंग-कर्म और साहित्य मे अभिरुचि रखने वाले राकेश बताते हैं कि "पिता (स्वर्गीय) श्री व्ही. एल. बनवासी जांजगीर में वरिष्ठ कवि के रूप में प्रतिष्ठित रहे किन्तु मुझे कविता में तब विशेष रूचि नहीं थी। कालेज की शिक्षा के बाद जब अनुसन्धान कार्यों में संलग्न रहने के कारण थिएटर में समय देना सहज नहीं रहा तब लम्बे विराम के बाद अचानक ही पिछले दो वर्षों से सृजनात्मकता कविता के रूप में अभिव्यक्त हुई।"
पता: राकेश बनवासी जाज्वल्य
द्वारा- श्री व्ही. एल. बनवासी
पुराना जिला चिकित्सालय, पानी टंकी के पास,
जांजगीर, जिला- जांजगीर. (छत्तीसगढ़.)
संपर्क- 094255-73812

पुरस्कृत रचना: गज़ल

बात चलेगी  धीरे-धीरे.
रात ढ़लेगी  धीरे-धीरे.

गीली लकड़ी इंतज़ार की,
आँख जलेगी धीरे-धीरे.

गर रिश्तों पर बर्फ जमी तो,
साँस गलेगी   धीरे-धीरे.

एक दुआ लब पर शिकवों के,
साथ  पलेगी  धीरे-धीरे.

लेकर चाँद का भोला चेहरा,
रात छलेगी  धीरे- धीरे.

ख़्वाब फ़लक पे बौरायेंगें,
याद फलेगी  धीरे-धीरे.
________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।


मैं कविता कहना चाहता हूँ


मार्च प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण बात यह भी रही कि इस माह कई पूर्ववर्ती यूनिकवियों ने भी इसमे शिरकत की है। दीपक चौरसिया ’मशाल’ हमारे सितंबर 2009 के यूनिकवि रह चुके हैं। उनकी कविता इस बार दूसरे पायदान पर है। इससे पहले उनकी एक कविता गतवर्ष अप्रैल मे प्रकाशित हुई थी।

पुरस्कृत कविता: मैं कविता कहना चाहता हूँ

मैं कविता कहना चाहता हूँ
हर बार
हर उस बार.. जब मुझे
सच बोलने के लिए दिया जाता है ज़हर
जब भी एकाकार किया जाता है सूली से
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ..

जब भी सच किया जाता है नज़रबंद
झूठ को किया जाता है बाइज्ज़त बरी
जब ज्ञान को विज्ञान बनने से रोका जाता है

जब चढ़ाया जाता है तख़्त-ए-फांसी
'अनलहक' कहने पर
जब बुल्लेशाहों को होती है सज़ा
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ
हाँ तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

जब रोटी खरीद पाने की असमर्थता में
किसी देह को बिकते, रौंदे जाते पाता हूँ
जब चिलचिलाती सर्दी में
चाय के अनमंजे गिलासों और चमचमाते बर्तनों के बीच दबी
मासूम की स्कूल की फीस देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

मोहल्ले भर की साड़ियों में
फौल लगाती एक माँ की आधी भरी गुल्लक और
उसकी सूती धोती के छेदों में से जब
बच्चों के भविष्य की किरणें निकलते देखता हूँ
जब दूध की उफनती कीमतों और
चश्मे के बढ़ते नंबर में देखता हूँ समानुपात
जब चार दीयों के बीच
नकली खोये सी दिवाली देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

जब किसी के साल भर के राशन की कीमत
ज़मीं से दो फुट ऊपर चलने वालों के
साल के आख़िरी और पहले दिन के बीच के
तीन-चार घंटों में उड़ते देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

जब महसूसता हूँ एक रिश्ता
तकलीफ से इंसान का
जब निर्वाचित पिस्सुओं को
अवाम की शिराओं से रक्त चूसते देखता हूँ
जब शक्ति को शोषक का पर्याय होते देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

