फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

अब तेरे शहर से कोई नामाबर नहीं आता


नवंबर माह की चौदहवीं और अंतिम रचना आशीष पंत की है। आशीष की पिछली कविता ने सितंबर माह मे तीसरा स्थान बनाया था।

 कविता

तू  उठे  तो उठ जाते हैं  कारवाँ
मेरे जनाजे में ऐसा काफिला नहीं आता,

तू थी  तो हर्फ़-हर्फ़  इबादत  था
तेरे बिना दुआओं में भी असर नहीं आता

कभी हर राह की मंजिल थी  तेरी गली
अब तेरे शहर से कोई नामाबर नहीं आता

एक आंसू नहीं  बहाने का  वादा  था
निभाया, अब लहू आता है अश्क नहीं आता

मेरे दिल के  दर्द  रूह  के  सुकूं
जान जाती है मेरी तू नज़र नहीं आता


दूर तक मैंने बटोरे रौशनी के कारवां


हिंद-युग्म के समस्त पाठक-वर्ग को नववर्ष की ढेरों मंगलकामनाएँ। प्रतियोगिता की बाकी बची कविताओं की तरफ़ चलते हैं। रंजना डीन की सघन अनुभूतियों से सजी एक कविता ’मै टूटे बर्तन के जैसी लगातार रिसती जाती हूँ’  हमारे पाठक नई माह मे ही परिचित हो चुके हैं। इनकी प्रस्तुत कविता भी मनोभावों के वैसे ही गाढ़े रसायन मे घुलती जाती है। इसने नवंबर माह मे बारहवाँ स्थान बनाया है।

कविता: दूर तक मैंने बटोरे रौशनी के कारवां

  दूर तक मैंने बटोरे
रौशनी के कारवां
था मुझे शायद पता
ये रात की शुरुवात है
 
मै लबों से कह दूँ
ये उम्मीद न करना कभी
है समुन्दर से भी गहरी
मेरे दिल की बात है

हम भरोसे के भरोसे
खा चुके हैं ठोकरें
कर भी क्या सकते थे
आखिर आदमी की ज़ात है

कम  नहीं थे हौसले
न हिम्मतों  में थी कमी
बदनसीबी की लकीरों से
सजे ये हाथ हैं

छलनी है सीना मगर
गाता रहा मीठी ग़ज़ल
बांसुरी  के जैसा शायद
मेरे दिल का साज़ है

लोग कहतें है मेरी मुस्कान
है मीठी है बहुत
उनको क्या मालूम
ये तो दर्द की सौगात है


बार्बी, चिंची और....


नवंबर माह की प्रतियोगिता की दसवीं कविता के रचनाकार आलोक तिवारी हिंद-युग्म पर नये कवि हैं। हिंद-युग्म पर यह उनकी पहली ही कविता है।
आलोक जी अपने बारे मे खुद कहते हैं- "सबसे कठिन होता है सच लिखना । तब और भी जब वह सच अपने विषय में हो । बहरहाल मैं पेशे से शिक्षक हूँ ‘राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, शालीमार बाग , दिल्ली -११००८८’ में। पिता भी शिक्षक हैं... सच्चे अर्थों में। बचपन फैजाबाद में बीता। घर में सबसे छोटा था, अत: दुलारा भी। किशोरावस्था तक कभी पढ़ाई को गंभीरता से नहीं लिया। बड़े भाई पढ़ने में बहुत अच्छे थे, मैं तुलनात्मक दृष्टि से कम.... और तब और भी कम हो जाता था जब भाई से तुलना कर दी जाती थी.... ऐसा अक्सर ही होता था। धीरे-धीरे मन के किसी कोने में कुंठा घर करने लगी। मुझे ठीक-ठीक याद है.... कक्षा दस का नतीजा निकला था। जैसा कि उम्मीद थी मैं लगभग ५५% अंकों के साथ उत्तीर्ण हुआ। घर में मातम छा गया। मुझे दिलासे के तौर पर मेरे उस समय के विद्यालय के अतिरिक्त किसी अन्य विद्यालय में विज्ञान या वाणिज्य विषय दिलवाने के आश्वासन दिए गए। किन्तु मुझे न जाने क्या हो गया कि... मैंने पहली बार विद्रोह कर दिया। मैंने कला वर्ग से आगे की पढ़ाई करने का फैसला किया.... और कायम रहा। यह मेरे द्वारा स्वतंत्र रूप से लिया गया पहला फैसला था। सबकी उम्मीदों के विपरीत बारहवीं में मैं प्रथम श्रेणी से तथा विद्यालय में सबसे अधिक अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण हुआ। उच्च शिक्षा के लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया। बचपन से ही किस्से-कहानियाँ पढ़ने का शौक था। विश्वविद्यालय में साहित्यिक समझ का विकास होने लगा....और न जाने कब मैं लिखने लगा। मित्रों ने मेरी रचनाओं को पढ़ा, सराहा, आलोचनाएं की और हिन्दी विभाग (हिन्दी भाषा परिषद् प्रकाशन) की पत्रिका में छापने के लिए भेज दिया। परिणामस्वरूप पहली कहानी (बुलडोज़र) छपी। फिर हिन्दी साहित्य सम्मलेन की पत्रिका ‘माध्यम’ में दो कवितायें छपी.... और सिलसिला चल निकला।"

पुरस्कृत कविता: बार्बी, चिंची और.....

मेरे दोस्त के बच्चे की गुडिया--‘बार्बी’
जी! इम्पोर्टेड है
जी हाँ! अपने पाँव पर चलती है
मॉडर्न है न!
खुद देख लो-
हेयर स्टाइल, ड्रेस, शूज़....
किन्तु ! चेहरे की चमक ?
क्या हुआ ?
गायब लगता है.... आत्मविश्वास ?
अरे छोडो यार !
तुम भी कहाँ उलझ गए....
नहीं भई, देखो तो !
चेहरे की मुस्कान....
विक्षिप्त सी है !
तू ही देख ---- पागल !

क्यों गायब है चमक ?
क्यों विक्षिप्त है मुस्कान ?
समझ नहीं आता....
आखिर सबकुछ तो है उसके पास !
कौंध सा जाता है
मन में वाक्य यह
सबकुछ तो था उसके पास
फिर क्यों मर गई.... चिंची !

