फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

मैं-सत्य हूँ


प्रतियोगिता की तेरहवीं कविता की रचयित्री भावना सक्सेना हैं। हिंदी लेखन मे गहन रुचि रखने वाली भावना वर्तमान मे सुरिनाम मे हिंदी व संस्कृति के विकास से संबद्ध हैं। इनकी पिछली कविता भी नवंबर माह की प्रतियोगिता मे छठे स्थान पर रह चुकी है।

कविता: मैं-सत्य

क्या कहा-
पहचाना नहीं!
अरे सत्य हूँ मैं.............
युगों युगों से चला आया।
हाँ अब थक सा गया हूँ,
जीवित रहने की तलाश में
आश्रय को ही भटकता,
हैरान.........
हर कपट निरखता।

आहत तो हूँ, उसी दिन से
जब मारा गया
अश्वत्थामा गज
और असत्य से उलझा
भटकता है नर
कपटमय आचरण पर
कोढ़ का श्राप लिए।

गाँधी से मिला मान,
गौरव पाया.....
रहूँ कहाँ......
जब गाँधी भी
वर्ष में एक बार आया।
कलपती होगी वह आत्मा
जब पुष्पहार पहनाते,
तस्वीर उतरवाने को.....
एक और रपट बनाने को....
बह जाते हैं लाखों,
गाँधी चौक धुलवाने को,
पहले से ही साबुत
चश्मा जुड़वाने को
और बिलखते रह जाते हैं
सैकड़ों भूखे
एक टुकड़ा रोटी खाने को।

चलता हूँ फिर भी
पाँव काँधों पर उठाए।
झुकी रीढ़ लिए
चला आया हूँ
आशावान.......
कि कहीं कोई बिठाकर.....
फिर सहला देगा,
और उस बौछार से नम
काट लूँगा मैं
एक और सदी।

मैं रहूँगा सदा
बचपन में, पर्वत में, बादल में,
टपकते पुआली छप्पर में,
महल न मिले न सही
बस यूँ ही..........
काट लूँगा मैं
एक और सदी।

उनकी मेहरारुएँ


यूनिप्रतियोगिता आयोजित करने के पीछे हिंद-युग्म का उद्देश्य जहाँ पाठकों को अच्छी कविताओं का रसास्वादन कराना होता है, वहीं नयी काव्यप्रतिभाओं का पल्लवन और उन्हे हिंद-युग्म के मंच से जोड़ना भी होता है।
नये कवियों से पाठकों का परिचय कराने की इसी शृंखला में नया नाम जुड़ा है प्रशांत प्रेम का, जिनकी कविता को दिसंबर माह की यूनिप्रतियोगिता में तीसरा स्थान मिला।
२३ जून १९७७ को जन्मे प्रशांत दृश्य-श्रव्य संचार माध्यम मे डिप्लोमा प्राप्त करके फ़िल्म निर्माण के क्षेत्र से जुड़ गये। प्रशांत अलग-अलग विधाओं के द्वारा अपने विचार व्यक्त करने का प्रयास करते हैं। किंतु कविता इनके दिल की सबसे करीबी विधा है जो मूलतः स्वांतः सुखाय होती है। फ़िलहाल दिल्ली में एक कम्पनी से बतौर सहायक निर्देशक जुड़े प्रशांत अपनी फ़िल्म बनाने के लिये प्रयासरत हैं।
प्रस्तुत पुरस्कृत कविता इन्होंने बिहार की बाढ़ देख कर लौटने के बाद लिखी थी।


पुरस्कृत कविता: उनकी मेहरारुएँ

नहीं
अब नदी में कोई उबाल नहीं,
पटरी से उतर गया है पानी,
ऊँचे हाई-वे पर पनाह लिए लोग
लौटने लगे हैं घरों की तरफ
अपने-अपने बाल-बच्चे, ढोर-डंगर और मेहरारुओं के साथ।

