जुलाई 2009 के यूनिकवि रहे अखिलेश श्रीवास्तव हिंद-युग्म के लोकप्रिय कवियों मे रहे हैं। बदलते परिवेश मे जीवन की कठोर विडम्बनाएँ तीखे व्यंग्य की धार के साथ इनकी कविताओं मे मुखरित होती हैं। मार्च माह प्रतियोगिता की प्रस्तुत कविता के बहाने उनकी हिंद-युग्म पर लम्बे अंतराल के बाद दस्तक है, जिसे इस माह सातवाँ स्थान मिला है। इससे पहले उनकी एक कविता ’पिता’ अक्टूबर माह मे प्रकाशित हुई थी।
पुरस्कृत कविता: नागार्जुनों सुनो
पुलिसिया अट्टहासों के बीच
जब कुछ दबंग
उठा ले जाते है
मेरे निर्दोष पड़ोसी को,
मैं इसे ईश्वर का नैसर्गिक
न्याय करार देते हुए
कर देता हूँ
लाइट ऑफ
एंजाय करता हूँ नाइट।
मेरी संवेदना
लालगढ़ स्टेशन के पहले ही
चाय पीने उतर जाती है,
मैं नही चला पता कलम
जब लालगढ़ के लालों के
हाड़ों पर पुलिस
खून पोत कर लिख देती है क्रांति।
शायद इसलिए क्योकि
ख्यातिनाम पुरस्कारों/सम्मानों की
कमेटी में कोई भी
मार्क्सवादी कवि नही है।
मैं फाइल के बजट के दस प्रतिशत
की शर्त पर देशसेवा करता हूँ,
कमजोर और बूढ़ी नारियों को
मैं पुरूषों के समकक्ष मानता हूँ।
पर देशसेवा की शर्त
जवान लड़कियो के लिए कुछ कम है,
बशर्ते उनके डियो की खुशबू
मेरी लपलपाती जीभ को पसंद हो।
मैं खिखिया कर हँसता भी हूँ,
जब भरे चौराहे, बीच दुपहरिया
सूरज के बेटे
झटक देते है
जुगनुओं के दुपट्टे।
नागार्जुनो सुनो
मैं भी कवि हूँ
तुम्हारी अगली पीढ़ी का।
_____________________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।
किसी भी मनुष्य की जीवन-वृत्त मे पितृत्व एक बेहद खूबसूरत और महत्वपूर्ण अध्याय होता है। एक नये जीवन का हेतु बनना किसी जीवन को पूर्णता देता है। पिता बनने के सांसारिक और आध्यात्मिक पहलुओं के बीच की इसी कड़ी को आधार बनाया है कवि अखिलेश श्रीवास्तव ने अपनी निम्न कविता मे।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच
जब चार आँखों ने मिल कर देखा
कोई एक सपना।
कुछ रक्ताभ शामों में
दो चेहरे खिलखिलाए होंगे
किसी इक ही बात पर।
कुछ स्वर्णिम रातों में
जब दो देह बाँट रही होंगी
पसीने की खुशबू।
तभी सिर्फ़ प्रेम नामक रसायन से
पुरुष रच देता है कुछ ऐसा
जिसे हज़ारो वैज्ञानिक
सैकड़ों साल से
पूरे लाव-लश्कर से साथ
ढूँढ रहे है
चंद्रमा से मंगल तक।
अचानक किसी रात
शर्माती, सकुचाती
कोई देवी मना कर देती होगी
आलिंगन से
लज़ाई आँखे गड़ा देती होगी
पेट पर
और हाथ अपने आप परे
धकेल देते होंगे
पुरुष को
तब एक क्षण के लिए ही सही
उसे अहसास होता होगा
अपने ब्रह्मा होने का।
आओ मिल कर खोजें प्यार
लुप्त प्रजातियों की भाँति।
चाहो तो पूछ लो
अरगनी पर टाँगे चाँद से
या फिर डाल दो इक मेल
मंगल को।
परिंदों,
किसी खुली खिड़की से घुस जाओ
आसमान के घर में
या फिर डाल्फिन से कहो
खोजे समुंदर के तलहट में
हो सकता है
टाइटॅनिक के नीचे दबा हो प्यार।
कोयला खदान के मालिको
ज़रा छू कर देखना धरती की कोख
शायद वहाँ पल रहा हो प्यार।
क्रेन-ऑन्स*।
हाँ प्रेम का ही भ्रूण था
गर्भपात
वर्तमान और निकट भविष्य में भी
प्रेम इतना दुर्लभ है
कि आओ सब मिल कर
प्रेम को परमात्मा मान लाते हैं।
हम दोनो को खोजते रहना चाहते हैं
पाना नही।
अभी खबर आयी है
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में
पाए गये है दो लोग प्यार करते हुए
एक को गोली मारी गयी
दूसरे को काटा गया गडासे से
प्यार का खून पा
लहलहा गयी प्रधान की चुनावी फसल
पंच के फ़ैसले पर
उठा ले गये कुछ लोग प्रेमी की बहन को
खेत में
परमात्मा प्रेम का हश्र देख
बिला गये है जाने कहाँ
देख ले रे नकुला
जंघवा पर तिल।
हो हो हो
कै बरिस के होई
ए फ़ैसला त पंचे करिहे।
खी खी खी
सारे गाँव वाले खिखिया कर
हँस रहे थे पर
खेत शर्मिंदगी झेल नही पाए
सूखा गयी सरसों
किरा गये धान
सारे पत्ते गिरा कर
नंगी औंधी पड़ी है अरहर
गाँव के बीचो बीच
लड़की की तरह.
