फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

हम करते ही नहीं हैं प्रार्थनाएँ


संगीता सेठी यूनिप्रतियोगिता की सबसे नियमित कवियत्रियों मे से हैं, जिनकी प्रविष्टियाँ लगभग हर माह प्रतियोगिता मे शामिल होती हैं और शीर्ष मे स्थान भी बनाती हैं। इससे पहले उनकी एक कविता दिसंबर प्रतियोगिता मे बारहवें स्थान पर रही थी। प्रस्तुत कविता ने मार्च माह मे पाँचवां स्थान प्राप्त किया है।

पुरस्कृत कविता: हम करते ही नहीं हैं प्रार्थनाएँ

हम करते ही नहीं हैं प्रार्थनाएँ
कि हमारे पड़ौस का
बीमार बच्चा
हो जाए चंगा
चहकता चिड़ियों सा
और खेलने लगे
आँगन में अपने,
ताकि हमारे आँगन भी
उसके चहकने की आवाज़ें
आने लगें छन कर
और हमारे आँगन का बच्चा
उचक कर देखने लगे
पडौस की दीवार के उस पार।

हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
कि इस वर्ष बरसें बादल
किसानों की उन फसलों पर,
जो देख रही हैं बाट
भरपूर पैदावार के लिए,
ताकि धुँए भरे हमारे शहर में
पहुँचे तादाद में पैदावार
और हमारे जेब पर ना पड़े मार
और हम भरवा सकें
अपने वाहनों में पेट्रोल
और धुँआ करने के लिए।

हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
कि टूटे ना एक भी सितारा
इस आकाश की ओढनी से,
लबालब रहे आकाश की ओढनी
सितारों से
ताकि ढकी रहे धरती
उस ओढनी की छाँव से
कि एक भी उल्कापिण्ड
धरती की छाती पर
गिर कर ना करे विलाप।

हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
देश के उस पार भी
आबो-हवा चलती रहे
ठण्डी और सुखद
कि सरहद पर बची रहे गोलियाँ,
ताकि एक भी चिंगारी
हमारी या उनकी सरहद पर
घास के एक भी टुकड़े को
जला ना सके।

हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
कि धरती पर जीने वाले
हर एक इंसान को
मुहैय्या हो रोटी कपड़ा और मकान.
ताकि खाते वक्त रोटी,
पहनते वक्त कपड़े
और ओढते वक्त चादरें
नहीं आए हमारे सामने
उन लाचार लोगों की सूरतें,
कि हम एक भी निवाला
निगल ना सकें हलक से।

हम जानते ही नहीं है प्रार्थना
की शक्ति को
वरना वो ताकत
सिमट जाती है
आत्मबल बन कर
फिर क्या ज़ुर्रत
कि पड़ौस का बच्चा
चंगा ना हो,
फसलों पर
ना बरसें बादल,
टूटे ना सितारे कभी,
बहती रहे हवाएँ
ठण्डी और सुखद
इस पार भी
उस पार भी,
और धरती पर जीने वाला
हर इंसान हो खुशहाल
कि दर्द का एक शूल भी
उसको छू ना पाए

दरअसल
हम करते ही नहीं है प्रार्थनाएँ
उन सब के लिए ।
______________________
पुरस्कार: हिंद-युग्म की ओर से पुस्तकें।

पिछले दशकों में



हिंद-युग्म के पाठकों के लिये संगीता सेठी का नाम नया नही है। उनकी कविताएं लभगग हर प्रतियोगिता का हिस्सा होती हैं और प्रकाशित भी होती रहती हैं। अक्सर सामाजिक रूढ़ियों और विषमताओं का विरोध और समय के साथ बदलती रिश्तों की भूमिकाएँ उनकी कविता के केंद्र मे रहती हैं। इनकी पिछली कविता नवंबर माह मे पाँचवें स्थान पर रही थी। प्रस्तुत कविता ने दिसंबर माह की प्रतियोगिता मे बारहवाँ स्थान प्राप्त किया है।

कविता: पिछले दशकों में  

पिछले छ: दशक से
महीना-दर-महीना
कमा रहे हैं बाबा मेरे
फिर भी लाखों बाबा
नहीं पहना पा रहे
अपने बच्चों को
पूरे कपड़े
वो फिर रहे हैं नंगे
इन सर्द गलियों में

 पिछले पाँच दशक से
व्यंजन-दर व्यंजन
पका रही है रसोई में
मेरी अम्मा
फिर भी लाखों माएँ
नहीं दे पाती है
अपने बच्चों को
भरपेट खाना

पिछले चार दशक से
पारी-दर-पारी
मेरी बड़की बहन
लिख रही है
बच्चों की स्लेटों पर
हाथ पकड़ कर्
फिर भी सैकड़ों बच्चे
नहीं देख पा रहे
स्कूल का मुँह भी

पिछले तीन दशक से
अस्पताल-दर-अस्पताल
मेरा भाई
बाँट रहा है दवाइयाँ
आम आदमी के लिए
फिर भी सैकड़ों लोग
तोड़ देते हैं दम
इलाज के अभाव में

पिछले दो दशक से
किश्त-दर-किश्त
मेरे पति
बाँट रहे हैं ऋण
सरकारी खातों से
ज़रूरतमन्दों को
फिर भी आर्थिक मार से
ना जाने कितने लोग
कर लेते हैं आत्महत्या

पिछले एक दशक से
मेरी भाभी
कानों में
हीरे के झुमके पहन
छम्मक-छल्लो सी
घूम रही है घर में
और सैंकड़ों लोगों के
मुँह तक निवाला भी
मुश्किल से
पहुँचा रही है
ये हीरे की खदानें

पिछले एक वर्ष से
पृष्ठ-दर-पृष्ठ
मैं भी लिख रही हूँ कविता
कम्प्यूटर पर
इंटरनेट के सारे रास्ते
जान गई हूँ
की-बोर्ड दबा-दबा कर
ब्लॉग बनाने की रवायतें
और फेसबुक पर
अच्छे दोस्त तलाशने की
मुहिम छिड़ी है
और मेरे आस-पास की
गृहणियाँ तो दूर की बात है
मेरे पूरे मोहल्ले में
इस कोने से उस कोने तक
इस गली से उस पार तक
नहीं है मुहैया
बच्चों को भी
एक अदद कम्प्यूटर !!


