फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

हम शब्दों के बुनकर हैं


जून 2010 के यूनिकवि रह चुके आलोक उपाध्याय की कलम से हिंद-युग्म के पाठक खूब परिचित हैं। खासकर गज़लों मे महारत रखने वाले आलोक की प्रस्तुत गज़ल नवंबर माह मे सातवें पायदान पर है।

 पुरस्कृत कविता: गज़ल
माना  तुमसे कमतर हैं
कहीं कहीं हम बेहतर हैं

पहचान हमारी खतरे में
हम शब्दों के बुनकर हैं

वो  जज़्बाती अव्वल सा है  
हम तो जन्म से पत्थर हैं

आना कुछ दिन बाद यहाँ
हालात शहर में बदतर हैं

मौत से हम  घबराएं कैसे
जिंदा सब कुछ  सह कर हैं

अबकी साँसे थमी हैं  जाके
यूँ मरे तो उनपे अक्सर हैं

ग़ैर देश में नज़र है तनहा
खुशियाँ  सारी घर पर हैं
 _____________________________________________________________
पुरस्कार- विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता।


मेरी माँ आज भी मुझपे उतना ही गुमां करती है


प्रतियोगिता की आखिरी यानी सोलहवीं कविता आलोक उपाध्याय 'नज़र' की है। आलोक उपाध्याय हिन्द-युग्म के यूनिकवि रह चुके हैं।

पुरस्कृत कविता

साँसे ज़ाया करती है और वक़्त रायेगाँ करती है
पागल जिंदगी उम्र भर चंद क़िस्से जमा करती है

किताबों पे पड़ी धूल हो या फर्श की बेज़ार सिलवटें
मेरे घर की हर शय मेरी शख्सियत बयां करती है

बदनाम गलियाँ तुम्हारी ही वहशत का नतीजा हैं
मासूमियत खिड़की पे बैठ खुद को जवां करती है

बस तुम्हें ही दिखती होंगी मुझमें हजारों खामियां
मेरी माँ आज भी मुझपे उतना ही गुमां करती है

इसकी जद्दोजहद की इन्तहा है दो जून की रोटी
ये मुफलिसी मुस्तकबिल की फिक्र कहाँ करती है

रोते रहने से कभी कोई फायदा नहीं होता है "नज़र"
याद दिल से निकालो यही अश्कों को रवां करती है

गरीबों की आह की फिक्र रत्ती भर नहीं है


सब गुमाँ लिए बैठे हैं कोई खबर नहीं है
तेरे आँसुओं से भीगता अब शहर नहीं है

एक शाम वो कि तेरे होने का एहसास था
शाम अभी भी है पर उतना असर नहीं है

जो बारिशों से महफूज़ रखे बलाओं से नहीं
वो मकान ही हो सकता है वो घर नहीं है

क्यूँ इश्क में सब कुछ जला रहे हो तन्हा
ये आग बस इधर ही फैली है उधर नहीं है

ज़रा हिसाब से ही दिल के जज़्बात कहना
बड़ी-बड़ी बातें कहने की ये उमर नहीं है

यहाँ सबको चाहिए ग़रीबों की दुआएँ मगर
गरीबों की आह की फिक्र रत्ती भर नहीं है

परदे के पीछे का माज़रा तुम भी देख लेते
अफ़सोस है तुम्हारे पास ये "नज़र" नहीं है

यूनिकवि- आलोक उपाध्याय नज़र

जून 2010 की यूनिप्रतियोगिता के परिणाम


हर महीने के पहले सोमवार को हिन्द-युग्म हिन्दी कविता के उदीयमान सितारों को वेब पर टाँकता है। हिन्दी कविता का यह दीया पिछले 42 महीनों से रोशन है, जिसमें यूनिकवि एवं यूनिपाठक प्रतियोगिता के प्रतिभागी अपनी कलम और पठन का तेल अनवरत रूप से डाल रहे हैं। जून 2010 माह की प्रतियोगिता कई मामलों में खास है। पिछले 2-3 महीनों से हमारी भी और हमारे गंभीर लेखकों की भी यह शिकायत थी कि पाठकों की प्रतिक्रियाएँ अपेक्षित संख्या और तीव्रता के साथ नहीं मिल रही हैं। लेकिन बहुत खुशी की बात है कि जून माह में बहुत से पाठकों ने कविताओं को प्रथम वरीयता देकर, पढ़ा और हमारा और कवियों का मार्गदर्शन तथा प्रोत्साहन किया।