मुझे सूरजमुखी या चाँद ना कहा करो
मैं खुद रोशनी हूँ
सूरज की तरफ ताका नहीं करती।
अम्मा:
बँटवारे में बाबू जी आए
बडकऊ के हिस्से में
माँ का कौरा बहा गया
छोटकू के घर से
लिट्लबिट प्रोफेशनल होने की
कोशिश में हैं अम्मा
कलेजा फँट गया पर
ना रोई
ना छापा हल्दी प्याज
जब इनरे पर गिर गये बडकऊ
निकल आया माथे पर गुल्ला।
बहन:
शादी के बाद
भैया बिदके रहते है
छोटकी बहन से
ननद की तरह.
साली को करते है इतना प्यार
जैसे वही छुटकी हो.
भाभी:
होली में गाल पे गुलाल मलने
की कोशिश पर
बी इन लिमिट एण्ड
डोन्ट मिस्बिहैव
का सख्त जुमला सुनने के बाद
भकुआ गये है देवर
अब रहते है भाभी के भाई बनकर
नदिया के पार को
बता रहे है
इमेजिनरी फिल्मी ड्रामा।
पत्नी:
डायोर्स के पेपर पर
तुम्हारे साइन के बाद
ख़त्म हो गयी मियाद मेरे रिश्ते की
मुझे भी दो आरक्षण
चालिश प्रतिशत से ज़्यादा है मेरी
भावनात्मक विकलांगता.
बिटिया:
कौन बनेगा करोड़पति में
कैटरीना नही दे पाई
बिग ब के आसान सवाल का जबाब.
वो कौन सा जीव है
जो पैदा होने के 6 महीने पहले ही मर जाता है?
ए. गाय ब. बकरी सी. साँप डी. बिटिया
कैटरीना
कितना कम जानती हो तुम
अपने बारे में.
अखिलेश श्रीवास्तव हिंद-युग्म के ऐसे कवि हैं जिनकी कविताओं ने हिंदी के प्रखर आलोचकों का भी आकृष्ट किया है. इन्होंने जब भी यूनिकवि प्रतियोगिता में भाग लिया शीर्ष १० में स्थान बनाया है. जनवरी माह की प्रतियोगिता में भी इनकी कविता ने तीसरा स्थान बनाया है.
पुरस्कृत कविता: महंगाई- चीनी / दाल / चावल / गेहूँ
चीनी: पिता जी चिल्लाकर कर रहे हैं रामायण का पाठ बेटा बिना खाए गया है स्कूल छुटकी को दी गयी है नाम कटा घर बिठाने की धमकी माँ एकादसी के मौन व्रत में बड़बड़ाते हुए कर रही है बेगान-स्प्रे का छिड़काव हुआ क्या है? कुछ नहीं ... कल रात चिटियाँ ढो ले गयी हैं चीनी के तीन दाने रसोई से।
दाल : बीमार बेटे को सुबह का नुख्सा और दोपहर का काढ़ा देने के बाद वो घोषित कर ही रहा होता है अपने को सफल पिता कि वैद्य का पर्चा डपट देता है उसे सौ रुपये की दिहाड़ी में कहाँ से लायेगा शाम को दाल का पानी
चावल : आध्यात्मिक भारत बन गया है सोने की चिड़िया और चुग रहा है मोती पर छोटी गौरैया की टूटे चोच से रिस रहा है खून जूठी पर साफ़ से ज्यादा साफ़ थालियों में आज भी नहीं मिल पाया चाउर खुद्दी का इक भी दाना बेहतर होता अम्मा की नज़र बचा खा लेती नाली के किनारे के दो चार कीड़े।
गेहूँ: तैतीस करोड़ देवताओ में अधिकांश को मिल गए हैं कमल व गुलाब के आसन पर लक्ष्मी तो लक्ष्मी है वो क्षीर सागर में लेटे सृष्टिपालक विष्णु के सिरहाने रखे गेहूँ की बालियों पर विराजमान हैं। ______________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।
'सम्भावना डॉट कॉम' का विमोचन करते केदारनाथ सिंह, आनंद प्रकाश और शैलेश भारतवासी
आप इस पूरे कार्यक्रम को सुन भी सकते हैं, आपको ऐसा प्रतीत होगा कि आप भी कार्यक्रम में उपस्थित हैं। नीचे के प्लेयर से सुनें-
कुल प्रसारण समय- 1 घंटा 37 मिनट । अपनी सुविधानुसार सुनने के लिए यहाँ से डाउनलोड करें।
19वाँ विश्व पु्स्तक मेला के दौरान 6 फरवरी 2010 को हिन्द-युग्म ने अपना वर्ष 2009 के वार्षिकोत्सव का आयोजन किया, जिसमें वर्ष 2009 में मासिक प्रतियोगिता यूनिकवि एवं यूनिपाठक प्रतियोगिता से चुने गये 12 यूनिकवियों को सम्मानित किया गया, 38 यूनिकवियों की प्रतिनिधि कविताओं के संग्रह 'सम्भावना डॉट कॉम' का विमोचन हुआ और कुछ यूनिकवियों का काव्यपाठ भी हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिन्दी के मूर्धन्य कवि केदारनाथ सिंह ने की। 'सम्भावना डॉट कॉम' पर टिप्पणी करने के लिए प्रसिद्ध आलोचक आनंद प्रकाश और कवि मदन कश्यप मौज़ूद थे। संचालन निखिल आनंद गिरि ने किया।
इंटरनेटीय समूह हिन्द-युग्म दिसम्बर 2008 से वार्षिकोत्सव मनाना आरम्भ किया है। इस आयोजन के माध्यम से हिन्द-युग्म अपनी गतिविधियों से इंटरनेट के बाहर की दुनिया को परिचित कराना चाहता है। वर्ष 2008 के वार्षिकोत्सव में हिन्द-युग्म ने उपस्थित दर्शकों को हिन्दी (यूनिकोड) टाइपिंग, ब्लॉग मेकिंग के बारे में जानकारी दी थी। वरिष्ठ कथाकार राजेन्द्र यादव को मुख्य अतिथि बनाया था ताकि वे भी हिन्दी की इंटरनेटीय परम्परा का करीब से साक्षात्कार कर सकें और हिन्द-युग्म को उनका मार्गदर्शन मिल सके कि इसे किस तरह से आगे बढ़ना चाहिए।