ओ बिरादरी वालों


प्रतियोगिता की पाँचवीं कविता संगीता सेठी की है। इनकी कविताएं हिंद-युग्म पर पहले भी प्रकाशित होती रही हैं। जून माह मे इनकी एक कविता दसवें स्थान पर रही थी। प्रस्तुत कविता आनर-किलिंग जैसे विषय को आधार बना कर सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करती है।

पुरस्कृत कविता: ओ बिरादरी वालों

ये बिरादरी वाले
जो करते हैं
इज़्ज़त की परवाह
अपनी खानदानी रवायत
बचाने की खातिर
कर देते हैं
दो प्रेमियों की हत्या
मासूम प्रेम
बह जाता है
इज़्ज़त की
नालियों में
जो घृणा द्वेष
और हिंसा से
उफनती है सदा

ये बिरादरी वाले
लेते हैं चैन की सांस
बन जाते हैं विजेता
क्योंकि बच जाती है
उनकी इज़्ज़त
उनकी ये हत्या भी
ऑनर किलिंग के नाम से
हो जाती है सम्मानित
ये बिरादरी वाले
नहीं जानते कि
उन दो मासूमों के दिलों में
बह रही थी प्रेम की नदी
उन मासूमों ने
नहीं खेला कभी जुआ
नहीं पी कभी शराब
ना ही फैलाया आतंक
ना की किसी की हत्या

सोचो ! ओ बिरादरी वालों
उस प्रेम की नदी से
फूटते प्रेम के ही अंकुर
पल्ल्वित और पुष्पित होते
उनके अंश
प्रेम में पगे हुए
आतंक भरी दुनिया में
देखते अपने माँ-बाप को
डूबे हुए प्रेम में
और बच्चे सराबोर रहते
प्रेम की दुनिया में
ओ बिरादरी वालों !
तुमने कभी उनके बारे में सोचा
जो समाज में करते है
चोरी-डकैती-अपराध
देश मे धर्म के नाम पर
लगाते हैं आग
और भस्म कर देते हैं
समूची सभ्यता
विश्व को बना रहे निशाना
बम-परमाणु बम-मिसाइल
और ज़ेंथ्रेक्स हैं
जिनके हथियार
ओ बिरादरी वालों !
क्या किया है तुमने साहस
उनकी हत्या का
जो तिल-तिल
समूची सभ्यता को
कर रहे हैं होम
आतंकवाद में
और नहीं हो रही खराब
इज़्ज़त बिरादरी वालों की ।
_____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।

बैठक बंद रहती है


संगीता सेठी यूनिकवि प्रतियोगिता के उन प्रतिभागियों में से हैं, जिनकी कविताएँ लगभग हर महीने ही हिन्द-युग्म पर प्रकाशित होती हैं। जून 2010 की यूनिकवि प्रतियोगिता में संगीता की कविता ने दसवाँ स्थान बनाया।

पुरस्कृत कविता: बैठक बन्द रहती है मिट्टी के डर से

वो बैठक का नज़ारा
ज़िसमें बाबा के दोस्त
जमा करते थे घण्टॉं
और मै भी
उसका हिस्सा हुआ करती थी
फुदकती हुई
कभी इस कुर्सी तो कभी उस मूढ़े
कभी प्लेट में पड़े
चिवड़े पर झपटती
तो कभी बाबा के गिलास से
आम का पाना पीती
कुछ बड़ी हुई तो सपने ईज़ाद हुए
माँ से कहने लगी
सोफे लाओ ना अपनी बैठक में
और गुलदान भी
जैसे मेरी सहेली के घर पर हैं
ताकि हमारी बैठक भी महक उठे
फूलों से
माँ-बाबा ने मुस्कुरा कर
टाल दिया

सपने कुछ अंकुरित हुए
ना सही सोफा ना सही गुलदान
सरकण्डी के मूढों को ही सजाने लगी
माँ की पुरानी साड़ियों से
अपने पुराने सूटों से
बनाने लगी कुशन और
मैं खुद काढ़ने लगी कशीदे
और सजने लगी बैठक

अब मेहमान आते तो मैं
ट्रे में करीने से ले जाती गिलास
आम के पाने से भरे हुए
एक प्लेट मे बिस्किट सजे हुए
ओम अंकल मेरी
प्रशंसा करते नफाज़त की
रामप्यारी आँटी
मेरा कशीदा निहारती
मैं सकुचा जाती
उनके जैसे सोफे तो ना थे
हमारी बैठक में

सुन्दर बैठक के सपने
बुनते और पनपते रहे
उन सपनों के जंजाल को लिए
मैं ससुराल की चौखट पर आ गई
इंटीरियर वास्तु फेंगशुई जैसी कलाओं
की बारीकियाँ सीखती रही
सजाती रही अपनी बैठक
कलात्मक सोफे
काँच के मेज
महँगे गुलदान
कढा़ईदार कुशन
वास्तु के अनुसार तस्वीरें
फेंगशुई के तमाम खिलौने
मेरी बैठक को महल का
रूप देते रहे
और मैं पोंछती रही
तमाम चीजों को
बड़ी नज़ाकत से
पर नहीं आता है अब
कोई मेहमान
समय की कमी के कारण
कोई आता भी है जल्दी में
तो बैठा दिया जाता है
दालान में...आहाते में
या खड़े-खड़े ही
विदा कर दिया जाता है
महल जैसी बैठक में
बैठने के
नियम तय किए हैं
हर कोई तो
नही बैठाया जाता
उन गद्देदार सोफों पर
इसलिए
ना सजते हैं काजू प्लेटों में
ना बादाम-शेक परोस पाती हूँ
महँगी क्रॉकरी
शो-केस में सजी रहती है
और बैठक बन्द रहती है
मिट्टी के डर से

पुरस्कार: विचार और संस्कृति की पत्रिका ’समयांतर’ की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।

माँ ने बना लिया है ब्लॉग, पैदा कर लिए हैं ईमेल-पते


संगीता सेठी के कविता के पात्र सामान्तयाः स्त्रियाँ ही होती हैं। इनकी कविताएँ हमारे निर्णायकों को भी पसंद आती हैं। इन सभी बातों का ताज़ा उदाहरण अप्रैल माह में छठवाँ स्थान बना चुकी इनकी यह कविता है-

पुरस्कृत कविताः नहीं बाँच सकती कोई माँ

वो ज़माना चिट्ठी पत्री का
जब बांच नहीं सकती थी माँ
ज़माने भर की चिट्ठियाँ
बस रखती थी सरोकार
अपने बेटों की चिट्ठियों से
जो दूर देश गया था कमाने
सुन लेती थी अपने पति कि बाणी में
या घर की सबसे पढी लिखी बहू से
पर फिर भी उन्हें आँचल में छिपाकर
सुनने जाती थी
पड़ौस की गुड्डी या शन्नो से
तृप्त हो जाती थी आत्मा
और फिर से आँखें ताकती थी हर शाम
उस डाकिए को