बच्चा ही तो था मैं तब
चिंची फुदका करती थी जब
‘माँ चिंची त्यों आती है..’
‘तुमसे मिलने प्यारे बेटे..’
‘मेले पाछ त्यों नहीं आती?..’
‘शायद तुमसे डरती है..’
‘माँ मैं उछे नहीं मालूंगा..’
‘उसे विश्वास तो होने दो..’

धीरे-धीरे चिंची मेरे पास
तक आने लगी|
फिर हाथ पर
बैठ तक जाने लगी|
कभी कंधे पर फुदकती
फिर हौले से उड़ जाती|
कभी आँख में आँख डालकर
जाने क्या टटोल जाती|
मेरे सिर का लगा के चक्कर
कानों में चीं – चीं कहती|

फिर इक दिन मैं पिंजरा लाया|
माँ ने मुझे बहुत समझाया..
‘आती तो है तेरे पास..’
‘पल लोज़ चली भी जाती है..’
‘मैं तो उछको पालूंगा..’
मेरी ज़िद के आगे माँ
धीरे-धीरे चुप हो गई
जैसे पापा के आगे
अक्सर हो जाया करती थी !

अगली सुबह बैठ गया मैं|
पिंजरा युक्त, पानी-दाने से संयुक्त|
आयी फिर से चिंची मुक्त..!
वैसे ही कंधे पर बैठी,
आँखों में देखा वैसे,
वैसे ही फुदकी पिंजरे पर,
वैसे ही बोली चिंची|
पर मैं आज कहाँ वैसा था..
पिंजरा टेढ़ा किया ज़रा सा|
चिंची झट से उड़ी वहाँ से
बैठी जाके पेड़ की डाल,
कुछ देरी तक जाने क्या--
करती रही ख्याल|
फिर लौटी पिंजरे के पास
देखा मुझको भरकर आस
पिंजरे के फुदकी अंदर
मैंने बंद किया झट दर !
पीछे देखा माँ थी खड़ी
डबडबाई थी आँखें उसकी
‘माँ चिंची खुद ही आयी है’
माँ कुछ भी न बोल सकी
जाने क्या ताकती रही...!

अब चिंची निशि-दिन
मेरी थी|
मुझे देख चीं-चीं करती थी|
मैं भी उसको बहुत चाहता,
पानी-दाना रोज़ डालता|
पर चौथे दिन ....ठीक सुबह ही
चिंची उसमें गिरी मिली...!
माँ से पूछा,‘माँ चिंची त्यों नहीं उठ रही..’
माँ एकदम से ठिठक गयी
बोली बस इतना
‘मर गयी..!’
फिर शुन्य में देखने लगी|

मैं कुछ भी न समझ पाया था....
पर अब समझ रहा हूँ शायद....
इसीलिए तो आज ..बा..र्बी..!
‘----दोस्त, तुम भी अब समझो..!’
 _____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।


कैसा मधुर सुप्रभात था!


प्रतियोगिता की ग्यारहवीं कविता के रचनाकार सुधांशु शेखर पांडेय ’प्रफ़ुल्ल’ की हिंद-युग्म पर यह प्रथम कविता है। सुधांशु जी का जन्म २ जून १९७३ में उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद के ग्राम बाबु की खजुरी में हुआ। आरंभिक शिक्षा आज़मगढ़ में प्राप्त की। १९९४ में राष्ट्रीय औद्योगिकी संस्थान दुर्गापुर से यांत्रिक अभियांत्रिकी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की।तत्पश्चात कोलकाता, दिल्ली तथा गुडगाँव में विभिन्न कंपनियों में सेवा की। पिछले २ वर्षों से नॉर्वे में कार्यरत हैं। इन्हे कविता लिखने का शौक बचपन से ही रहा। कालेज की वार्षिक पत्रिका के हिंदी विभाग का ३ वर्षों तक संपादन किया।
प्रस्तुत कविता हमारे रोजमर्रा के जीवन के बिडम्बनापूर्ण यथार्थ को तीखे कटाक्ष के साथ पेश करती है।

कविता: कैसा मधुर सुप्रभात था!

कैसा मधुर सुप्रभात था!

गांव का लाला अभी था उनींदा,
हाथ बांधें सेवकों की टोलियाँ
कल न हरखू आ सका था काम पर,
लाठियां थी अब बनी हमजोलियां
चीख कर बीमार हरखू गिर पड़ा,
देखकर हँस पड़ा उन्माद था।
कैसा मधुर सुप्रभात था!

पास के पुल पर खिलाती बंदरों को
एक अधुना रोटियाँ थी चाव से
पास में था क्षुधित बालक रो रहा
रिस गया था खून मन के घाव से
एक टुकड़ा दे दिया दुत्कार कर
और फेरा श्वान का लघु गात था।
कैसा मधुर सुप्रभात था!

वस्तुओं के दाम महँगे हो रहे,
तर्क नेता ने दिया हड़ताल का,
बंद में रिक्शा न रामू चला पाया
ताप से बालक उधर बेहाल था;
कर गया बालक पलायन लोक से
फटा लावा सम कलेजा मात का।
कैसा मधुर सुप्रभात था!

धन चर रहा था कल तृषित के खेत को,
फटकार कुछ शायद वहाँ उसको पड़ी.
खून बुधवा का चुकाता आज ऋण,
नग्न रधिया विवश चौरस्ते खड़ी.
मनु स्वयं क्रंदन कर रहे,
हा! चीरहरण बलात् था!
कैसा मधुर सुप्रभात था!

घुमाते सेवक बने हर क्लांत के,
हर एक दुःख पर आँख आँसू रो पड़ी,
नारी रक्षा पर दिया भाषण सुबह
रात में विधवा सुहागन हो गई।
हा ! सभ्यता के दर्प पर
कैसा कुठाराघात था !
कैसा मधुर सुप्रभात था!


