फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

भूले से भी खादी को महान मत समझो


सुजीत कुमार सुमन लम्बे समय से हिन्द-युग्म पर कविताएँ भेजते रहे हैं। लगातार अच्छा लिखने की कोशिश कर रहे हैं।

कविता- मत समझो

गर कहा मानो मेरा किसी को भगवान मत समझो
किसी की सादगी को तुम महज पहचान मत समझो

बहुत कांटे हैं राहों में सुमन के वेश में देखो
है मुश्किल ये डगर इसको आसान मत समझो

साधते जाओ जहां तक सको साध हित अपना
कभी रिश्तों को राहों का व्यवधान मत समझो

वो और था गांधी फिरा करता था खद्दर में
भूले से भी खादी को महान मत समझो

खताएं वो भी करते हैं कद ऊंचा है जिनका
तुम उनकी बातों को कभी फरमान मत समझो

अगर पाना तुम्हें भी हो जगह ऊंची जमाने में
उठाओ जूतियां उनकी कभी अपमान मत समझो

कहा जो भी अभी मैंने तर्जुबा कच्चे वय का है
पर बात है सच्ची मुझे नादान मत समझो।

बेटी! तेरी इस मुस्कान ने मेरी सारी पीड़ा हर ली


आज हमने मनीष मिश्र द्वारा लिखी 'बेटी' विषय पर दो छोटी कविताएँ प्रकाशित की है। प्रतियोगिता की पंद्रहवीं कविता भी इसी विषय पर है जिसे लिखा है दीपाली पंत तिवारी ने।

कविता- बेटी

देखती थी तुझे मैं अब तक कल्पनाओं में
हँसती-इठलाती
नन्हें कदमों से चलती, गिर जाती
किन्तु आज तूने पाया है आकार
मेरी कल्पनायें हुयी साकार
बेटी! तेरी इस मुस्कान ने
मेरी सारी पीड़ा हर ली
दिया मुझे नया जीवन
मेरी दुनिया रोशन कर दी
आ छुपा लूँ तुझे अपनी बाँहों में
चलना सिखलाऊँ जीवन की राहों में

माँ! तू जनम तो देती!


प्रतियोगिता की चौदहवीं कविता डॉ॰ मीना अग्रवाल की है, जिनका परिचय हमारे पास उपलब्ध नहीं है।

कविता- अजन्मी बिटिया के मन की पुकार

सपने में आई
ठुमकती-ठुमकती
रुनझुन करती
शरमाई,सकुचाई
नन्ही-सी परी
धीरे से बोली
माँ के कान में
माँ! तू मुझे जनम तो देती
मैं धरती पर आती
मुझे देख तू मुस्कुराती
तेरी पीड़ा हरती
दादी की गोद में
खेलती-मचलती
घुटवन चलती
खुशियों से बाबुल की
झोली मैं भरती
पर जनम तो देती
माँ! तू जनम तो देती!

मैयाँ-मैयाँ चलती
बाबुल के अँगना में
डगमग डग धरती
घर के हर कोने में
फूलों-सी महकती
घर की अँगनाइयों में
रिमझिम बरसती
माँ-बापू की
दुलारी मैं बनती
पर जनम तो देती
माँ! तू जनम तो देती!

तोतली बोली में
चिड़ियों को बुलाती
दाना चुगाती
उनके संग-संग
मैं भी चहकती
दादी का भी
मन बहलाती
बाबा की मैं
लाडली कहाती
पर जनम तो देती
माँ! तू जनम तो देती!

आँगन बुहारती
गुड़ियों का ब्याह रचाती
बाबुल के खेत पर
रोटी पहुँचाती
सबकी आँखों का
सितारा मैं बनती
पर जनम तो लेती
माँ! मैं जनम तो लेती!

ऊँचाइयों पर चढ़ती
धारा के साथ-साथ
आगे को बढ़ती
तेरे कष्टों को
मैं दूर करती
तेरे तन-मन में
दूर तक उतरती
जीवन के अभावों को
भावों से भरती
तेरे जीवन की
आशा मैं बनती
पर जनम तो देती
माँ! तू जनम तो देती!

ओढ़ चुनरिया
बनती दुल्हनियाँ
अपने भैया की
नटखट बहनियाँ
ससुराल जाती तो
दोनों कुलों की
लाज मैं रखती
देहरी दीपक बन
घर को
जगमग मैं करती
सावन में मेह बन
मन-आँगन भिगोती
भैया की कलाई की
राखी मैं बनती
बाबुल के
तपते तन-मन को
छाया मैं देती
पर जनम तो देती
माँ! जनम तो देती!

माँ बनती तो
तेरे आँगन को
खुशियों से भरती
बापू की आँखों की
दृष्टि बनकर
रोशनी लुटाती
तेरे आँगन का
बिरवा बनकर
तेरी बिटिया बनकर
माटी को मैं
चन्दन बनाती
दुख दूर करती
सुख के गीत गाती
माँ-बापू के बुढ़ापे की
लकड़ी बनकर
डगमग जीवन का
सहारा मैं बनती
उदास मन को
दिलासा मैं देती
पर जनम तो लेती
मैं जनम तो लेती
माँ! जनम तो देती
तू मुझे जनम तो देती

इस व्यवस्था को हवा का एक झोंका चाहिए


प्रतियोगिता की सोलहवीं कविता के रचयिता साबिर 'घायल' का जन्म मध्य प्रदेश के दातिया शहर में एक किसान मुस्लिम परिवार में हुआ। मूलरूप से भिंड ज़िले की लहार तहसील के ग्राम लपवाहा के निवासी हैं। साहित्य इन्हें विरासत में नहीं मिला क्योंकि इनके परिवार का साहित्य या शायरी से कभी कोई संबंध नहीं रहा। इसकी शुरूआत इनसे ही ही हुई है। इन्हें शायरी का शौक बहुत कम उम्र में ही लग गया था लेकिन शेर कहने की सलाहियत अभी कुछ सालों से ही पैदा हुई है। जिसे ये लगातार सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।