इस कमजोरी से उबरी
माँ अब साक्षर होने लगी
चिट्ठियों के लफ्ज़ पह्चानने लगी
इधर बेटे बेटियों के लफ्ज़
होने लगे और गहरे
माँ को नमस्ते ! पापा को राम-राम !
और बाकी बातें
पढे लिखे भाई-बहनों के लिए
लिखी जाने लगी
माँ उन दो पंक्तियों को आँखों में समाए
संजोने लगी चिट्ठियाँ
एक लोहे के तार में
और जब तब निकाल कर पढ लेती
वो दो पंक्तियाँ
डाकिए का इंतज़ार रहता
अब भी आँखों में

माँ ने पढना लिखना शुरु किया
गहरे शब्दों के मर्म को जाना
बेटे-बेटियों की चिट्ठियाँ
अब उसकी समझ के भीतर थी
पर ये शब्द जल्द ही
एस.एम.एस.में बदल गए
मोबाइल उसकी पहुँच से
बाहर की चीज़ बन गया
अब हर रिंगटोन पर
अपने पोते से पूछती
किसका एस.एम.एस ?
क्या लिखा ?
कुछ नही
कम्पनी का है एस.एम.एस
आप नहीं समझोगी दादी माँ!

माँ को और ज़रूरत हुई
बच्चों को समझने की
उसने जमा लिए हाथ
की-बोर्ड पर
माउस, क्लिक और लैपटॉप की
बन गई मल्लिका
जान लिए इंटरनेट से जुड़्ने के गुर
पैदा कर लिए अपने ई-मेल पते
बना लिए ब्लॉग
मेल और सैण्ड पर क्लिक
हो गया है
उसके बाएँ हाथ का खेल
भेजने लगी अपने इंटरनेटी दोस्तों को
मेल और सुन्दर संदेश

बच्चे बड़े हो गए हैं
चले गए गए हैं परदेस
माँ अपने ई-मेल पते देती है
बेटा सॉफ्ट्वेयर इंजीनीयर है
बेटी आर्कीटेक्चर के कोर्स में
है व्यस्त
हर रोज़ अपने लैपटॉप
पर देखती है स्क्रीन
आज तो आया होगा
कोई लम्बा संदेश
उसकी आँखें थक रही हैं
स्क्रीन के रेडिएशन पर
नज़र जमाए
पर नहीं आया कोई मेल
माँ चिट्ठी के ज़माने में
पहुँच गई है
जहाँ नहीं बाँच सकती कोई माँ
अपने बच्चों की चिट्ठियाँ


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

वरना कौन धारण करेगा तुम्हारे बेटों के भ्रूण


संगीता सेठी बहुत लम्बे समय से हिन्द-युग्म पर सक्रिय हैं और यूनिकवि प्रतियोगिता में लगातार हिस्सा लेती रहती है। फरवरी माह की यूनिकवि प्रतियोगिता में इनकी कविता ने सातवाँ स्थान बनाया। संगीता सेठी एक सफल कहानीकार भी हैं। हाल ही में इनकी एक कहानी ने 'मेरी सहेली' पत्रिका की वार्षिक कहानी लेखन प्रतियोगिता में पहला स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविता: आने दो बेटियों को धरती पर

आने दो बेटियों को धरती पर
मत बजाना थाली चाहे
वरना कौन बजाएगा
थालियाँ कांसे की
अपने भाई-भतीजों के जन्म पर

आने दो बेटियों को धरती पर
मत गाना मंगल गीत चाहे
वरना कौन गाएगा गीत
अपने वीरों की शादी में

आने दो बेटियों को धरती पर
मत देना कोई विश्वास उन्हें
वरना कैसे होंगे दर्ज अदालत में
घरेलू हिंसा के मामले

आने दो बेटियों को धरती पर
मत देना कोई आशीर्वाद उन्हें
वरना कौन देगा गालियाँ
माँ-बहन के नाम पर

आने दो बेटियों को धरती पर
मत देना दान-दहेज़ उन्हें
वरना कैसे जलाई जाएँगी बेटियाँ
पराए लोगों के बीच

आने दो बेटियों को धरती पर
पनपने दो भ्रूण उनके
वरना कौन धारण करेगा
तुम्हारे बेटों के भ्रूण
अपनी कोख में


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

हाहाकार


तकरीबन ३० वर्ष से स्रजनकर्म से जुड़ी संगीता सेठी हिंद-युग्म की नियमित पाठिका हैं। हिंद-युग्म की यूनिप्रतियोगिता की स्थाई प्रतिभागी संगीता जी की रचनाएँ राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख पत्रिकाओं और समाचार पत्रों मे प्रकाशित हो चुकी हैं। युनिप्रतियोगिता मे कई बार इनकी कविताएँ शीर्ष दस कविताओं मे शुमार रही हैं तथा पिछली प्रतियोगिता मे इनकी एक कविता सातवें स्थान पर रही थी। जनवरी माह मे इनकी इस कविता ने तेरहवाँ स्थान प्राप्त किया है।

कविता: हाहाकार

हाहाकार
मचा है मन में
मै कौन ?
मैं क्यों ?
किसके निमित्त ?
क्या करने आई हूँ पृथ्वी पर ?
प्रश्न दर प्रश्न बढती जाती हूँ
दिल के हर कोने में पाती हूँ
मचा है हाहाकार

चलती जाती हूँ सड़क पर
शोर गाड़ियों का
घुटन धुएँ की
चिल्ल-पौं हॉर्न की
सबको जल्दी
आगे जाने की
उलझे हैं सारथी, हर गाड़ी के
देते हुए गालियाँ, एक दूसरे को
देख रही हूँ मैं
एयरकंडीशन कार में बैठी
मचा है सड़क पर
हाहाकार

चलती हूँ हाई-वे पर
दौड़्ते दृश्यों में
एक बस्ती के बाहर
ज़मीन से ऊपर सिर उठाए
नल के नीचे
बाल्टियों की कतारें
अपनी बारी के इंतज़ार मे
तितर-बितर लोग
उलझते एक दूसरे से
कि नहीं है सहमति
एक घर से दो बाल्टी की
मेरे घर के बाहर
एक बालिश्त घास का टुकड़ा
पी जाता है ना जाने
कितना गैलन पानी
और यहाँ बस्ती में
एक बाल्टी पानी के लिए
मचा है
हाहाकार

पिज़्ज़ा पर बुरकने के लिए
चीज़
केक को सजाने के लिए
क्रीम
डेयरी बूथ पर रोकी कार मैंने
देखकर लम्बी कतार सड़क तक
थोड़ी धक्कमपेल में ठिठकी मैं
कोई झगड़ा
कोई फसाद
आशंका मन में
कतार के सबसे पीछे खड़े
मफलर में लिपटे चेहरे को पूछा
“आज क्या है इस डेयरी पर ”
मूँग की दाल
मिल रही है कंट्रोल रेट पर
बहनजी !
आप भी ले आओ राशन कार्ड
एक धक्के से खिसक गया वो
और पीछे
मचा है यहाँ भी
हाहाकार !