मेहरारुओं को अभी करना है बहुत काम

सबसे पहले तो साफ़ करनी है घरों से कीचड़
परिवार बस सके ठीक से

फिर
साफ़ करना है बथान
ढोर-डंगर बँध सके ठीक-से

फिर
साफ़ करनी है दुआर
मेहमान आये तो बैठ सके ठीक-से

फिर
ठीक करना है चूल्हा-चौका
बर्तन-भांडा
कपड़े-लत्ते
खटिया-बिस्तर
मेंड़-पगडण्डी
खेत-खलिहान
.....
.....
साफ़ करनी है गली, गाँव और चौपाल
और कुआँ।

पानी के उतर जाने के बाद
कहाँ से आयेगा पीने का पानी?
सवाल,
अपने पीछे जो छोड़ गया है
पिछले तीन हज़ार सालों का बाढ़ का पानी
इसका जवाब पता है सिर्फ उनकी मेहरारुओं को।


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

अगर दरारें बोल सकती


दिसंबर की यूनिप्रतियोगिता मे पंद्रहवें स्थान की कविता धर्मेंद्र सिंह की है। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नॉलॉजी मे सूचना तकनीकी के छात्र धर्मेंद्र की हिंद-युग्म मे यह प्रथम कविता है।


कविता: अगर दरारें बोल सकती

अगर दरारें बोल सकती
तो बताती मेरे दिल का हाल
कि किस तरह खून रिसता है इनसे
हर वक़्त, हर लम्हा, साल दर साल

कि जब दिल में दरारें पड़ती हैं
तो कैसे दरकते है रिश्ते
कैसे जज्बात अपना
गला घोट लेते हैं
कैसे संसार खाली लगता है
खुद अपना चेहरा सवाली लगता है

गर दरारें बोल सकती
तो बताती के कैसे तुमने
अपना वादा नही निभाया
तुम जो कभी बनते थे
हमारे साए
एक पल में जाने
कैसे हुए पराये

किन पत्थरों से
सवाल करते हो धर्मेन्द्र
कोई जवाब नही देगा
इन्हें तो ज़माने हो गए पथराए

गर दरारें बोल सकती
तो दर्द कुछ कम हो जाता
गर दिल की दरारें रो सकतीं
तो फ़ना हर ग़म हो जाता

गर दरारें लिख सकती
तो खोल देती
घाती के दिल का हर राज़
क्योंकि लेखनी झूठ नही बोलती
सच बोलने से नही आती बाज़

गर दरारें लिख सकती
तो मुझे कलम उठाना ना पड़ता
यु मजबूर होकर
आपके पास आना ना पड़ता

कहाँ है भारत का हिरोशिमा



हर माह यूनिप्रतियोगिता के माध्यम से कई नयी काव्य-प्रतिभाएं भी हिंद-युग्म के मंच से जुड़ती रहती हैं। ऐसा ही नया नाम है तरुण का, जिनकी एक कविता प्रतियोगिता के आठवें पायदान पर है। हिंद-युग्म पर पर यह उनकी प्रथम कविता है। इनका पूरा नाम तरुण कुमार मोहन सिंह ठाकुर है। इंदौर (म.प्र.) के रहने वाले तरुण सम्प्रति वेब डेवलपिंग के व्यवसाय से जुड़े हैं तथा ग्राफ़िक्स की वेबसाइट से भी सम्बद्ध हैं।


पुरस्कृत कविता: भारत का हिरोशिमा

हमें जरुरत नहीं है,
किसी
पड़ोसी ताकत की
जो
हमें बर्बाद करने के लिए
खुद बर्बाद हो जाए
हमारे लिए तो
हमारे चुने हुए
प्रतिनिधि ही
किसी
परमाणु बम से
कम नहीं है
ये
किसी एंडरसन को
भोपाल तो दे सकते है
पर
भोपाल को
एंडरसन देना
इनकी औकात नहीं है
वैसे
औकात से पहले
इनकी नियत पे
शक होता है
और
नियत तक तो बात
तब पहुँचे जब
किसी के
इंसान होने की
भी
थोड़ी संभावना हो
भोपाल सबक है
विकास के पीछे
अंधी दौड़ में
शामिल
तथाकथित
विकासशील देशों के लिए
जो
अमेरिका
और
जापान
से
होड़ में
ऐसे कितने
हिरोशिमा
और
नागासाकी
लिए
बैठे है
भोपाल में
गैस अब भी
रिस रही है
तब इसमे
इंसान मरे थे
अब
इंसानियत
मर रही है !
_______________________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

