फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

मैं खो गया हूँ


मार्च 2010 की यूनिकवि प्रतियोगिता की तेरहवीं यानी अंतिम कविता ऋषभ कुमार मिश्र 'निशीथ' की है। कवि मूलतः जौनपुर (उ॰ प्र॰) के निवासी हैं। इन्होने अपनी स्नातक स्तर तक की शिक्षा जौनपुर जनपद में पूर्ण की है। इस समय ये दिल्ली के शिक्षक शिक्षा के उच्च संस्थान ' केंद्रीय शिक्षा संस्थान' ( शिक्षा विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय ) में शिक्षारत हैं। ये समाज की विभिन्न गतिविधियों एवं समस्याओ के प्रति अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील हैं। यही इन्हें शब्दों को आकार देने के लिए प्रेरित करते हैं। प्रस्तुत कविता इनकी प्रथम प्रकाशित कविता है। आज कल ये अपने प्रकाश्य संग्रह 'पहचान की पुकार' को पूर्ण करने में संलग्न हैं।

पुरस्कृत कविताः मैं कहाँ हूँ

मै कहाँ हूँ!
वहाँ हूँ,
जहाँ भीड़ है|
क्योंकि
भीड़ से अलग होने में डर लगता है|
डर,
समाज से अस्वीकृति का,
लेकिन भीड़ में 'मैं'
नहीं हूँ|
मेरा मुखौटा है,
जिसे समाज ने गढ़ा है|
मैं तो खो चुका हूँ|
जब चोट खाता हूँ,
जब छला जाता हूँ,
जब जग की भूल भुलैया में
राह भटक जाता हूँ;
या फिर,
जीवन संग्राम मे थक कर बैठ जाता हूँ
तब सोचता हूँ,
मै कहाँ हूँ?
प्रतियोगिता और बाज़ार के इस युग मे,
झूठे मूल्यों और नैतिकता के,
इस कालिख पुते उजले भवन में,
मैं खो गया हूँ|
अपने झूठे अस्तित्व कि रक्षा के लिए
'मैं' ने
समाज और बाज़ार से समझौता कर लिया है,
और समझौते के अनुसार,
अचेतन कि कोठारी मे टूटे दर्पण सा पड़ा हूँ|
हर टुकड़े मे मैं वही रूप देखता हूँ,
जो मुझे समाज और बाज़ार दिखाता है,
लेकिन सही अर्थो मे,
मैं खो गया हूँ|

वो सौदा करती है


मार्च महीने की यूनकवि प्रतियोगिता की दसवीं कविता की रचियता रेनू 'दीपक' पहली बार शीर्ष 10 में स्थान पा रही हैं। 7 दिसम्बर 1966 को हापुड़ (उ॰प्र॰) में जन्मी रेनू ने विज्ञान में परास्नातक तक की शिक्षा हासिल की है। वर्तमान में मेरठ में रह रहीं रेनू ने कॉलेज में पढने के दौरान 'हरिवंशराय बच्चन' जी की मधुशाला पढ़ी। इनके घर में इनके पापा को कविता व लघुनाटिका लिखने का शौक था| शायद इन्हीं सब ने कवयित्री को धीरे-धीरे अपना रंग दिखना शुरू किया और ये छोटी-छोटी कवितायें लिखने लगीं| तितली के जैसे रंग बिखरने लगे और लेखन ने भी अपना रूप लेना शुरू कर दिया| दैनिक समाचार पत्र से शुरू कर 'वूमन ऑन टॉप', वनीता, प्रोपर्टी एक्सपर्ट आदि मासिक पत्रिकाओं में भी लेख छपे व पसंद किये गए| भावों को शक्ल देना हमेशा सुखद रहा|


पुरस्कृत कविताः वो सौदा करती है ....

मजबूरी की आग में तप कर
खुद को निखारती है
फिर अपने जिस्म का सौदा करती है
वो जिस्म बेचती है|
उसके चन्दन से जिस्म से लिपटी
सर्प की कुंडलियों सी आँखें
उसे और भी विषाक्त बनाती है
और रेंगते हुए अदृश्य हाथ
हर रात उसे काटा करते हैं|
बदनाम सी गलियों में खुलती
आवारा खिड़कियों के दरवाजे से
चला आता है
एक बेईमान हवा का झोंका
और उसके जिस्म को
छू-छू कर देखा करता है
पालने में झूलते बच्चे की
सारी चांदनी छीनकर
बीमार अँधेरे में
जीने को मजबूर करता है|
उफ़ ये कैसी बेबसी है ...!
होंठ उदास हैं
पर उनकी लाली हँसती है
पलकों पे सपने अटके हैं
शायद राह भटके हैं
ख्वाहिशों का बाज़ार है
एक से बढकर एक
खरीदार है
अमीर बनने को या
पेट भरने को
अपने सीने पर पत्थर रखती है
और चाक जिगर की सीती है
तब अपने जिस्म का सौदा करती है
पर दरअसल, हर बार
वो अपनी रूह बेचा करती है|


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

लड़कियाँ जहाँ एक अजीब उधेड़बुन में रहती थीं


मार्च 2010 की यूनिकवि प्रतियोगिता की आठवीं कविता के रचनाकार अविनाश मिश्र का जन्म 5 जनवरी 1986 को गाजियाबाद में हुआ। शुरुआती शिक्षा कानपुर में, आगे के अध्ययन और आजीविका के लिए विगत आठ वर्षो से दिल्ली में रहनवारी। संगीत, रंगमंच तथा सिनेमा मे खास दिलचस्पी। अब तक हंस, कथादेश, समकालीन भारतीय साहित्य आदि पत्रिकाओं मे कविताएँ प्रकाशित।