मेरे चाचा का इकलौता बेटा
सड़क दुर्घटना में सो गया
सदा के लिए
चीखों-पुकार
करुण-क्रन्दन
नोच गया दिल
पोस्ट्मार्टम के इंतज़ार में
खड़े हम
अस्पताल के पोर्च में
प्रसव वेदना से तड़पती
माँ ने दम तोड़ दिया
छ्ठा बच्चा था उसका
“अब इतने जनेगी तो
मरेगी ही ना ”
लोगों के जुमले
मचा रहे थे
मन में मेरे हाहाकार

हैती में आया है भूकम्प
ले ली है जानें
कितने लोगों की
रोते, बिलखते, उजड़ते, बिखरते
लोगों के चेहरे
पिछली सारी यादों को गडमड करते
कभी सुनामी, कभी बाढ
कभी भूकम्प, कभी सूखा
और नहीं तो
तूफान-भंवर
इससे भी नहीं थमा
धरती-सागर
तिल-तिल बढती ग्लोबल वार्मिंग
मच रहा हैं
हाहाकार

धरती से ऊपर क्षितिज पर
आसमान में
कभी बादलों का रोना वर्षा से
कभी सूरज का सोखना धरती से
कभी छेद है ओज़ोन परत में
और धरती के पार
आकाश गंगा के रास्ते
सौर मण्डल के अपने दर्द
कभी सूर्य को ग्रहण
कभी चन्द्र को ग्रहण
कभी टूटता तारा
कभी उल्का पिण्ड
अलग होते आकाश से
मचा है खगोल में भी
हाहाकार

उठती हूँ नींद से
मचा है
हाहाकार
अब भी मन में
उथल-पुथल
नख से शिख तक
करता हुआ
आँखे नम
कौन हूँ ?
क्यों हूँ ?
कहाँ से ?
कब आई हूँ ?
अपना ये हाहाकार
कुलबुलाता है
धरती पर
बिसरते लोगों से लेकर
धरती के पार तक
उनके हाहाकार से
छोटा हो गया है
मेरा हाहाकार

माँ जानती है


कवयित्री संगीता सेठी पिछले कई महिनों से हिन्द-युग्म की यूनिकवि प्रतियोगिता में भाग ले रही है। इससे पहले नवंबर माह की प्रतियोगिता मे इनकी एक कविता ने आठवाँ स्थान बनाया था।
दिसंबर की यूनिप्रतियोगिता मे इनकी कविता सातवें स्थान पर रही है।

पुरस्कृत कविता: माँ जानती है

माँ जानती है
नन्हा सीखा है चलना
घुटरुं-घुटरुं
चलेगा दौड़ेगा
लग ना जाये चोट
इसलिए हटा लेती है
घर के सभी फर्नीचर
रास्ते से
बना देती पूरे घर को
खेल का मैदान

माँ जानती है
बेटा सीखने लगा है अक्षर
जाने लगा है स्कूल
हाथ मे पेंसिल लिए
खींचेगा लकीरें
इसलिए ठोक देती है बोर्ड
घर की सारी दीवारो पर
बना देती है पूरे घर को
स्कूल को ब्लैक बोर्ड

माँ जानती है
बेटा लेने लगा है सपने
आँखों ही आँखों मे
बसने लगी है अप्सरा
इसलिए बांधकर
उसके सिर पर सेहरा
कमरों की दीवारो पर
लिख देती है प्रेम-कविताएँ
और खींच कर परदे दरवाजों पर
खुद छिप जाती है परदों के पार


माँ जानती है
बेटा बन गया है पिता
दो बच्चो का
गृहस्थाश्रम के भंवर मे
फंस गया है इस कदर
कि उठा नहीं सकता बोझ
बूढी माँ की खांसती देह का
इसलिए माँ छोड देती है
अपनी देह भी हौले-हौले
और मुक्त हो जाती है
हर जिम्मे से


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

ओ पुरुष !


नवम्बर माह की यूनिकवि प्रतियोगिता की आठवीं कविता संगीता सेठी की हैं। संगीता सेठी स्त्रीवादी साहित्य सृजन में सक्रिय है और सौभाग्य से हिन्द-युग्म की प्रतियोगिता में भी लम्बे समय से कविता भेजती रही हैं।

पुरस्कृत कविता- हर नस की रक्षा में हूँ ओ ! पुरुष !

तूने सदा मुझे
अपनी जूती तले दबाया
और मैंने हमेशा
तुम्हारी धमनियों में
बहना चाहा
तू न जाने क्यों
मुझे देखते रहे
बेचारी समझ कर
और बंद करके
उस कोठरी में
वीरता के परचम
फहराते रहे
इतना दंभ था
पुरुष तुझमें
फिर भी तेरा माथा
झुकता रहा
कभी तिलक के बहाने
तो कभी
आर्शीवाद के बहाने
कभी तेरी कलाई
मेरे सामने आ गयी
याचना बन कर
रक्षा की
मैं तेरी रक्षा के लिए
तेरे सिर से लेकर
पाँव तक
बहती रही
और जब पहुंची पाँव तक
तो तू समझ बैठा
मुझे पाँव की चीज़
पर मैं तो
तेरे हर अंग की
हर नस की
रक्षा में हूँ
ओ ! पुरुष!


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

छोटी-सी गुड़िया की ज़ुबानी


कवयित्री संगीता सेठी पिछले कई माहिनों से हिन्द-युग्म की यूनिकवि प्रतियोगिता में भाग ले रही है। अगस्त माह की प्रतियोगिता में इनकी एक कविता ने आठवाँ स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविता- छोटी-सी गुड़िया की ज़ुबानी

मैं छोटी-सी गुड़िया हूँ
मैं तो बस इतना जानूँ
माँ की बिंदी माँ का आँचल
माँ की खुशबू को पहचानूँ

धरती माँ की गोद में पलकर
हिंदी की माटी में खेली
तुतला-तुतला कर जब बोली
मैं हिंदी भाषा ही बोली

मैं हिंदी की बोली के
सारे शब्दों को पहचानूँ
माँ की बिंदी माँ का आँचल
माँ की खुशबू को पहचानूँ

अपनी संस्कृति को जानूं मैं
अंग्रेजी से उसे फैलाऊं
हिंदी वेदों की वाणी को
इस संसार के मुख पर लाऊं

अपनी संस्कृति पर मुझे गर्व है
हिंदी भाषा को अपनाऊं
माँ की बिंदी माँ का आँचल
माँ की खुशबू को पहचानूँ