ढँके जज्बात


प्रतियोगिता की चौदहवीं कविता की रचयित्री सुनीता की यह हिंदयुग्म पर दूसरी कविता है। फ़रीदाबाद से तअल्लुक रखने वाली सुनीता जी अनामिका नाम से लम्बे अरसे से कविताएँ लिखती रही हैं। इनकी पिछली कविता ने अक्टूबर माह की प्रतियोगिता मे ग्यारहवाँ स्थान प्राप्त किया था।

कविता: ढँके जज्बात

अब मै ढाँप लेती हूँ
अपने जज्बातो को तुमसे भी
और ओढ़ लेती हूँ
एक स्वाँग भरी मुस्कान को
छुपा लेती हूँ सारा दर्द
आवाज में भी.
तुम छेद ही नही पाते
इस चक्रव्यूह को,
नही देख पाते
स्वाँग भरी मुस्कान के पीछे
के चेहरे का दर्द.
मेरी आवाज का कंपन
कहीं तुम्हारी ही खनक में
विलीन हो जाता हैं.
तुम स्वयं मे मदहोश हो,
गफलत में हो, कि
मै संभल गयी हूँ
तुम्हारे दिये दर्द से..
किंतु सच....?
सच कुछ और ही हैं.
मै भीतर ही भीतर
पल-पल बिखरती हूँ..
टूटती हूँ.
मगर हर लम्हा
प्रयास-रत रहती हूँ..
अपने में ही सिमटे रहने को..
नही चाहती अब
मै तुम्हे अपनी आहें
सुनांना.
क्युँकि सुना कर भी
देख चुकी हूँ
और बदले में तुम्हारी
रुसवाईयाँ ही पायी हैं.
इसलिये अब मैने
अपने चारो ओर
खडी कर दी हैं
एक अभेद्य दीवार
जिसके भीतर
झांकने की
सबको मनाही हैं
और तुमको भी

ग़ज़ल: ग़म की साझेदारी कर लें


आलोक उपाध्याय ’नज़र’ हिंद-युग्म की यूनिप्रतियोगिता के नियमित प्रतिभागियों मे रहे हैं। पेशे से सॉफ़्टवेयर इंजीनियर आलोक जी का ग़ज़लों के प्रति विशेष रुझान रहा है। इनकी रचनाएँ अक्सर पाठकों की सराहना प्राप्त करती रही हैं। अगस्त माह मे इनकी एक रचना को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ था। दिसंबर माह की यूनिप्रतियोगिता मे उनकी ग़ज़ल बारहवें पायदान पर रही है।

ग़ज़ल

शिकवे बारी बारी कर लें
ग़म की साझेदारी कर लें

आखिर हमको जाना ही है
पहले से तैयारी कर लें

हंगामों से सुख मिलता है
जी भर मारा-मारी कर लें

इस जंगल में रहना हो तो
अपनी सोच शिकारी कर लें

हो सकता है तोला जाये
अपना पलड़ा भारी कर लें

इश्क इबादत ठीक है लेकिन
उसको एक बीमारी कर लें

यूँ कतरा-कतरा रूह न बेचेँ
खुल के चोर बाजारी कर लें

ज़ज्बा ज़ज्बा बहुत हुआ अब
इन लम्हों को लाचारी कर लें

मै कुँवारी हूँ


प्रतियोगिता में ग्यारहवें स्थान की कविता के रचयिता देवेश पांडेय की हिंद-युग्म पर प्रथम कविता है। 30 जनवरी 1984 को जन्मे देवेश इलाहाबाद के रहने वाले हैं तथा वर्तमान में चीन में एम. बी. बी. एस. की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। देवेश अभी हिंदी टाइपिंग सीख रहे हैं।

पुरस्कृत कविता- मै कुँवारी हूँ

मै कुँवारी हूँ!
अपने माँ-बाप के सर पर
एक बोझ भारी हूँ
मै कुँवारी हूँ
दुल्हा खरीद ना पायी जो
मै वो अभागन नारी हूँ