इन्होंने बी.कॉम तक शिक्षा ग्रहण की है। वर्तमान में ये एक रियल एस्टेट कंपनी के सी एम डी हैं जो हाइयर डेवेलपर्स लिमिटेड के नाम से जानी जाती है।

कविता- ग़ज़ल

कौन सुनता है मेरी फरियाद इस सरकार में।
हसरतों की लाश लेकर जाऊँ किस दरबार में।

कौन कहता है की हम आज़ाद-ओ खुद मुख्तार हैं,
बिक रहे हैं कितने युसुफ आज भी बाज़ार में।

जिन को पढ़ कर खौल उठता है लहू इंसान का,
ऐसी ख़बरें छप रही हैं रोज़ ही अखबार में।

इस व्यवस्था को हवा का एक झोंका चाहिए,
क्या बचा बाकी है अब इस रेत की दीवार में।

जब मिलेंगे देख लेंगे जंग के मैदान में,
ज़ोर कितना है तुम्हारी ज़ुल्म की तलवार में।

ऐसे रहबर अब नहीं चाहिए "घायल" हमें,
काफ़िले को छोड़ कर चल दे जो मझधार में।

मैं सहराओं में इतने अश्क ज़ाया करके आई हूँ


प्रतियोगिता की नौवीं कविता की रचयित्री लता हया कविता की मंचीय परम्परा का नामचीन सितारा हैं। एक हिन्दू ब्राह्मण मारवाड़ी परिवार में जन्म लेकर उर्दू अदब के मंचीय खानदान तक पहुँच को आसान बनाने का श्रेय लता को जाता है। अलिफ़ लैला, कृष्णा, कुंती, औरत, अमानत, जय संतोषी माँ, कस्तूरी, कशमकश, अधिकार जैसे कई टी. वी. सिरिअल्स में काम किया। डी.डी -1 पर आने वाले धारावाहिक 'कसक' में, कलर्स पर आने वाले सीरियल 'मेरे घर आई एक नन्हीं परी' और ईटीवी-उर्दू पर आने वाले धारावाहिक 'सवेरा' में भी अभिनय कर रही हैं। इतनी सफलता के बाद भी हया मानती हैं कि इनकी रूह को शायरी से ही सुकून मिला। इनका बचपन जयपुर में गुज़रा।

पुरस्कृत ग़ज़ल

हुकूक अपने समझना मेरी आदत मेरी फितरत है
ये आदत तो ज़माने की निगाहों में बगावत है
ज़रा ज़हरे-सदाक़त पी के देखो तुम भी नक्कादों
यहाँ सुकरात बनना इक सजा है इक हिमाकत है
अकेले दम मैं ये तजवीज़ उनकी मुस्तरद कर दूं
जो ये कहते हैं औरत को पनाहों की ज़रूरत है
दरो-दीवार भी हस्सास हों घर हो तो ऐसा हो
फ़क़त बेजान से कमरों की मुझको क्या ज़रूरत है
मैं सहराओं में इतने अश्क ज़ाया करके आई हूँ
मेरी आँखों को अब बहते हुए पानी से नफ़रत है
हुनर तो भीख मांगे है पहन कर मल्गज़े कपड़े
यहाँ जो बेहुनर बेइल्म हैं उनकी सियासत है
मैं उस तकरीब में शामिल नहीं होती जो बेजा हो
जहाँ तहज़ीब फैशन है ताल्लुक इक तिजारत है
हया हुर्मत भी है, इस्मत भी है, गैरत भी, ज़ीनत भी
यही उसकी हिकायत है, यही उसकी हक़ीक़त है

शब्दार्थ-
हुकूक -हक, ज़हरे-सदाक़त- सच का ज़हर, तजवीज़ -प्रस्ताव, हस्सास- संवेदनशील
मल्गज़े- मैले कुचैले, तकरीब- उत्सव, तिजारत- व्यापार, नक्काद- आलोचक, मुस्तरद- रद्द


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।

मुश्किल है कविता में ढलना


प्रतियोगिता की तेरहवीं कविता के रचनाकार चन्द्रकांत सिंह हिन्द-युग्म से काफी समय से जुड़े रहे हैं, लेकिन पहली बार इनकी कविता प्रकाशनार्थ चयनित हुई है। 1 जून 1984 को सोनभद्र (उ॰प्र॰) में जन्मे चन्द्रकांत जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से एम॰ फिल की पढ़ाई कर रहे हैं। कविता-लेखन और योग में रुचि रखने वाले युवा कवि चंद्रकांत की कविताएँ ‘वाक्’, ‘समय-सरोकार’, ‘शब्दयोग’, ‘युद्धरत आम आदमी’ में प्रकाशित हो चुकी हैं।

कविता- कठिन होता है

कितना कठिन होता है
कविता में हँसना
कविता में रोना
कविता में गाना
कविता में सोना
कविता में जागना
हथलगी देखी
मुंहलगी देखी
दिल्लगी देखी
अब नहीं चाहता कुछ देखना
बन जाना चाहता हूँ
कब्र के ऊपर उगती घास
बदल जाना चाहता हूँ
दुनिया की सबसे महीन चीज में
जिसे निकियाना धकियाना
आसान न हो
न हो