धर्मेंद्र के हाइकु


धर्मेंद्र कुमार सिंह पिछले तीन माह से हिंद-युग्म से जुड़े हैं और हर माह की प्रतियोगिता मे अपनी प्रभावी उपस्थित दर्ज करा रहे हैं। पिछले माह मे इनकी एक कविता सातवें स्थान पर रही थी। नवंबर माह मे इनके दस हाइकु कुछ वाजिब सवालों के बहाने बदलते वक्त्त की नब्ज पकड़ने की कोशिश करते हैं। हाइकु-विधा की यह लंबे समय के बाद हिंद-युग्म पर दस्तक है। पहले प्रकाशित गिरिराज जोशी के हाइकु भी आप यहाँ पढ़ सकते हैं। धर्मेंद्र जी की रचना को इस माह नवाँ स्थान मिला है।

पुरस्कृत रचना: दस हाइकु

मंत्र-मानव
प्रगति कर बना
यंत्र-मानव

नया जमाना
कैसे जिए ईश्वर
वही पुराना

ढूँढे ना मिली
खो गई है कविता
शब्दों की गली

बात अजीब
सेवक हैं अमीर
लोग गरीब

फलों का भोग
भूखों मरे ईश्वर
खाएँ बंदर

क्या उत्तर दें
राम कृष्ण से बन
सीता राधा को

पहाड़ उठे
खाई की गर्दन पे
पाँव रखके

माँ का आँचल
है कष्टों की घूप में
नन्हा बादल

आँखें हैं झील
पलकें जमीं बर्फ
मछली सा मैं

हवा में आके
समझा मछली ने
पानी का मोल
_____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।

एक क़ुबूलनामा


स्वप्निल तिवारी ’आतिश’ एक सक्षम कवि और सक्रिय पाठक के तौर पे हिंद-युग्म पर जाने जाते हैं। इनकी गज़लें और नज़्में अक्सर प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रकाशित होती हैं और पाठकों का प्रतिसाद पाती हैं। इनकी पिछली रचना अगस्त माह मे प्रकाशित हुई थी। नवंबर माह मे इनकी प्रस्तुत रचना आठवें स्थान पर रही है।

पुरस्कृत रचना: एक क़ुबूलनामा 

समुन्दर पी लेता है मुझे
और हो जाता है और गहरा,
मेरी छाँव में आते जाते
घटती बढती रहती हैं
कलाएं चाँद की,
मेरी कई तासीरों मे से एक
मांगकर बरस लेते हैं बादल,
कायनात की हर शय “मैं” हूँ,
बस ये धरती है जो मैं नहीं हो पाया,
वामन बन कर कोशिश भी की
कि नाप लूँ एक कदम मे इसे
और खुद हो जाऊं धरती
ताकते जब्त* मगर मुझमे नहीं इस जैसी |

इंसान ने
पुराने रिवाजों की जंज़ीर की तरह
काट दिए पेड,
मेरा ही नाम अलग अलग तरह
रख कर
लड़ रहा है आपस मे
मेरे सही नाम के लिए,
लम्हा-लम्हा क़तरा-क़तरा
निगल रहा है धरती को....

इंसान से धरती को बचाने की खातिर
मैंने तूफानों मे ज्यादा हवा भरी,
पानी की शक्ल भी बाढ़ की तरह
भयानक की,
कितने ही ज्वालामुखियों में
वक़्त-बेवक़्त  फूँक मारी है मैंने
ताकि मर जाएँ इंसान
इससे पहले कि धरती मर जाये
मगर बार-बार ये बचा लेती है इन्हें
छिपा के अपने आँचल में
....माँ की तरह !
और माँ के सामने तो मैं भी बेबस हूँ,
सच, मैं धरती होता तो
घूम गया होता उल्टा,
क़यामत के वक्त
न ले जाने दी होती
मनु को वो नाव
या नूह को वो कश्ती
और खत्म हो जाने दी होती
इंसानी तहज़ीब,
मगर अफ़सोस
मैं धरती नहीं हूँ
मैं खुदा हूँ
जो आता है बन कर सुनामी
मगर धरती कर देती है जिसे चुप
उतरे हुए बाढ़ के पानी की तरह ... !
_____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।
    


तेंदुलकर हर किरकेटर का चच्चा लगता है


प्रतियोगिता मे छठा स्थान नवीन चतुर्वेदी की ग़ज़ल को मिला है। हिंद-युग्म पर यह उनकी पहली रचना है। नवीन सी चतुर्वेदी का जन्म अक्टूबर 1968 मे मथुरा मे हुआ। वाणिज्य से स्नातक नवीन जी ने वेदों मे भी आरंभिक शिक्षा ग्रहण की है। अभी मुम्बई मे रहते हैं और साहित्य के प्रति खासा रुझान रखते हैं। आकाशवाणी मुंबई पर कविता पाठ के अलावा अनेकों काव्यगोष्ठियों मे भी शिरकत की है और आँडियो कसेट्स के लिये भी लेखन किया है। ब्रजभाषा, हिंदी, अंग्रेजी और मराठी मे लेखन के साथ नवीन जी ब्लॉग पर तरही मुशायरों का संचालन भी करते हैं। ज्यादा से ज्यादा नयी पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का प्रयास है।


पुरस्कृत रचना: अच्छा लगता है


तनहाई का चेहरा अक्सर सच्चा लगता है|
खुद से मिलना बातें करना अच्छा लगता है। |१|

दुनिया ने उस को ही माँ कह कर इज़्ज़त बख़्शी|
जिसको अपना बच्चा हरदम बच्चा लगता है। |२|

वक्त बदन से चिपके हालातों के काँधों पर|
सुख दुख संग लटकता जीवन झोला लगता है|३|

हम भी तो इस दुनिया के  वाशिंदे हैं यारो|
हमको भी कोई बेगाना  अपना लगता है। |४|

सात समंदर पार रहे तू,  कैसे समझाऊँ|
तुझको फ़ोन करूँ तो कितना पैसा लगता है। |५|

मुँह में चाँदी चम्मच ले जन्मे, वो क्या जानें?
पैदा होने में भी  कितना  खर्चा लगता है। |६|

शहरों में सीमेंट नहीं तो  गाँव करे भी क्या|
उस की कुटिया में तो  बाँस खपच्चा लगता है। |७|