मै कुँवारी हूँ
प्रदर्शनी के लिये लगी
कोई चीज प्यारी हूँ
मै कुँवारी हूँ
आते है लडके वाले
मुझे देखने अक्सर
पर वो देखते है
मेरा घर, मेरे बाप की हैसियत
वो कहते है,
घर वालो से पूछकर बतायेंगे
दो चार रोज बाद आयेंगे
पर मै जानती हूँ
वो नही आने वाले है
क्योंकि, उन्होने देखा है
मेरे चौखट पर
नही खडी है कार
मेरे ड्राईंग रूम मे
सोफे नही,
कुर्सियाँ पडी है दो-चार
जब मै छोटी थी
तो सोचती थी
लोग क्यों कहते है
लक्ष्मी ,बहू को
लेकिन,
अब समझ आ गया है
सचमुच बहु लक्ष्मी होती है
और जिसके घर लक्ष्मी नही होती
वो बहु नही बन सकती
वो बहु नही बन सकती।

याद का जब भी कबूतर निकला


प्रतियोगिता की नवीं कविता एक गज़ल है, जिसे लिखा है हिन्द-युग्म से बहुत लम्बे समय से जुड़ीं युवा कवयित्री अनुराधा शर्मा ने।

पुरुस्कृत कविता: ग़ज़ल

जिस्म से रूह को ले कर निकला....
याद का जब भी कबूतर निकला.....

मुझको तोड़ा गया सच कहने पर,
आईने जैसा मुक़द्दर निकला....

झील के जैसा लगा, था मुझको,
छू के देखा तो समंदर निकला.....

उन निगाहों मे नशा कितना है,
हर दफ़ा पहले से बढ़कर निकला.....

इश्क़ का शहर अजब है मौला,
जो मिला हमको वो बेघर निकला,....

हमला करता था अंधेरे में,
धूप मे आँख चुरा कर निकला....

ताजपोशी में, कुंवर से कहना,
बीरबल से ही था, अकबर निकला....

हाथ फिर वो ना आ पाया, मेरे,
ख्वाब चादर से जो बाहर निकला....

______________________________________________

पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

जज़्बात का रिसेशन


प्रतियोगिता की दसवें स्थान की कविता प्रियंका चित्रांशी की है। ’प्रिया’ नाम से कविताएं लिखने वाली प्रियंका की कविताएं इससे पूर्व भी हिंद-युग्म पर प्रकाशित हो चुकी हैं। पिछले अगस्त माह की यूनिप्रतियोगिता मे इनकी कविता ने तेरहवाँ स्थान प्राप्त किया था।

पुरस्कृत कविता: जज़्बात का रिसेशन

सोचा था
हाँ तब
तू साथ था जब
तू बाती और
मै मोम
या फिर यूँ
मैं मोम
तू बाती बन
एक लौ जलाकर
प्रेम की
रोशन करेंगे
घरौंदा अपना

लेकिन अब
वक़्त बदला और
सोच भी
तू तिजारत की दुनिया की
नामचीन हस्ती
मैं ख्यालों की दुनिया में
खोई हुई सी


तू कतरा-कतरा
जल रहा है
जगमगा रहा है
तप कर कुंदन सा हो गया है
बाज़ार में खूब चल रहा है


मै रफ्ता-रफ्ता पिघल रही हूँ,
मोम जो हूँ....
पिघल कर भी नहीं मिटती
मेरे वजूद पर
तेरा साया जो रहता है


मै न ! पिघल कर
मोम नहीं रहती
पानी हो जाती हूँ
जिधर का रुख करती हूँ
रास्ता मिल जाता है
कोई भी रंग ..
आसानी से चढ़ जाता है

अब न चेहरे पर
भाव नहीं आते
उनको ढाँपने का
गुण जो आ गया है


तेरे तजुर्बे ने
मोम से पानी बना दिया
कई बार बनी हूँ बर्फ सी
लेकिन पिघल कर फिर
मोम हुई पानी नहीं.