जून 2010 की प्रतियोगिता की दूसरी खासियत यह रही कि कविताओं का स्तर बहुत बढ़िया रहा। जब हमारे निर्णायकों तक एक ही दर्जे की ढेरों कविताएँ पहुँचती हैं तो उन्हें मुश्किल भी होती है और एक तरह की खुशी भी। आप खुद अंदाज़ा लगाइए कि शुरू की 7 कविताओं को निर्णय प्रक्रिया के पहले चरण के सभी 3 जजों और दूसरे चरण के दो जजों ने पसंद किया और इस तरह से अंक दिये कि उसका स्थान लगभग एक जैसा बन रहा था। कुल 58 प्रतिभागी थे। पहले चरण के निर्णय के बाद 28 कविताओं को दूसरे चरण के निर्णय के लिए प्रेषित किया गया। हमारे लिए यूनिकवि चुनना बहुत मुश्किल भरा काम था। इनमें से 2 कवि पहले भी हिन्द-युग्म के यूनिकवि रह चुके हैं। दो युवा कवि हिन्द-युग्म पर लम्बे समय से लिख रहे हैं और ग़ज़ल लिखने में महारत है। दोनों मूलरूप से ग़ाज़ीपुर (उ॰प्र॰) से हैं। एक फिलहाल इलाहाबाद में हैं और दूसरे दिल्ली में। इन्हीं में से एक कवि आलोक उपाध्याय 'नज़र' को हम जून 2010 का यूनिकवि चुन रहे हैं।


यूनिकवि- आलोक उपाध्याय 'नज़र'

उपाध्याय मूलतः उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के टोकवा गांव के निवासी हैं। वर्तमान में Crest Logix Softseve Pvt Ltd इलाहबाद में बतौर Software Engineer काम कर रहे हैं। साथ ही IGNOU से MCA की पढ़ाई भी कर रहे हैं। बचपन से ही उर्दू साहित्य और हिंदी साहित्य के प्रति झुकाव रहा है। हालाँकि पारिवारिक पृष्ठभूमि साहित्यिक नहीं थी लेकिन इनकी माँ ने अपने मन की कोमलता बचपन में ही इनके मन के अन्दर कहीं डाल दी थी। वक़्त-वक़्त पर मिली उपेक्षाओं और एकाकीपन ने उस कोमल मन पर प्रहार किया तो ज़ज्बात और सोच कागजों पर उभरने लगे। कवि की 2 ग़ज़लें 38 यूनिकवियों की प्रतिनिधि कविताओं के संग्रह 'सम्भावना डॉट कॉम' में भी संकलित हैं।

फोन संपर्क- 9307886755

यूनिकविता- ग़ज़ल

जिंदगी के अंदाज़ जब नशीले हो गए
दुःख के गट्ठर और भी ढीले हो गए

'मरता क्या न करता' कदम दर कदम
और जीने के उसूल बस लचीले हो गए

टीस सी उठती है हमेशा ही दिल में
दफन सारे ही दर्द क्यूँ नुकीले हो गए

कल से देखोगे न ये शिकन माथे पे
बिटिया सायानी थी हाथ पीले हो गए

ये बेवक्त दिल का मानसून तो देखिये
जो संजोये थे ख्वाब वो गीले हो गए

जहाँ तक तुम थे तो वादियाँ साथ थी
तुम गए क्या ! रास्ते पथरीले हो गए

हीर का शहर बहा वक़्त के सैलाब में
और ख़ाक सब रांझों के कबीले हो गए

'नज़र' मिलने मिलाने में सब्र तो रखिये
गुस्ताख़ हो गए तो कभी शर्मीले हो गए
______________________________________________________________
पुरस्कार और सम्मान-   विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की एक वर्ष की निःशुल्क सदस्यता तथा हिन्द-युग्म की ओर से प्रशस्ति-पत्र। प्रशस्ति-पत्र वार्षिक समारोह में प्रतिष्ठित साहित्यकारों की उपस्थिति मे प्रदान किया जायेगा। समयांतर में कविता प्रकाशित होने की सम्भावना।