चूँकि हिन्द-युग्म साल 2010 के विश्व पुस्तक मेले में शिरकत कर ही रहा था तो तय किया गया कि इसी दौरान वर्ष 2009 का वार्षिकोत्सव मनाया जाय ताकि बहुत बड़े जन समुदाय तक अपनी पहुँच बनाई जा सके। हिन्द-युग्म ने 'इंटरनेटीय साहित्य गैरस्तरीय है' मिथक को तोड़ने के लिए hindyugm.com पर पिछले 4 सालों में प्रकाशित 38 सम्भावनाशील कवियों की प्रतिनिधि कविताओं को 'सम्भावना डॉट कॉम' को प्रकाशित किया, जिसका लोकार्पण वार्षिकोत्सव में ही किया जाना तय किया गया।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत अतिथियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट करके हुई। इसके बाद यूनिकवि अखिलेश श्रीवास्तव ने काव्यपाठ किया। अखिलेश श्रीवास्तव ने अपनी 'बहन' और 'विदर्भः कर्जे में कोंपल' कविताओं का पाठ किया। इसके पश्चात संचालक निखिल आनंद गिरि ने आकांक्षा पारे को काव्यपाठ के लिए आमंत्रित किया। आकांक्षा ने 'मुक्तिपर्व', 'औरत के शरीर में लोहा' आदि कविताओं का पाठ किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में 'सम्भावना डॉट कॉम' का विमोचन वरिष्ठ कवि केदरानाथ सिंह, प्रसिद्ध आलोचक आनंद प्रकाश और इस संग्रह के संपादक शैलेश भारतवासी ने किया। इस संग्रह में 38 नेटारूढ़ी कवियों की प्रतिनिधि कविताओं को संकलित किया गया है। इस संग्रह में हिन्द-युग्म पर प्रकाशित 6 नेपाली कविताओं का हिन्दी अनुवाद भी प्रकाशित किया गया है।
'सम्भावना डॉट कॉम' पर टिप्पणी करते हुए प्रसिद्ध आलोचक आनंद प्रकाश ने कहा कि निश्चित रूप से मेरे लिए यह नया अनुभव है। अब तक हम कविताओं को या तो किसी संकलन में पढ़ते थे या किसी पत्रिका में, लेकिन मेरे लिए यह पहली बार है कि ये कविताएँ पहले से ही नेट पर प्रकाशित हैं और हम इसे पुस्तक के रूप में देख रहे हैं। आमतौर पर लोग नये का विरोध करते हैं, लेकिन मैं इस नये प्रयोग का स्वागत करूँगा। इंटरनेट तकनीक में असीमित संभावनाएँ हैं और मेरे ख्याल से इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना होगा ताकि वे भी अपनी रचनाओं को बड़े पाठकवर्ग तक पहुँचा सकें।
उन्होंने कहा कि मैं इसी संग्रह की भूमिका से कुछ बातों का उल्लेख करना चाहूँगा जिससे मेरी बात आगे बढ़ेगी। उन्होंने भूमिका में लिखित एक वाक्य 'बाज़ार का शिकार मनुष्य' पर अपनी मतभिन्नता भी व्यक्त की और कहा कि यदि हम खुद को बाज़ार का शिकार कहते हैं तो इसका मतलब यह है कि बाज़ार एक बाहरी तत्व है, वो हमसे अलग है। मेरे ख्याल से इस पर दुबारा सोचने की ज़रूरत है।
आनंद प्रकाश ने 38 के 38 यूनिकवियों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्यक्षेत्र का बकायदा उल्लेख करते इस बात को रेखांकित किया कि इस संग्रह में संकलित लगभग सभी कवि हिन्दी साहित्य से पाठ्यक्रम के तौर पर नहीं जुड़े हैं। इसका मतलब की संवेदना की खेती करने का अधिकार केवल विश्वविद्यालयों के हिन्दी प्रोफेसरों या लिटरेचर के विद्यार्थियों को नहीं है और इस बात की पुष्टि इस संग्रह में संकलित कविताएँ करती भी हैं। आनंद प्रकाश जी ने कुछ कविताओं की पंक्तियों को पढ़कर उनकी तारीफ की और आलोचक की दृष्टि से कुछ सवाल खड़े किये, जिसमें अखिलेश श्रीवास्तव की 'विदर्भः कर्जे में कोंपल;, 'हँसी', अनुराधा श्रीवास्तव की 'नारी क्यों मौन रहती है', अपूर्व शुक्ल की 'समय की अदलत में', 'इक्कीसवीं सदी का भविष्य' आदि कविताओं की पंक्तियों का उल्लेख किया।