शुक्रिया !
शुक्रिया उस साथ का
जिसने
दुनिया के संग
जीना सीखा दिया
मेरा असली रंग चुरा
ज़माने का रंग चढ़ा दिया


कल खबर आई थी तेरी दुनिया से
सेंसेक्स की उथल-पुथल की
चेहरा भी देखा था टी. वी. पर
आते-जाते रंगों को पढ़ लिया मैंने

सच! तुमने कुछ नहीं सीखा
फिर भी ख़बरों में रहते हो ज़माने की

एक सवाल पूछना था तुमसे
हाँ ! तुम्हारी भाषा में

गर जज़्बात में रिसेशन हो ........
तब क्या प्रोडक्ट ब्रांड बन जाता है?


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

माँ जानती है


कवयित्री संगीता सेठी पिछले कई महिनों से हिन्द-युग्म की यूनिकवि प्रतियोगिता में भाग ले रही है। इससे पहले नवंबर माह की प्रतियोगिता मे इनकी एक कविता ने आठवाँ स्थान बनाया था।
दिसंबर की यूनिप्रतियोगिता मे इनकी कविता सातवें स्थान पर रही है।

पुरस्कृत कविता: माँ जानती है

माँ जानती है
नन्हा सीखा है चलना
घुटरुं-घुटरुं
चलेगा दौड़ेगा
लग ना जाये चोट
इसलिए हटा लेती है
घर के सभी फर्नीचर
रास्ते से
बना देती पूरे घर को
खेल का मैदान

माँ जानती है
बेटा सीखने लगा है अक्षर
जाने लगा है स्कूल
हाथ मे पेंसिल लिए
खींचेगा लकीरें
इसलिए ठोक देती है बोर्ड
घर की सारी दीवारो पर
बना देती है पूरे घर को
स्कूल को ब्लैक बोर्ड

माँ जानती है
बेटा लेने लगा है सपने
आँखों ही आँखों मे
बसने लगी है अप्सरा
इसलिए बांधकर
उसके सिर पर सेहरा
कमरों की दीवारो पर
लिख देती है प्रेम-कविताएँ
और खींच कर परदे दरवाजों पर
खुद छिप जाती है परदों के पार


माँ जानती है
बेटा बन गया है पिता
दो बच्चो का
गृहस्थाश्रम के भंवर मे
फंस गया है इस कदर
कि उठा नहीं सकता बोझ
बूढी माँ की खांसती देह का
इसलिए माँ छोड देती है
अपनी देह भी हौले-हौले
और मुक्त हो जाती है
हर जिम्मे से


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

अफ़सोस के लिये कुछ शब्द


प्रतियोगिता के पाँचवें पायदान की कविता के रचनाकार अरविंद श्रीवास्तव बिहार मे मधेपुरा से तअल्लुक रखते हैं। २ जनवरी १९६४ को जन्मे अरविंद जी ने इतिहास तथा राजनीति शास्त्र मे स्नातकोत्तर तथा तत्पश्चात पी एच डी की उपाधि हासिल की है। इनके दो काव्यसंग्रह प्रकाशित हो चुके हैं तथा हंस, वागर्थ, वर्तमान साहित्य, वसुधा, साक्षात्कार इत्यादि प्रमुख साहित्यिक पत्रिकाओं व समाचार पत्रों मे कविताएं प्रकाशित हो चुकी हैं। अरविंद जी ’कोसी खबर’ तथा ’जनशब्द’ नामक दो ब्लॉगों का संचालन भी करते हैं। हिंदयुग्म मे यह उनकी प्रथम कविता है।

पुरस्कृत कविता: अफ़सोस के लिये कुछ शब्द

हमें सभी के लिए बनना था
और शामिल होना था सभी में

हमें हाथ बढ़ाना था
सूरज को डूबने से बचाने के लिए
और रोकना था अंधकार से
कम से कम आधे गोलार्द्ध को

हमे बातें करनी थीं पत्तियों से
और तितलियों के लिए इकट्ठा करना था
ढेर सारा पराग

हमें बचाना था नारियल के लिए पानी
और चूल्हे के लिए आग

पहनाना था हमें
नग्न होते पहाड़ों को
पेड़ों का लिबास
और बचानी थी हमें
परिन्दों की चहचहाहट
हमें रहना था
अनार में दाने की तरह
मेंहदी में रंग
और गन्ने में रस बनकर

हमें यादों में बसना था लोगों के
मटरगश्ती भरे दिनो सा
और दौड़ना था लहू बनकर
सबों की नब्ज में
लेकिन अफसोस कि हम ऐसा
कुछ नहीं कर पाये
जैसा करना था हमें !