न हो
जिसे खाक में मिला पाना
ज़रूरी है कि मैं कविता बन जाऊँ
अपने समय की तेज कविता
सच को
झूठ को
काली को
पीली को
नीली को
उसके होनेपन के साथ
खोलकर रख देने वाली कविता
कैसे मैं बन पाऊंगा कविता
क्या संभव है कि मैं बन सकूं
जीती जागती कविता

सब कुछ तो बिकता है
दियासलाई
दु:साध्य दवाई
लैनू मलाई
नकली भाई
इस लेनदेन के व्यापार में
खाली हाथ लिए टहलता हूं
आश के जुगनुओं की टिमटिमाहट के बीच
परान जलाता हूं
खुद को पकाता हूं
खाता हूं बासी भात
अगले ही पहर
काम की तलाश में
यहाँ से वहाँ फिरता हूं मारा मारा
हकासा पियासा
हालत से पस्त हूं
दिल से मस्त हूं
अब तो चाहता हूं
खुद को दफन कर दूं
शब्दों की क्यारी में
खुद की रोपूं मैं पौध
काम आसां नहीं
जान जा सकती है
बैठे बिठाए
अकड़ सकते हैं पैर
दो डग चलना भी नागवार हो सकता है
जो भी हो
चाहे मैं मारा जाऊं
चाहे हार जाऊं समर
नहीं परवाह अब
नहीं
नहीं परवाह
चलता ही जाऊंगा
कंकड़ीली राह पर
बिल्कुल अकेले
दोनों अपने हाथ फेंके
आज मैं जान चुका हूं
हां पहचान चुका हूं
कूबत हो आदमी में
अंतिम सांस तक भिड़ने की क्षमता हो
तो नहीं
बिल्कुल नहीं
मुश्किल है कविता में ढलना
एक बार कविता में जाने के बाद
आदमी बदल देता है
बहुत कुछ
जिसे बदलना
नामूमकिन सा दिखता है
दुनियावी बाजार में

ख़ुशी-ख़ुशी जिया करें


अक्टूबर 2009 की यूनिकवि प्रतियोगिता के 10वें के रचनाकार अंकित जोशी "सफ़र", मूलत पंतनगर, उत्तराखंड के रहने वाले हैं। पंतनगर विश्वविद्यालय से कृषि में स्नातक करने के बाद इन्होंने Vamnicom, पुणे से किया और अभी राष्ट्रीय सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक महासंघ (NCARDB) में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। एक बार इनके स्कूल में कवि सम्मलेन का आयोजन हुआ और उसी से प्रेरणा पाकर इन्होंने हाथों में कलम थाम ली। कविताओं से शुरुआत कर के ग़ज़लों की दुनिया में जा पहुंचे और अपना ब्लॉग वर्ष 2007 से संचालित करने लगे। भाग्यवश गुरु जी (पंकज सुबीर जी) का आर्शीवाद मिला और ग़ज़ल की बारीकियों से अवगत हुए, ये सफ़र अभी शुरू ही हुआ है।

पुरस्कृत कविता- ख़ुशी-ख़ुशी जिया करें

उठो के कुछ नया करें।
ज़मीं को फिर हरा करें।
जो प्‍यार से मिले उसे
मुहब्बतें अता करें।
न सूर्य बन सकें अगर
चराग बन जला करें।
हुआ हो गर बुरा भी तो
पलट के ना बुरा करें।
बुजुर्ग जो हैं कह रहे
जवां उसे सुना करें।
न लुप्‍त हो हंसी कहीं
मिला करें हँसा करें।
हो ज़िन्दगी ये फिर कहाँ
ख़ुशी-ख़ुशी जिया करें।


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।

मैंने अपने घर पर एक छोटा सा 'गैटटूगेदर' रखा था


प्रतियोगिता की चौथी रचना शोभना मित्तल की है। हिन्द-युग्म में पहली पार भाग ले रहीं, मेरठ विश्वविद्यालय से एम ए हिंदी, शोभना की कविताएँ, लेख, कहानियाँ आदि विभिन्न पत्र- पत्रिकाओं में प्रकाशित हैं। मेरठ विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कहानी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार| विभिन्न काव्य संग्रहों में कविताएँ संगृहीत| आकाशवाणी से कविता प्रकाशित|
सम्प्रति: यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में वरिष्ठ कला अध्यापिका|

पुरस्कृत कविता

मैंने अपने घर पर एक छोटा सा
'गैटटूगेदर' रखा था
दरअसल मेरा नन्हा सा धैर्य
और छोटी सी सहिष्णुता
अपने कुछ बिछुड़े साथियों से
मिलना चाहते थे,
सच्चाई, सौहाद्र, सहयोग, कृतज्ञता
संयम, स्नेह, ईमानदारी और उदारता,
सम्वेदना, सदभावना, सहृदयता और भी कई।

मैंने सोचा इनको बुलाऊँ,
जलपान कराऊँ और थोड़ा सम्मान दूं,
नहीं तो उन बेचारों को आजकल कौन पूछता है!
कोई ग़लती से इनका साथ पकड़ता तो
हर जगह पिटता है!
पर मुझे क्या मालूम था,
बुलाना तो क्या, इन्हें ढूंढ़ना मुश्किल होगा।