निखिल आनंद गिरि ने मनीष वंदेमातरम् की एक कविता 'इस फागुन मेरे गाँव ज़रूर से ज़रूर आना' का पाठ किया। कार्यक्रम को एकरसता की स्थिति से बचाने के लिए संभाषणों के बाद काव्यपाठ रखा गया था। गौतम राजरिशी ने अपनी ग़ज़ल 'चीड़ के जंगल खड़े थे देखते लाचार से' को गाकर प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मध्य में इस कार्यक्रम के एक और अतिथि कवि मदन कश्यप का आना हुआ। उनके स्वागत के बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा। इसके तुरंत बाद साल 2009 के यूनिकवियों का सम्मान हुआ। सम्मान-पत्र स्वीकार करने के लिए मुकेश कुमार तिवारी, अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, अपूर्व शुक्ल और रवीन्द्र शर्मा 'रवि' उपस्थित थे। सभी यूनिकवियों को यह सम्मान-पत्र शिवना प्रकाशन, सिहोर (म॰प्र॰) द्वारा दिया गया। सभी कवियों को सम्मान-पत्र के साथ-साथ उपहार-पत्रक भी दिये गये, जिन्हें सिहोर वापिस भेजकर यूनिकवि रु 1000 मूल्य तक की पुस्तकें इनाम स्वरूप प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कवि केदारनाथ सिंह ने कहा कि मैं इन कविताओं को एक आस्वादक(रसिक) के रूप में पढ़ना चाहूँगा। युवा कवियों का नया संकलन देखो तो जल्दी मत करो। प्रतीक्षा करो, उन्हें फलने दो, बढ़ने दो। आलोचना के मूल्य और मापदंड प्रतीक्षा करें। ये कविताएँ इक्कीसवीं सदी की आवाज़ें हैं, नई आवाज़ें हैं, मैं इन्हें उँगली नहीं दिखाऊँगा, मैं इनका स्वागत करूँगा।
केदारनाथ जी ने आगे कहा पिछले साठ-पैसठ वर्ष से मैं कविता को देख-पढ़-समझ रहा हूँ, लेकिन जब मैंने इन कविताओं की भाषा और उसके तेवर को देखा तो थोड़ा चौका कि जो प्रसाद-पंत-निराला के समय की भाषा थी, और जो आपकी भाषा है, कितनी लम्बी छलांग है। हिन्दी भाषा तो पिछले 100 सालों में बनी है, कविता की भाषा तो अब तैयार हुई है। मुझे लगता है कि आपके पास कविता लिखने के लिए भाषा तैयार है। आपकी कविताओं का तेवर अलग है, कहने के अंदाज़ में थोड़ा नयापन है, पृथक हैं आप। इस संग्रह में कई धरातल की कविताएँ हैं। कई तरह की शैलियाँ हैं। जब कविताएँ आपका हाथ पकड़ लें, जाने न दें तो समझो कि कविता सफल है। इस संग्रह की कई कविताओं ने मुझे रोका-टोका। कुछ ऐसे कवि जिनमें खास तरह की प्रौढ़ता दिखाई पड़ती है। नाम तो कई हैं, लेकिन मैं खास तौर से गौरव सोलंकी की चर्चा करना चाहूँगा। इनकी कविताओं में क्षितिज तक पहुँचने के बाद की प्रौढ़ता का एहसास होता है।
अपने वक्तव्य में केदारनाथ सिंह ने गौरव सोलंकी की कविता 'जरा सी अनपढ़ता और बहुत सारी बेवकूफी के लिए' और पावस नीर की कविता 'जुलाई का पहला हफ्ता' को उपस्थित दर्शकों को पढ़कर भी सुनाया। (अपनी टिप्पणियों के साथ)
कार्यक्रम के अगले चरण में उमेश पंत ने 'कश्मीर' कविता, अपूर्व शुक्ल ने 'समय की अदालत में' कविता और देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने 'आयल वेलेन्टाइन' कविता का पाठ किया।
अंत में हिन्द-युग्म के वरिष्ठ सदस्य प्रेमचंद सहजवाला ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में हिन्द-युग्म के सदस्यों के अलावा हास्य कवयित्री सरोजिनी प्रीतम, विदेश से हिन्दी साहित्य साधना में रत युवा कवयित्री कविता वाचक्नवी जैसे गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
तस्वीरों में-
कार्यक्रम की शुरूआत पहले मंच सजाते हिन्दयुग्मी
संचालक निखिल आनंद गिरि
कार्यक्रम की शुरूआत में उपस्थित दर्शक
मंच पर अतिथियों को बिठाते सफादक शैलेश भारतवासी
केदारनाथ सिंह और आनंद प्रकाश
दर्शक
दर्शक
मुख्य अतिथि केदारनाथ सिंह को स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट करतीं नीलम मिश्रा
मुख्य वक्ता आनंद प्रकाश को स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट करतीं आकांक्षा पारे
काव्यपाठ करते यूनिकवि अखिलेश कुमार श्रीवास्तव
काव्यपाठ करतीं युवाकवयित्री आकांक्षा पारे
विमोचनोपरांत सम्भावना डॉट कॉम पर अपने हस्ताक्षर दर्ज करते मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता
सम्भावना डॉट कॉम की सहस्ताक्षरित प्रति ग्रहण करते युवा कवि प्रमोद कुमार तिवारी
जुलाई २००९ मे यूनिकवि रह चुके अखिलेश कुमार श्रीवास्तव यूनिप्रतियोगिता के स्थाई प्रतिभागियों मे से हैं. जमीनी सरोकारों से जुड़ी उनकी कविताएं अपनी गम्भीरता के कारण हर बार निर्णायकों और पाठकों का ध्यान आकृष्ट करती हैं. गत दिसम्बर माह की यूनिप्रतियोगिता मे उनकी कविता ने दूसरा स्थान प्राप्र्त किया.