जब एक मॉल की खातिर
सब्जियों, फलों और अनाज के हक की ज़मीनों पर
सीमेंट पड़ते देखता हूँ
कागजी लाभों वाले बाँध के लिए
मिटते देखता हूँ जंगलों, गाँवों के निशान
गरीब के खेत औ घर का सरकारी मूल्य
अफसर के मासिक वेतन से कम देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

ये कविता अमर नहीं होना चाहती
और ना ही कवि...
फिर भी जब सम्मान-अपमान से विलग हो
कुछ करना चाहता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ
या शायद कहना ना भी चाहूँ तब भी
कविता कहलवा लेती है खुद को

ये कवितायें लाना चाहती हैं परिवर्तन
निर्मित करना चाहती हैं नई मनुष्यता

मैं बीज की सी कविता रचना चाहता हूँ
क्रान्ति की नींव रखना चाहता हूँ
क्योंकि जानता हूँ
कल मैं रहूँ ना रहूँ
ये वृक्ष बनेगी एक दिन
एक दिन इस पर आयेंगे फल संभावनाओं के
एक दिन वक़्त का रंगरेज़ आज के सपने को
हकीकत के पक्के रंग से रंगेगा जरूर...
__________________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।

गाँवों का रोना दिल्ली को गाना लगता है


प्रतियोगिता की दूसरी रचना एक गज़ल है जिसके रचनाकार धमेंद्र कुमार सिंह ’सज्जन’ पिछले कई माहों से यूनिप्रतियोगिता के नियमित हिस्सा रहे हैं। इनकी रचनाएं हर बार ऊँचे पायदानों पर रही हैं और इनकी पिछली रचना फ़रवरी माह मे भी पांचवें स्थान पर आयी थी। एक सुलझे हुए कवि होने के संग ही एक सजग पाठक का दायित्व निभाते हुए धर्मेंद्र जी की कविताओं के केंद्र मे सामाजिक और आर्थिक विसंगतियाँ के सवाल रहते हैं।

पुरस्कृत रचना: गज़ल


चिड़िया की जाँ लेने में इक दाना लगता है
पालन कर के देखो एक जमाना लगता है ॥१॥

अंधों की सरकार बनी तो उनका राजा भी
आँखों वाला होकर सबको काना लगता है ॥२॥

जय-जय के नारों ने अब तक कर्म किये ऐसे
हर जयकारा अब ईश्वर पर ताना लगता है ॥३॥

कुछ भी पूछो, इक सा बतलाते सब नाम-पता
तेरा कूचा मुझको पागलखाना लगता है ॥४॥

दूर बजें जो ढोल सभी को लगते हैं अच्छे
गाँवों का रोना, दिल्ली को गाना लगता है ॥५॥

कल तक झोपड़ियों के दीप बुझाने का मुजरिम
सत्ता पाने पर, अब वो परवाना लगता है ॥६॥

टूटेंगें विश्वास, कली से मत पूछो कैसा
यौवन देवों को देकर मुरझाना लगता है ॥७॥

जाँच समितियों से करवाकर कुछ ना पाओगे
उसके घर में शाम-सबेरे थाना लगता है॥८॥
______________________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।

