फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

मैं कविता कहना चाहता हूँ


मार्च प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण बात यह भी रही कि इस माह कई पूर्ववर्ती यूनिकवियों ने भी इसमे शिरकत की है। दीपक चौरसिया ’मशाल’ हमारे सितंबर 2009 के यूनिकवि रह चुके हैं। उनकी कविता इस बार दूसरे पायदान पर है। इससे पहले उनकी एक कविता गतवर्ष अप्रैल मे प्रकाशित हुई थी।

पुरस्कृत कविता: मैं कविता कहना चाहता हूँ

मैं कविता कहना चाहता हूँ
हर बार
हर उस बार.. जब मुझे
सच बोलने के लिए दिया जाता है ज़हर
जब भी एकाकार किया जाता है सूली से
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ..

जब भी सच किया जाता है नज़रबंद
झूठ को किया जाता है बाइज्ज़त बरी
जब ज्ञान को विज्ञान बनने से रोका जाता है

जब चढ़ाया जाता है तख़्त-ए-फांसी
'अनलहक' कहने पर
जब बुल्लेशाहों को होती है सज़ा
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ
हाँ तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

जब रोटी खरीद पाने की असमर्थता में
किसी देह को बिकते, रौंदे जाते पाता हूँ
जब चिलचिलाती सर्दी में
चाय के अनमंजे गिलासों और चमचमाते बर्तनों के बीच दबी
मासूम की स्कूल की फीस देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

मोहल्ले भर की साड़ियों में
फौल लगाती एक माँ की आधी भरी गुल्लक और
उसकी सूती धोती के छेदों में से जब
बच्चों के भविष्य की किरणें निकलते देखता हूँ
जब दूध की उफनती कीमतों और
चश्मे के बढ़ते नंबर में देखता हूँ समानुपात
जब चार दीयों के बीच
नकली खोये सी दिवाली देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

जब किसी के साल भर के राशन की कीमत
ज़मीं से दो फुट ऊपर चलने वालों के
साल के आख़िरी और पहले दिन के बीच के
तीन-चार घंटों में उड़ते देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

जब महसूसता हूँ एक रिश्ता
तकलीफ से इंसान का
जब निर्वाचित पिस्सुओं को
अवाम की शिराओं से रक्त चूसते देखता हूँ
जब शक्ति को शोषक का पर्याय होते देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

जब एक मॉल की खातिर
सब्जियों, फलों और अनाज के हक की ज़मीनों पर
सीमेंट पड़ते देखता हूँ
कागजी लाभों वाले बाँध के लिए
मिटते देखता हूँ जंगलों, गाँवों के निशान
गरीब के खेत औ घर का सरकारी मूल्य
अफसर के मासिक वेतन से कम देखता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ

ये कविता अमर नहीं होना चाहती
और ना ही कवि...
फिर भी जब सम्मान-अपमान से विलग हो
कुछ करना चाहता हूँ
तब मैं कविता कहना चाहता हूँ
या शायद कहना ना भी चाहूँ तब भी
कविता कहलवा लेती है खुद को

ये कवितायें लाना चाहती हैं परिवर्तन
निर्मित करना चाहती हैं नई मनुष्यता

मैं बीज की सी कविता रचना चाहता हूँ
क्रान्ति की नींव रखना चाहता हूँ
क्योंकि जानता हूँ
कल मैं रहूँ ना रहूँ
ये वृक्ष बनेगी एक दिन
एक दिन इस पर आयेंगे फल संभावनाओं के
एक दिन वक़्त का रंगरेज़ आज के सपने को
हकीकत के पक्के रंग से रंगेगा जरूर...
__________________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।

आज तुम लटके मिले हो फाँसी पर


युवा कवि दीपक मशाल अपनी लेखनी को लगातार परिपक्व करते जा रहे हैं। सितम्बर 2009 का यूनिकवि सम्मान प्राप्त कर चुके दीपक की एक कविता ने अप्रैल 2010 की यूनिकवि प्रतियोगिता में चौथा स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविताः बीज

