फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

कैलेंडर बदलने से पहले


आज, वक्त के इस व्यस्ततम जंक्शन पर
जबकि सबसे सर्द हो चले हैं
गुजरते कैलेंडर के आखिरी बचे डिब्बे
जहाँ पर सबसे तंग हो गयी हैं
धुंध भरे दिनों की गलियाँ
और सबसे भारी हो चला है
हमारी थकी पीठों पर अंधेरी रातों का बोझ
और इन रातों के दामन मे
वियोग श्रंगार के सपनों का मीठा सावन नही है
इन जागती रातों की आँखों मे
हमारी नाकामयाबी की दास्तानों का बेतहाशा नमक घुला है
इन रातों के बदन पर दर्ज हैं इस साल के जख्म
वो साल
जो हमारे सीनों पर से किसी नान-स्टॉप ट्रेन सा
धड़धड़ाता गुजर गया है

और इससे पहले कि यह साल
आखिरी बूंदे निचोड़ लिये जाने के बाद
सस्ती शराब की खाली बोतल सा फेंक दिया जाय
कहीं लाइब्रेरी के उजाड़ पिछवाड़े मे
हम शुक्रिया करते हैं इस साल का
कि जिसने हमें और ज्यादा
बेशर्म, जुबांदराज और खुदगर्ज बना दिया
और हमें जिंदगी का वफ़ादार बनाये रखा

इस साल
हम शुक्रगुजार हैं उन प्रेमिकाओं के
जिन्होने किसी मुफ़लिस की शरीके-हयात बनना गवारा नही किया
हम शुक्रगुजार हैं उन नौकरियों के
जो इस साल भी गूलर का फूल बन कर रहीं
हम शुक्रगुजार हैं उन धोखेबाज दोस्तों के
जिन्होने हमें उनके बिना जीना सिखाया
हम शुक्रगुजार हैं जिंदगी के उन रंगीन मयखानों के
जहाँ से हर बार हम धक्के मार के निकाले गये
हम शुक्रगुजार हैं उन क्षणजीवी सपनों का
जिनकी पतंग की डोर हमारे हाथ रही
मगर जिन्हे दूसरों की छतों पर ही लूट लिया गया
उन तबील अंधेरी रातों का शुक्रिया
जिन्होने हमें अपने सीने मे छुपाये रखा
और कोई सवाल नही पूछा
उन उम्रदराज सड़कों का शुक्रिया
जिन्होने अपने आँचल मे हमारी आवारगी को पनाह दी
और हमारी नाकामयाबी के किस्से नही छेड़े !

और वक्त के इस मुकाम पर
जहाँ उदास कोहरे ने किसी कंबल की तरह
हमको कस कर लपेट रखा है
हम खुश हैं
कि इस साल ने हमें सिखाया
कि जरूरतों के पूरा हुये बिना भी खुश हुआ जा सकता है
कि फ़टी जेबों के बावजूद
सिर्फ़ नमकीन खुशगवार सपनों के सहारे जिंदा रहा जा सकता है
कि जब कोई भी हमें न करे प्यार
तब भी प्यार की उम्मीद के सहारे जिया जा सकता है

और इससे पहले कि यह साल
पुराने अखबार की तरह रद्दी मे तोल दिया जाये
हम इसमें से चंद खुशनुमा पलों की कटिंग चुरा कर रख लें
और यह याद रखें
खैरियत है कि उदार संगीनों ने
हमारे सीनों का पता नही मांगा
खैरियत है कि जहरीली हवाओं ने
हमारी साँसों को सिर्फ़ चूम कर छोड़ दिया
खैरियत है कि मँहगी कारों का रास्ता
हमारे सीनों से हो कर नही गुजरा
खैरियत है कि भयभीत सत्ता ने हमें
दुश्मन बता कर हमारा शिकार नही किया
खैरियत है कि कुपोषित फ़्लाईओवरों के धराशायी होते वक्त
उनके नीचे सोने वालों के बीच हम नही थे
खैरियत है कि जो ट्रेनें लड़ीं
हम उनकी टिकट की कतार से वापस लौटा दिये गये थे
खैरियत है कि दंगाइयों ने इस साल जो घर जलाये
उनमे हमारा घर शामिल नही था
खैरियत है कि यह साल भी खैर से कट गया
और हमारी कमजोरी, खुदगर्जी, लाचारी सलामत रही

और हमें अफ़सोस है
उन सबके लिये
जिन्हे अपनी ख्वाहिशों के खेमे उखाड़ने की मोहलत नही मिली
और यह साल जिन्हे भूखे अजगर की तरह निगल गया
और इससे पहले कि यह साल
इस सदी के जिस्म पर किसी पके फ़फ़ोले सा फूटे
आओ हम चुप रह कर कुछ देर
जमीन के उन बदकिस्मत बेटों के लिये मातम करें
जिनका वक्त ने खामोशी से शिकार कर लिया

आओ, इससे पहले कि इस साल की आखिरी साँसें टूटे
इससे पहले कि उसे ले जाया जाय
इतिहास की पोस्टमार्टम टेबल पर
हम इस साल का स्यापा करें
जिसने कि हमारी ख्वाहिशों को, सपनों को बाकी रखा
जिसने हमें जिंदा रखा
और दम तोड़ने से पहले
अगले साल की गोद के हवाले कर दिया

आओ हम कैलेंडर बदलने से पहले
दो मिनट का मौन रखें


 अपूर्व शुक्ल

वो कौन-सा सपना था भगत?