मार्च माह की यूनिप्रतियोगिता के परिणाम




   मार्च माह की यूनिप्रतियोगिता के परिणाम ले कर हम उपस्थित हैं। हमारे निर्णायकों के अतिशय व्यस्तता के चलते परिणामों की घोषणा मे इस बार काफ़ी बिलम्ब हुआ जिसके लिये हम पाठकों और प्रतिभागियों से क्षमा माँगते हैं और उनके धैर्य के लिये हार्दिक आभारी हैं। मार्च माह 2011 की प्रतियोगिता हमारी मासिक यूनिकवि और यूनिपाठक प्रतियोगिता का 51वाँ संस्करण थी। इस बार प्रतियोगिता मे कुल 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिनमे कई नये नाम भी शामिल थे। सभी रचनाएं विगत माहों की तरह ही 2 चरणों मे आँकी गयीं। पहले चरण के तीन निर्णायकों के द्वारा दिये अंकों के आधार पर 18 रचनाओं को दूसरे चरण के लिये भेजा गया। दूसरे चरण मे दो निर्णायकों ने बची हुई कविताओं को परखा। इस बार कई अच्छी कविताओं के आने से निर्णायकों का काम आसान नही था और शीर्ष की कविताओं के बीच अंतर भी काफ़ी कम रहा। दोनों चरण के कुल अंकों के आधार पर कविताओं का वरीयता क्रम निर्धारित किया गया। मार्च 2011 की प्रतियोगिता के यूनिकवि बनने का श्रेय दर्पण साह को मिला है जिनकी कविता ’लोकतंत्र दरअसल’ को निर्णायकों ने यूनिकविता चुना है।

यूनिकवि: दर्पण साह

    23 सितम्बर 1981 को पिथौरागढ़(कुमायूँ), उत्तराँचल में जन्मे दर्पण शाह 'दर्शन' को साहित्य में रूचि अपने परिवार से विरासत में मिली। विज्ञान और होटल मैनेजमेंट के छात्र होते हुए भी ये हमेशा से ही साहित्य रसिक रहे। बचपन से ही इन्हें सीखने की लालसा को हमेशा एक विद्वान् कहलाने से ऊपर रखना सिखलाया गया। कहानी-लेखन के अतिरिक्त कविता-लेखन, ग़ज़ल-नज़्म लेखन इनकी मूल विधाओं में शामिल है। दर्शन मूलतः साहित्य के बने-बनाए ढर्रे पर चलने के बजाय प्रयोगधर्मी साहित्य के सृजन में यकीन रखते हैं। खाली समय में दिल को छू लेने वाला संगीत सुनना दर्शन जी का पसंदीदा शगल है। सम्प्रति एमेडियस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली में तकनीकी-सलाह प्रभारी दर्पण हिंद-युग्म के प्रकाशन ’संभावना डॉट कॉम’ का हिस्सा भी रह चुके हैं।
दूरभाष: 09899120246

यूनिकविता: लोकतंत्र दरअसल...

गुस्से की तलाश में
जब मैं निकलूंगा राजपथ,
बस वहाँ पर
बेरोजगार 'जन' के
कांपते हुए कंधे मिलेंगे मुझे
"कंधे जो कल तक झुक जायेंगे"
ये नहीं बताऊंगा मैं आपको !
(बोलने का अधिकार- लोकतंत्र के नाम पर / चुप रहने की आदत- देशभक्ति की खातिर)
अपेक्षाओं के भविष्य में
बहुत हद तक  संभव है कि
कल वो 'जन' इंडिया गेट के बीचों बीच खड़ा हो जाएगा,
फाड़ के उड़ा देगा अपने सर्टिफिकेट
अपने शरीर में मिट्टी-तेल छिड़क के जला लेगा अपने आप को;
या बस ४ दिन से लगातार इस्तेमाल किये गए
कुंद पड़े ब्लेड से
लोकतंत्र की कोई नस काटने की कोशिश करेगा।
या अगर ज़िहादी हुआ तो
बम भी फोड़ सकता है !
पर भाइयों-बहनों,
श्रोताओं-दर्शकों,
डरने की कोई बात नहीं.
क्यूंकि,
लोकतंत्र वास्तव में तसल्ली का ऐसा खुशफ़हमी षड़यंत्र है
जिसमें हर बच जाने वाले को
ये शुक्र है कि उन्हें कुछ नहीं हुआ
मरने तक !