वर्ल्ड बॅंक ने पूछा है हमसे,  आख़िर - क्यों कर?
मर्सिडीज में भी  सड़कों पर झटका लगता है। |८|

दुनिया ने जब मान लिया फिर हम क्यूँ ना मानें!
तेंदुलकर हर किरकेटर का चच्चा लगता है। |९|
 _____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।

हम शब्दों के बुनकर हैं


जून 2010 के यूनिकवि रह चुके आलोक उपाध्याय की कलम से हिंद-युग्म के पाठक खूब परिचित हैं। खासकर गज़लों मे महारत रखने वाले आलोक की प्रस्तुत गज़ल नवंबर माह मे सातवें पायदान पर है।

 पुरस्कृत कविता: गज़ल
माना  तुमसे कमतर हैं
कहीं कहीं हम बेहतर हैं

पहचान हमारी खतरे में
हम शब्दों के बुनकर हैं

वो  जज़्बाती अव्वल सा है  
हम तो जन्म से पत्थर हैं

आना कुछ दिन बाद यहाँ
हालात शहर में बदतर हैं

मौत से हम  घबराएं कैसे
जिंदा सब कुछ  सह कर हैं

अबकी साँसे थमी हैं  जाके
यूँ मरे तो उनपे अक्सर हैं

ग़ैर देश में नज़र है तनहा
खुशियाँ  सारी घर पर हैं
 _____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।


प्रतीक्षा


प्रतियोगिता की तीसरी कविता शाहिद मिर्जा ’शाहिद’ की है। पेशे से पत्रकार शाहिद जी उर्दू और हिंदी शायरी की विधा मे खासा रुझान रखते हैं। इन्होने दूरदर्शन, आकाशवाणी और अन्य तमाम मंचों पर अपनी कविताओं का पाठ किया है। शाहिद जी ब्लॉग के माध्यम पर भी काफ़ी सक्रिय हैं। यह हिंद-युग्म पर उनकी पहली कविता है।

पुरस्कृत कविता: प्रतीक्षा

सूर्योदय से
सूर्यास्त के बीच
व्यस्त जीवन की त्रासदी से दूर
वो सुहानी नींद के क्षण
और
सपनों के संगेमरमर से निर्मित
कल्पना के 
ताजमहल का विचरण
हमें यथार्थ से कितनी दूर ले जाता है
लेकिन
सूर्य की पहली किरणें
छिन्न-भिन्न कर देती हैं
चिन्तन मुक्त क्षणों को
और
हमे लौट आना पड़ता है
सपनों से दूर
भावनाओं रहित
मशीनी जीवन के धरातल पर
पुनः
सूर्यास्त की प्रतीक्षा में
क्षण-प्रतिक्षण..... 
_____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।

ओ बिरादरी वालों


प्रतियोगिता की पाँचवीं कविता संगीता सेठी की है। इनकी कविताएं हिंद-युग्म पर पहले भी प्रकाशित होती रही हैं। जून माह मे इनकी एक कविता दसवें स्थान पर रही थी। प्रस्तुत कविता आनर-किलिंग जैसे विषय को आधार बना कर सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करती है।

पुरस्कृत कविता: ओ बिरादरी वालों

ये बिरादरी वाले
जो करते हैं
इज़्ज़त की परवाह
अपनी खानदानी रवायत
बचाने की खातिर
कर देते हैं
दो प्रेमियों की हत्या
मासूम प्रेम
बह जाता है
इज़्ज़त की
नालियों में
जो घृणा द्वेष
और हिंसा से
उफनती है सदा

ये बिरादरी वाले
लेते हैं चैन की सांस
बन जाते हैं विजेता
क्योंकि बच जाती है
उनकी इज़्ज़त
उनकी ये हत्या भी
ऑनर किलिंग के नाम से
हो जाती है सम्मानित
ये बिरादरी वाले
नहीं जानते कि
उन दो मासूमों के दिलों में
बह रही थी प्रेम की नदी
उन मासूमों ने
नहीं खेला कभी जुआ
नहीं पी कभी शराब
ना ही फैलाया आतंक
ना की किसी की हत्या

सोचो ! ओ बिरादरी वालों
उस प्रेम की नदी से
फूटते प्रेम के ही अंकुर
पल्ल्वित और पुष्पित होते
उनके अंश
प्रेम में पगे हुए
आतंक भरी दुनिया में
देखते अपने माँ-बाप को
डूबे हुए प्रेम में
और बच्चे सराबोर रहते
प्रेम की दुनिया में
ओ बिरादरी वालों !
तुमने कभी उनके बारे में सोचा
जो समाज में करते है
चोरी-डकैती-अपराध
देश मे धर्म के नाम पर
लगाते हैं आग
और भस्म कर देते हैं
समूची सभ्यता
विश्व को बना रहे निशाना
बम-परमाणु बम-मिसाइल
और ज़ेंथ्रेक्स हैं
जिनके हथियार
ओ बिरादरी वालों !
क्या किया है तुमने साहस
उनकी हत्या का
जो तिल-तिल
समूची सभ्यता को
कर रहे हैं होम
आतंकवाद में
और नहीं हो रही खराब
इज़्ज़त बिरादरी वालों की ।
_____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।

उस वक्त को याद करते हुए उमेश पंत


उमेश पंत भी हिंद-युग्म के पुराने और काफ़ी पढ़े गये कवियों मे रहे हैं। पिछले कुछ अरसे से अनुपस्थित रहने के बाद वो अपनी इस कविता के माध्यम से हिंद-युग्म पर वापस आये हैं, जिसे नवंबर माह मे चौथा स्थान मिला है। इससे पहले उनकी एक कविता जनवरी माह मे आयी थी। भावनाओं के कवि उमेश की प्रस्तुत कविता मे भी आप उनके मन की गहरी और शांत झील मे खयालों की एकाकी नाव को खेते हुए चप्पुओं की आवाज सुन सकते हैं।