पुरस्कृत कविता- विदर्भ: कर्जे में कोंपल
मैं इक खेतिहर बाप हूँ
पर कहाँ से छीन कर लाऊँ रोटी.
सुना है कुछ लोग लौटे है कल चाँद से
रोटी जैसा दिखता था कमीना
पत्थर निकला.
बरसों हुए खेत में
बिना कर्जे की कोपल फूटे.
धरती चीर कर निकले
छोटे छोटे अंकुर
मेड पर साहुकार देखते ही
सहम जाते है.
अंकुर की पहली दो पत्तियाँ
सीना ताने आकाश से बाते नहीं करती
वो मिट्टी की तरफ झुकी रहती है
मेरे कंधे की तरह.
हर पिछली पत्ती
नयी निकलने वाली कोंपल को
बता देती है पहले ही
तेरे उपर जिम्मेदारी ज्यादे है
ब्याज बढ़ चुका है पिछले दस दिनों में.
अपने बच्चे का बचपन बचा पाने की कोशिश में
हर किसान देखना चाहता है अपने पौधों को
समय से पहले बूढ़ा.
प्रधान के लहलहाते खेतों को देखकर
जाने क्या बतियाते रहते है मेरे पौधे
कल निराई करते समय सुनी थी मैंने
दो की बात
इस जलालत की जिंदगी से मौत अच्छी है
मेरे राम
दयालु राम सुनते है उनकी प्रार्थना
एक साल अगन बरसा ले लेते है अग्नि परीक्षा
दुसरे साल दे देते है जल समाधि अपने भक्तो को
अपनी तरह.
मेरा लंगोटिया यार बरखू किसान भी मेरे जैसा ही है
उसके यहाँ भी कोई नहीं मना करता बच्चो को
मिट्टी खाने से.
विज्ञान औंधे मुंह गिरा है विदर्भ में
वहाँ मिट्टी खाने से मर जाते है पेट की कीड़े.
कुँआ कूद कल मरा है बरखू
घर में सब डरे हैं कि
अपने घर में सब के सब जिन्दा है अब तक.
बीजों पर कर्जा
रेहन पर खेत
अब क्या बेचूँ
मुह में पल्लू ठूँस लेती है मेरी बीवी
मेरा सवाल सुनकर
रोने की आवाज़ सुनकर जाग गए बच्चे
तो फिर जपने लगेंगे
नारद की तरह रोटी-रोटी
अपने बालो को बिखराए
चेहरे पर खून के खरोंचे लिए
मुह से फेन गिराती
पिपरा के पेड़ के नीचे
कल शाम से खिल खिला कर हँस रही है
मेरी घरतिया
दो माह के दूधमुँहे छुटके को
दो सौ में बेच कर आयी है डायन
आज मेरे चारो बच्चे भात और रोटी
दोनो खा रहे है
पांचवा मैं खा लूँ गर
थोडा सा भात
पांच लोगो को श्राद्ध खिलाने की
पंडित जी की आज्ञा पूरी हो
मिल जाये छुटके को जीते जी मोक्ष .
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।
अखिलेश श्रीवास्तव हिन्द-युग्म के ऐसे यूनिकवि हैं जो हर दफ़ा प्रतियोगिता का हिस्सा बनते हैं और हर बार ही निर्णायकों का ध्यान खींचते हैं। अक्टूबर महीने में इनकी एक कविता तीसरे स्थान पर रही।
पुरस्कृत कविता
संरचना: असंघनित अणुओं के रूप में रंग: रंगहीन सुगंध: गंधरहित स्वाद: आंशिक क्षारीय स्थान: चाँद के मस्तक के ठीक नीचे
वैज्ञानिको, मत चिल्लाओ यूरेका यूरेका जो मिला है वो पानी नहीं है।
ढाई सौ टन का जो उपग्रह टकराया है सतह से उसी से रुआँसा हो गया चाँद निकल पड़े है आँखों से आँसू।
आये दिन कोई न कोई रपटईया आता चाँद को देखो जरा चाँद का मुँह टेढ़ा हो गया है।
जब तक बूढ़ा चाँद कला के साथ रहता था खुश था कभी चमक उठता था कवियों की आँखों में कभी छुप जाता था महबूब के गेसुओं में जब मन तब उतर आता था बच्चों की थाली में।
विज्ञान के वादों में आकर चाँद फँस गया है उलझ गया है हजारों टन उपग्रहीय कचरे में कभी कभी तो बेचारा मुँह भी नहीं देख पता धरती का।
पिछले दिनों एक उपग्रह टकरा गया सप्त ऋषियों से जब वो जा रहे थे सुबह को बुलाने चटक गया अगस्त ऋषि का कमंडल लहूलुहान हो गए अत्री और टांग तुड़वा बैठे है ऋषि गौतम चिड़चिड़े हो गए सप्त ऋषि क्रोध में बड़बड़ाते रहते हैं और बढ़ जाती है धरती पर सुनामियाँ।
उधर ग्राम भुसना में परसु कहार सुबह से इंतज़ार में है कि जुठारे ठाकुर कुएँ का पानी बना दे गंगा जल तो हमहू तर करे गला।
चाँद पर पानी मिलने की खबर से कहार मगन है पर कहारिन उतार देती है नशा 'मिली पानी त पहिले पिहे ब्रह्मण फिर पिहे ठाकुर औ जबले तोहार लम्बर आई ओरा जाई पानी।' पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।
अखिलेश श्रीवास्तव हिन्द-युग्म के जुलाई 2009 के यूनिकवि हैं और कविताओं की बेहतर परख रखने वाले एक प्रबुद्ध पाठक भी हैं। सितम्बर माह की प्रतियोगिता में इनकी कविता ने दूसरा स्थान बनाया है।
पुरस्कृत कविता