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

ठंड के दो अलग मतलब


उमेश पंत हिंद-युग्म पर पिछले एक वर्ष से प्रकाशित हो रहे हैं। इनकी कविताएं यूनिप्रतियोगिता मे नियमित रूप से सराही जाती रही हैं। इनकी एक कविता नवंबर माह की यूनिप्रतियोगिता मे नवें स्थान पर रही थी।
दिसंबर माह की प्रतियोगिता मे उमेश पंत की कविता ने छठा स्थान प्राप्त किया है।

पुरस्कृत कविता: दिसंबर की ठंड के दो अलग मतलब


जाने कब
चली होगी वो तेज हवा
और गिर पड़े होंगे
ये सूखे पत्ते जमीन पर।।

पर इस वक्त
जबकि दिसंबर अपनी ठंड में
कँपाती सी हवा को लपेटे
इन पत्तों की पीठ सहला रहा है
और ये पत्ते झूमते हुए
सरसराहट गा रहे हैं।
जमीन की हरी घास को
कम्बल सा लपेटे
ये पत्ते
हरे रंग में तैरती
गिलहरी हो गये हैं।
जैसे हवा बच्चों की तरह
गिलहरियों के पीछे भाग रही हो
और गिलहरियां
किसी नाटक की चरित्र बन
काँपने का स्वांग कर रही हों।

उन पत्तों के नाटक में
जो कुछ देर पहले
गिलहरी हो गये थे
मैं तलाशता हूं अपनी भूमिका
रुमानियत की अंगड़ाईयां लेते
मुझे आता है समझ
कि दिसंबर मुझमें घुलकर
खुद को महसूस करना चाहता है।

लेकिन तभी मैं देखता हूं
सड़क किनारे घिरती रात के शामियाने में
और बदलने लगते हैं
दिसंबर की ठंड के मायने।

वहीं सड़क पर जहां गिरे सूखे पत्ते
कुछ देर पहले गिलहरी हो गये थे
आकर बैठती है एक बूढ़ी औरत
और समेट लेती है गिलहरियाँ
और धू धू करती गिलहरियाँ
जलती हुई बदल जाती हैं मजबूरी में।

ये बूढ़ी औरत
जो अलाव जलाकर
बैठी है बुझी बुझी
सड़क किनारे
दिसम्बर की ठंड ओढ़े
जैसे दिसंबर कम्बल हो
और ठंड उसकी गर्मी।

ये औरत जब माँ हो जाती है
तो उसे अपना बेटा
आसपास नजर नहीं आता
पर वो देख लेती है उसे
कहीं किसी कारखाने में, बस में,
सड़क किनारे साईकिल में,
सब्जी के खुमचे में
या और भी कहीं कहीं
रसूख वालों की गालियां खाते
और ज्यादा हुआ
तो कुछ अदद थप्पड़ भी।

वो देखती है
कि उसका गांव
जब दिल्ली से पीछे छूट रहा था
और दिल्ली नतीजतन
उसके पास आ रही थी
तो उसके बेटे ने
कैसी तो शान से कहा था
कि हम भी हो जायेंगे शहर वाले
शहर जाकर।
और पहली बार
जब उसने देखा था शहर को
पूरे शहरीपन के साथ
तो उसे एक पल को महसूस हुआ था
कि शहर एक जादू है
जो जल्द ही उसकी जिन्दगी में करिश्मा लायेगा।
लेकिन कुछ ही पलों में पहली मर्तबा
उसका ये अहसास अपनी जड़ों से कुछ हिला था
जब बुरी तरह डांटा था उसे
बस के कन्डक्टर ने
और धकेला था उसके लड़के को
कि जाकर खड़ा हो जाये कहीं कोने में।
उस वक्त उसे लगा था
कि ये शहर उसके लिए है भी कि नहीं
कहीं वो किसी गलत दुनिया में
भटक तो नही आई।