इनके अतिरिक्त हम जिन अन्य 9 कवियों को समयांतर पत्रिका की वार्षिक सदस्यता देंगे तथा उनकी कविता यहाँ प्रकाशित की जायेगी उनके क्रमशः नाम हैं-

सत्यप्रसन्न
स्वप्निल तिवारी आतिश
एम वर्मा
सुलभ जायसवाल
हिमानी दीवान
अभिषेक कुशवाहा
नमिता राकेश
प्रभा मजूमदार
संगीता सेठी


हम शीर्ष 10 के अतिरिक्त भी बहुत सी उल्लेखनीय कविताओं का प्रकाशन करते हैं। इस बार हम निम्नलिखित 9 अन्य कवियों की कविताएँ भी एक-एक करके प्रकाशित करेंगे-

सनी कुमार
वसीम अकरम
अविनाश मिश्रा
ऋतु सरोहा ’आँच’
अनवर सुहैल
शील निगम
आशीष पंत
योगेंद्र वर्मा व्योम
प्रवीण कुमार स्नेही

उपर्युक्त सभी कवियों से अनुरोध है कि कृपया वे अपनी रचनाएँ 1 अगस्त 2010 तक अन्यत्र न तो प्रकाशित करें और न ही करवायें।

जैसाकि हमने बताया कि हिन्द-युग्म पर बहुत से पाठक पूरी ऊर्जा के साथ सक्रिय हैं। इन्हीं में से एक हैं दीपाली आब, जो खुद एक अच्छी कवयित्री भी हैं और सच कहने में विश्वास रखती हैं। अपनी टिप्पणियों से कवियों का प्रोत्साहन करती हैं और बेहतर लिखने की प्रेरणा देती हैं। हमने इनको जून 2010 की यूनिपाठिका चुना है।

यूनिपाठिका- दीपाली आब

दीपाली सांगवान 'आब' दिल्ली से हैं और कविता वाला दिल रखती हैं। ये चाहती हैं कि युवा पीढी में भी साहित्य के प्रति प्रेम जागृत हो। ये मानती हैं कि आजकल के माहौल में जिस प्रकार की शायरी पनप रही है वो शायरी को धीरे धीरे दीमक की भाँति खा रही है। कविता पढने और लिखने का शौक इन्हें बचपन से ही रहा है। दीपाली इसी बात को ऐसे कहती हैं कि कविता इनका प्रेम है। संवेदनाओं को उजागर करना इन्हें अत्यंत प्रिय है, मनुष्य की अनेक संवेदनाएं ऐसी होती हैं जो अनछुई, अनसुनी रह जाती हैं, उन्ही संवेदनाओं को ये सामने लाने का प्रयास करती हैं। इनका यही प्रयास है कि जितना इन्होंने सीखा है, उसे दूसरो तक भी पहुँचा पायें। फैशन डिजाइनिंग का कोर्स पूरा करने के उपरांत दिल्ली में ही एक डिजाइनर स्टोर संभालती हैं। और साथ ही साथ उच्च-स्तरीय डिग्री को भी हासिल करने के लिए प्रयासरत हैं।

पुरस्कार- समयांतर की 1 वर्ष की मुफ्त सदस्यता । हिन्द-युग्म की ओर से प्रशस्ति-पत्र।

इनके अतिरिक्त डॉ॰ अरुणा कपूर ने खूब पढ़ा और टिप्पणियाँ की। इन्हें भी समयांतर की वार्षिक सदस्यता निःशुल्क प्रदान की जायेगी।

हिन्द-युग्म दिसम्बर 2010 में वर्ष 2010 के वार्षिकोत्सव का आयोजन करेगा जिसमें यूनिकवियों और पाठकों को सम्मानित करेगा। पाठकों से अनुरोध है कि आप कविताओं पर समीक्षात्मक टिप्पणी ज़रूर करें ताकि यूनिपाठक का पदक भी आपके नाम हो सके।