मैं छोटी-सी गुड़िया हूँ

ख़ुर्शीद- सूर्य, सूरज


प्रथम चरण मिला स्थान- ग्यारहवाँ


द्वितीय चरण मिला स्थान- सातवाँ


पुरस्कार और सम्मान- मुहम्मद अहसन की ओर से इनके कविता-संग्रह 'नीम का पेड़' की एक प्रति।

आतंकवादी कोख में नहीं पलते


मई महीने की प्रतियोगिता में संगीठा सेठी की कविता 'मानव के अश्रु स्रोत' जजों द्वारा अनुशंसित हुई थी। जुलाई महीने की प्रतियोगिता में भी इनकी एक कविता को जजों ने काफ़ी पसंद किया।

कविता- आतंक किसी कोख में नहीं पलता

कौन कहता है
भ्रूण हत्या पाप है?
चल जाता पता
गर माँ को
कि पल रहा है
कोख में आतंक...
तो कर देती वो
खुद ही
उस भ्रूण की हत्या...
बताओ क्या तुम
ठहरा पाते
उसे दोषी?
कह दो
उन वैज्ञानिकों से....
किये हैं ईजाद
जिन्होंने
भ्रूण जानने के
उपकरण.....
ईजाद करें अब
कोख में पलने वाले
आतंकवादी भ्रूण...
पर कहाँ?
आतंक
किसी कोख में
नहीं पलता।
माँ तो क्या
माँ के
साए से भी
दूर.......
ईर्ष्या-द्वेष की
धरती पर.....
जहां
ममता नहीं
घृणा बरसती है...
हाँ ! आतंक
किसी कोख में नहीं पलता


प्रथम चरण मिला स्थान- पच्चीसवाँ


द्वितीय चरण मिला स्थान- सोलहवाँ

हमारे अश्रु स्रोत सूख गये हैं


आज हम जिस रचनाकार से आपका परिचय करवा रहे हैं, वे ब्लॉग बनाने की कोशिश में हिंदी ढूँढ़ते हुए हिन्द-युग्म पर पहुँच गईं, फिर यहीं की होकर रह गईं। अब हिन्द-युग्म पढ़ना संगीता सेठी की दिनचर्या में शामिल है। यद्यपि ये पिछले 30 वर्षों से रचनाकर्म में संलग्न हैं, लेकिन इंटरनेट पर हिन्द-युग्म के माध्यम से पर्दार्पण कर रही हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम में प्रशासनिक अधिकारी और निगम में ही राजभाषा अधिकारी के रूप में ६ वर्ष का अनुभव रखने वाली संगीता सेठी की रचनाएँ राष्ट्रीय स्तर की सभी पत्र-पत्रिकाओं (मुख्य- कादिम्बिनी, आउटलुक,कथादेश,मधुमती, राजस्थान पत्रिका, दैनिक भास्कर) में प्रकाशित हो चुकी हैं। दैनिक भास्कर रचना पर्व में इनकी कहानी को पंकज बिष्ट जी की कलम से और कमलेश्वर जी के हाथों प्रथम पुरस्कार प्राप्त है। कवयित्री की कविताएँ पिछले ३० वर्षों से आकाशवाणी बीकानेर से प्रसारित हो रही हैं। ज्ञानी जैल सिंह द्वारा गर्ल गाइड के रूप में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेठी के एक काव्य संग्रह, एक कथा संग्रह, एक डायरी विधा (अपने पिता पर), एक बालकथा शृंखला प्रकाशित हैं तथा एक कथा संग्रह और काव्य संग्रह प्रकाशित होने में कतराबद्ध हैं।

कविता- मानव के अश्रु स्रोत

मैंने कहा था
इससे
उससे
इनसे
उनसे
और सबसे
कि बन जाओ तुम धरती
बन जाओ तुम आसमान
और करो आदान-प्रदान
धरती की तरह वाष्प देने का
आसमान की तरह पानी
बरसाने का
ताकि न रहे धरती प्यासी
न रहे आसमान लबरेज
पर तुम नहीं माने
और खाते रहे
दूसरे के हिस्से की रोटी
पीते रहे
दूसरे के हिस्से का पानी
और खड़ी कर दी दीवारें
हर कदम पर
कट गई धरती
हर उडान पर
बँट गया है आसमान
पी गया है
धरती के हिस्से का पानी
सोख लिए है
धरती के झरने
चबा गया है चाँद बूँदें भी
और धरती निरीह आँखों से
ताकती हुई आसमान को
थक गयी है
तिड़क गयी है
मानव के अश्रु स्रोत
सूख गए है

*तिड़कना- दरार पड़ना


प्रथम चरण मिला स्थान- बत्तीसवाँ


द्वितीय चरण मिला स्थान- अठारहवाँ

बच्चे-देश का भविष्य । चित्र और रचना (भाग-6)







काव्य-पल्लवन सामूहिक कविता-लेखन




विषय - चित्र पर आधारित कवितायें

चित्र - अनुज अवस्थी

अंक - छब्बीस

माह - मई 2009






इस बार के काव्यपल्लवन के लिये अनुज अवस्थी ने जिस चित्र को भेजा उस चित्र को देखते ही कईं शे’र, कईं गीत याद आ जाते हैं। एक नज़र डालें..

नन्हे मुन्ने बच्चे तेरी मुठ्ठी में क्या है...मुठ्ठी में है तकदीर हमारी
इन्साफ़ की डगर पे, बच्चों दिखाओ चल के..ये देश है तुम्हारा, नेता तुम्हीं हो कल के
आओ बच्चों तुम्हें दिखायें झाँकी हिन्दुस्तान की..इस मिट्टी से तिलक करो ये धरती है बलिदान की..

और यह गीत तो सभी को याद होगा..

नन्हा मुन्ना राही हूँ, देश का सिपाही हूँ...

रिक्शा चलाते बच्चों का चित्र एक दयनीय स्थिति दिखला रहा है। जिसमें आज की सच्चाई और बदसूरत भविष्य नजर आ रहा है। क्या आज की तारीख में इस तरह के गाने लिखे जाते हैं? क्या बच्चों का बचपन अब समाप्त हो चुका है? जो बच्चे स्कूल जाते हैं उनके ऊपर अपने अभिभावकों की उम्मीदों का बोझ होता है और जो नहीं जा सकते वो? वे मजबूरी का बोझ ढोते हैं। उपर्युक्त गीत उन बच्चों को समर्पित हैं जिन्हें हम अपने देश का भविष्य कहते हैं। 25 प्रतिशत बच्चों को देख कर हम समझते हैं कि हम भारत-निर्माण कर रहे हैं पर 75 प्रतिशत को पता ही नहीं होता कि बचपन क्या है!!