उठा लाये बच्चन की सिरहाने रखी कुछ जीवनियाँ महादेवी की बदलियों से ले ले थोड़ा नीर बिस्मिल की ग़ज़लों से मिल जायेगी चिंगारी और धूमिल से माँग लेंगे उनकी कनस्तर की पेंदी का आटा।
पूर्वज कर गए हैं व्यवस्था कर्णधारो आओ सब मिल सेंकते हैं हिंदी की रोटी।
नंगे हो कर माननीय बनो और करो भाषा से व्यधिचार। गर टकरा गए आम जन से तो घुड़क देना उसे दिखा देना अपने शरीर पर साटे डिग्रीयों के कागज। शलाका पुरुषों रेल को कहो लौहपथगामिनी ग्लोबल वार्मिंग को कहो भुवन भभूका अवनी अगन या तप्त उर्मिका इक सबद भी न अपनाना अंग्रेजी का जलते रहो सौतिया डाह से। आस पास की हवाओं में मत लेने देना हिंदी को साँस उसे जिलाए रखो वेंटिलेटर पर ताकि लूट सको उसके जिन्दा होने का श्रेय। नित निकलना निविदायें हिंदी को क्लिष्ट करने का आम आदमी गर आम हिंदी बोले तो सुना देना जीभ से शब्दकोश पलटने की सजा। भाषा पंडितो मनाओ हिंदी पखवारा श्राद्ध के दिन में कभी न आने देना हिंदी का नवरात्र। सुना है खासते हुए मरे थे जयशंकर जिद बहुत छोटी सी थी नहीं खायेंगे वो दवाइयाँ जिनके नाम पर्चे पर लिखे गए हो अंग्रेजी में। पुरस्कार- डॉ॰ श्याम सखा की ओर सेरु 200 मूल्य की पुस्तकें।
इच्छाओं के समंदर से कुछ मोती निकालने की सोची हमने पर इन सनातन हवाओं, परम्पराओं ने न जाने कैसा बनाया है हमें जो करता है सदैव तर्क अच्छा बुरा, सही गलत होती है हमें भी दुविधा से असुविधा पर जब से सोचने-समझने का काम शिराओं में दौड़ते खून ने लिया दिमाग को जैसे जबरदस्ती वी आर एस दे दिया गया हो अब तो काम करने से डरता है दिमाग पिछली बार सोचने की कोशिश पर कितना मारा था शिराओं के ख़ूनों ने उसे भिगो-भिगो के पीटा था शरीर के बीचो-बीच चौराहे पर छुप के बैठा रहता है दिमाग अब तो खोपड़ी के पिछले कोटर में गुजरात के अल्पसंख्यकों की तरह कोटर के चारो ओर अटखेलियाँ करते शिरों के खून पसीना-पसीना कर जाते है उसे जब तक आरती और अजानों की दुआ सलाम होती थी जब तक मंदिर वाली गली के फूलों का मजार पर चढ़ना मना नहीं था जब तक ख़ुदा के महल में राम रहते थे जब तक धुली जाती थी कबीर की चदरिया सरयू के पानी में तब तक कहा जाता था आदमी सोचता है दिमाग से करता और जीता है दिमाग से दिल की बेकार बातों को टाल देता है यूँ ही जैसे अपने देश का किसान टाल देता है अपने बीवी की अगले फगुआ पर लुग्गा लाने की बात पर किसने बढ़ाई शिराओं के ख़ून की हिम्मत वही तो कहता था भुजाओं से कड़कने को नथुनों से फड़कने को सोचता है दिमाग क्यों कहा था शिराओं से खूब भेजों हृदय को खून ताकि साँस न फूले गुम्बदों पर चढ़ने में इक छोटी सी भूल पर वनवास मिल गया दिमाग को गर सोचने की कोशिश करता हुआ पकड़ा गया तो दे देंगे अज्ञातवास शिराओं के ख़ून काश ख़त्म हो जाते नज़र बंदी के दिन पर इक नारे वाला बच कर निकला है अंधे कानून को न जाने क्या दिखाकर गर फिर उबाल ला दिया शिराओं के खून में उसी ने उम्र कैद न हो जाये मुझको।
कुछ लोगों के पास कुछ भी नहीं होता पर उनकी हँसी इतनी निश्चल होती है कि मुस्कुरा उठता है सारा जहाँ उनके साथ. चलते-चलते हथेली थाम ले तो बरस उठता है नेह भीग जाता है शरीर का रोआं-रोआं थोड़ी-सी धरती भीगती है भीग जाता है थोड़ा सा आसमान मिल जाता है सूरज को अर्ध्य छलछला जाते है नदियों की आँखों से आँसू हौसला बढ़ जाता है पहाड़ों का थोड़ी सी नमी पा ठंडक मिलती है तपते रेगिस्तान को थोड़ा सा सीना चौड़ा हो जाता है बूढ़े समंदर का।
2. ध्यान और योग
सबने रट ली गीता सब बन गए कृष्ण निर्लिप्त, साक्षी, ध्यान, योग ये चारों शब्द खुश है. सदियों बाद फिर फैशन में है टी वी पर कर रही है मॉडलिंग पत्रिकाओं में पाते हैं बीच का पन्ना सोशलाइट हो कर बन गए है पेज थ्री सेंसेक्स कुलांचे भर रहा है जरूरत सिर्फ बिकाऊ बनने की है उन्नीसवी सदी में प्रेम बिका था बीसवी में बिक गए रिश्ते इक्कीसवी सदी में बिक रहा है ध्यान और योग