क्रांति की तलाश में
जब में निकलूंगा मलाड,
एक भूखा, अलाव तापता
'गण' मिलेगा मुझको.
कल के 'मुम्बई मिरर' के पृष्ठ १० में
विज्ञापनों से खाली बची जगह के बीच
उस अनाम 'कोई' की
कभी न पढ़ी जाने वाली 'कोई एक और' खबर होगी.
ये नहीं जान पायेंगे आप.
क्यूंकि,
आपके व्यस्त कार्यक्रम में
सीढियां चढ़ना ज़्यादा ज़रूरी है
(वो सीढियां बन के ही आपके नीचे कुचल के मारा गया था)
(ये) जानना कम
और समझना बिल्कुल नहीं।
फिर भी एक उम्मीद से फ़िर जाऊँगा चर्च गेट
कि शायद कोई जुलुस
उसके सरोकारों की अगुआई कर रहा होगा।
जुलुस जिसमें
'कमल', 'हाथ' या 'हंसिया' के झंडे नहीं होंगे,
बस मशालें होंगी,
उस अलाव से ज़्यादा 'दीप्त'
बहरहाल,
उस खबर के सामने एक विज्ञापन पे तो ध्यान गया होगा न आपका?
'व्हेन डिड यू फील सिल्क लेटली ?'
सच बताइए
व्हेन डिड यू फील रिवोल्यूशन लेटली?
डिड यू एवर ?
आई डोन्ट थिंक सो,
क्यूंकि,
अफ़सोस कि लोकतंत्र में
उसी तरह अलग हैं मायने
भ्रष्टाचार और हत्या के
जैसे क्रांति और देशद्रोह के।

युवतम-राष्ट्र का 'विजयी-पौरुष-उत्साह' तलाशने जब मैं निकलूंगा लहुराबीर
समर्पण (हार नहीं) की ग्लानि-जनित लज्जा के कारण
'वी शैल ओवरकम' का 'सतरंगी-उम्मीदी-स्त्रैण-दुपट्टा' ओढ़े
सहमा 'मन' मिलेगा मुझे.
तथापि,
ग़ालिब से इत्तफाक रखने के बावजूद,
मैं मणिकर्णिका घाट रोज़ राख कुरेदने जाऊँगा,
कि शायद राख हुए उत्तेजना के स्थूल शरीर में,
आत्माभिमानी मन का कुछ बचा हिस्सा
पक्षपात के अनुभव का इँधन पाकर ही सही
जल उठे कभी।
किन्तु हाँ !
लोकतंत्र,
हर पाँच साल में बांटी जाने वाली
कच्ची शराब में प्रयुक्त ऐसी 'शर्करा' है
जिसका 'चुनाव-परिणाम'
किसी भी पंचवर्षीय योजना के
'वसा' से ज़्यादा 'इंस्टेंट' है !

लोकतंत्र दरअसल...
...२४ तीलियों वाला रैखिक-वृत्त है...
'फॉर दी' से शुरू होकर वाया 'बाय दी', 'टू दी' नामक गंतव्य तक पहुँचता हुआ...
...जन गण मन !

एक कथन जो प्रश्न भी है:
राष्ट्र के चौंसठ-साला इतिहास के विश्लेषण के बाद
सफल लोकतंत्र के ऊपर गर्वानुभूति तर्कसंगत है.

लोकतंत्र,
..."जो हुआ बेशक वो बुरा हुआ"
और,
"जो होगा वो यकीनन अच्छा ही होगा"
के बीच का ऐसा देशभक्त-सेतु है,
जिसका
'सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण' होने के कारण
चित्र खींचना मना है।
अस्तु,
विश्लेषण भी !
नहीं तो मैं आपको ज़रूर बताता कि...
क्रांतियों की अपेक्षा
लोकतंत्र (मैं इसे षड़यंत्र कहता) की सफलता का प्रतिशत
सदैव अधिक ही होना है भाई !
क्यूंकि 'लोकतंत्र' वस्तुतः
क्रांति की तरह
यू. पी. या बिहार बोर्ड का पढ़ा नहीं,
किसी 'ए-रेटेड' बी-स्कूल में एजुकेटेड है.