तभी तो कवि भी बच्चों के इन हालातों पर ऐसी पंक्तियाँ लिख बैठते हैं:

बच्चों के नाजुक हाथों को चाँद-सितारे छूने दो,
चार किताबें पढ़कर भी ये हम जैसे हो जायेंगे...

या फिर...

घर से मस्जिद है बहुत दूर, चलो यूँ कर लें
किसी रोते हुए बच्चे को हँसाया जाये...

हमारे पाठकों व कवियों ने भी मासूम बच्चों के ऊपर चंद पंक्तियाँ लिखकर अपनी भावनायें व्यक्त की हैं। लेकिन आप लोगों से एक गुजारिश है। आप केवल लिखे या पढ़े नहीं। इस देश के लिये कुछ ऐसा करें कि इन बच्चों का भविष्य सँवर सके। सरकार को दोष न दें। हमें स्वयं उठना होगा। हम चाहते हैं कि इस तरह के चित्र पर कभी काव्यपल्लवन न हो!!!



आपको हमारा यह प्रयास कैसा लग रहा है?-टिप्पणी द्वारा अवश्य बतायें।

*** प्रतिभागी ***
मुकेश कुमार तिवारी | मनु ’बेतखल्लुस’ | एम ऐ शर्मा " सेहर" | रचना श्रीवास्तव | मुहम्मद अहसन | शन्नो अग्रवाल | सीमा सिंघल | रवि मिश्रा | संगीता सेठी | सुरिंदर रत्ती | सजल प्यासा | मंजू गुप्ता | सौरभ कुमार । अनुज शुक्ला | परवीन अग्रवाल ।

~~~अपने विचार, अपनी टिप्पणी दीजिए~~~






मैंने,
इन्हें नही देखा कभी स्कूल जाते
रंगबिरंगी यूनीफार्म में सजे
पीठ पर लादे हुये बोझ
या दौड़ते तितलियों के पीछे
पेट भर खाने के बाद

मैंने
जब भी देखा इन्हें
तो सीखते मिले जिन्दगी की पाठशाला में
पीठ पर कैसे लादा जा सकता है बोझ
और कितनी दूर तक ढोया जा सकता है
एक ही साँस में बिना रूके

बाप,
के कदमों की छाप पर
रखते हुये पैर
सीखा रास्ता घर से कितनी दूर तक जाता है
और कैसे लौटता है
जब सूरज उबासिया ले रहा होता है
या चूल्हे में मचल रही होती हैं लकड़ियाँ

माँ,
के हाथों की लकीरों को
यह पढ रही होती हैं
गोबर की छाप में कंडों(उपलो) पर
या लिख रही होती हैं अपना नाम
राख के ढेर में उंगली से उकेरते हुये
और ढाल रही होती हैं
आदत,
बर्तन मांजते हुये

बचपन,
शायद इसी को कहते होंगे
ऐसा यह भी समझते हैं
और मैं भी
हो सकता है आप नही?

--मुकेश कुमार तिवारी




कोई बोले नेता कल के,
और कोई बतलाये मवाली
खस्ता बचपन देख के सोचा
क्या हरियाली, क्या खुशहाली
हो सकता है अब दिन बदलें,
है सरकार बदलने वाली
पेट को सूखी रोटी दूभर
आँखों में पकवान खयाली

खेंप नए वोटर की है ये,
जिस्म उघाडे, पेट सवाली

--मनु ’बेतखल्लुस’




ये देश के नंगे ,भूखे बच्चे
कुम्हलाये सहमे बदरंग से बच्चे
खाने का ठिकाना ना पहनने की सुध
नादाँ अनबूझ पहेली से बच्चे......
जरा इनके चेहरे की रौनक तो देखो
हर हाल मुस्कुराता ये जीवन तो देखो
हँसी शरारत ये मौज ये मस्ती
मासूमियत का ये मंज़र तो देखो......
ममता के आँचल को तरसते सिसकते
सहारे को इक हाथ ढूढते झिझकते
गर इक हाथ हम ही हैं बढाते
क्या देश के ये किसी काम न आते ??

--एम.ए. शर्मा




जीवन की जरूरतों से खेलता हूँ में
धुप के साये में
पलता हूँ मैं
बह न जाये आँखों से दर्द मेरा
मुस्कान एक चेहरे पर
ओढ़ लेता हूँ मै
अर्ध नंग्न है भविष्य भारत का
हुक्मरानों से ये बे खौफ
कहता हूँ मै
चिपका के बच्चों को जब ठंडे मे सोते हो तुम
चिल चिलाती धुप में तब
ठेला खीचता हूँ मै
सपने सूख के जब झड़ने लगते हैं
उम्मीद की नमी से
उनको सीच लेता हूँ मै
आज हो जायेंगे दवा के पूरे पैसे शायद
यही सोच हर रोज
घर से निकलता हूँ मै
जेब खाली पेट खाली फिर भी
नेताओं और ललित को
सलूट करता हूँ मै
देख मेरी तस्वीर कविता लिखने वालों
कुछ उम्मीद तो
तुम से भी रखता हूँ मै

--रचना श्रीवास्तव




तस्‍वीर में ही नहीं हम तो सदा साथ रहते हैं,
मुश्किलें कितनी भी आयें सदा हंसते रहते हैं ।

कोई आकर हमें अभी डांट भी जाएगा पर हम,
इन बातों को अब दिल से नहीं लिया करते हैं ।

पल कैसे भी नाजुक हों नन्‍हीं सी मुस्‍कान से,
हम अपने संग सब को बहला लिया करते हैं ।

कोई सपना अधूरा ना रहे साथ विश्‍वास के,
एक कदम लक्ष्‍य की ओर बढ़ा लिया करते हैं ।

वंदन संग अभिनन्‍दन मातृभूमि का खेल खेल में,
साथियों को अपने सदा सिखला दिया करते हैं ।

--सीमा सिंघल




खींसें निपोर लो
मसखरी कर लो
हंस लो
उचक फांद लो दो चार साल
अंततः तो जिंदगी की गाडी में जुतना ही है
किसी दफ्तर में चपरासी
कोई छोटी मोटी दूकान
कोई छोटा मोटा धंधा
कोई छोटी मोटी अपराध की जिंदगी
क्षुद्र जीवन , क्षुद्र संघर्ष
शादी ब्याह बच्चे
और बहुत जल्दी यह चक्र भी पूरा

दर असल मेरे कहने के पीछे एक कारण है
देश की किसी पिछली गली के गड्ढे में
उगे बच्चे चमत्कार नहीं करते है ,
सशक्त हस्ताक्षर नहीं बनते हैं ,
कहीं हजारों में ही कभी कोई विराट बरगद हो पाता है

देश के जनतंत्र को सलाम !
परन्तु परम्परागत व्यवस्था में ,