वह भी मार्च का कोई आज सा ही वक्त रहा होगा
जब पेड़ पलाश के सुर्ख फूलों से लद रहे होंगे
गेहूँ की पकती बालियाँ पछुआ हवाओं से सरगोशी कर रही होंगी
और चैत्र का स्निग्ध चाँद
उनींदी हरी वादियों को चांदनी की शुभ्र चादर से ढक रहा होगा
जब कोयल की प्यासी कूक
रात के दिल में किसी मीठे दर्द सी आहिस्ता से उतर रही होगी
और ऐसे बावरे बसंत में
तुमने शहादत की उँगली में
अपने नाम की अंगूठी पहना दी भगत?
तुम शहीद हो गये?
मैं हैरान होता हूँ
मुझे समझ नही आता है भगत!
जलियावाले बाग की जाफ़रानी मिट्टी में ऐसा क्या था भगत
कि तुमने सारे मुल्क में सरफ़रोशों के फ़स्ल उगा दी?

तुममें पढ़ने की इतनी लगन थी
मगर तुम्हें आइ सी एस पास कर
हाथों में हुकूमत का डंडा घुमाना गवारा न हुआ
तुम अपने शब्दों को जादुई छड़ी की तरह
जनता के सर पर घुमा सकते थे
मगर तुमने सफ़ेद, लाल, काली टोपियों की सियासत नही की
तुमने मिनिस्टर बनने का इंतजार भी नहीं किया
हाँ, तुमने जिंदगी से इतनी मुहब्बत की
कि जिंदगी को मुल्क के ऊपर निसार कर दिया!

भगत
तुम एक नये मुल्क का ख्वाब देखते थे
जिसमें कि चिड़ियों की मासूम परवाज को
क्रूर बाज की नजर ना लगे
जहाँ भूख किसी को भेड़िया न बनाये
और जहाँ पानी शेर और बकरी की प्यास में फ़र्क न करे
तुमने एक सपने के लिये शहादत दी थी, भगत!
और आज,
तुम्हारी शहादत के उनासी बरस बाद भी
मुल्क उसी कोल्हू के बैल की तरह चक्कर काट रहा है
जहाँ लगाम पकड़ने वाले हाथ भर बदल गये हैं
आज
जहाँ नेताओं की गरदन पर पड़े नोटों के एक हार की कीमत
वोट देने वाले मजदूर की
सात सौ सालों की कमाई से भी ज्यादा होती है
और जब क्रिकेट-फ़ील्ड पर उद्योगपतियों के मुर्गों की लड़ाई के तमाशे
टीवी पर बहुराष्ट्रीय चिप्स और शीतल पेयों के साथ
सर्व किये जा रहे होते हैं
तब तुम्हारा मुल्क मुँह-अंधेरे उठ कर
थके कंधों पर उम्मीदों का हल लिये
बंजर खेतों में भूख की फ़स्ल उगाने निकल जाता है
तब किसी लेबर चौराहे की सुबह
चमचम कारों के शोर के बीच
तुम्हारे मुल्क की आँखों में रोटी का सपना
एक उधड़े इश्तहार की तरह चिपका होता है
और शहर की जगमग फ़्लडलाइटों तले अंधेरे में
उसी मुल्क के खाली पेट से उसकी तंद्रिल आँखें
सारी रात भूखी बिल्लियों की तरह लड़ती रहती हैं!
और तरक्की के जिस चाँद की खातिर तुमने
कालकोठरी के अँधेरों को हमेशा के लिये गले से लगा लिया था
वह चाँद अब भी मुल्क के बहुत छोटे से हिस्से मे निकलता है
जबकि बाकी वतन की किस्मत के आस्माँ पे
अमावस की रात कभी खत्म नहीं होती.

आज जब तुम्हारा मुल्क
भूख में अपना ही बदन बेदर्दी से चबा रहा है
तुम्हारे वतन के हर हिस्से से खून टपक रहा है भगत!

मैं नहीं जानता
कि वतनपरस्ती का वह कौन-सा सपना था
जिसने तुम्हारी आँखों से
हुस्नो-इश्क, शौको-शोहरत के सपनों को
घर-बदर कर दिया
और बदले में तुमने अपनी नींद
आजादी के नाम गिरवी रख दी थी।
मुझे समझ नहीं आता भगत
क्योंकि हमारी नींदों पर अब
ई एम आई की किश्तों का कब्जा है
और अपने क्षणिक सुखों का भाड़ा चुकाने के लिये
हम अपनी सोचों का सौदा कर चुके हैं।

और आज फिर उसी मौसम में
जब कि पेड़ों पर सुर्ख पलाशों की आग लगी हुई है
गेहूँ की पकी बालियाँ खेतों में अपने सर कटा देने को तैयार खड़ी हैं
और हरी जख्मी वादियों पर
चाँदनी श्वेत कफ़न-सी बिछ रही है
बावरा बसंत फिर शहादत माँगता है
मगर महीने की तीस तारीख का इंतजार करते हुए
मुझे तेइस तारीख याद नहीं रहती है
मुझे तुम्हारी शहादत नहीं याद रहती है
क्योंकि हम अपने मुल्क के सबसे नालायक बेटे हैं
क्योंकि हम भागांवाला* नही हैं, भगत!