हम उन कवियों का भी धन्यवाद करना चाहेंगे, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाया। और यह गुजारिश भी करेंगे कि परिणामों को सकारात्मक लेते हुए प्रतियोगिता में बारम्बार भाग लें। इस बार शीर्ष 19 कविताओं के बाद की कविताओं का कोई क्रम नहीं बनाया गया है, इसलिए निम्नलिखित नाम कविताओं के प्राप्त होने से क्रम से सुनियोजित किये गये हैं।

संतोष गौड़ ’राष्ट्रप्रेमी’
दीपाली आब
दीपक बेदिल
कविता रावत
सुधीर गुप्ता ’चक्र’
रिम्पा परवीन
राजेंद्र स्वर्णकार
अपर्णा भटनागर
नीलेश माथुर
सुरेंद्र अग्निहोत्री
तरुण जोशी नारद
ब्रजेंद्र श्रीवास्तव उत्कर्ष
प्रकाश जैन
अमित चौधरी
अमिता निहलानी
नीलाक्षी तनिमा
सुरेखा भट्ट
अविनाश रामदेव
अमिता कौंडल
अनिल चड्डा
उषा वर्मा
तरुण ठाकुर
ओम राज पांडेय ’ओमी’
ऋषभ मिश्रा
सुमन मीत
रामपती कश्यप
चंद्रमणि मिश्रा
प्रदीप शुक्ला
अश्विनी राय
वेदना उपाध्याय
अवनीश सिंह चौहान
अमित अरुण साहू
शिवम शर्मा
दीपक वर्मा
कुमार देव
अंतराम पटेल
कैलाश जोशी
लोकेश उपाध्याय
अनरूद्ध यादव

तसले में उम्मीद पकाओ


प्रतियोगिता की आगे की कविताओं की तरफ़ बढ़ते हैं। आलोक उपाध्याय 'नज़र' हिन्द-युग्म के ऐसे कवियों में से हैं जो छंद में अपनी बात रखते हैं और निर्णायकों का ध्यान खींचते हैं। फरवरी २०१० की यूनिकवि प्रतियोगिता में इनकी कविता ने चौथा स्थान बनाया।

पुरस्कृत कविता: माँ की आँखें गीली-गीली

बच्चों के इशारे पेट तरफ़
मजदूर चले फिर सेठ तरफ़

तसले में उम्मीद पकाओ
मत देखो सूखे खेत तरफ़

प्यार की राहें और भी थीं
क्यूँ आये तुम रेत तरफ़

माँ की आँखें गीलीं-गीलीं
चले जो हम परदेस तरफ़

सारी दुनिया दुश्मन अपनी
हम-तुम दोनों एक तरफ़

मयख़ाने में जश्‍न मनेगा
उठा तू अँगुली शेख़ तरफ़

चाँद की सूरत बिकने वाली
हम भी देखें जेब तरफ़

नंगेपन को मत ले आना
आना जब इस देस तरफ़


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

ग़ज़ल: ग़म की साझेदारी कर लें


आलोक उपाध्याय ’नज़र’ हिंद-युग्म की यूनिप्रतियोगिता के नियमित प्रतिभागियों मे रहे हैं। पेशे से सॉफ़्टवेयर इंजीनियर आलोक जी का ग़ज़लों के प्रति विशेष रुझान रहा है। इनकी रचनाएँ अक्सर पाठकों की सराहना प्राप्त करती रही हैं। अगस्त माह मे इनकी एक रचना को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ था। दिसंबर माह की यूनिप्रतियोगिता मे उनकी ग़ज़ल बारहवें पायदान पर रही है।

ग़ज़ल

शिकवे बारी बारी कर लें
ग़म की साझेदारी कर लें

आखिर हमको जाना ही है
पहले से तैयारी कर लें

हंगामों से सुख मिलता है
जी भर मारा-मारी कर लें

इस जंगल में रहना हो तो
अपनी सोच शिकारी कर लें

हो सकता है तोला जाये
अपना पलड़ा भारी कर लें

इश्क इबादत ठीक है लेकिन
उसको एक बीमारी कर लें

यूँ कतरा-कतरा रूह न बेचेँ
खुल के चोर बाजारी कर लें

ज़ज्बा ज़ज्बा बहुत हुआ अब
इन लम्हों को लाचारी कर लें

जूठे गिलास धोते हुए पुराने जूते चमकाते हुए


आलोक उपाध्याय "नज़र" हिन्द-युग्म पर लगभग 8 महीनों से लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज़ करा रहे हैं। आज हम इनकी एक कविता लेकर हाज़िर है जिसने नवम्बर माह की प्रतियोगिता में सातवाँ स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविता- न रोते हुए न मुस्कुराते हुए