पर आज सड़क किनारे
कारों की रफ़्तार
उसके अलाव को बार बार
बुझाये जा रही है
और वो अपनी इस गलत दुनिया में
रह पाने का ढ़ोंग कर
खुद को छल रही है।
उसकी आँखों में भर रहा है धुँआ
और उन आँखों के नीचे
जो पुतलियां ठहरी हुई हैं
उनमें दिसम्बर की ठंड है
और सामने एक फ़्लाईओवर
जिसके नीचे आज उसे रहने की जगह नही मिली
क्योंकि वहां भीड़ ज्यादा थी।

उसे रह रह के याद आ रही है
वो मिट्टी की गरम पाल
जिस पे रखा वो पत्थर का चूल्हा
पेड़ों की टूटी लकड़ियों को जलाता
दिसंबर की ठंड से दे जाता था निजात।
वहां उसके गांव में दिसम्बर की ठंड
चूल्हें पे सिंकते यूँ गुजर जाती थी।
जैसे लकड़ियाँ राख में बदलती
अपनी उम्र में गुजर जाती हैं।
और यहां इस मशीनी शोर में
अपनी खामोशी को खोजती
वो औरत जिसने मेरी गिलहरियाँ जला दी
दरअसल वो बुझी आग की बची-खुची राख में
खोज रही है
शहरी होने के मायने
और मैं सोच रहा हूं कि कितना अलहदा है
एक ही शहर में उसके और मेरे लिए
दिसंबर
______________________________________________

पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

चाहता हूँ


प्रतियोगिता के चौथे पायदान की कविता के रचनाकार चन्द्रकांत सिंह हिन्द-युग्म से काफी समय से जुड़े रहे हैं। इनकी एक कविता गत अक्टूबर माह की यूनिप्रतियोगिता मे तेरहवें स्थान पर रह चुकी है। 1 जून 1984 को सोनभद्र (उ॰प्र॰) में जन्मे चन्द्रकांत जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से एम॰ फिल की पढ़ाई कर रहे हैं। कविता-लेखन और योग में रुचि रखने वाले युवा कवि चंद्रकांत की कविताएँ ‘वाक्’, ‘समय-सरोकार’, ‘शब्दयोग’, ‘युद्धरत आम आदमी’ में प्रकाशित हो चुकी हैं।

पुरस्कृत कविता- चाहता हूँ

चाहता हूँ जाना गाँव की गलियों में
एक उम्र पड़ी है अभी
दोनों हाथों से पोसना चाहता हूँ
बकरियों, सुग्गों, तीतरों के बच्चों को
अरसे हुए शहर में तप कर पत्थर बन चुका हूँ
गदराहट पाने के लिए
खोए बचपन को फिर से सहलाने के लिए
एक बार आना चाहता हूँ अपने गाँव
वही गाँव जहाँ अब भी मेड़ से होकर
गुजरता है चन्द्रप्रभा का जल
वहीं जहाँ छपक छपक के साथ गायी जाती है कजरी
मेरी शिकस्ता सी आवाज जम चुकी है
चाहता हूँ विदा लेने से पहले
हो आऊँ अपने गाँव
सुन्नर काका की बछिया भी अब
ज़नने का सुख पा चुकी होगी
सहुआईन की बखरी में
सोने के पाट लग चुके होंगे
आखिर टेनी मारकर ही तो कमाई गई है पूंजी
जिससे गाँव प्रधान तक धन्ना सेठ हो गए

अब मोट नहीं चलते तो क्या
पम्पिंग सेट के नीचे बैठ कर नहाऊँगा
हेंगे पर सवार होकर ज़मीन की उर्वरता को थाहूँगा
अब तो कत्तई मन नहीं लगता शहर में
रह रह कर करेजा पकड़ लेता हूँ
हर बखत बस घर की याद आती है


ऊँख का खेत नाच जाता है
जब पटरे पर बैठा-बैठा ऊँघने लगता हूँ
क्या हुआ जो जाने को पैसे नहीं
भला गाँव जाने के लिए
ज़रूरी तो नहीं टमटम की सवारी
पैदल चला जाऊँगा
वैसे भी शहर में
अब दाना पानी नहीं बदा
गाँव जाकर मेहनत मजूरी करके पेट पाल लूँगा
खाली हाथ कभी नहीं गया गाँव
जानता हूँ कि जाते ही बच्चे छोप लेंगे मुझे
मुआ आज लेमनचूस तक की किल्लत है