पुरस्कृत कविता: इस वक्त मे उस वक्त को याद करते हुए

कुछ अनमना सा होकर
जब इस वक्त मैं उस वक्त के बारे में सोचता हूं
तो सोचना हवा हो जाता है और फैल जाता है बेतरतीब
मैं सोचने की चाह को एक दिशा देना चाहता हूं
पर दिशा होना पानी होने जैसा लगता है
जिसकी थाह लेने का इरादा समंदर की असीमता में
असम्भव की बिनाह पर इतराने लगता है।
मुझे उस वक्त गुमान नहीं था
कि मैं कभी जियूँगा इस वक्त को भी
और इसे जीना ऐसा होगा
जैसे मरने के बीच मंडराना और न मरना
जैसे खून में रख देना गर्म तवा
और नसों के उपर खून का भाप बनकर तैरना
ऐसे जैसे तैरने से बड़ा दुख दुनिया में कोई न हो।

उस वक्त को जब मैं तुम्हें शामिल कर रहा था
अपनी जिन्दगी के आसमान में
तो मुझे लगा था ऐसा करना पूंजीवाद
और मैं हो गया था दुनिया का सबसे बड़ा पूंजीपति
फलतः एक पूंजीवादी होने के नाते
मुझे समझा जा सकता था उस वक्त अमरीका
जिसे अपने सामने हर किसी की खिल्ली उड़ाने का पूरा हक है।
कम से कम उसकी ही तरह मैं तो यही समझता।

उस वक्त मुझे इन्द्रधनुष में भी
नजर आने लगा था केवल वही रंग जो उन आंखों का था
और जाहिराना तौर पर इन्द्रधनु्ष नहीं होता महज गहरा काला
ये बात मुझे मनवाना उस वक्त दुनिया का सबसे कठिन काम होता
ये बात और है किसी ने इतनी कठिन कोशिश की भी नहीं ।

उस वक्त खिड़कियों में कनखियां
और कनखियों में खिड़कियां रहती थी
आंखें सुनती थी एक खास किस्म की आहट को
और हर पदचाप नये अविष्कार की आहट सी
दिमाग को बदल देती थी विज्ञान के घर में
तब सर्वोत्तम की उत्तरजीविता का सर्वोत्तम बनकर
मैं खुद को डार्विन और तुम्हें विज्ञान समझ लेता था ।

उस वक्त की सारी सुर्खियाँ मेरे लिये थी अफवाह
और उन आंखों के पास होने की अफवाह भी सुर्खी थी
मुझे नहीं पता कब ओबामा आया और गया
और इसी तर्ज पर सूरज या चांद
मुझे नहीं पता उस दौर में कितनी मौतें हुई
मैं जी रहा था उस वक्त मौत से गहरी जिन्दगी।

उस वक्त जब मैं गढ़ रहा था
अपने ही अन्दर तेज होती सांसों के महल
जिनकी खिड़की और दरवाजों से
बही चली आती थी वही पारदर्शी हवा
जिसको महसूस किया था मैने कभी तुम्हारे आस पास
वो वक्त इतिहास था
और उसे जीता मैं एक स्वर्णिम इतिहास का साक्षी।

इस वक्त मेरा उस वक्त को याद करना
एक अन्तहीन अंधेरे की थाह लेने सा है
जिसका अस्तित्व कभी था ही नहीं
जिसके नहींपन में तुम अब भी मेरे अन्दर वैसे ही जिन्दा हो
जैसे उस वक्त थी
स्याह अंधेरे से गहरी, अथाह।
_______________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।

बस्तर के गाँव में


हिंद-युग्म के पुराने पाठक डाँ सुरेश तिवारी की कविताओं से पहले ही परिचित होंगे। मार्च 2010 के यूनिकवि रहे डॉ सुरेश की कविताएं हिंद-युग्म के मंच पर कई बार प्रकाशित हुई और सराही गयी हैं। उनकी पिछली कविता ’नदी बोलती है’ गत वर्ष के अक्टूबर मे प्रकाशित हुई थी। नवंबर प्रतियोगिता के माध्यम से उनकी हिंद-युग्म पर कुछ अरसे बाद वापसी हुई है। उनकी कविता ने इस बार दूसरा स्थान हासिल किया है। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से तअल्लुक रखने वाले डॉ सुरेश तिवारी की कविताओं मे अपनी मिट्टी के प्रति प्यार छलकता है तो उसी मिट्टी का दर्द भी शिद्दत से झलकता है। हिंसा और दमनचक्र से जूझते हुए मुल्क के इस हिस्से के लोगों की पीड़ा उनकी इस कविता से भी रिसती नजर आती है।

पुरस्कृत कविता: बस्तर के गाँव में...

बचपन में जब भी
आसमान के सीने में
हेलीकाप्टर या हवाई जहाज
जिसकी दहाड़ती आवाज
लगती गुंजने
गली में जमा हो जाते
बच्चे, जवान और बूढ़े
लगते आसमान को निहारने
जैसे ही किसी की पड़ती नजर
उठती उॅंगली
गुंजने लग जाती किलकारी
और उठ जाती कई उॅंगलियाँ.
आज भी...
मेरे घर के छत ऊपर से
गुजरता है हवाई जहाज
आती है हेलीकाप्टर की आवाज
लेकिन नहीं निकलते
बच्चे, जवान और बूढ़े
न ही गुंजती है किलकारी
न उठती है उॅंगलियाँ
वरन्
बच्चे दुबक जाते हैं
अपनी माँ की गोद में
माँ सहम जाती है डर से,

पिता का दिल दहलता है
अनजानी आशंका से
बूढ़ों की आँखें पथरा जाती है
दहशत से.
सबके सब
जान लेते हैं
बिना बताए ही...
कि फिर कहीं चली है गोली
फटा है कोई बम
और चिथड़ों के रूप में
फिर बिखरी है ला्शें
फिर उजड़ी है कोई माँग
यतीम हुआ है कोई बच्चा
या सूनी हुई है
किसी माँ की गोद.
कोई भी तो नहीं चाहता
कि भरे उड़ान
कोई हेलीकॉप्टर
हवाई जहाज
उसके घर की
छत के ऊपर से...
_______________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।