(भागांवाला-सौभाग्यशाली, भगत सिंह के बचपन का नाम)


कवि-अपूर्व शुक्ल

हिन्द-युग्म का वार्षिकोत्सव और विश्व पुस्तक मेला



'सम्भावना डॉट कॉम' का विमोचन करते केदारनाथ सिंह, आनंद प्रकाश और शैलेश भारतवासी

आप इस पूरे कार्यक्रम को सुन भी सकते हैं, आपको ऐसा प्रतीत होगा कि आप भी कार्यक्रम में उपस्थित हैं। नीचे के प्लेयर से सुनें-

कुल प्रसारण समय- 1 घंटा 37 मिनट । अपनी सुविधानुसार सुनने के लिए यहाँ से डाउनलोड करें।


19वाँ विश्व पु्स्तक मेला के दौरान 6 फरवरी 2010 को हिन्द-युग्म ने अपना वर्ष 2009 के वार्षिकोत्सव का आयोजन किया, जिसमें वर्ष 2009 में मासिक प्रतियोगिता यूनिकवि एवं यूनिपाठक प्रतियोगिता से चुने गये 12 यूनिकवियों को सम्मानित किया गया, 38 यूनिकवियों की प्रतिनिधि कविताओं के संग्रह 'सम्भावना डॉट कॉम' का विमोचन हुआ और कुछ यूनिकवियों का काव्यपाठ भी हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिन्दी के मूर्धन्य कवि केदारनाथ सिंह ने की। 'सम्भावना डॉट कॉम' पर टिप्पणी करने के लिए प्रसिद्ध आलोचक आनंद प्रकाश और कवि मदन कश्यप मौज़ूद थे। संचालन निखिल आनंद गिरि ने किया।

इंटरनेटीय समूह हिन्द-युग्म दिसम्बर 2008 से वार्षिकोत्सव मनाना आरम्भ किया है। इस आयोजन के माध्यम से हिन्द-युग्म अपनी गतिविधियों से इंटरनेट के बाहर की दुनिया को परिचित कराना चाहता है। वर्ष 2008 के वार्षिकोत्सव में हिन्द-युग्म ने उपस्थित दर्शकों को हिन्दी (यूनिकोड) टाइपिंग, ब्लॉग मेकिंग के बारे में जानकारी दी थी। वरिष्ठ कथाकार राजेन्द्र यादव को मुख्य अतिथि बनाया था ताकि वे भी हिन्दी की इंटरनेटीय परम्परा का करीब से साक्षात्कार कर सकें और हिन्द-युग्म को उनका मार्गदर्शन मिल सके कि इसे किस तरह से आगे बढ़ना चाहिए।

चूँकि हिन्द-युग्म साल 2010 के विश्व पुस्तक मेले में शिरकत कर ही रहा था तो तय किया गया कि इसी दौरान वर्ष 2009 का वार्षिकोत्सव मनाया जाय ताकि बहुत बड़े जन समुदाय तक अपनी पहुँच बनाई जा सके। हिन्द-युग्म ने 'इंटरनेटीय साहित्य गैरस्तरीय है' मिथक को तोड‌़ने के लिए hindyugm.com पर पिछले 4 सालों में प्रकाशित 38 सम्भावनाशील कवियों की प्रतिनिधि कविताओं को 'सम्भावना डॉट कॉम' को प्रकाशित किया, जिसका लोकार्पण वार्षिकोत्सव में ही किया जाना तय किया गया।

कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत अतिथियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट करके हुई। इसके बाद यूनिकवि अखिलेश श्रीवास्तव ने काव्यपाठ किया। अखिलेश श्रीवास्तव ने अपनी 'बहन' और 'विदर्भः कर्जे में कोंपल' कविताओं का पाठ किया। इसके पश्चात संचालक निखिल आनंद गिरि ने आकांक्षा पारे को काव्यपाठ के लिए आमंत्रित किया। आकांक्षा ने 'मुक्तिपर्व', 'औरत के शरीर में लोहा' आदि कविताओं का पाठ किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में 'सम्भावना डॉट कॉम' का विमोचन वरिष्ठ कवि केदरानाथ सिंह, प्रसिद्ध आलोचक आनंद प्रकाश और इस संग्रह के संपादक शैलेश भारतवासी ने किया। इस संग्रह में 38 नेटारूढ़ी कवियों की प्रतिनिधि कविताओं को संकलित किया गया है। इस संग्रह में हिन्द-युग्म पर प्रकाशित 6 नेपाली कविताओं का हिन्दी अनुवाद भी प्रकाशित किया गया है।

'सम्भावना डॉट कॉम' पर टिप्पणी करते हुए प्रसिद्ध आलोचक आनंद प्रकाश ने कहा कि निश्चित रूप से मेरे लिए यह नया अनुभव है। अब तक हम कविताओं को या तो किसी संकलन में पढ़ते थे या किसी पत्रिका में, लेकिन मेरे लिए यह पहली बार है कि ये कविताएँ पहले से ही नेट पर प्रकाशित हैं और हम इसे पुस्तक के रूप में देख रहे हैं। आमतौर पर लोग नये का विरोध करते हैं, लेकिन मैं इस नये प्रयोग का स्वागत करूँगा। इंटरनेट तकनीक में असीमित संभावनाएँ हैं और मेरे ख्याल से इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना होगा ताकि वे भी अपनी रचनाओं को बड़े पाठकवर्ग तक पहुँचा सकें।

उन्होंने कहा कि मैं इसी संग्रह की भूमिका से कुछ बातों का उल्लेख करना चाहूँगा जिससे मेरी बात आगे बढ़ेगी। उन्होंने भूमिका में लिखित एक वाक्य 'बाज़ार का शिकार मनुष्य' पर अपनी मतभिन्नता भी व्यक्त की और कहा कि यदि हम खुद को बाज़ार का शिकार कहते हैं तो इसका मतलब यह है कि बाज़ार एक बाहरी तत्व है, वो हमसे अलग है। मेरे ख्याल से इस पर दुबारा सोचने की ज़रूरत है।