चपरासी का बेटा अमूमन चपरासी ही होता है,
धूल से धूल ही उगती है ,
और गोबर से गोबर ,

फोटोग्राफर साहेब के लिए भी तो तुम मात्र
फोटोग्राफी का ही तो एक अच्छा विषय हो ,
'मलिन बस्ती के हंसते कौतुक पूर्ण बच्चे '
न इस से अधिक न इस से कम

--मुहम्मद अहसन




ओ बाबू, ओ साहिब, ओ मेम साहिब
कब से यहाँ इन्तजार कर रहे हैं
किसी सवारी का
क्या आपको है कहीं जाना
अरे आप इधर आइये ना
बस कुछ पैसे मिल जाएँ तो
ले चलेंगे हम आपको
जहाँ भी है आपको जाना.

मेरा बापू घर पर बैठा रहता है बेकार
दिनभर फूंकता है बीडी
माँ कराहती है बीमारी से
भाई-बहन सभी मुझ पर हैं निर्भर
दवा के बिना, कभी अन्न के बिना
भूखे पेटों को मसोस कर हमें
जीना पड़ता है कभी-कभी
मेरे ही कन्धों पर टिका है सारा घर.

जिन्दगी घिसटती रहती है और
हमारी उम्मीदों का सूरज
हर सुबह उगता है पर
हर शाम के संग डूब जाता है
दो बख्त रोटी के लिये
ही तो मुस्कुराते हैं
इन रोटियों से जिंदगी चलने का
कितना अजीब सा नाता है.

बसंत- बहार आती है ऋतुओं में
हमारे जीवन में तो
आंधी, शीत और पतझर
हमेशा ही बने रहते हैं
पसीना टपकता है माथे से
नंगे पैरों, हांफते हुए
मेहनत-मजदूरी करते हैं
सबकी सुनते और सहते हैं.

दहकते हुए सूरज के नीचे
तपती दुपहरी और आंधी में
झम-झम बरसते पानी में
तरबतर भीगते हैं
अध ढंके गात लिये अरमानों
की सौगात लिये
हम पेट की खातिर ही तो
सारा दिन इतना बोझ खींचते हैं.

--शन्नो अग्रवाल




सलाम साहब
हमारा सलाम क़ुबूल करें
सलाम साहब
ये सलामी है नंगी तकदीर की
भूख झलकाती भारत की तस्वीर की
जो सालों में हमारे लिए गढ़ी गई है
पंचवर्षीय योजनाओं के तहत रची गई है
सलाम साहब................
आप आये तो अच्छा लगा
लेकिन आप को क्यों मै बच्चा लगा
मेरी उम्र तो उतनी पुरानी है
जितनी पुरानी इस गणतंत्र की कहानी है
सलाम साहब...............
ज्यादा कहां शिकायत है
शिकायत के कहां हम लायक हैं
कुछ खाने को लाते तो अच्छा लगता
अब बातों से पेट नहीं भरता
सलाम साहब...............
वैसे इस लोकतंत्र में हम सलामी ठोक जीने के रास्ते बनाते हैं
सो जनतंत्र में हम जनता सिर झुकाकर ही इसे बचाते है
हम भी झुका रहे हैं
मजबूरी है फिर भी मुस्कुरा रहे हैं
सलाम साहब.............
इस बार हमारी गलियों में कुछ लोग आये
भरोसे और वादे की नई खुराक़ खिला गये
गोदी में भी उठाया, प्यार से पुचाकारा
नीचे उतारा, फिर उन के नाम का बुलंद हुआ नारा
उनको भी , सलाम साहब..........
कह गये है फिर आयेंगे
जीत जायेंगे, सरकार बनायेंगे, हमारी ग़रीबी मिटायेंगे
है अब बस यही एक आस
कि पांच सालों बाद जब वो आएं
तब तक हम नरकंकालों में बची रहे सांस
तबतक के लिए .................
सलाम साहब............

--रवि मिश्रा




ऐ देशवासिओं इन्हें संभालो

ऐ देशवासिओं
इन्हे संभालो
इन नन्हे नाज़ुक बच्चों को
जो बच्चे भूखे मरते हैं
जो बच्चे घर-घर फिरते हैं
जो बच्चे अंधियारे में है
ऐ देशवासिओं
इन्हें संभालो
यही देश की आन है
यही देश की शान है
यह मत सोचो
चंद अमीर बच्चों की
मुस्कानों से यह देश चमक उठेगा

--संगीता सेठी




आज़ादी के बाद भी, इन्कलाब न हो सका,
हमारे बच्चों के वास्ते, एहतसाब न हो सका
मासूम भला क्या जानें, हयात की दुशवारियाँ,
कलम, दवात, किताब का, हिसाब न हो सका
एक मासूमियत ही, झलकती चेहरे पे,
किसी हरे-भरे चमन का, गुलाब न हो सका
ज़िन्दगी तीरगी में, क्या होगा हासिल,
अपने घर को रौशन करे, वो आफताब न हो सका
एक रद्दी चीज़ कोई, जैसे किसी घर की,
सड़क पर पड़ा संग, दुरे नायाब न हो सका
माना के ये वक़्त, बच्चों की मस्ती का,
बिना तालीम के कोई, कामयाब न हो सका
आज भी बरहनगी, देखी तंग गलियों में,
बदन ढकने का पूरा, खवाब न हो सका
मेरे मुल्क की तरक्की में, कई परेशानियां "रत्ती"
तालीम का बड़ा दायरा, दस्तयाब न हो सका
शब्दार्थ:
एहतसाब = प्रजा की रक्षा के लिये व्यवस्था करना, हयात = जीवन
दुशवारियाँ = कठिनाईयाँ, तीरगी = अन्धकार, आफ़ताब = सूर्य, संग = पत्थर
दुरे नायाब = अमूल्य मोती, तालीम = शिक्षा, बरहनगी = नग्नता,
दस्तयाब = प्राप्त

--सुरिंदर रत्ती




गरीब...नाम तो सुना होगा,
बड़ी आसानी से तुम स्वीकार गये,
की बड़े बड़े देशों मे ऐसी
छोटी छोटी बातें होती रहती है,
ये गरीबी,भूखमरी,ये कंगाली
एक आदत बन चुकी है,
तुम्हारे लिये भी,मेरे लिये भी,
हमे इस कदर आदत हो गयी है,
आज गरीबी दिखती है
हमारी नज़र में,हमारे अंदाज़ में,
और तुमको आदत पड़ चुकी है
इसको आदतन नज़र अंदाज़ करने की।
लेकिन क्या करूँ हाय
हमारे भी दिल में कुछ कुछ होता है,
ये बेहया सी अभिलाषाएँ,बेशरम से सपने,