सच्चाई का दरवाज़ा खटखटाया
तो अन्दर से कपट बोला!
सोहार्द की 'बैल' बजाई तो
दरवाज़ा ईर्ष्या ने खोला!
सद्भावना के नाम का कोरिअर
कुटिलता के हस्ताक्षर के साथ लौट आया!
कृतज्ञता का तो फ़ोन भी नहीं लग पाया!
ईमानदारी के टूटे फूटे घर को तोड़ कर,
बेईमानी ने बड़ा सुन्दर भवन बनाया है!
सहयोग के प्लॉट पर धोखे का फ्लैट उग आया है!
संयम के मकान की लोभ ने करा दी है कुर्की!
द्वेष ने स्नेह की कर दी है छुट्टी!
सहृदयता के बारे में पता चला
फटेहाल बेचारी यहीं कहीं मरी मरी फिरती थी!
सब दुत्कारते थे, फिर भी उफ़ न करती थी.
अब तो कई दिन से वह भी लापता है।

मैं तो पूरी तरह से निराश हो चली हूँ।

मेरा धैर्य भी मायूस है,
पर सहिष्णुता को अब भी आस है।
अगर आप को पता चले, प्लीज़ मुझे ज़रूर बताएं
सवाब का काम है, हाथ बँटाएं।


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।

तुम स्वार्थी थे या संत?


प्रतियोगिता की 12वीं कविता की रचनाकार सुमीता प्रवीण केशवा जन्म हल्द्वानी (नैनिताल, उत्तराखंड) में हुआ,लेकिन फिलहाल मुम्बई में निवास रही हैं। लेखन का शौक बचपन से ही रहा। बिजनेस संभालने के साथ ही लेखन का शौक पूरा किया। फ्रीलान्स पत्रकार, विभिन्न पेपरों में राजनीतिक कॉलम। कुछ कविताएँ प्रकाशित कुछ प्रकाशनार्थ। साथ ही कई कविताओं का मंचन, 'पापुलर प्रकाशन' के साथ बच्चों की कई अंग्रेज़ी कॉमिक्सों का हिन्दी में अनुवाद। 'मैं स्वयंसिद्धा' कहानी, किराये की कोख पर आधारित उपन्यास 'एक पहल ऐसी भी', समलैंगिक सम्बंधों पर आधारित नाटक 'सम-बंध'। फिल्म राइटर्स एसोसोएशन की एसोसिएट सदस्य।

कविता- स्वार्थी कहूं या संत तुम्हें...

क्योंकि स्वार्थी हो गये थे तुम...
अपने में ईश्वर को भी नहीं पहचान पाये तुम !
तुम्हीं तो थे जो साथ लिए मुझे..
मंदिर में जाया करते
ईश्वर को सच्चे प्यार का विश्वास दिलाया करते
तब...तब मैं भाव विभोर हो देखा करती तुम्हें...
कितने लीन होकर तुम उस परम पिता को
साक्षी बना रहे थे अपने प्यार का !
और हाँ..... वह साक्षी बना भी
हर बार की तरह वह मुस्कराकर
आशीर्वाद देता भी।
तुम कितने निश्पाप मन से
ईश्वर से मुझको मांगा करते
तब उस वक्त मैं तुम्हारी आंखों में प्रेम की
निर्मल धारा बहते देखती और...
उतर जाती उस ईश्वर की प्यास में
चली जाती तुम्हारे साथ उस ईश्वर की आस में
ईश्वर को छलते तुम या मुझको छलते ?
मै तो ईश्वर को पा रही थी तुम्हारे साथ चलते !
बैखौफ़ सी उन पगडंडियों में चली जा रही थी मैं
जिनके सपने तुम दिखा रहे थे मुझे
सपनों की दुनिया में उड़ रही थी बिन पंख लगाये
द‍ृष्टा बनना था मुझे...बन गयी द‍ृष्टिहीन
छोड आये तुम मुझे उस अन्तहीन छोर पर
जहां से आगे न मंजिल थी न कोई डगर
अब...अब तो मैं हूं अकेली
पथराई पहेली सी..
लौट आई फ़िर वहीं...
जहां छला जाना ही औरत की नियति है
लेकिन जानती है.....फिर भी चलना जानती है
प्यार में ठोकर मिले तो क्या ?
प्यार में कुछ क्षण ईश्वर को तो पा ही लेती है !
तुम्हें नहीं आया ईश्वर को पाना तो क्या....
ये तुम्हारी बदनसीबी है
आज तुम मुझसे प्यार करने की गलती का प्रायश्चित कर रहे हो
और मैं...तप्त...शांत...गहरी झील सी..
औरत की तरह प्यार करके तो देखो....
ईश्वर को सच्चा मान कर तो देखो....
वह महसूस कराता है
अपने को तुम्हारे भीतर रहकर!
अब दर्द नहीं कोई गिला नहीं
न छले जाने का कोई दुख !
....फ़िर भी तुम्हारी शुक्रगुजार हूं मैं
क्योंकि किसी एक क्षण में जब मैं ईश्वर में थी...
उस तक पहुंचने का माध्यम तुम्हीं तो थे !
हां तुम्हीं...!
ऋणी रहूंगी तुम्हारी उस एक पल के लिए
जब ईश्वर का साक्षात्कार हुआ.....
और उस कान्हा से प्यार हुआ.......
सुना है संत ही ईश्वर के दर्शन कराते हैं....
उस तक पहुंचने का रास्ता बताते हैं...
तुम्हीं कहो उस तक पहुंचने के लिए
स्वार्थी कहूं या संत तुम्हें....?