आनंद प्रकाश ने 38 के 38 यूनिकवियों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्यक्षेत्र का बकायदा उल्लेख करते इस बात को रेखांकित किया कि इस संग्रह में संकलित लगभग सभी कवि हिन्दी साहित्य से पाठ्यक्रम के तौर पर नहीं जुड़े हैं। इसका मतलब की संवेदना की खेती करने का अधिकार केवल विश्वविद्यालयों के हिन्दी प्रोफेसरों या लिटरेचर के विद्यार्थियों को नहीं है और इस बात की पुष्टि इस संग्रह में संकलित कविताएँ करती भी हैं। आनंद प्रकाश जी ने कुछ कविताओं की पंक्तियों को पढ़कर उनकी तारीफ की और आलोचक की दृष्टि से कुछ सवाल खड़े किये, जिसमें अखिलेश श्रीवास्तव की 'विदर्भः कर्जे में कोंपल;, 'हँसी', अनुराधा श्रीवास्तव की 'नारी क्यों मौन रहती है', अपूर्व शुक्ल की 'समय की अदलत में', 'इक्कीसवीं सदी का भविष्य' आदि कविताओं की पंक्तियों का उल्लेख किया।

निखिल आनंद गिरि ने मनीष वंदेमातरम् की एक कविता 'इस फागुन मेरे गाँव ज़रूर से ज़रूर आना' का पाठ किया। कार्यक्रम को एकरसता की स्थिति से बचाने के लिए संभाषणों के बाद काव्यपाठ रखा गया था। गौतम राजरिशी ने अपनी ग़ज़ल 'चीड़ के जंगल खड़े थे देखते लाचार से' को गाकर प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मध्य में इस कार्यक्रम के एक और अतिथि कवि मदन कश्यप का आना हुआ। उनके स्वागत के बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा। इसके तुरंत बाद साल 2009 के यूनिकवियों का सम्मान हुआ। सम्मान-पत्र स्वीकार करने के लिए मुकेश कुमार तिवारी, अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, अपूर्व शुक्ल और रवीन्द्र शर्मा 'रवि' उपस्थित थे। सभी यूनिकवियों को यह सम्मान-पत्र शिवना प्रकाशन, सिहोर (म॰प्र॰) द्वारा दिया गया। सभी कवियों को सम्मान-पत्र के साथ-साथ उपहार-पत्रक भी दिये गये, जिन्हें सिहोर वापिस भेजकर यूनिकवि रु 1000 मूल्य तक की पुस्तकें इनाम स्वरूप प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कवि केदारनाथ सिंह ने कहा कि मैं इन कविताओं को एक आस्वादक(रसिक) के रूप में पढ़ना चाहूँगा। युवा कवियों का नया संकलन देखो तो जल्दी मत करो। प्रतीक्षा करो, उन्हें फलने दो, बढ़ने दो। आलोचना के मूल्य और मापदंड प्रतीक्षा करें। ये कविताएँ इक्कीसवीं सदी की आवाज़ें हैं, नई आवाज़ें हैं, मैं इन्हें उँगली नहीं दिखाऊँगा, मैं इनका स्वागत करूँगा।

केदारनाथ जी ने आगे कहा पिछले साठ-पैसठ वर्ष से मैं कविता को देख-पढ़-समझ रहा हूँ, लेकिन जब मैंने इन कविताओं की भाषा और उसके तेवर को देखा तो थोड़ा चौका कि जो प्रसाद-पंत-निराला के समय की भाषा थी, और जो आपकी भाषा है, कितनी लम्बी छलांग है। हिन्दी भाषा तो पिछले 100 सालों में बनी है, कविता की भाषा तो अब तैयार हुई है। मुझे लगता है कि आपके पास कविता लिखने के लिए भाषा तैयार है। आपकी कविताओं का तेवर अलग है, कहने के अंदाज़ में थोड़ा नयापन है, पृथक हैं आप। इस संग्रह में कई धरातल की कविताएँ हैं। कई तरह की शैलियाँ हैं। जब कविताएँ आपका हाथ पकड़ लें, जाने न दें तो समझो कि कविता सफल है। इस संग्रह की कई कविताओं ने मुझे रोका-टोका। कुछ ऐसे कवि जिनमें खास तरह की प्रौढ़ता दिखाई पड़ती है। नाम तो कई हैं, लेकिन मैं खास तौर से गौरव सोलंकी की चर्चा करना चाहूँगा। इनकी कविताओं में क्षितिज तक पहुँचने के बाद की प्रौढ़ता का एहसास होता है।

अपने वक्तव्य में केदारनाथ सिंह ने गौरव सोलंकी की कविता 'जरा सी अनपढ़ता और बहुत सारी बेवकूफी के लिए' और पावस नीर की कविता 'जुलाई का पहला हफ्ता' को उपस्थित दर्शकों को पढ़कर भी सुनाया। (अपनी टिप्पणियों के साथ)

कार्यक्रम के अगले चरण में उमेश पंत ने 'कश्मीर' कविता, अपूर्व शुक्ल ने 'समय की अदालत में' कविता और देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने 'आयल वेलेन्टाइन' कविता का पाठ किया।

अंत में हिन्द-युग्म के वरिष्ठ सदस्य प्रेमचंद सहजवाला ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में हिन्द-युग्म के सदस्यों के अलावा हास्य कवयित्री सरोजिनी प्रीतम, विदेश से हिन्दी साहित्य साधना में रत युवा कवयित्री कविता वाचक्नवी जैसे गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

तस्वीरों में-


कार्यक्रम की शुरूआत पहले मंच सजाते हिन्दयुग्मी


संचालक निखिल आनंद गिरि


कार्यक्रम की शुरूआत में उपस्थित दर्शक


मंच पर अतिथियों को बिठाते सफादक शैलेश भारतवासी


केदारनाथ सिंह और आनंद प्रकाश


दर्शक


दर्शक


मुख्य अतिथि केदारनाथ सिंह को स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट करतीं नीलम मिश्रा