जरूरी संवादों के संग नवंबर यूनिप्रतियोगिता के परिणाम


   संक्रामक गति से से बढते बाजारीकरण के बीच जहाँ कि हमारे जीवन की मूलभूत चीजें भी उत्पादों मे तब्दील होती जा रही हों और आर्थिक ताकतें हमारे विचारों पर भी कब्जा जमाती जा रही हों, वहाँ साहित्य बाजारवाद के इन बढ़ते खतरों से परे नही है। पठनीयता के क्षरण के इस दौर मे जबकि सार्थक लेखन हाशिये पर धकेला जा रहा है, शब्दों का अपने अस्तित्व के प्रति संघर्ष और ज्यादा अहम होता जा रहा है। साहित्य की तमाम विधाओं के संग कविता भी बाजारी-अतिक्रमण के इसी संकट से जूझ रही है। नितदिन बढ़ती चुनौतियों के बीच तमाम गंभीर साहित्यिक पत्रिकाओं का कोमा मे पहुँचते जाना, समाचार-पत्रों व पत्रिकाओं मे कविता के सिकुड़ते कॉलम, कविता-संग्रहों के संस्करणों के घटते प्रकाशन और साहित्यिक मंचों पर लोकप्रिय कविताओं का जमीनी सरोकारों से परे होते जाना कविता के इसी संक्रमण-काल के संकेत हैं।
    घटती पठनीयता के इस दौर मे इंटरनेट संचार और संवाद के सबसे त्वरित और ग्लोबल माध्यम के रूप मे उभरा है। हिंद-युग्म पर हमारा प्रयास इंटरनेट की इसी ताकत का सहारा लेते हुए सामयिक साहित्य को आम पाठक से जोड़े रखने का रहा है। हमारी मासिक यूनिप्रतियोगिता इसी की एक कड़ी है जिसकी लोकप्रियता ही इसकी सफ़लता का सबूत है। प्रतियोगिता को हर माह तमाम प्रतिभागियों और पाठकों से मिलता समर्थन हमारे लिये अत्यधिक उत्साह की बात है। यह इंटरनेट के वैश्विक पाठक वर्ग के बीच हिंदी के प्रचार के हमारे प्रयासों के सफ़लता ही है कि हिंद-युग्म के कविता पृष्ठ को प्रतिदिन एक हजार से कहीं अधिक हिट्स मिलते हैं।  मगर इंटरनेट पर सार्थक पठनीयता की मशाल जलाये रखने के लिये और वर्तमान कविता के अपने समय के साथ आम आदमी और उसके सरोकारों से जुड़े रहने के इन प्रया्सों के लिये हमारे पाठकों का समर्थन और सक्रिय मार्गदर्शन सबसे जरूरी शर्त है।

   इस बार यूनिप्रतियोगिता के नवंबर-2010 संस्करण के परिणाम ले कर हम उपस्थित हैं। परिणामों पर जाने से पहले हम सभी प्रतिभागियों और सारे पाठकों का आभार प्रकट करना चाहेंगे जिनके निरंतर समर्थन और मार्गदर्शन से यूनिप्रतियोगिता अपने 47 संस्करण निर्बाध पूरे कर सकी है। नवंबर माह मे कुल 41 कवियों ने भाग लिया। पिछले माहों की तरह इस बार भी अंक-निर्धारण दो चरणों मे किया गया। इस बार कविताओं की कुल संख्या भले ही पिछले महीनों से कुछ कम रही हो, मगर एक साथ कई समान रूप से अच्छी कविताएँ आने से निर्णायकों का काम कुछ मुश्किल रहा और कविताओं के बीच अंकों का अंतर भी कम रहा। पहले चरण के 3 निर्णायकों के दिये अंकों के आधार पर कुल 21 कविताएं दूसरे चरण मे गयीं। दूसरे चरण मे दो निर्णायकों ने उन कविताओं को उनके शिल्प, विषय की सामयिकता, कथ्य की नवीनता और स्रजनशीलता जैसे मानकों पर आँक कर उन्हे अंक दिये। इस तरह अंतिम वरीयता के आधार पर कुल 14 कविताएं हिंद-युग्म पर प्रकाशन के लिये छाँटी गयीं। नवंबर माह के यूनिकवि का सम्मान वसीम अकरम को मिला जिनकी कविता ’संवाद जरूरी है’ इस माह की यूनिकविता बनी है।

यूनिकवि: वसीम अकरम

   वैसे हिंद-युग्म के नियमित पाठकों के लिये वसीम अकरम कोई नया नाम नही हैं। इससे पहले इनकी दो कविताएं हिंद-युग्म पर प्रकाशित हो चुकी हैं। इनकी पहली कविता ’खाप सरपंच’ मई माह मे चौथे स्थान पर रही थी, फिर जून माह मे इनकी कविता ’दहशतगर्दी’ भी बारहवें स्थान पर प्रकाशित हुई थी। वसीम अकरम का जन्म उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद मे हुआ। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से साहित्यिक अंग्रेजी मे स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल करने वाले वसीम बचपन से ही पठन-पाठन मे सक्रिय रहे हैं। इन्होने गज़ल, कविता, लेख, कहानी आदि कई विधाओं मे हाथ आजमाया है और इनकी रचनाएं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं मे प्रकाशित भी होती रही हैं। इनकी रुचि लेखन के अलावा गायन मे भी रही है और इनके शब्दों और सुरों से सजा हुआ एक एलबम ’नैना मिला के’ भी रिलीज हो चुका है और एक अन्य एल्बम पर काम चल रहा है। अभी दिल्ली मे स्वतंत्र पत्रकार की हैसियत से कार्य कर रहे हैं और मयूर विहार, दिल्ली मे निवास कर रहे हैं। इनके लेख तमाम समाचार पत्रों मे आते रहते हैं।
वसीम अकरम की ज्यादातर कविताएं हमारे बीच मौजूद सामयिक समस्याओं को अपना विषय बनाती हैं और सामाजिक विसंगतियों के मुकाबिल अपनी आवाज बुलंद करती हैं। प्रस्तुत कविता भी शोषण के खिलाफ़ वंचितों के संघर्ष के इसी स्वर को परवाज देते हुए हमारे समय के सबसे जरूरी प्रश्नों को टालने की बजाय उनका सामना करने की जरूरत पर बल देती है।
संपर्क: 9899170273


यूनिकविता: संवाद ज़रूरी है

संवाद ज़रूरी है
सुबह, शाम और रात के उन लम्हों से
जो ख़ूबसूरत होते हुए भी
कुछ के लिए
किसी भयानक टीस की तरह हैं।