मोमबत्तियाँ बुझा देती हूँ और आँसू पोछ देती हूँ


अक्टूबर 2009 की यूनिकवि प्रतियोगिता के 11वें स्थान की कविता की रचयित्री यह मानती हैं कि ये फरीदाबाद (हरियाणा) के लोगो की भीड़ में खुद को तलाशती एक रूह हैं, जिसने 5 जनवरी, 1969 में रोहतक (हरियाणा) की धरती पर कदम रखा और सुनीता (अनामिका) नाम से जानी जाने लगीं। इनका भीगा-बचपन कब कालेज की सीढ़िया चढ़ गया, हिंदी से ऐसे जुड़ गया, बचपन की सीली-सीली सी भावनाएँ कब कविताओं का सा रूप लेकर पन्नों पर उतरने लगीं, पता ही नहीं चला। इनके दोस्तों ने इनके 2-4 लाइन लिखने पर वाहवाही कर दी तो इन्हें शौक सवार हो गया कि बस ये भी कुछ लिख डालें, और बी. ए. द्वितीय वर्ष से जो कलम उठाई तो कुछ न कुछ लिखती ही रहीं।
आज बी.ए. एवम् बी.एड की पढाई पूरी करने के बाद विवाह बंधन में बधे हुऐ दो बच्चो की जिम्मेदारी निभाते हुए, जीविका की जद्दोजहद में जिन्दगी के मध्यान्त तक कब आ पहुँची, पता ही नहीं चला। कब नेट की दुनिया में कदम रखा याद ही नहीं और तब अपना ब्लॉग बनाया और तब हिंद-युग्म जी भी नज़र में आया। बस फिर तो कलम और अधिक सक्रीय हो गयी और आर्कुट, शायरी.कॉम, शायर फॅमिली, शायरी.नेट तथा अन्य साइट्स से विभिन्न उपनामों से कहीं मोडरेटर तो कहीं सदस्य के रूप में जुड़ती चली गईं। बस तब से लेखनी और नेट की दुनिया से इनकका रिश्ता प्रगाड़ होता जा रहा है।


कविता

सब कुछ बिखरता जा रहा है
लेखनी की सांसे टूटने लगी हैं..
सारे गम अंतस को बींध कर..
अब तो नासूर बन चुके हैं..
जिनकी अथाह वेदना
जीने की उम्मीदों को
नोच-नोच कर
जिंदगी को तल्ख़ किये जाती है..!!

चेहरे की झुर्रियाँ
और गहरा चली हैं..
जो अट्टाहस करती हैं..
उस मुस्कान पर
जो स्वांग भरती है..
झिलमिलाती झूठी खुशियों का..!!

मैं मन के इस अभेद्य
तिमिर को भेदने का
मानो आशाओं की मोमबत्तियाँ जला,
असफल प्रयास करती हूँ..,
और....
मोमबत्तियों के गालों पर
पिघलते हुए मोम के आंसू
मेरी इस स्वांग भरती..
मुस्कान का..
मुल्य चुका रहे हैं..!!

मैं थक चुकी हूँ..
इस दोहरी जिंदगी से..
मोमबत्तियाँ अपने हाथों से बुझा..
उनके आंसू पोंछ देती हूँ..!!

ज़रा सी गुफ्तगू कुछ देर बस इतवार करता है


प्रतियोगिता की छठवीं कविता एक ग़ज़ल है, जिसके रचनाकार रवीन्द्र शर्मा "रवि" पहली बार हमारी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। पंजाब के गुरदासपुर जिले के पस्नावाल गाँव में जन्मे किन्तु राजधानी दिल्ली में पले बढे रवींद्र शर्मा 'रवि 'प्रकृति को अपना पहला प्रेम मानते हैं। शहरी जीवन को बहुत नज़दीक से देखा और भोगा, किन्तु यहाँ के बनावटीपन के प्रति घृणा कभी गयी नहीं। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कॉलेज श्रीराम कॉलेज ऑफ़ कामर्स से बी॰ कॉम॰ (आनर्स ) करने के उपरांत एक राष्ट्रीय कृत बैंक में उप प्रबंधक के पद पर कार्यरत।

विद्यार्थी जीवन में प्राथमिक विद्यालय में ही भाषण कला में निपुण होने के कारण "नेहरु "नाम से संबोधित किया जाने लगे। सन् १९६९ में महात्मा गाँधी कि जन्मशती के दौरान अंतर विद्यालय भाषण प्रतियोगिता में दिल्ली में प्रथम पुरस्कार एवं कई अन्य पुरस्कार जीते। सन् १९७९ में नागरिक परिषद् दिल्ली द्बारा विज्ञान भवन में आयोजित आशु लेख प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाये। उसी वर्ष महाविद्यालय द्वारा वर्ष के सर्वश्रेष्ट साहित्यकार के रूप में सन्मानित काव्य संग्रह "अंधेरों के खिलाफ", "हस्ताक्षर समय के वक्ष पर", क्षितिज कि दहलीज पर और "परिचय-राग" में कवितायें प्रकाशित। समाचार पत्र पंजाब केसरी में लगभग १२ कहानियों का प्रकाशन। इसके अतिरिक्त नवभारत टाईम्स आदि अनेक समाचार पत्रों में रचनाओं को स्थान मिला। राजधानी के लगभग सभी प्रतिष्टित मुशायरों, कवि सम्मेलनों, काव्य गोष्ठियों में लगातार काव्यपाठ। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन से कविताओ का प्रसारण। दिल्ली की साहित्यिक संस्थाओं "परिचय साहित्य परिषद्", "डेल्ही सोसाइटी ऑफ़ औथोर्स", हल्का ए तशनागाना अ अदब", पोएट्स ऑफ़ डेल्ही", "आनंदम", "कवितायन","उदभव" इत्यादि से सम्बद्ध।
रवींद्र शर्मा "रवि" को इस बात का गर्व है कि उन्होंने पर्यावरण पर मंडरा रहे खतरे के बारे में तब लिखना शुरू कर दिया था जब कोई इसकी बात भी नहीं करता था। रवींद्र शर्मा "रवि " का मानना है कि उनकी कविता गाँव और शहर कि हवा के घर्षण से उपजी ऊर्जा है।