मुख्य वक्ता आनंद प्रकाश को स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट करतीं आकांक्षा पारे


काव्यपाठ करते यूनिकवि अखिलेश कुमार श्रीवास्तव


काव्यपाठ करतीं युवाकवयित्री आकांक्षा पारे


विमोचनोपरांत सम्भावना डॉट कॉम पर अपने हस्ताक्षर दर्ज करते मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता


सम्भावना डॉट कॉम की सहस्ताक्षरित प्रति ग्रहण करते युवा कवि प्रमोद कुमार तिवारी


अपना वक्तव्य देते आनंद प्रकाश


काव्यपाठ करते मेजर गौतम राजरिशी


यूनिकवि सम्मान ग्रहण करते मुकेश कुमार तिवारी


यूनिकवि सम्मान ग्रहण करते अपूर्व शुक्ल


यूनिकवि सम्मान ग्रहण करते रवीन्द्र शर्मा रवि


यूनिकवि सम्मान ग्रहण करते अखिलेश कुमार श्रीवास्तव


काव्यपाठ करते देवेन्द्र कुमार पाण्डेय

इक्कीसवीं सदी का भविष्य


रंगीन ग्राफ़-चार्ट्स में, पाँच-सितारा मीटिंगों में
तलाशते हैं कार्पोरेट हाउस
विद्वत्ता-पुते मुखों से टपकते बृह्म-वाक्यों मे,
सालाना आँकड़ों मे
जिसे सूँघता है मीडिया
महँगी सरकारी बहसों मे
खोजती है संसद
हर प्रगतिशील, समाजवादी, पूँजीपति, बुद्धिजीवी
को तलाश है जिस की
वह
इक्कीसवीं सदी का भविष्य
जा छुपा है
नौ साल की उस मासूम बच्ची के सर पर रखी
मिट्टी की रिसती गागर में
जिसे भर कर ला रही है वह
तीन कोस दूर के उस जोहड़ से
जो इस इलाके का अकेला जलस्रोत है
और जिसका अधीरता से इंतजार करती हैं
कुछ जोड़ी
अधेड़-बूढ़ी प्यास से सूखी आँखें
बुझा-बुझा सा चूल्हा
कमजोर सी बकरी,
मुरझाया तुलसी का बिरवा

कड़ी धूप मे
रूखे-उलझे बालों मे बँधी
अधखुली बाँयी चोटी के चीकट लाल रिबन से
बूँद-बूँद टपकता बचपन
किसी टीवी स्क्रीन को नही भिगोता है
बाँयीं हँथेली की आड़ से
आँखो मे चुभती गुस्सैल धूप, उड़ती धूल से लड़ते हुए
दाँये अनपढ़ हाथ से थमी गागर की थरथराहट
किसी ग्राफ़-चार्ट मे दर्ज नही हो पाती
और
किसी सरकारी बहस का हिस्सा नही बन पाती है
सूखे ऊबड़-खाबड़ रास्ते के
बेदर्द पत्थरों से लड़ते
नन्हे पाँवों की थकान

इन कच्चे-अनपढ़ हाथों मे थमी
रिसते बचपन की गागर से
छलकता इक्कीसवीं सदी का भविष्य
सूखे रास्ते की धूप-धूल-पत्थरों को पार कर
क्या पहुँच पायेगा अपने घर तक
और क्या बुझा पायेगा
प्यासे अधेड़ वर्तमान की प्यास
इक्कीसवीं सदी का यह सबसे बड़ा सवाल है
जिसका जवाब
न तो कार्पोरेट हाउसों के ग्राफ़-चार्ट्स को पता है
जो न ही मीडिया के सालाना आँकड़ों मे मिलता है
और जिसके जवाब में चुप हैं
संसद की मँहगी सरकारी बहसें
और हम !

अपूर्व शुक्ल

बसंत का गीत


कौन सा
अनजाना गीत है वह
जिसे
चैत्र की भीगी भोर में
चुपके से गा देती है
एक ठिगनी, बंजारन चिड़िया
विरही, पत्र-हीन, नग्न वृक्ष
के कानों मे
कि गुलाबी कोंपलों की
सुर्ख लाली दौड़ जाती है
उदास वृक्ष के
शीत से फटे हुए कपोलों पे
और शरमा कर
नये पत्तों का स्निग्ध हरापन
ओढ़ लेता है वृक्ष
खोंस लेता है जूड़े में
लाल-पीले फूलों की स्मित हँसी
लचकती, पुनर्यौवना शाखाओं को
कंधों पर उठा कर
समुद्यत हो जाता है
उत्तप्त ग्रीष्म के दाह मे
जलने के लिये
क्रोधित सूर्य के कोप से आदग्ध
पथिकों को
आँचल मे शरण देने के लिये

सिर्फ़ बसंत मे जीना
बसंत को जीना
ही तो नही है जिंदगी
वरन्‌
क्रूर मौसमों के शीत-ताप
सह कर भी
उतनी ही शिद्दत से
बसंत का इंतजार करना
भी तो जिंदगी है

हाँ यही तो गाती है
ठिगनी बंजारन चिड़िया
शायद

यूनिकवि- अपूर्व शुक्ल

गुमशुदा चीजों के प्रति


तमाम गैरजरूरी चीजें
गुम होती जाती हैं घर में, दबे पाँव
हमारी बेखबर नज़रों की मसरूफ़ियत से परे
जैसे बाबू जी की एच एम टी घड़ी
अम्मा का मोटा चश्मा
उनके जाने के बाद
खो जाते हैं कहीं
पुराने जूते, बूढ़े फ़ाउन्टेन पेन, पुरानी बारिशों की गंध
हमारी जिंदगी की अंधी गलियों में