न माँ से कुछ पूछते हुए न पापा को कुछ बताते हुए
कुछ ज़िन्दगी ऐसी भी न रोते हुए न मुस्कुराते हुए

जैसे मुक्कमल हसरतें दिल की सारी हो रही हो
ख्वाबों को हकीक़त में बदलने की तैयारी हो रही हो
माचिस के डिब्बों से एक छोटा सा घर बनाते हुए

मानो वो बचपन अपनी ही अदा भुला बैठा हो
महफूज़ सा कल भी कहीं खफा खफा बैठा हो
जूठे गिलास धोते हुए पुराने जूते चमकाते हुए

"माँ होती तो”.... उन्हें ये तस्सवुर ही नहीं है
पेट भी भरता होगा उनका ये ज़रूरी नहीं है
सिकुड़ कर के बदन को ठण्ड से वो बचाते हुए

बहुत होंगे पर कोई इतना बदनसीब क्या होगा
इन मासूमों से ज्यादा भी कोई गरीब क्या होगा
एक अदद गुब्बारे की ज़रूरत को भी छिपाते हुए


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

हर घड़ी भागते नज़र आते हो


आलोक उपाध्याय 'नज़र' विगत् 6 महीनों से यूनिकवि प्रतियोगिता का हिस्सा बन रहे हैं और अपनी कविताओं के लिए सराहे भी जा रहे हैं। सितम्बर माह में भी इन्होंने प्रतियोगिता में भाग लिया। जहाँ इनकी कविता ने पाँचवाँ स्थान बनाया।

पुरस्कृत कविता

रातों को जागते नज़र आते हो
आसमां ताकते नज़र आते हो

क्या बात है आखिर इन दिनों?
हर घड़ी भागते नज़र आते हो

माँ नाराज़ चल रही है क्या?
खुद जूते बाँधते नज़र आते हो

कहाँ गए बापू के फौलादी कंधे?
हर बोझ लादते नज़र आते हो

उड़ गए न सारे छींक के जलवे?
घंटों अकेले खांसते नज़र आते हो

लगता है अब नसें दुखने लगी है
दर्द-ए-हयात दाबते नज़र आते हो

"खिलौनों की सारी दुकानें बंद थीं"
रोज़ बच्चे को टालते नज़र आते हो

कल तो पर्दानशीं थे फिर क्यूँ भला
हर गली हर रास्ते नज़र आते हो

अब क्यों नहीं है "नज़र" में अदब
रंजिशें दिल में पालते नज़र आते हो


पुरस्कार- डॉ॰ श्याम सखा की ओर सेरु 200 मूल्य की पुस्तकें।

कोई हम सा क्या कभी जलवे में हो


आलोक उपाध्याय "नज़र" हिन्द-युग्म की प्रतियोगिता में पिछले कई महीनों से भाग ले रहे हैं और इनकी कविताएँ लगातार सराही भी जा रही हैं। इनकी एक कविता अगस्त 2009 की प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रही।

पुरस्कृत कविता

जान बाकी रहे आखिरी उम्मीद तलक
होश सामने रहे लम्बी नींद तलक
हालात घर से बेघर कभी करने लगे
हमें हौसला खींच लाये दहलीज़ तलक
वो आने को हैं आज मेरे पहलूँ में
खुदा चंद साँसे बख्श दे दीद तलक
कोई हम सा क्या कभी जलवे में हो
ईद से होली तो होली से ईद तलक
उस हर गुलिस्ताँ ने हमें ठुकरा दिया
जिसकी ज़रूरतें पहुंचाई ख़ुर्शीद तलक
"नज़र" के दायरे को गुरूर न समझो
वो आज भी कायम है तहज़ीब तलक