और आज तुम लटके मिले हो फाँसी पर
मगर फिर भी शहीद ना बन पाए

अनगिन ख्वाबों के बीज अनगिनत
तुमने रोपे मेरी आँखों में
और चले गए बिन सींचे ही
मैंने कई बार सोचा
भून डालूँ इन बीजों को
अपने गुस्से की आग में

कई बार पूछना चाहा
कब सोना उगलेगी ज़मीन
कब अनाज से भरेंगे खलिहान
कब खिंच पायेगा ग्राफ
हक़ीक़त के सरकारी कागज़ पर
खालीपन से संतृप्तता की तरफ बढ़ता हुआ

अम्मा की कपड़े धोने वाली उस मुगरी से
जब पहली बार गेंद को पीटा था
तो झन्नाटेदार तमाचा मिला था इनाम तुमसे
इस कड़े निर्देश में पाग के कि
किसान का बेटा बनेगा सिर्फ किसान
और एकदिन झोंका गया था बल्ले को चूल्हे की आग में
जब जीत के लाया था मैं
मौजे के सबसे बेहतर बल्लेबाज़ का खिताब

अंकुरित होने से पहले ही
तुमने कर दी थी गुड़ाई उन बीजों की
जो सहमे से छिपाए थे खुद में
अस्तित्व एक उभरते खिलाड़ी का
फिर उन्हीं में जबरन बो दिए
जग के अन्नदाता बनने के सपने वाले बीज
ये समझा के कि बीज ही है आत्मा किसान की
बीज ही है जान इस जहान की..

दिन-बा-दिन बारिश बिना लीलती रही ये सूखी ज़मीन
हमारी खाद, हमारी आत्मा
और हर अगले साल
पुरानी को छोड़े बगैर पकड़ते गए हम
क़र्ज़ के काँटों वाली एक नयी डाली

खुशियाँ फिसलती गयीं
कभी अचार के तेल में सनी चम्मच की तरह

कभी गीले हाथ से निकलते साबुन की तरह
ना जाने क्यों लगा था तुम्हें
हमारे उगाये करोड़ों और अरबों ये दाने

हमें बना देंगे अन्नदाता दुनिया का

क्यों लगा कि वो उपज
बेहतर होगी किसी खिलाड़ी के बल्ले से उपजे
चार, पांच या छः छक्कों से
और बदले में मिल जायेंगे तुम्हें भी
लाखों नहीं तो कुछ हज़ार रुपये ही
जो आयेंगे काम चुकाने को क़र्ज़
चलाने को जीवन।

हरक्युलिस की तरह
कर्जों की धरती का बोझ तुम मुझसे कहे बगैर
मिरे काँधों पर कर गए स्थानांतरित

और आज तुम लटके मिले हो फाँसी पर
मगर फिर भी शहीद ना बन पाए...


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

दीपक मशाल की अधूरी जीत


मार्च माह की यूनिकवि प्रतियोगिता की ग्यारहवीं कविता सित्मबर 2009 के यूनिकवि रह चुके दीपक चौरसिया 'मशाल' की है।

पुरस्कृत कविताः अधूरी जीत

तुम्हारे सच के लेबल लगी फाइलों में रखी
झूठी अर्जियों में से एक को
एक कस्बाई नेता की दलाली के जरिये
मेरे कुछ अपने लोग
हकीकत के थोड़ा करीब ले आये

आज बोलने पड़े कई झूठ मुझे
एक सच को सच साबित करने के वास्ते
वो झूठ जो तुम्हारे ही एक
कानून के घर में सेंध लगाने वाले विशेषज्ञ ने
लिख कर दिए थे मुझे

कतई नामुमकिन नहीं
कि कुछ भी अजीब सा ना लगे इसमें तुम्हें
क्योंकि तुम्हारे लिए हो चुका है ये
दाँत मांजने जैसा
पर मेरे लिए अभी भी अजीब
या शायद बहुत अजीब ही है ये
कि मेरे सच की कमाई
एक झूठ को झूठ साबित करने में लग गई

किसी ने कहा भी तो था पीछे से
कि 'कुछ खर्च हुआ तो हुआ
पर सच जीत ही गया आखिरकार'
और आज मैं एक बिन किये अपराध का
छोटा सा अपराधी बन
मुचलके पर रिहा हो रहा हूँ
अब बस इंतज़ार है
कल के अदालती चक्करों का..