हर जगह कब्जा करती जाती हैं
हमारी चौकन्नी जरूरतें, लालसायें
अलमारी में
पीछे खिसकते जाते हैं
करीने से रखे कॉमिक्स, जीती हुई गेंदे,
पुरानी डायरीज्‌, मर्फ़ी का रेडियो
बिस्मिला खाँ
शायद
किसी भूली हुई पुरानी किताब में सहेजे रखे हों
किसी बसंत के सूखे फूल, तितलियों के रंगीन पर, एक मोरपंख,
बचपन की उम्र
किसी कोने में औंधा लेटा हो, रूठा हुआ
धूल भरा गंदला टैडी बियर
सालों लम्बी उम्मीद में
कि कोई मना लेगा आ कर उसे
या अभी भी किसी बंद दराज में रखे हों, सुरक्षित
कँवारे डाकटिकट, एंग्री यंग-मैन के स्टिकर्स, टूटी बाँसुरी
पच्चीस पैसे के सिक्के,
ढूँढ़ लिये जाने की बाट जोहते हुए
शायद किसी गुफ़ा में आज भी टंगा हो
सोने के पिँजड़े में बन्द तोता
जिसमे थी उस भयानक राक्षस की जान
जिससे डरना हमें अच्छा लगता था

दुनियादारी के मेले में
एक-एक कर बिछड़ते जाते हैं हमसे
बचपन के दोस्त, लूटी हुई पतंगें, जीते हुए कंचे
रंगीन फ़िरकियाँ, शरारती गुलेलें
परी की जादुई छड़ियाँ
मकानों के कंधों पे सवार मकानों के झुण्ड में
अब नहीं उझकता है, छत पर से चालाक चंदा
अब नहीं पसरती आँगन में, जाड़े की आलसी धूप
धुँधले होते जाते हैं धीरे-धीरे
बाबा की तस्वीर के चटख रंग
दादी की नज़र की तरह
हमारी आँखों को परिधि से परे

ख्वाबों के रंग बदलते जाते हैं एक-एक कर
बदलते मौसमों के साथ
बदलती ज़रूरतों के साथ
और एक-एक कर
आँखों की देहलीज से बाहर चले जाते हैं, सिर झुकाए
गुजिश्ता मौसमों के रंग
कुछ महकते हुए रूमाल
खट्टी इमली का चरपरा स्वाद
हमें घेर कर रखता है टी वी का कर्कश शोर
और हमारे जेहन की साँकलें बजा कर लौट जाती हैं वापस
न जाने कितनी पूनम की रातें
पूरब की कितनी हवाएं
चैत्र की कितनी ओस-भीगी सुबहें
बेसाख्ता बारिशें
लाल घेरों में कैद रह जाती हैं तारीखें
और बदल दिये जाते हैं कैलेंडर


दरअस्ल
यह विस्मृति का गहरा रिसाइकल बिन है
आपाधापी का गहन ब्लैक-होल
जिसमे समाती जाती हैं सारी गैर-जरूरी चीज़ें
और हमें ख़बर नहीं होती
हमें पता नहीं चलता
और किसी दिन यूँ ही
विस्मृति के गहरे रिसाइकिल बिन में
आपाधापी के गहन ब्लैक-होल में
समा जाएंगे हम भी
और दुनिया को खबर नहीं होगी
दुनिया को पता नहीं चलेगा

और बदल दिया जाएगा कैलेंडर।

यूनिकवि- अपूर्व शुक्ल

जमीन की कोख में तेल खोजता कवि और आयुध बनाता पाठक (परिणाम)


साहित्य समय का साक्षी होता है, फिर चाहे इसकी विधा कोई भी हो। हम यूनिकवि प्रतियोगिता के माध्यम से जिन कविताओं की शिनाख़्त करते हैं उसमें भी नदी की तरह बह रहे समय का दस्तावेज़ हैं। यूनप्रतियोगिता के 34वें आयोजन में 54 कवियों ने भाग लिया।

पिछले महीने से हमने निर्णय प्रक्रिया जो बदलवा किया था, उसे ज़ारी रखते हुए पहले चरण में 3 निर्णायक और दूसरे चरण में 3 निर्णायक निश्चित किये गये। पहले चरण के तीनों जजों से कहा गया कि वे अपनी पसंद की 12 कविताएँ हमें दें। इस प्रकार कुल 22 कविताओं को दूसरे चरण में स्थान मिला। दूसरे चरण में 3 निर्णायकों ने अपन-अपनी पसंद की 10 कविताएँ भेजी, जिसमें अपूर्व शुक्ल की कविता 'समय की अदालत में' को सर्वश्रेष्ठ कविता चुना गया। यह कविता सभी 6 निर्णायकों की पसंद रही। एक निर्णायक ने तो यहाँ तक कह डाला कि यह सुखद आश्चर्य है कि हिन्द-युग्म पर इस तरह की कविताएँ आ रही हैं। हिन्द-युग्म का भविष्य उज्ज्वल है।