लोकतंत्र,
दरअसल ऐसा 'आशीर्वाद' है
जो कांग्रेसियों द्वारा
'राजशाही-की-गालियों' के 'पर्यायवाची'
और भाजपाईयों द्वारा,
'दिव्य-भगवा-श्राप' के 'समानार्थक'
प्रयुक्त होता आया है।

लोकतंत्र,
राष्ट्र-ध्वज का ऐसा नवीनतम-सामाजिक संस्करण है
जिसके सामयिक-साम्प्रदायिक रंगों में
'काफ़्का ऑन द शोर' सा अद्भुत शिल्प है.
'हिन्दू-भगवा' और 'मुस्लिम-हरा' सगे भाई हैं जहाँ...
...'बाप की जायजाद के बंटवारे' वास्ते !

लोकतंत्र,
'सूचना के अधिकार' के साथ
'पद और गोपनीयता की शपथ'
और ''किसान' के साथ
'भुखमरी' का
सर्वविदित-विरोधाभास है।

लोकतंत्र
जो चंद रोज़ पहले तक
विश्व बैंक और अमेरिका की कठपुतली थी !
अब अपना वास्तविक-आर्थिक-मूल्य जान लेने के बाद
माफ़ करना, पर
'स्विस-बैंक' और 'लाल फीताशाही' की 'पेज़ थ्री' रखैल है !

लोकतंत्र,
दरअसल,
काटे जा चुके
'स्वर्णिम अतीत के जंगल' से,
'योजनाओं के नियोजित उद्यान' तक वाले
राष्ट्रीय राजमार्ग में लगा
'कार्य प्रगति पर है'
का सूचना-पट्ट है!
_________________________________________________________
पुरस्कार और सम्मान: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें तथा प्रशस्तिपत्र। प्रशस्ति-पत्र वार्षिक समारोह में प्रतिष्ठित साहित्यकारों की उपस्थिति मे प्रदान किया जायेगा। समयांतर में कविता प्रकाशित होने की सम्भावना।

    इसके अतिरिक्त मार्च माह के शीर्ष 10 के अन्य कवि जिनकी कविताएं हम यहाँ प्रकाशित करेंगे और जिन्हे हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें दी जायेगी, उनका क्रम निम्नवत है-

धर्मेंद्र कुमार सिंह
दीपक चौरसिया ’मशाल’
राकेश जाज्वल्य
संगीता सेठी
मुकेश कुमार तिवारी
अखिलेश श्रीवास्तव
अनिता निहलानी
मनोज गुप्ता ’मनु’
रितेश पांडेय

उपर्युक्त सभी कवियों से अनुरोध है कि कृपया वे अपनी रचनाएँ 18 मई 2011 तक अन्यत्र न तो प्रकाशित करें और न ही करवायें।

     हम उन कवियों का भी धन्यवाद करना चाहेंगे, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाया। और यह गुजारिश भी करेंगे कि परिणामों को सकारात्मक लेते हुए प्रतियोगिता में बारम्बार भाग लें। प्रतियोगिता मे भाग लेने वाले शेष कवियों के नाम निम्नांकित हैं (शीर्ष 18 के अन्य प्रतिभागियों के नाम अलग रंग से लिखित हैं)

सुवर्णा शेखर दीक्षित
कौशल किशोर
बृह्मनाथ त्रिपाठी
स्नेह सोनकर ’पीयुष’
कैलाश जोशी
नवीन चतुर्वेदी
डॉ अनिल चड्डा
निशा त्रिपाठी
शील निगम
प्रदीप वर्मा
मृत्युंजय साधक
सनी कुमार
केशवेंद्र कुमार
गंगेश कुमार ठाकुर
संदीप गौर
विवेक कुमार पाठक अंजान
मनोहर विजय
दीपाली मिश्रा
राजेश पंकज
सुरेंद्र अग्निहोत्री
सीमा स्मृति मलहोत्रा
आकर्षण गिरि
जोमयिर जिनि
आनंद राज आर्य
अभिषेक आर्य चौधरी
शशि आर्य
यानुचार्या मौर्य