पुरस्कृत कविता

उड़ानों के लिए खुद को बहुत तय्यार करता है
ज़मी पर है मगर वो आसमां से प्यार करता है

ये कैसा दौर है इस दौर की तहजीब कैसी है
जिसे भी देखिये वो पीठ पर ही वार करता है

गुज़र जाते हैं बाकी दिन हमारे बदहवासी में
ज़रा सी गुफ्तगू कुछ देर बस इतवार करता है

तुम्हारे आंसुओं को देखना मोती कहेगा वो
सियासतदान है वो दर्द का व्यापार करता है

हवस के दौर में बेकार हैं अब प्यार के किस्से
घडा लेकर भला अब कौन दरिया पार करता है


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।

चाँद, तुम कभी दिन में मत निकलना


हिन्द-युग्म के अत्यधिक सक्रिय पाठक विनोद कुमार पांडेय एक अच्छे कवि भी हैं। वाराणसी( उत्तर प्रदेश) में जन्मे और वर्तमान में नोएडा (उत्तर प्रदेश) को अपनी कार्यस्थली बना चुके विनोद की एक कविता ने अक्टूबर माह की यूनिकवि प्रतियोगिता में सातवाँ स्थान बनाया है। प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा वाराणसी से संपन्न करने के पश्चात नोएडा के एक प्रसिद्ध इंजीनियरिंग कॉलेज से एम.सी.ए. करने के बाद नोएडा में ही पिछले 1.5 साल से एक बहुराष्ट्रीय कंपनी मे सॉफ़्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्य कर रहे हैं। खुद को गैर पेशेवर कहने वाले विनोद को ऐसा लगता है कि शायद साहित्य की जननी काशी की धरती पर पले-बढ़े होने के नाते साहित्य और हिन्दी से एक भावनात्मक रिश्ता जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। लिखने और पढ़ने में सक्रियता 2 साल से,पिछले 6 माह से ब्लॉग पर सक्रिय,हास्य कविता और व्यंग में विशेष लेखन रूचि,अब तक 50 से ज़्यादा कविताएँ और ग़ज़लों का लेखन। हाल ही में एक हास्य व्यंग 'चाँद पानी पानी हो गया' एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र में भी प्रकाशित हुआ और बहुत पसंद किया गया। फिर भी इसे अभी लेखनी की शुरूआत कहते हैं और उम्मीद करता हैं कि भविष्य में हिन्दी और साहित्य के लिए हमेशा समर्पित रहेंगे। लोगों का मनोरंजन करना और साथ ही साथ अपनी रचनाओं के द्वारा कुछ अच्छे सार्थक बातों का प्रवाह करना भी इनका एक खास उद्देश्य होता है।

पुरस्कृत कविता- चाँद और मैं

रात के आगोश में,
सितारों को छेड़ता,चाँद,
और ज़मीं पर मैं,
अपने मानवीय अस्तित्व का वहन करता हुआ,
दोनों उलझ पड़े,बातों की गहमा-गहमी में,

बादलों की परतों से,
आँखमिचौली खेलता हुआ,
चाँद आशातीत होकर मुझसे कहा,
कितनी खूबसूरत है,यह धरा,
और कितने प्यारे हो,तुम इंसान लोग,
काश,मैं भी इंसानों के बीच होता,
बादलों के साथ बरसों गुज़ारें हमनें,
कुछ पल नदी,झरनों एवम् पर्वतों के साथ भी बिताता,

शीतलता और निर्मलता मेरे अभिन्न अंग हैं,
शांति,प्रेम और भावनाओं का प्रदर्शन,
मानव से सीख लेता,मैं,
अभी तक आसमान,बादल,तारे हमारे हैं,
फिर संपूर्ण ब्रह्मांड का दिल जीत लेता,मैं,

बस इतना कहा चाँद ने,
और हँसी निकल पड़ी मुझे,
सोचा,हाय रे इंसानी फ़ितरत,
चाँद भी इसके झाँसे में आ गया,
थोड़ी देर सोचता ठहरा रहा,
फिर चाँद से मैने बोला,
चाँद तुम बड़े भोले और नादान हो,
प्रेम,भावनाएँ यहाँ सब दिखावा है,
रात के अंधेरे का छलावा है,
कभी फुरसत मिले तो दिन में आना,
और मानवीय कृत्यों का साक्षात सबूत पाना,
अभी सो रहे हैं,
इसलिए शांति के उपासक प्रतीत हो रहे हैं,

इंसान ही इंसान की नींदे उड़ाते है,
फिर खुद चैन की नींद सोते है,
हे चाँद,वास्तव में इंसान तो पत्थर के बने होते हैं,
सूरज से पूछना,
इंसानों की चाल-ढाल,रूप-रंग,
चालाकी,एहसानफरामोशी के ढंग,
तुम्हारी शीतलता और निर्मलता सलामत रहे,
शुक्र है खुदा का,तुम दिन में नही आते,
अन्यथा इंसानी फ़ितरत देख कर,
तुम भी सूरज की भाँति आग में जल जाते,