यूनिकवि- अपूर्व शुक्ल

पैदाइश कानपुर में हुई। उ॰ प्र॰ के एक छोटे से शहर शाहजहाँपुर के और भी छोटे से गाँव के एक सामान्य से पुरोहित परिवार से तअल्लुक रखते हैं। बेहद बचपन में चित्रकथाओं के रंग-बिरंगे चरित्रों से संवाद करने के लिये झटपट पढ़ना सीखे। तब से हर्फ़ों से बना यह रिश्ता सफ़हे-दर-सफ़हे, साल-दर-साल जारी है।
पढ़ाई का सिलसिला भी लम्बा और बिना पतवार की किश्ती के सफ़र की तरह रहा। लखनऊ यूनिवर्सिटी से फिजिक्स में एम. एस. सी. करने के बाद आई. आई. टी. रुड़की से इंस्ट्‍रूमेन्टेशन में एम. फिल. किया। तत्पश्चात आई. आई. टी. खड़गपुर से सिस्मोलॉजी में एम. टेक पूरा किया। अभी फिलहाल एक बहुराष्ट्रीय ऑयल कम्पनी के लिये जमीन की कोख में तेल के अनुसंधान में रत हैं। बागों के शहर बेंगलुरू की शाखों पर फुदक रहे हैं। कल का पता नहीं, विचलित मन किस धार में इन्हें बहा ले जाये।
पढ़ने का यह शौक नशे की तरह हरदम रहा। बचपन में रास्ते मे पड़े अखबारों के टुकडों से लेकर नेट पे ब्लॉगजगत तक क्या-क्या पढ़ गये, खुद भी खबर नहीं। पिछले 2-3 सालों में जरूर फ़िल्मों के शौक ने किताबों से वक्त को चुरा लिया। हाँ मगर कलम-घिसाई का शौक बस दो माह पुराना है। वह भी नेट पर अपना चिट्ठा बनाने के बाद। इसलिये कहीं और छपने का सवाल नहीं उठता। साहित्यिक प्रतियोगिता का भी यह प्रथम अनुभव है। तब से अंतरतम के अंधेरे मे भटके अव्यक्त भावों को कलम की रोशनी मे शब्दों की पनाह मे लाने के लिये प्रयासरत हैं। हाँ मगर मूलतः एक पाठक हैं।

यूनिकविता- समय की अदालत में

क्षमा कर देना हमको
ओ समय !
हमारी कायरता, विवशता, निर्लज्जता के लिये
हमारे अपराध के लिये
कि बस जी लेना चाहते थे हम
अपने हिस्से की गलीज जिंदगी
अपने हिस्से की चंद जहरीली साँसें
भर लेना चाहते थे अपने फेफड़ों मे
कुछ पलों के लिये ही सही
कि हमने मुक्ति की कामना नही की
बचना चाहा हमेशा
न्याय, नीति, धर्म की परिभाषाओं से
भागना चाहा नग्न सत्य से.

कि हम अपने बूढे अतीत को
विस्मृति के अंधे कुँए मे धकेल आये थे
अपने नवजात भविष्य को गिरवी रख दिया था
वर्तमान के चंद पलों की कच्ची शराब पी लेने के लिये,
बॉटम्स अप !
कि हम बस जी लेना चाहते थे
अपने हिस्से की हवा
अपने हिस्से की जमीन
अपने हिस्से की खुशी
नहीं बाँटना चाहते थे
अपने बच्चों से भी

कि हम बड़े निरंकुश युग मे पैदा हुए थे
ओ समय
उस मेरुहीन युग में
जहाँ हमें आँखें दी गयी थीं
इश्तहारों पर चिपकाये जाने के लिये
हमें जुबान दी गयी थी
सत्ता के जूते चमकाने के लिये
और दी गयी थी एक पूँछ
हिलाने के लिये
टांगों के बीच दबाये रखने के लिये

कि जिंदगी की निर्लज्ज हवस मे हमने
चार पैरों पर जीना सीख लिया था
सीख लिया था जमीन पर रेंगना
बिना मेरु-रज्जु के
सलाखों के बीच रहना,
कि हमें अंधेरों मे जीना भाता था
क्योंकि सीख लिया था हमने
निरर्थक स्वप्न देख्नना
जो सिर्फ़ बंद आँखों से देखे जा सकते थे
हमें रोशनी से डर लगने लगा था
ओ समय !

जब हमारी असहाय खुशियाँ
पैरों मे पत्थर बाँध कर
खामोशी की झील मे
डुबोयी जाती थीं,
तब हम उसमे
अपने कागजी ख्वाबों की नावें तैरा रहे होते थे

ओ समय
ऐसा नही था
कि हमें दर्द नही होता था
कि दुःख नही था हमें
बस हमने उन दुःखों मे जीने का ढंग सीख लिया था
कि हम रच लेते थे अपने चारो ओर
सतरंगे स्वप्नो का मायाजाल
और कला कह देते थे उसे
कि हम विधवाओं के सामूहिक रुदन मे
बीथोवन की नाइन्थ सिम्फनी ढूँढ लेते थे
अंगछिन्न शरीरों के दृश्यों मे
ढूँढ लेते थे
पिकासो की गुएर्निक आर्ट
दुःख की निर्जल विडम्बनाओं मे
चार्ली चैप्लिन की कॉमिक टाइमिंग
और यातना के गहन क्षणों मे
ध्यान की समयशून्य तुरीयावस्था,
जैसे श्वान ढूँढ़ लेते हैं
कूड़े के ढेर मे रोटी के टुकड़े;

कि अपनी आत्मा को, लोरी की थपकियाँ दे कर
सुला दिया था हमने
हमारे आत्माभिमान ने खुद
अपना गला घोंट कर आत्महत्या कर ली थी

हम भयभीत लोग थे
ओ समय !
इसलिये नही
कि हमें यातना का भय था,
हम डरते थे
अपनी नींद टूटने से
अपने स्वप्नभंग होने से हम डरते थे
अपनी कल्पनाओं का हवामहल
ध्वस्त होने से हम डरते थे,
उस निर्दयी युग मे
जब कि छूरे की धार पर
परखी जाती थी
प्रतिरोध की जुबान
हमें क्रांति से डर लगता था
क्योंकि, ओ समय
हमें जिंदगी से प्यार हो गया था
और आज
जब उसकी छाया भी नही है हमारे पास
हमें अब भी जिंदगी से उतना ही प्यार है!