यूनिपाठक सम्मान: मार्च माह की रचनाओं पर आयी टिप्पणियों गुणवत्ता के आधार पर डॉ अरुणा कपूर हमारी इस माह की यूनिपाठिका हैं। आशा है कि आगे भी उनकी गंभीर और रचनात्मक प्रतिक्रियाओं का लाभ हमारे कवियों को मिलता रहेगा। डॉ अरुणा को यूनिपाठिका के तौर पर हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें और प्रशस्तिपत्र दिया जायेगा।


भालू नाच




जनवरी प्रतियोगिता की तेरहवीं कविता के रचनाकार रमाशंकर सिंह हिंद-युग्म पे पहली बार प्रकाशित हो रहे हैं। रमाशंकर सिंह का जन्म 1 जुलाई 1981 को उत्तर प्रदेश के एक पिछड़े जिले गोण्डा के एक छोटे से गाँव सिसई में हुआ। इण्टरमीडिएट तक की शिक्षा पास ही के एक कस्बे में से हासिल की और 2004 में प्राचीन इतिहास में प्रथम श्रेणी में परास्नातक साकेत कालेज, अयोध्या से पूरा किया । 2005 से 2009 तक रचनात्मक कार्यों में लगे रहे हैं। रमा जी को 2009 में यू.जी.सी. की जूनियर रिसर्च फेलोशिप मिली है और वर्तमान में गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान के प्रो.बद्री नारायण के निर्देशन में निम्न जातियों के सामुदायिक अधिकारों पर शोध कर रहे हैं। कालेज की वार्षिक पत्रिका का संपादन किया है एवं वाक के अंक 6 में दो कविताएँ छप चुकी हैं।

कविता: भालू नाच 

बचपन में गर्म लोहे की छड़ से
दागे गये तलुओं की
पीड़ा की स्मृति में
मदारी के डंडे के डर से
नाचता है भालू
डमरू की धुन पर
उसके नाच में नाच रही होती है
उसकी पीड़ा और भूख
एक पीड़ा और भूख
नाच रही होती है मदारी की आँख
और जमूरे के पेट में भी

मेरे बचपन के ये बिंब
मेरे साथ घट रहे हैं
पेट पालने की जिद
और ज्यादा इकट्ठा करने की हवा में
मैं नाचता हूँ साहबों और नेताओं के आगे
बिना डंडा दिखाये या डमरू बजाये ही

आदमी ऐसे ही बनता है भालू
और नाचता रहता है मजमे में ।



बेलें



सनी कुमार की प्रस्तुत कविता जनवरी मे बारहवें पायदान पर रही है। यूनिप्रतियोगिता के सक्रिय प्रतिभागियों मे से एक सनी की कविताएं हिंद-युग्म पर पहले भी प्रकाशित हो चुकी हैं। सनी की कविताओं मे अक्सर नगरीय जीवन की विसंगतियाँ प्रतीकात्मक माध्यम से व्यक्त होती हैं। उनकी एक कविता सितंबर माह मे प्रकाशित हुई थी।

कविता: बेलें

ठूंठ था  
नामालूम क्या नाम था उसका
खोखले से जिस्म से
अपनी उचटती हुई
सूखी छालें
टपकाया करता था
तेज़ हवाओं  में


उन गुलाबी फूलों वाली
बेलों को
पता ही न चला
बस लिपटती चली  आई
इस खोखले से जिस्म पे
लम्हा-लम्हा करके शरारती बेलें----
कभी छेडती उसके खुरदरे  से
बदन को गुदगुदा  के

और कभी ---
सुन लेती सारी  दस्तानें  उसकी
सहलाकर उसके जिस्म को
बड़ा खुश-खुश सा दिखता था
बेलों की बुनी
शॉल ओढ़कर वो

उस गली के कोठीवालों ने
कटवा दिया उसे

उस रोज़ बहुत रोया वो
ठूंठ पेड़
आखिर क्यूँ काटी जा रही हैं
गुलाबी फूलों वाली बेलें भी ??