हमारी झोंपड़ियों में,कभी बंजर पड़े खेतों मे
बेरोकटोक आते जाते रहते है,
और जब ये ख्वाब छटपटाते है,
तो हमारे बाबा हमे बताते है,
ये गरीबी अपने लिये आज
एक लक्ष्मण रेखा बन गयी है,
इस समाज ने हमे ऐसा रावण बना डाला है
जो लाख चाहे,ये रेखा पार नही कर पाता।
इंसान एक बार जीता है,एक बार मरता है,
कहते है बस एक बार प्यार करता है,
इसी तरह एक ही बार आता है बचपन,
बचपन,एक ऐसा जादूगर,
जो जागी आँखों से ख्वाब दिखाता है,
बचपन एक ऐसा सम्मोहन,
जो हमे हमारी सीमाएँ भुलाता है,
एक गरीब और एक अमीर बच्चे के लिये
ज़मीं और आसमाँ की दूरी में फ़र्क नही होता,
ये बचपन ही तो है जो
अभाव रहित और अभाव सहित दोनो जीवन मे
उड़ान और उत्थान के अरमान जगा सकता है,
इसी माया,इसी मोहपाश,इसी सम्मोहन,इसी जादू
मे हम जकड़े हुए है,छूटना भी नही चाहते,
कयोंकि ऐसे ही खुश है हम,
कभी ये सोचके की हम खुश है,
कभी ये सोचके की कभी हम खुश होंगे।
हाय हाय रे हाय ये इंसा,हाय हाय रे हाय,
तुम कौन होते हो फ़ैसला करने वाले,
कि हम जीवन भर खुश नही रह सकते,
मूर्ख अमीरजादे! कमी हममे नही,
तुममे, तुम्हारी व्यवस्था में है,
देश का भविष्य हम भी है
पर नंगे खड़े है,बेआबरू से,
लेकिन ये बचपन हमे याद दिलाएगा,
हम भी चहकना,मुस्काना जानते थे,
कल अगर रोटी ना मिली तो आज को याद करेंगे,
जन भूखे पेट खेतों में भागते खेलते रहते है।
कोई भारत उदय हमे फ़ील गुड नही करवाएगा,
हमारे मन की शांति हमारे मन मे है,
आसमाँ की छत के नीचे बैठा हर इंसान
एक,दो,तीन,चार कितनी भी रोटियाँ खाने वाला,
खुश रहेगा,हंसेगा,इस खिलखिलाते बचपन की तरह,
कुछ कुछ होता है दोस्त...
तुम नही समझोगे !!

--सजल प्यासा




भारत माता के हम हैं लाल
मस्त बेफिक्र अल्हड़ सा है जीवन
फूल सा खिलखिलाया बचपन
नफरत भेदभाव न करते हम
एकता का सौरभ लुटाए हम
भारत माता के हम हैं लाल
हमीं में छिपे गांधी इंदिरा लाल
सम्प्रदायों की तोड़ें दीवार
धर्मनिरपेक्षता की हम हैं शान
संसार के हम हैं सूरज चॉंद
भारत माता के हम हैं लाल
गाँवों में बसा है हिंदुस्तान
मैत्री की रिक्शा पर हम सवार
पैट्रोल बचत का रच इतिहास
प्रदूषण मुक्ति का दे पैगाम
भारत माता के हम हैं लाल
इनके जज़्बे को मंजु करे प्रणाम
जयहिंद का गा रहें जयगान
भविष्य की प्रगति विकास के प्राण
इनसे बनता प्यारा हिंदुस्तान

--मंजू गुप्ता




अधनंगी तलवारे
जीवन रथ पे
खड़े शहर के
अधनंगी तलवारे देखो.
भारत माँ को
बेशर्म हाथों से आये बचाने
नए सहारे देखो.
सोच नयी है, रंग नया है
छा जाने का ढंग नया है
सागर में अभी जैसे
फूट पड़े फ़व्वारे देखो.
सरकारे तुम आ जाते हो
दान हमारे ले जाते हो
अ़ब न सोचो ये सब होगा
हमने आँखे खोल रखी है
हाथों में बारूद भरी है
तुम नजराने अब नए हमारे देखो..

--सौरभ कुमार




बचपन
आधे भारत का सच है,
पाश कालोनियो के पीछे से होकर -
एक गली जाती है, जहाँ
गंदगियो के बिच, जिन्दगी की -
जद्दोजहद जारी रहती है जीवन पर्यन्त........
बार - बार कोशिश करते है कि-
कब हम , झुग्गियो से सेक्टरो और
अपार्टमेन्टो मे पहुन्च जाये सदा- सदा के लिये
इन गलियो को लाँघकर .
पर ,
हर कोशिश बेकार जाती है
दिल्ली वालो तक - आवाज नही पहुँच पाती है
१० के राष्ट्रकुल खेलो और रक्छा सौदो कि -
तैयारियो के शोर के बीच
आवाज
दबकर रह जती है.
मन्त्रालयो राहत की बाट जोहते,
कब निकल जाता है
बचपन
कूड़ा बीनते , रिक्शा खींचते........................

--अनुज शुक्ला




बदल रहा हे हिंदुस्तान, क्या तुमने कही देखा हे!
बदल रही हे तस्वीर गाँव की, क्या तुमने कही देंखी हे!
खो गया हे बचपन मेरा, क्या तुमने कही देखा हे!
कहाँ सो गयी तकदीर हमारी, क्या तुमने कही देंखी हे!
आती हे लहरें समुद्र में, क्यूँ पहुचती नहीं मुझ तक!
कहाँ खो जाती हे वो, या रास्ते में ही सो जाती हैं वो!
सरकार बनती हेई योजनाय बहुत, पर क्या तुमने उनको देखा हे!
क्या में कभी पढ़ पायूँगा, क्या तुमको इतना भरोसा हे!
क्या में कभी तन डाख पायूँगा, क्या तुमको इतना भरोसा हे!
लगता हे सारा बचपन यूँही नंगा गुजरेगा!
वक़्त तो गुजरेगा बहुत, पर गरीबी की जगह सिर्फ एक और गरीब ही गुजरेगा!
क्यूँ नहीं बुलाते तुम उसको, जो तन पर हमारे कपडा दे!
इस बुखे पेटको बहरने को, जो हमको थोडा खाना दे!
नहाने और धोने को एक गुसलखाना दे!
पर पक्की इत्टो का, छोटा मगर एक आशियाना दे!
यही सोचकर दोस्तों में यह रिक्शा लेकर जाता हूँ!
अपनी रूठी किस्मत को जगाकर लाता हूँ!
अपनी और तुम्हारी आँखों की उम्मीद बुलाकर लाता हूँ!
पर बतलाना सही-सही क्या तुमने हमारी अछि तकदीर को अपनी इन आँखों से देखा हे!

--परवीन अग्रवाल