पुरस्कार और सम्मान- शिवना प्रकाशन, सिहोर (म॰ प्र॰) की ओर से रु 1000 के मूल्य की पुस्तकें तथा प्रशस्ति-पत्र। प्रशस्ति-पत्र वार्षिक समारोह में प्रदान किया जायेगा। नवम्बर माह के अन्य तीन सोमवारों की कविता प्रकाशित करवाने का मौका।


इनके अतिरिक्त हम जिन अन्य 9 कवियों की कविताएँ प्रकाशित करेंगे तथा उन्हें हम डॉ॰ महेश चंद्र गुप्ता 'ख़लिश' की ओर से इनके ही पहले ग़ज़ल-संग्रहमाज़ी की परतों से की एक-एक प्रति भेंट करेंगे, उनके नाम हैं-

मनोज कुमार
अखिलेश श्रीवास्तव
शोभना मित्तल
एम वर्मा
रवींद्र शर्मा 'रवि'
विनोद कुमार पांडेय
डॉ॰ अनिल चड्डा
लता हया
अंकित सफ़र


हम शीर्ष 10 के अतिरिक्त भी बहुत सी उल्लेखनीय कविताओं का प्रकाशन करते हैं। इस बार हम निम्नलिखित 8 कवियों की कविताएँ भी एक-एक करके प्रकाशित करेंगे-

अनामिका
सुमीता प्रवीण
चन्द्रकान्त सिंह
डॉ॰ मीना अग्रवाल
दीपाली पंत तिवारी 'दिशा'
साबिर "घायल"
आशीष 'अक्स'
सुजीत कुमार 'सुमन'


उपर्युक्त सभी कवियों से अनुरोध है कि कृपया वे अपनी रचनाएँ 30 नवम्बर 2009 तक अनयत्र न तो प्रकाशित करें और न ही करवायें।

पाठकों की बात करें तो बहुत से नये पाठक रोज़ाना हिन्द-युग्म से जुड़ रहे हैं। बहुत से पाठक जिनकी छाप पाठक-संख्या के आगे बढ़ जाने से पता चल जाती है, हमें पढ़ते रहते हैं और ईमेल द्वारा अपनी प्रतिक्रियाएँ भेजते रहते हैं। कुछ पाठक सीधे तौर पर हमें टिप्पणियाँ करते हैं और अच्छा-बुरा बताते हैं। इससे हमें और अधिक शक्ति मिलती है। ऐसे ही एक पाठक हैं मनोज कुमार, जिन्हें हमने इस बार का यूनिपाठक चुना है।

यूनिपाठक- मनोज कुमार

जन्म – बिहार के समस्तीपुर ज़िले मे 25 अगस्त 1962 में
शिक्षा – जन्तु विज्ञान में स्नातकोत्तर (एम.एस.सी इन ज़ूऑलजी)
पेशा – रक्षा मंत्रालय के आयुध निर्माणी बोर्ड, कोलकाता में निदेशक पद पर कार्यरत
अपनी भावनाएं और विचार बांट सकें, इसलिए लिखते हैं। कोई खास विधा से बंधे नहीं हैं। कविती, लेख, कहानी, लधुकथा आदि। देश की कई पत्र-पत्रिकाओं में छपी हैं।

पुरस्कार और सम्मान- डॉ॰ महेश चंद्र गुप्ता 'ख़लिश' की ओर से इनके ही पहले ग़ज़ल-संग्रहमाज़ी की परतों से की एक प्रति तथा प्रशस्ति-पत्र।

इस बार हमने दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान के विजेता पाठकों के लिए हमने क्रमशः विनोद कुमार पांडेय, श्याम और सुमिता प्रवीण को चुना है। इन तीनों विजेताओं को भी <डॉ॰ महेश चंद्र गुप्ता 'ख़लिश' की ओर से इनके ही पहले ग़ज़ल-संग्रहमाज़ी की परतों से की एक-एक प्रति भेंट की जायेगी।

हम उन कवियों का भी धन्यवाद करना चाहेंगे, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाया। और यह गुजारिश भी करेंगे कि परिणामों को सकारात्मक लेते हुए प्रतियोगिता में बारम्बार भाग लें। इस बार शीर्ष 15 कविताओं के बाद की कविताओं का कोई क्रम नहीं बनाया गया है, इसलिए निम्नलिखित नाम कविताओं के प्राप्त होने से क्रम से सुनियोजित किये गये हैं।

मुहम्मद अहसन
दिलशेर 'दिल'
शामिख फ़राज़
रामनिवास 'इंडिया'
डा.कमल किशोर सिंह
प्रदीप वर्मा
अजय दुरेजा
दीपक 'मशाल'
गिरिजेश राव
संगीता सेठी
कमलप्रीत सिंह
ममता दुबे
अभिषेक कुशवाहा
अखिलेश श्रीवास्तव
नितिन जैन
कविता रावत
राजेशा
पुनीत सिन्हा
अजय सोहनी
नीलेश माथुर
नीति सागर
अरविन्द कुरील
आलोक उपाध्याय
माधव माधवी
राकेश कौशिक
नवनीत नीरव
मृत्युंजय साधक
दीपक कुमार वर्मा
अम्बरीष श्रीवास्तव
शन्नो अग्रवाल
रतन कुमार शर्मा
वर्षा सिंह
डा. सुरेख भट्ट
अमर बरवाल 'पथिक'
सुजीत कुमार "जलज"
सुफियान अश्वनी
रवि मिश्रा