यह हिन्दी कविता और हिन्द-युग्म के लिए एक बहुत अच्छी बात है कि हमारे प्रतिभागी बार-बार इस प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। हमारे आयोजनों में उनकी दिलचस्पी बनी हुई है। एक बार न चुने के बाद भी बारम्बार भाग लेते हैं। उन्हें अपनी रचनाधर्मिता पर यक़ीन होता है। ऐसा ही यक़ीन था हमारे इस बार के यूनिकवि अखिलेश कुमार श्रीवास्तव को।
जुलाई माह की यूनिकवि प्रतियोगिता में हमें कुल 48 कविताएँ प्राप्त हुईं। पिछली बार की भाँति निर्णय दो चरणों में 3-3 जजों की मदद से हुआ। पहले चरण के निर्णय के बाद हमारे पास कुल 25 कविताएँ बची रह गईं, जिन्हें अगले चरण के 3 जजों की और अधिक अनुभवी दृष्टि से छनना था। इस तरह से 6 जजों द्वारा दिये गये अंकों के औसत के आधार पर अखिलेश कुमार श्रीवास्तव की कविता 'बहन' पहले स्थान पर आई। इससे पहले भी मई माह की प्रतियोगिता में अखिलेश की कविता 'मैं हिंदी का लेखक हूँ' ने तीसरा स्थान बनाया था।
यूनिकवि- अखिलेश कुमार श्रीवास्तव
अखिलेश कुमार श्रीवास्तव पेशे से इंजीनियर हैं। वर्तमान में जुबीलेंट ऑरगेनोसिस लिमिटेड, गजरौला (जेपी नगर) में वरिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। हिन्द-युग्म की एक ख़ासियत यह भी रही है कि इसके अधिकांश लेखक गैरपेशेवर हैं। 14 फरवरी 1980 को गोरखपुर में जन्मे अखिलेश ने उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थान हरकोट बटलर टेक्नोलॉजिकल इंस्ट्टीयूट से केमिकल इंजीनियरिंग में बी॰टेक किया है। अब तक इनका रचनाकर्म स्वांत-सुखाय ही रहा है। कवि का मानना है कि ये यथार्थ और संवेदना के कवि हैं।
पुरस्कृत कविता- बहन
आँसू जैसी पाकीजा है माँ की छाया थोड़ी सी उसकी दुआओं में जन्नत वो मन्नत एक जरूरी सी। अक्सर ख्वाब दरकते देखे मैंने अपने सपनो में चौखट पर आ जाती है ले हाथों मैं पंजीरी सी। मोजा-बस्ता पटरी-पेन्सिल मेरे किताबों की अम्मी मेरे टिफिन का सोंधापन थी कुल्हड़ खीर कटोरी सी। नानी की गुड़िया है दादा जी की दवा की पुड़िया भैया के राखी का धागा, मलिया की गुलमोहरी सी। घर के अंदर रहा करो ये शहर भरा अजनबियों से अम्मा के माथे की सिलवट बाबू की कमजोरी सी। दामन आग लगा बैठे जो कसम अग्नि की खाए थे चर चर कर के जर गयी बहना इक फूस की डोरी सी। प्रथम चरण मिला स्थान- पाँचवाँ द्वितीय चरण मिला स्थान- प्रथम पुरस्कार और सम्मान- शिवना प्रकाशन, सिहोर (म॰ प्र॰) की ओर से रु 1000 के मूल्य की पुस्तकें तथा प्रशस्ति-पत्र। अगस्त माह के अन्य तीन सोमवारों की कविता प्रकाशित करवाने का मौका।
इनके अतिरिक्त हम जिन अन्य 9 कवियों की कविताएँ प्रकाशित करेंगे तथा उन्हें हम सुशील कुमार की पुस्तक 'कितनी रात उन घावों को सहा है' की एक-एक प्रति भेंट करेंगे, उनके नाम हैं-
हम शीर्ष 10 के अतिरिक्त भी बहुत सी उल्लेखनीय कविताओं का प्रकाशन करते हैं। इस बार अंत की 7 कविताओं के प्राप्तांक में दशमलव के दूसरे और तीसरे स्थान में भिन्नता रही, इसलिए हम अन्य जिन 7 कवियों की कविताएँ एक-एक करके प्रकाशित करेंगे, उनके नाम हैं-
उपर्युक्त सभी कवियों से अनुरोध है कि कृपया वे अपनी रचनाएँ 31 अगस्त 2009 तक अनयत्र न तो प्रकाशित करें और न ही करवायें।
इस बार हमारे पाठकों ने जिस तरह की सक्रियता दिखाई, उससे हमें बहुत ऊर्जा मिली। हमें लगा कि हमारे कदम सार्थकता की ओर बढ़ रहे हैं। पिछले माह के यूनिपाठकशामिख़ फ़राज़ ने वार्षिक पाठक सम्मान के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। वहीं मंजू गुप्ता और दीपाली पंत दिवारी 'दिशा' ने इस कदर सभी मंचों को पढ़ा कि हमारे लिए इनमें से एक को चुनना बहुत मुश्किल लगा। फिर भी हमने इस माह की यूनिपाठिका के लिए दीपाली पंत तिवारी 'दिशा' को चुना, इस उम्मीद के साथ कि अगस्त माह के यूनिपाठक सम्मान के लिए अन्य प्रतिभागियों में नई ऊर्जा का संचार हो, एक चुनौती मिले, क्योंकि दीपाली के त्वरित कमेंट अपने-आप में प्रेरणास्रोत हैं।
यूनिपाठिका- दीपाली पंत तिवारी 'दिशा'