ख़ुर्शीद- सूर्य, सूरज


प्रथम चरण मिला स्थान- सातवाँ


द्वितीय चरण मिला स्थान- चौथा


पुरस्कार और सम्मान- मुहम्मद अहसन की ओर से इनके कविता-संग्रह 'नीम का पेड़' की एक प्रति।

राम कृष्ण की धरती पर बच्चा भीख भी माँगा करता है


आलोक उपाध्याय की कविताएँ लगातार तीन बार (अप्रैल, मई और जून 2009) की प्रतियोगिता में शीर्ष 10 में स्थान बना चुकी हैं। इस बार इनकी एक कविता ग्यारहवें स्थान पर है।

कविता- ग़म को नींद नहीं आती

अगली बार बहल जायेगा हर बार ये वादा करता है
ग़म को नींद नहीं आती हर वक़्त ये जागा करता है

इन्सां से दीवारों का ये शिकवा हर हद तक जायज़ है
खुश हो तो आईना, दुःख हो तो हमको ताका करता है

हर मुद्दे की बात करेंगे, पर इस बात पे कन्नी काटेंगे
राम कृष्ण की धरती पर बच्चा भीख भी माँगा करता है

तेरे ओर से आने वाली हर शय कुछ यूँ हमसे जुड़ती है
कोई ज़ख्म उकेरा करता है कोई दर्द को ताजा करता है

ये बात नयी नहीं है लेकिन इस बार ये दस्तक देखेंगे
कौन है जो छुपकर के हम पे इस तीर को साधा करता है

मैं उसकी हद तक पहुँच न पाऊँ ये भी तो मुमकिन है
तो ये कहने में फक्र है मुझको प्यार वो ज़यादा करता है

हँस कर के मिलने का तजुर्बा लेने की कोशिश करो 'नज़र'
किसी से खुल के मिलना उसकी तकलीफ को आधा करता है


प्रथम चरण मिला स्थान- बाइसवाँ


द्वितीय चरण मिला स्थान- ग्यारहवाँ

ज़रा सी हलचल में घर बिखर गए हैं जो


यूनिकवि प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहे हैं आलोक उपाध्याय ’नज़र इलाहबादी’। पेशे से सॉफ़्टवेयर इंजीनियर आलोक की दो कवितायें मेरे नुख्से कारगर हो सकते हैं व इस बार आम की गुठलियाँ ले चलो अप्रैल व मई प्रतियोगिता में क्रमश: प्रकाशित हो चुकी हैं।

पुरस्कृत कविता

ख्वाब गुमसुम हैं आँख से उतर गए हैं जो
सच होने के नाम पर कभी मुकर गए हैं जो

क्या पाए इस जहाँ के रहम-ओ-करम फिर से
यक़ीन-ए-वफ़ा दिलाने में लोग मर गए हैं जो

बहुत गुंजाईश है सुधारने की उनकी बुनियादें
ज़रा सी हलचल में घर बिखर गए हैं जो

वो अपनों के आंसू को अपना लहू समझते है
अपने परिवार के लिए दूसरे शहर गए हैं जो

नहीं मानेंगे कि ये बड़ी मुश्किलों का दौर है
इन रास्तों से हँसते हँसते गुज़र गए हैं जो

कभी कुछ वक़्त तो अपना उनको भी दीजिये
फिक्र-ए रोज़गार में रिश्ते बिसर गए हैं जो

नहीं हो पायेंगे वो जिंदगी की दौड़ में शामिल
कामयाबी के इंतज़ार में रास्ते ठहर गए हैं जो

जिंदगी के मालिक को दिल में न खोज पाए
खुदा की तलाश में बन्दे दर-बदर गए हैं जो

देखते हैं महफ़िल में क्या सिक्का जमाते है
कुछ देर पहले ये पैगाम -ए 'नज़र' गए है जो




प्रथम चरण मिला स्थान- छठा


द्वितीय चरण मिला स्थान- चौथा


पुरस्कार- समीर लाल के कविता-संग्रह 'बिखरे मोती' की एक प्रति।

इस बार आम की गुठलियाँ ले चलो


यूनिकवि प्रतियोगिता से पिछली कविता एक केमिकल इंजीनियर की थी और आज हम जिस कविता का जिक्र कर रहे हैं वो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की है। इस कविता के रचनाकार आलोक उपाध्याय 'नज़र इलाहाबादी' की एक कविता अप्रैल माह की प्रतियोगिता में भी शीर्ष 10 में स्थान बना चुकी है। इस बार इनकी कविता चौथे पायदान पर है।