संवाद ज़रूरी है
उन मुट्ठियों से
जो हक़ के लिए तनने से पहले ही
डर जाती हैं कि कहीं
पूरा हाथ ही न काट दिया जाये।

स्ंवाद ज़रूरी है
उस घर से
जिस घर में युवराज के
छद्म कदम तो पड़ते हैं
मगर रोटी के चंद टुकड़ों के
लड़खड़ाते क़दम भी नहीं पड़ते।

स्ंवाद ज़रूरी है
उस पैसे से
जो अनाज के दानों पर लिखे
ग़रीब, मज़दूर के नामों को काट कर
उस पर अमीरों का नाम लिख देता है।

संवाद ज़रूरी है
उन आर्थिक नीतियों से

जो देश को महाशक्ति तो बनाती हैं
मगर भूखों के पेट में
दो दाने भी नहीं उड़ेल पातीं।

संवाद ज़रूरी है
धर्म के उन ठेकेदारों से
जो ईंट, पत्थर से बनी बेजान इमारतों के लिए
इंसान को इंसान के ख़ून का
प्यासा बना देते हैं।

स्ंवाद ज़रूरी है
उस आधी दुनिया से
जिसका दामन हक़ से खाली है,
और जो बाजारवाद की बलिबेदी पर
मजबूर है चढ़ने के लिए।

संवाद ज़रूरी है
उन ग़रीब के बच्चों से
जिनकी आंखों में
आसमां छूने का ख़्वाब तो है
मगर जूठे बरतन धोने के सिवा
कोई पंख नहीं है उनके पास।

संवाद ज़रूरी है
हर उस शय से
जिसकी ज़द में आकर
तहज़ीब, रवायत और इंसानियत
सब अपना वजूद खो रहे हैं।
______________________________________________________________
पुरस्कार और सम्मान-   विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता तथा हिन्द-युग्म की ओर से प्रशस्ति-पत्र। प्रशस्ति-पत्र वार्षिक समारोह में प्रतिष्ठित साहित्यकारों की उपस्थिति मे प्रदान किया जायेगा। समयांतर में कविता प्रकाशित होने की सम्भावना।

  इनके अतिरिक्त हम जिन अन्य 9 कवियों को समयांतर पत्रिका की वार्षिक सदस्यता देंगे तथा उनकी कविता यहाँ प्रकाशित की जायेगी उनके क्रमशः नाम हैं

डॉ॰ सुरेश तिवारी
शाहिद मिर्जा शाहिद
उमेश पंत
संगीता सेठी
नवीन चतुर्वेदी
आलोक उपाध्याय
स्वप्निल तिवारी 'आतिश'
धर्मेंद्र कुमार सिंह
आलोक तिवारी

हम शीर्ष 10 के अतिरिक्त अन्य भी कई कविताएं प्रकाशित करते हैं। इस बार जिन चार अन्य कवियों की कविता प्रकाशित करेंगे उनके नाम हैं-

सुधांशु शेखर पांडेय ’प्रफ़ुल्ल’
रंजना डीन
अनिल जिंगर ’फ़राग’
आशीष पंत

उपर्युक्त सभी कवियों से अनुरोध है कि कृपया वे अपनी रचनाएँ 31 दिसंबर 2010 तक अन्यत्र न तो प्रकाशित करें और न ही करवायें।

  हम उन कवियों का भी धन्यवाद करना चाहेंगे, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाया। और यह गुजारिश भी करेंगे कि परिणामों को सकारात्मक लेते हुए प्रतियोगिता में बारम्बार भाग लें। प्रतियोगिता मे भाग लेने वाले शेष कवियों के नाम निम्नांकित हैं

प्रशांत श्रीवास्तव
रानी विशाल
नीलेश माथुर
आकुल
नरेंद्र कुमार तोमर
देवेश पांडे
स्नेह सोनकर पीयुष
अशोक शर्मा
पूज़ा तोमर
नूरैन अंसारी
सनी कुमार
डॉ श्याम गुप्ता
बोधिसत्व कस्तुरिया
अश्विनी राय
विमला किशोर
धर्मेंद्र मन्नू
शीलक राम जांगड़
मिहिर रंजन पात्र
मयंक सिंह सचान
राकेश पुरी
डॉ राजीव श्रीवास्तव
इस्मत जैदी ’शेफ़ा’
शोभा रस्तोगी
डॉ अनिल चड्डा
योगेश कुमार ध्यानी
ऋषभ मिश्रा
रवि शंकर पांडे

नोट- जैसा कि हम पहले भी बता चुके हैं कि यूनिपाठक/यूनिपाठिका का सम्मान हम वार्षिक पाठक सम्मान के तौर पर सुरक्षित रख रहे हैं। वार्षिक सम्मानों की घोषणा वर्ष के अंत में की जायेगी और हिन्द-युग्म वार्षिकोत्सव 2010 में उन्हें सम्मानित किया जायेगा।

आँसुओं के ढेर में


प्रतियोगिता की बारहवीं और अंतिम कविता शील निगम की है। पिछले कुछ महीनो से इनकी कविताएं प्रतियोगिता का नियमित हिस्सा रही हैं। अक्टूबर माह मे इनकी एक कविता दसवें स्थान पर रही थी।


कविता: तलाश आँसुओं के ढेर में...