शुभस्ते पंथान:



जनवरी माह की आठवीं कविता अरविंद कुमार पुरोहित की है। अरविंद की यह हिंद-युग्म पर पहली कविता है।

पुरस्कृत कविता: शुभस्ते पंथान:

उसने कहा विनम्र बनो
मैं डरपोक हो गया.
उसने कहा संतोष बड़ा धन है
मैं आलसी और गरीब हो गया.
उसने कहा निडर रहो
मैं असभ्य हो गया.
जब निर्भय होने को कहा
मैं आक्रामक हो गया.
उसने सदा अस्मिता की बात की
मैं अहंकारी हो गया.
उसने कहा चुप रहना अच्छी बात है
मैं गूंगा हो गया.
जब खुल कर बोलने को कहा
मैं अमर्यादित हो गया.
उसने कहा स्पष्टवादी बनो
मैं दिल दुखाने लगा.
उसने समझदार बनाने की सलाह दी
मैं चतुर और चालाक बन गया.
उसने कहा द्रढ़ रहो
मैं जिद्दी हो गया.
उसने कहा काम आराम से करना चाहिए
मैं पूरा सो गया.
उसने कहा विफलता इतनी बुरी नहीं होती
मैंने प्रयास छोड़ दिए, विफलता की आदत डाल ली.
उसने कहा सांप मत बनना
मैं केंचुआ बन गया.
उसने अहिंसा को बड़ा गुण बताया
मैं पत्ता-गोभी बन गया.
उसने कहा भगवान् है
मैं निट्ठल्ला हो गया.
उसने कहा सब कुछ भगवान् थोड़े ही देखता है
मैं चोर बन गया.
वह कुछ कहता रहा
मैं कुछ बनता गया
मैं समझाने लगा
वह माना नहीं.
फिर मुझे भी गुस्सा आ गया
मुझे आदमी ही रहने दो
देवता क्यों बनाते हो
ये दुनियां किताबी बातों से नहीं चलती.
वह रुका और कहा-मैं तो खुद आदमी बनने की राह का पथिक हूँ
आपको देवता क्या बनाऊंगा?
आपने कुछ पूछा जरूर होगा
लेकिन कहा मैंने खुद से है
आपने सुन लिया होगा,
पर अमल तो मुझे करना है
आप जैसे भी हो, प्यारे हो
अपने हिसाब से इंसानियत की राह पर हो.
लेकिन यहाँ से मेरी राह जुदा होती हैं
चाहो तो साथ चलो, क्योंकि मंजिल तो एक ही है
अलग चले तो फिर मिलेंगे
साथ रहे तो साथ हैं ही.
विदा दोस्त! आपके साथ सफ़र बहुत अच्छा रहा
शुभस्ते पंथान:
और वह गुनगुनाता हुआ मुड़ गया.
मुझे जीत की इतनी खुशी नहीं हुई
जितना उसके बिछुड़ने का गम.
सोचा भी चल पडूँ उसी के साथ
या फिर पुकार लूं अपनी ही राह पर.
सोचता खड़ा रहा फिर चल पड़ा अपनी ही डगर.
कानों में अब भी उसकी गुनगुनाहट गूंजती है
जो कोई भजन नहीं था
एक फ़िल्मी गाना था
(ज्योति कलश छलके !!...शायद!)
कभी कभी उसकी याद बड़ी शिद्दत से आती है
उसकी बातें आँखों के सामने मुस्कुरातीं हैं
कभी कभी वह हमराह चलता दिखाई भी देता हैं
पर वो भरम है.
में अपनी बात पे कायम हूँ
उसकी पता नहीं क्या जिद है?
मेरी बला से!!