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।

तुम अपनी मुट्ठियाँ हवा में लहराकर तो देखो


प्रतियोगिता की पाँचवीं कविता के रचनाकार एम. वर्मा का जन्म वाराणसी के एक कृषक परिवार में हुआ। सम्पूर्ण शिक्षा वाराणसी में हुई (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से एम. ए.(हिन्दी), बी. एड.)। शुरू से ही कविताओं का शौक रहा। साथ ही नाटकों में भाग भी लेते रहे। ऊहापोह की जिन्दगी और शादी, फिर बच्चे और अंततोगत्वा दिल्ली में ‘राजकीय विद्यालय’ में अध्यापक बन बैठे। बच्चों के बीच बच्चा बन जाने की आदत छोड़े नहीं छूटती जिसके कारण गुरूत्तर शिक्षकीय दायित्व को मजे लेकर निभा रहे हैं। थियेटर का शौक अभी भी जिन्दा है। कभी-कभार नाटकों में भाग लेते रहते हैं। ‘जश्ने बचपन’ में ‘नीली छतरी’ में अभिनय करना इनके लिए अविस्मरणीय बन गया है। कविताएँ लिखना बदस्तूर जारी है। इन्होंने भोजपुरी रचनाएँ भी लिखी। दिल्ली में हिन्दी अकादमी द्वारा आयोजित ‘रामायण मेले’ में भोजपुरी रचना पुरस्कृत हो चुकी है। ब्लॉगजगत का सफर बहुत पुराना नहीं है। मई 2009 से ब्लॉग में रचनाओं को पिरोना प्रारम्भ किया। बदस्तूर जारी सफर कहाँ तक है, ये नहीं जानते।


पुरस्कृत कविता- शिनाख़्त करो खुद की

शहर के इन रेंगते वाहनों के बीच
शिनाख़्त करो खुद की
जीजिविषा से परे
हर पल डरे-डरे
मुट्ठी में रेत लिये
क्या तुम खुद ही के ख़िलाफ़
खड़े नहीं हो जाते हो?
अपने ही कद से
बड़े होने की कोशिश में
चौराहों के आदमख़ोर जंगल में
ख़ुद का कद -
और बौना नहीं पाते हो?

हुलिया ये है कि
तुम्हारा तो कोई हुलिया ही नहीं है
तन्दूर से गुर्दे तक
तुम कहीं भी पाए जा सकते हो
हर सच के एवज़ में
तुम झुठलाए जा सकते हो.
ज़मीर पर खड़े होने के ज़ुर्म में
तुम जमीन से काट दिए गये हो
बोटियों की शक्ल में तुम
चन्द लोगों में बाँट दिए गये हो.
उम्र से तो तुम
ख़ुद की शिनाख़्त कर ही नहीं सकते
क्योंकि तुम हर उम्र के हो,
पर हमेशा तुम
अपने उम्र से बड़े दिखते हो
अपने लहू से
कारपेट रंगते बच्चे से लेकर
अपने खोये बच्चे को तलाशते
अनगिन झुर्रियों वाले बाप के बीच
तुम्हारी कोई भी उम्र हो सकती है.
तुम्हारे पैरों की बिवाईयों सा
फटा-चिथड़ा है तुम्हारा लिबास
जब तुम सपने देखते हो
तुम्हें लगता है कि अपने देखते हो
त्रासदी ये है कि
तुम्हारा कोई सपना ही नहीं है
तुम्हारे इर्द-गिर्द
तुम्हारा कोई अपना ही नहीं है.
हक़ीकत है कि
तुम्हारी कई पीढ़ियाँ भटक रही हैं
तलाशती हुई खुद को
हुलिया, उम्र और लिबास से
क्योंकि वे परे हैं
जीजिविषा, आस्था और विश्वास से
तुम्हारी शिनाख़्त तो
ख़ुद ब ख़ुद हो जायेगी
जब तुम शिनाख़्त कर लोगे उनकी
जो तुम्हें तुमसे ही बांट रहे हैं
तुम्हारे ही हाथों तुम्हें ही काट रहे हैं

आसमाँ की बुलन्दियों पर
तुम्हारी पहचान उभरेगी
तुम अपनी मुट्ठियाँ
हवा में लहराकर तो देखो


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।

ईश्वर की त्रासदी


अनिल चड्डा की एक कविता हमने पिछले महीने भी प्रकाशित की थी। आज पढ़िए इनकी एक और कविता जो अक्टूबर महीने की प्रतियोगिता में 8वें स्थान पर है।

पुरस्कृत कविता- त्रासदी

हे ईश्वर
तुझे
देखा तो नहीं है मैंने
पर यकीनन
तेरा स्वरूप
एक आदमी सा ही होगा
इसीलिये तूने की
नारी की सृष्टि
ताकि
उस पर अपना हुक्म चला सके
और कर सके
अपनी अहं की तुष्टि
तुझे स्वयँ कुछ न करना पड़े
इसलिये
सृष्टि को
आगे बढ़ाने का बोझा भी
नारी पर ही डाल दिया
इस सबसे
नारी पर क्या गुजर रही होगी
उस सबसे बेख़बर
तू आँखें बंद किये
कहीं सोया पड़ा है
और यहाँ संसार में
नारी को ही बोझा मान
उसे गर्भ में ही
समाप्त कर दिया जाता है
कहीं-कहीं तो
जन्म के पश्चात भी
उसे बलि चढ़ा दिया जाता है
वैसे भी तो वो
पग-पग पर
बलि चढ़ती ही आई है
कभी पिता, कभी भाई
कभी पति, कभी बेटे
के हाथों
शोषित होती ही आई है
या फिर
ससुराल के लोलुपों के हाथों
जलती आई है
कब तक देनी पड़ेगी
उसको अपनी बलि
हे ईश्वर
यदि तू नारी का रचयिता है
तो तू भी तो
उसके शोषण का
पूरा-पूरा भागीदार है
क्या यही तेरा न्याय है
कि अपनी ही कृति का
सदियों से हो रहे शोषण का
मूक दृष्टा बना रहे
और बेलगाम हो रहे
अन्याय के विरुद्ध
कुछ भी न करे !
कुछ भी न कहे !!