पुरस्कृत कविता- मेरा आशियाँ ले चलो

सारी भागदौड़ सारी झपकियाँ ले चलो
अपने शहर में मेरा आशियाँ ले चलो
हमेशा भूख ही ने ज़बान खोली है
कब कहा सितारों के दरमियाँ ले चलो

उस पार तो हर चीज़ कीमती है
इस बार आम की गुठलियाँ ले चलो
हर बार ही हमको बेरंग समझा गया
बांध कर मुठ्ठी कुछ तितलियाँ ले चलो

वो अक्सर हमारे घर में चीज़ें भूलते है
लौटानी है उनको,सब आंधियाँ ले चलो
आज गर्म है तवे उनके, मुद्दत के बाद
जो सेंकनी हो तुमको वो रोटियाँ ले चलो

सच बोलने की बदसुलूकी हमसे है हुई
तुम बेफ़िक्र हो कर ये कारवां ले चलो
वजूद रहे न निशां कोई बाकी रहे मेरा
मेरे छत पर बेमौसम बदलियाँ ले चलो

उठा के फेंक देंगे ये मकां शहर वाले
नए शहर के लिए ये बस्तियां ले चलो
तुझे खुद को सौंप डाला बेखुदी से पहले
अब नशे में हैं हमें चाहे जहाँ ले चलो


प्रथम चरण मिला स्थान- अठारहवाँ


द्वितीय चरण मिला स्थान- चौथा


पुरस्कार- राकेश खंडेलवाल के कविता-संग्रह 'अंधेरी रात का सूरज' की एक प्रति।

मेरे नुख्से कारगर हो सकते हैं


अप्रैल माह की यूनिकवि प्रतियोगिता की सातवीं कविता के रचनाकार आलोक उपाध्याय मूलतः उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के टोकवा गांव के निवासी हैं। वर्तमान में Crest Logix Softseve Pvt Ltd इलाहबाद में बतौर Software Engineer काम कर रहे हैं। साथ ही IGNOU से MCA की पढ़ाई भी कर रहे हैं। बचपन से ही उर्दू साहित्य और हिंदी साहित्य के प्रति झुकाव रहा है। हालाँकि पारिवारिक पृष्ठभूमि साहित्यिक नहीं थी लेकिन इनकी माँ ने अपने मन की कोमलता बचपन में ही इनके मन के अन्दर कहीं डाल दी थी। वक़्त-वक़्त पर मिली उपेक्षाओं और एकाकीपन ने उस कोमल मन पर प्रहार किया तो ज़ज्बात और सोच कागजों पर उभरने लगे।

पुरस्कृत कविता- फूल भी पत्थर हो सकते हैं

ये आंसुओ से तर हो सकते हैं
रिश्ते और बेहतर हो सकते हैं

चंद सांसे अभी भी बाकी हैं
मेरे नुख्से कारगर हो सकते हैं

हमें अब तक यकीं नहीं आया
वो भी सितमगर हो सकते हैं

ये वक़्त का एक फलसफा है
फूल भी पत्थर हो सकते हैं

नुकसान की तो बात न करो
ये जनाब जानवर हो सकते हैं

दरख्त सूखने लगे अचानक
कई परिंदे बेघर हो सकते हैं

इस तरह मुलाक़ात की उसने
ये चर्चे उम्र भर हो सकते हैं

अपने घर में कभी न सोचा
हम भी बेक़दर हो सकते हैं

बात यकीं पे आके रुकती है
सायेबां सूखे शजर हो सकते हैं

कैफ़ियत यूँ ठीक नहीं अपनी
तीर-ए-नज़र बेअसर हो सकते हैं



प्रथम चरण मिला स्थान- पाँचवाँ


द्वितीय चरण मिला स्थान- सातवाँ


पुरस्कार- विवेक रंजन श्रीवास्तव 'विनम्र' के व्यंग्य-संग्रह 'कौआ कान ले गया' की एक प्रति।