खैर
आज रीते हाथ ही जाऊँगा
ज़रूरी तो नहीं कि हर बार कुछ लेकर ही जाऊँ
खराई मारकर निकलूँगा तो शाम तक पहुँच ही जाऊँगा अपने गाँव
डारे पर निरखा सुखाती मेरी दस साल की बच्ची
रोज़ अगोरती है बाट
न मालूम वह कैसे
मेरे आने की आहट पा जाती है.
________________________________________________________

पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

विदर्भ: कर्जे में कोंपल


जुलाई २००९ मे यूनिकवि रह चुके अखिलेश कुमार श्रीवास्तव यूनिप्रतियोगिता के स्थाई प्रतिभागियों मे से हैं. जमीनी सरोकारों से जुड़ी उनकी कविताएं अपनी गम्भीरता के कारण हर बार निर्णायकों और पाठकों का ध्यान आकृष्ट करती हैं. गत दिसम्बर माह की यूनिप्रतियोगिता मे उनकी कविता ने दूसरा स्थान प्राप्र्त किया.

पुरस्कृत कविता- विदर्भ: कर्जे में कोंपल

मैं इक खेतिहर बाप हूँ
पर कहाँ से छीन कर लाऊँ रोटी.
सुना है कुछ लोग लौटे है कल चाँद से
रोटी जैसा दिखता था कमीना
पत्थर निकला.
बरसों हुए खेत में
बिना कर्जे की कोपल फूटे.
धरती चीर कर निकले
छोटे छोटे अंकुर
मेड पर साहुकार देखते ही
सहम जाते है.

अंकुर की पहली दो पत्तियाँ
सीना ताने आकाश से बाते नहीं करती
वो मिट्टी‌ की तरफ झुकी रहती है
मेरे कंधे की तरह.
हर पिछली पत्ती
नयी निकलने वाली कोंपल को
बता देती है पहले ही
तेरे उपर जिम्मेदारी ज्यादे है
ब्याज बढ़ चुका है पिछले दस दिनों में.
अपने बच्चे का बचपन बचा पाने की कोशिश में
हर किसान देखना चाहता है अपने पौधों को
समय से पहले बूढ़ा.
प्रधान के लहलहाते खेतों को देखकर
जाने क्या बतियाते रहते है मेरे पौधे
कल निराई करते समय सुनी थी मैंने
दो की बात
इस जलालत की जिंदगी से मौत अच्छी है
मेरे राम
दयालु राम सुनते है उनकी प्रार्थना
एक साल अगन बरसा ले लेते है अग्नि परीक्षा
दुसरे साल दे देते है जल समाधि अपने भक्तो को
अपनी तरह.

मेरा लंगोटिया यार बरखू किसान भी मेरे जैसा ही है
उसके यहाँ भी कोई नहीं मना करता बच्चो को
मिट्टी‌ खाने से.
विज्ञान औंधे मुंह गिरा है विदर्भ में
वहाँ मिट्टी‌ खाने से मर जाते है पेट की कीड़े.
कुँआ कूद कल मरा है बरखू
घर में सब डरे हैं कि
अपने घर में सब के सब जिन्दा है अब तक.
बीजों पर कर्जा
रेहन पर खेत
अब क्या बेचूँ
मुह में पल्लू ठूँस लेती है मेरी बीवी
मेरा सवाल सुनकर
रोने की आवाज़ सुनकर जाग गए बच्चे
तो फिर जपने लगेंगे
नारद की तरह रोटी-रोटी

अपने बालो को बिखराए
चेहरे पर खून के खरोंचे लिए
मुह से फेन गिराती
पिपरा के पेड़ के नीचे
कल शाम से खिल खिला कर हँस रही है
मेरी घरतिया
दो माह के दूधमुँहे छुटके को
दो सौ में बेच कर आयी है डायन
आज मेरे चारो बच्चे भात और रोटी
दोनो खा रहे है
पांचवा मैं खा लूँ गर
थोडा सा भात
पांच लोगो को श्राद्ध खिलाने की
पंडित जी की आज्ञा पूरी हो
मिल जाये छुटके को जीते जी मोक्ष .



पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।