दीपाली पन्त तिवारी "दिशा" बैंगलौर में रहती हैं। जब ये बारहवीं कक्षा में पढ़ती थीं तभी से कविता लेखन का शौक लगा। खेलकूद, संगीत, नृत्य, तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने की रूचि भी छुटपन से है। शादी से पूर्व शिक्षण कार्य भी किया और इलैक्ट्रोनिक मीडिया से भी जुडी रहीं। इन्होंने "रेडियो प्रसारण तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार" का कोर्स किया है। आकाशवाणी रामपुर में रेडियो कलाकार के रूप में कार्य किया है। कई रेडियो वार्ताओं में भाग लिया है। बरेली के चेनल वी एम दर्पण में न्यूज रिपोर्टर, न्यूज एंकर तथा एंकर के रूप में कार्य किया है। कई स्टोरीज में तथा विज्ञापनों में आवाज़ दी है। और आजकल इंटरनेट पर खूब सक्रिय हैं।
पुरस्कार और सम्मान- सुशील कुमार के कविता-संग्रह 'कितनी रात उन घावों को सहा है' की एक प्रति तथा प्रशस्ति-पत्र।
इस बार हमने दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान के विजेता पाठकों के लिए हमने क्रमशः मंजू गुप्ता, निर्मला कपिला और सदा को चुना है। इन तीनों विजेताओं को भी सुशील कुमार के कविता-संग्रह 'कितनी रात उन घावों को सहा है' की एक-एक प्रति भेंट की जायेगी।
इनके अलावा हम विनोद पाण्डेय, ओम आर्य, गिरिजेश राव इत्यादि का भी धन्यवाद करना चाहेंगे, जिन्होंने अपनी प्रतिक्रियाओं से हमें अवगत कराया।
हम उन कवियों का भी धन्यवाद करना चाहेंगे, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाया। और यह गुजारिश भी करेंगे कि परिणामों को सकारात्मक लेते हुए प्रतियोगिता में बारम्बार भाग लें।
अनुराधा शर्मा कमलप्रीत सिंह ऋतु सरोहा मृत्युंजय साधक अनिल चड्डा प्रदीप वर्मा नागेंद्र दिपाली "आब' कविता रावत दीपाली पंत तिवारी 'दिशा' पूजा अनिल अनु केवलिया अम्बरीष श्रीवास्तव मृत्युंजय विनोद पांडेय गुप्ता दीपक ब्रह्मनाथ त्रिपाठी शन्नो अग्रवाल सिद्धार्थ कुमार शेली खत्री रवि कांत 'अनमोल' अमित अरुण साहू नील श्रीवास्तव देवेन्द्र कुमार मिश्रा बोधिसत्व कस्तूरिया फहद अहमद सीमा सिंघल कुलदीप अन्जुम डा. कमल किशोर सिंह संजय अग्रवाल नीलेश माथुर आलोक गौड़
प्रतियोगिता की तीसरी कविता के कवि अखिलेश कुमार श्रीवास्तव पहली बार हिन्द-युग्म की प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। पेशे से इंजीनियर हैं। वर्तमान में जुबीलेंट ऑरगेनोसिस लिमिटेड, गजरौला (जेपी नगर) में वरिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। हिन्द-युग्म की एक ख़ासियत यह भी रही है कि इसके अधिकांश लेखक गैरपेशेवर हैं। 14 फरवरी 1980 को गोरखपुर में जन्मे अखिलेश ने उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थान हरकोट बटलर टेक्नोलॉजिकल इंस्ट्टीयूट से केमिकल इंजीनियरिंग में बी॰टेक किया है। अब तक इनका रचनाकर्म स्वांत-सुखाय ही रहा है। कवि का मानना है कि ये यथार्थ और संवेदना के कवि हैं।
पुरस्कृत कविता- मैं हिंदी का लेखक हूँ
मैं हिंदी का लेखक हूँ मेरी उपलब्धि यह है कि तमाम मुद्रा स्फीति बढ़ने के बावजूद मेरे घर के कन्स्तर में आटा पेंदी से इक बित्ता ऊपर रहता हैं तमाम सम्मानों के बावजूद मेरे पुस्तैनी मकान की कुर्की नहीं हुई है अपने माँ के ट्यूमर के इलाज में मैं उसे होमियोपैथी की मीठी गोलियाँ तब तक खिलाता रहा जब तक वो मर नहीं गयी मेरे पिता के कफ़न का कपड़ा उनके जीवन भर पहने कुरते के कपड़े से अच्छा था वो भी बिना किसी बाहरी रिश्तेदार की मदद के अगर कंगन और मंगल सूत्र की बात छोड़ दे तो मैं अपने बीबी के किसी तीसरे गहने को साहूकार के यहाँ नहीं बेचा मैं सरस्वती का पुत्र हूँ पर अपने बेटे को अंग्रेजी स्कूल में नहीं पढ़ाना चाहता क्योकि फीस में देर-सवेर होने पर वो फीस पर लगान वसूलने लगते हैं शाम होते-होते मेरे पीठ और पेट एक हो जाते हैं मैं इसे योग का चमत्कार बता अपना और भारतीय संस्कृति दोनों का उद्धार केर लेता हूँ त्रिलोचन यूँ ही नहीं कहते थे हिंदी में लेखक होना बिना घोषणा किये तप करना है प्रथम चरण मिला स्थान- दूसरा द्वितीय चरण मिला स्थान- तीसरा पुरस्कार- राकेश खंडेलवाल के कविता-संग्रह 'अंधेरी रात का सूरज' की एक प्रति।