 आँसुओं के ढेर में एक मीठी   मुस्कान ढूँढता हूँ ,
या फिर आँसुओं की धार में कुछ अंगार ढूँढता हूँ.
कोई तो जाने कि इस अनजाने से शहर में, मैं
घने सायों के बीच मुठ्ठी भर आसमान ढूँढता हूँ.
बहुत कुछ खोया मैंने  अपना सब कुछ लुटा कर,
खुशियाँ भी खोयीं, उसे बस  एक बार अपना कर.
अपनों को खोया,  उन परायों के शहर में जा कर.
अब अपने कदमों के तले, जमीं पर, अनजाना  सा,
जो अपना सा लगे, एक प्यारा  इंसान ढूँढता हूँ.
आँसुओं के ढेर में एक मीठी मुस्कान ढूँढता हूँ.
या फिर आँसुओं की धार में कुछ अंगार ढूँढता हूँ.
ये अंगार मेरे आँसुओं को सुखाने के काम आयेंगे.
बीती अच्छी-बुरी यादों को जलाने के काम आयेंगे,
इन अंगारों को भी दिल में सहेज कर रख लूँगा,
मन के  अंधेरों में रौशनी  दिखाने के काम आयेंगे.
अब तो समझो, कि क्यों  इन पत्थर के इंसानों में ,
अनजाना सा, अपना सा, प्यारा मेहमान ढूँढता हूँ.
आँसुओं के ढेर में एक मीठी मुस्कान ढूँढता हूँ.
या फिर आँसुओं की धार में कुछ अंगार ढूँढता हूँ.

47वीं यूनिकवि एवं यूनिपाठक प्रतियोगिता में भाग लें



हिंद-युग्म का कविता संबंधी यह मासिक आयोजन अपने 46 पड़ाव पार कर निर्बाध अपनी अर्धशती की ओर अग्रसर है। विगत माहो की तरह नवंबर 2010 माह के लिये  हम यूनिकवि एवं यूनिपाठक प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियाँ आमंत्रित करते हैं। यह इस प्रतियोगिता का 47वाँ आयोजन है। सभी प्रतिभागियों और पाठकों का निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन इस प्रतियोगिता की उपलब्धि है।

प्रतियोगिता के विजेताओं को विचार एवं संस्कृति की चर्चित पत्रिका ’समयांतर’ की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता दी जायेगी। प्रतियोगिता द्वारा चयनित यूनिकवि को हिंद-युग्म के वार्षिकोत्सव मे विख्यात साहित्यकार के द्वारा सम्मानित भी किया जायेगा।


नवंबर 2010 का यूनिकवि बनने के लिए-

1) अपनी कोई मौलिक तथा अप्रकाशित कविता 15 नवंबर 2010 की मध्यरात्रि तक hindyugm@gmail.com पर भेजें।

(महत्वपूर्ण- मुद्रित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित रचनाओं के अतिरिक्त गूगल, याहू समूहों में प्रकाशित रचनाएँ, ऑरकुट की विभिन्न कम्न्यूटियों में प्रकाशित रचनाएँ, निजी या सामूहिक ब्लॉगों पर प्रकाशित रचनाएँ भी प्रकाशित रचनाओं की श्रेणी में आती हैं।)

2) कोशिश कीजिए कि आपकी रचना यूनिकोड में टंकित हो। यदि आप यूनिकोड-टाइपिंग में नये हैं तो आप हमारे निःशुल्क यूनिप्रशिक्षण का लाभ ले सकते हैं।

3) परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, इतना होने पर भी आप यूनिकोड-टंकण नहीं समझ पा रहे हैं तो अपनी रचना को रोमन-हिन्दी ( अंग्रेजी या इंग्लिश की लिपि या स्क्रिप्ट 'रोमन' है, और जब हिन्दी के अक्षर रोमन में लिखे जाते हैं तो उन्हें रोमन-हिन्दी की संज्ञा दी जाती है) में लिखकर या अपनी डायरी के रचना-पृष्ठों को स्कैन करके हमें भेज दें। यूनिकवि बनने पर हिन्दी-टंकण सिखाने की जिम्मेदारी हमारे टीम की। आप किसी अन्य फॉन्ट में भी अपनी कविता टंकित करके भेज सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि रचना word, wordpad या पेजमेकर में हो, पीडीएफ फाइल न भेजें, साथ में इस्तेमाल किये गये फॉन्ट को भी ज़रूर भेजें।

4) एक माह में एक कवि केवल एक ही प्रविष्टि भेजे।



यूनिपाठक बनने के लिए

चूँकि हमारा सारा प्रयास इंटरनेट पर हिन्दी लिखने-पढ़ने को बढ़ावा देना है, इसलिए पाठकों से हम यूनिकोड (हिन्दी टायपिंग) में टंकित टिप्पणियों की अपेक्षा रखते हैं। टाइपिंग संबंधी सभी मदद यहाँ हैं।

1) 1 नवंबर 2010 से 30 नवंबर 2010 के बीच की हिन्द-युग्म पर प्रकाशित अधिकाधिक प्रविष्टियों पर हिन्दी में टिप्पणी (कमेंट) करें।

2) टिप्पणियों से पठनीयता परिलक्षित हो।

3) हमेशा कमेंट (टिप्पणी) करते वक़्त एक समान नाम या यूज़रनेम का प्रयोग करें।

4) हिन्द-युग्म पर टिप्पणी कैसे की जाय, इस पर सम्पूर्ण ट्यूटोरियल यहाँ उपलब्ध है।


कवियों और पाठकों को निम्न प्रकार से पुरस्कृत और सम्मानित किया जायेगा-

1) यूनिकवि को समयांतर की एक वर्ष की मुफ्त सदस्यता। हिन्द-युग्म की ओर से प्रशस्ति-पत्र।
यूनिकवि को हिन्द-युग्म के वर्ष 2010 के वार्षिकोत्सव में प्रतिष्ठित साहित्यकारों के हाथों सम्मानित किया जायेगा।

2) यूनिपाठक को समयांतर की 12 महीने की मुफ्त सदस्यता और हिन्द-युग्म की ओर से प्रशस्ति-पत्र।

3) दूसरे से दसवें स्थान के कवियों को तथा दूसरे से चौथे स्थान के पाठकों को समयांतर की 12 महीनों की निःशुल्क सदस्यता।

प्रतिभागियों से यह भी अनुरोध है कि पिछले महीनों मे भेजी गयी अपनी किसी प्रविष्टि को दोबारा प्रतियोगिता के लिये न भेजें। कवि-लेखक प्रतिभागियों से भी निवेदन है कि वो समय निकालकर यदा-कदा या सदैव हिन्द-युग्म पर आयें और सक्रिय लेखकों की प्रविष्टियों को पढ़कर उन्हें सलाह दें, रास्ता दिखायें और प्रोत्साहित करें।

प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले सभी 'नियमों और शर्तों' को पढ़ लें।