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।

परसु कहार, जबले तोहार लम्बर आई, ओरा जाई पानी


अखिलेश श्रीवास्तव हिन्द-युग्म के ऐसे यूनिकवि हैं जो हर दफ़ा प्रतियोगिता का हिस्सा बनते हैं और हर बार ही निर्णायकों का ध्यान खींचते हैं। अक्टूबर महीने में इनकी एक कविता तीसरे स्थान पर रही।

पुरस्कृत कविता

संरचना: असंघनित अणुओं के रूप में
रंग: रंगहीन
सुगंध: गंधरहित
स्वाद: आंशिक क्षारीय
स्थान: चाँद के मस्तक के ठीक नीचे

वैज्ञानिको, मत चिल्लाओ
यूरेका यूरेका
जो मिला है वो पानी नहीं है।

ढाई सौ टन का जो उपग्रह टकराया है सतह से
उसी से रुआँसा हो गया चाँद
निकल पड़े है आँखों से आँसू।

आये दिन कोई न कोई
रपटईया आता चाँद को
देखो जरा
चाँद का मुँह टेढ़ा हो गया है।

जब तक बूढ़ा चाँद
कला के साथ रहता था
खुश था
कभी चमक उठता था कवियों की आँखों में
कभी छुप जाता था महबूब के गेसुओं में
जब मन तब
उतर आता था
बच्चों की थाली में।

विज्ञान के वादों में आकर
चाँद फँस गया है
उलझ गया है हजारों टन उपग्रहीय कचरे में
कभी कभी तो बेचारा
मुँह भी नहीं देख पता
धरती का।

पिछले दिनों
एक उपग्रह टकरा गया
सप्त ऋषियों से
जब वो जा रहे थे सुबह को बुलाने
चटक गया अगस्त ऋषि का कमंडल
लहूलुहान हो गए अत्री
और टांग तुड़वा बैठे है ऋषि गौतम
चिड़चिड़े हो गए सप्त ऋषि
क्रोध में बड़बड़ाते रहते हैं
और
बढ़ जाती है धरती पर सुनामियाँ।

उधर ग्राम भुसना में
परसु कहार
सुबह से इंतज़ार में है
कि जुठारे ठाकुर कुएँ का पानी
बना दे गंगा जल
तो हमहू तर करे गला।

चाँद पर पानी मिलने की खबर से
कहार मगन है
पर कहारिन उतार देती है नशा
'मिली पानी त
पहिले पिहे ब्रह्मण
फिर पिहे ठाकुर
औ जबले तोहार
लम्बर आई
ओरा जाई पानी।'


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।

ओ कैटरपिलर! जैसे नींव में पत्थर!


मनोज कुमार जिन्हें कल ही हमने यूनिपाठक घोषित किया था, वे एक प्रखर कवि भी हैं। उनकी कविता दूसरे स्थान पर क़ाबिज़ है।

पुरस्कृत कविता- ओ कैटरपिलर!

ओ कैटरपिलर!
तितलियों पर लिखते हैं सब,
मैं लिखूंगा तुझ पर,
ओ कैटरपिलर!

गीत, छंद, नई कविता,
लिखना तितलियों पर,
करना शब्द रचना
नहीं है कोई बड़ी बात।
पर कठिन है,
लेखनी उठाना तुझ जैसों पर,
नहीं जिसकी
अपनी कोई औकात।

तेरे शरीर का खुरदरापन
बारह खंडों में विभाजित तन,
और
सौंदर्य रहित तेरी काया पर,
यदि दो-चार शब्द-चित्र गढूं,
तो शायद
मैं ही पढूं।
फिर भी लिखूंगा तुझ पर,
हे आदिम बुनकर!
ओ कैटरपिलर!

तेरी ठहरी हुई सी
गति में जो माधुर्य है,
तिल-तिल सरकने में
जो संघर्ष है, चातुर्य है,
वह तितलियों की उड़ान में कहां?
यह लाघव जहान में कहां?

नन्हें पांवों
लूप बनाकर
अपनी काया ढोना।
कभी सरल हो-होकर खिंचना,
कभी वक्र हो-होकर झुकना,
गुल-गुलेल होना।
लगता है कैसा?
बौने का हिमालय लांघने के संकल्प जैसा।

तेरी परिभाषा को न सही अभिजात्य शब्द
फिर भी,
अपनी लोच से,
मृदुलता से,
जीतना समर।
ओ कैटरपिलर!


मेंडिबुलर मुखभागों से,
हरी पत्तियां कुतर-कुतर।
किसी तरह भर पाना,
दस भागों का रेल उदर।

इसी लिए,
लोग कहते हैं कि तुम,
पौधों के लिए दुश्‍मन जैसे।
और फिर उड़ेलते तुम पर,
विषैले रसायन कैसे-कैसे।

तुम्हारे कायान्तरण से,
निकली तितलियां
जिनके नयनों को भाती,
उन्हें तुम्हारी ज़िन्दगी रास नहीं आती।

पर, सभ्यता निखरती है,
तुम्हारे देय संवर कर।
ओ कैटरपिलर!
कैटरपिलर!
तुम प्रतीक हो,
बेबस बेचारों के,
मोहताज़ मज़दूरों,
लाचारों के।
हे श्रमजीवी!
करके तैयार,
रंग-विरंगे वस्त्रों का,
रेशमी संसार।
तुम मिटते हो,
पटते हो,
जैसे नींव में पत्थर।
ओ कैटरपिलर!


पुरस्कार- रामदास अकेला की ओर से इनके ही कविता-संग्रह 'आईने बोलते हैं' की एक प्रति।