बच्चे अब बड़े हो गए हैं


प्रतियोगिता की 11वीं कविता दीपक मशाल की है। दीपक मशाल सितम्बर 2009 का यूनिकवि पुरस्कार जीत चुके हैं।

पुरस्कृत कविता-बच्चे अब बड़े हो गए हैं

कल
एक बच्चे के जन्मदिन में
गया था मैं,
बड़ा अच्छा मौका लगा मुझे
अपने बचपन में
वापस जाने का..
हमेशा यूँ
नदिया बने रहना भी
ठीक नहीं,
कभी
झील बनना भी
अच्छा रहता है...

सोचा, चलो थोड़ी देर ही सही
वक़्त ठहरे ना ठहरे,
मैं ठहर जाऊँगा...
जलसे में पहुंचा तो
भोला सा मासूम बच्चा,
जिसे सब बड्डे बॉय कह रहे थे,
नए कपडों में
मुस्कान बिखेरता मिला...
जब जुट गए सभी मेहमान तो
केक काटने की सुध हुई...
केक काटने और
उससे पहले
मोमबत्तियाँ बुझाने के बजाये
मुझे वो नन्ही आँखें
मेहमानों के हाथों में थमे
उपहारों के झोले टटोलते लगीं....
मन के सच्चे बच्चों में
अब जन्मदिन मनाने की
ख़ुशी से ज्यादा,
ये उत्सुकता दिखी मुझे
कि क्या दिया है किसने..
उपहार उसे?
उसे होने लगा था अहसास ये कि
बड़े तोहफे देने वाले अंकल
बड़े होते हैं....
और मुझे ये कि
असल मासूमियत, भोलापन और
निश्छलता शब्द
अब सिर्फ शब्दकोश में होते हैं....
अचानक हुई बेमौसम बरसात ने
माहौल थोड़ा बदल दिया.
मेरी टेबिल पर रखा एक
कागज़ मुझसे दरख्वास्त करने लगा
उसको
एक कागज़ की कश्ती में तब्दील करने की....
हाथ जुट तो गए
उसकी मंशा पूरी करने को
मगर...
उस बिचारी को
पानी पे तिराता कौन?
सभी अबोध तो अपने में गुम थे,
ना बारिश से सरोकार उन्हें
और ना बहते पानी से,
तो बारिश में भीगता कौन
और नाव चलाता कौन........
तभी
एक बच्चे के हाथ से फूटे फुकने,
फुकना; जिसे खड़ी बोली में गुब्बारा कहते हैं,
से जोर की आवाज़ जो हुई
तो सबकी नज़र
चली गई थी उधर
एक लम्हे के लिए...
और फिर सब अपने-अपने काम में लग गए...
जाने क्यों याद आया मुझे..
की जब फूटते थे फुकने,
मेरी या दोस्तों की वर्षगांठों में
तो खुश होकर
लगते थे हम उन्हें मुँह में अन्दर खींचके
छोटी-छोटी फुकनी/टिप्पियाँ बनाने में....
और मज़ा लेते थे,
उन्हें दूसरों के माथों पे फोड़ के...
हँ हँ....
अब तो बच्चों को फुकनी बनानी भी नहीं आती...
तभी पीछे की कुर्सी पर बैठा एक बच्चा
कुछ खीझकर बोला-
''मम्मी, कितना टाइम और लगेगा यहाँ,
मुझे घर जाके होमवर्क भी करना है...''
सुन के ऐसे लगा
कि जैसे
बच्चे अब बड़े हो गए हैं,
वो बच्चे नहीं रहे
बच्चे अब बड़े हो गए हैं.....