पुरस्कृत कविताः जा तुझको सुखी संसार मिले

लड़कियाँ वहाँ एक अजीब उधेड़बुन में रहती थीं
जब पिता धावक में बदल जाते थे
और माँ एक बहुत बड़े आईने में
पिता लड़कियों की तस्वीरें लेकर
देर रात तक भागते रहते थे
वे उनके लिए आनंददाताओं की तलाश में थे

अब तक जैसा होता आया था
उसमें सबके एक-एक आनंददाता थे
बावजूद इसके ज़िंदगानियाँ रुआँसी ही रही आयीं
जब भी वक्‍त मिला या संग-साथ वो रो पड़ी

वे तनाव थीं और देखने पर झुक जाती थीं
आँखें उनमें न देखने का सदाचार जीती थीं
एक अक्षत असमंजस में
विरह या संयोग जैसा वहाँ कुछ भी नहीं था

स्त्रीत्व बस एक क्रम था
विवाह बस एक विकल्प
प्रेम बस एक शब्द
यात्राएँ बस एक विवशता
और हत्याएँ बस एक औपचारिकता

जहाँ वे रहती थीं एक अजीब उधेडबुन में


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

नदी कभी नहीं आएगी


2010 माह की यूनिकवि प्रतियोगिता की सातवीं कविता के रचनाकार गोपाल दत्त देवतल्ला उत्तराखंड के रहवासी हैं। मूलतः एक कवि हैं। प्रकृति प्रेमी गोपाल ये मानते हैं कि मनुष्य स्वयं प्रकृति की एक बहुत सुन्दर रचना है। ये प्रकृति को पढ़ते हैं, बार-बार पढ़ते हैं और हर बार कुछ नया पाते हैं। इनका मानना है कि सदियों के लिखे ग्रंथों में भी यह रचना अधूरी है। आज कुछ नया मिलता तो कल कुछ और नया। लिखने का एक अंतहीन सिलसिला चलता रहता है। प्रकृति का हर पल सृजन की प्रेरणा देता है कि एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए साहित्य सृजन आवश्यक है।


पुरस्कृत कविताः आँचल में नदी

नदी की चाह में
पहाड़ों से उतरते हुए
लोग आएंगे नदी तक

नदी होती जायगी दूर
लोगों की पकड़ से बाहर
धरती के आँचल में

लोग यूँ ही सदियाँ
गुजार देंगे
नदी की प्रतीक्षा में
तपस्वी की तरह
एक पैर पर खड़े-खड़े

नदी कभी नहीं आएगी
धरती के आँचल से

नदी के बदले में सबकुछ
देने को तैयार है धरती

प्रेमिका/पत्नी
पुत्र
धन/बैभव
स्वर्ग की अप्सराएँ

लेकिन कहती है
नहीं मिलेगी नदी


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

हे! आध्यात्म का क्रेश-कोर्स चलने वाले संतो


देवेश पाण्डेय हिन्द-युग्म से जुड़े ऐसे कम लोगों में से हैं जो चीन में रहकर हिन्दी रचनाकर्म में सक्रिय हैं। देवेश पाण्डेय की एक कविता जनवरी 2010 में प्रकाशित हुई है। आज हम इनकी दूसरी कविता प्रकाशित कर रहे हैं, जिसने मार्च 2009 माह की प्रतियोगिता में 13वाँ स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविताः मनगढ़ का मन

पैसठ लोग एक पुण्यतिथि के उपलक्ष में
आयोजित एक भंडारे में
दीवाल गिरने से हुई भाग-दौड़ में
कुचलकर दबकर, मर गए,
मंदिर प्रबंधन ने कहा है कि
दुर्घटना परिसर से बाहर हुई है
लिहाजा मंदिर जिम्मेदार नहीं है
समय जिम्मेदार है, काल जिम्मेदार है
और जिसे इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेनी थी
वो दानवीर “कृपालु्“ मोह माया से दूर
किसी कोने में बैठा, भजन पद गा रहा था
मथुरा में भंडारे की योजना बना रहा था

इस घटना से
मनगढ का मन बहुत व्यथित है
और सोच रहा है
शायद कृपालुओं के पास
आध्यात्मिक शक्ति हो होती है
पर आत्मिक शक्ति और नैतिक साहस नहीं
तभी तो–
दिल्ली के इच्छाधारी बाबा
लड़कियों की इच्छा से "धंधा" करवाते हैं
कौन, कब, किसके साथ सोयेगी
इसका शेडडूल बनाते है
मीठी वाणी में रविशंकर
आर्ट आफ लिविंग का पाठ पढाते हैं।
और, देश के सारे श्री श्री, ज्ञानी, ध्यानी
संगम में पहले नहाने के लिए लड़ जाते है
और "अखाड़ा" कहलाते हैं।

"सम्भोग से समाधि की ओर"
लिखने वाले रजनीश
समाधि से सम्भोग की ओर जाते हैं
दुनिया पर आध्यात्म का नशा
चढ़ाने से पहले
अपने उपर थैलियम आजमाते हैं
और दिन भर ब्रह्मचर्य पर प्रवचन देने वाले
नित-आनंद , नित्यानंद
शिष्या को शैया तक ले आते हैं
और अपनी अनैतिकता को
प्राइवेशी का जामा पहनाते है।

हे! आध्यात्म का क्रेश-कोर्स चलने वाले संतो
एक बात कहूँ–
तुमने "आस्था" के जरिये
बहुतों की आस्था डगमगाई है
भक्ति विश्वास और प्रेम बेचकर
करोड़ों की सम्पति बनाई है
चाहो तो करोड़ों, अरबों और ले लो
पर कृपा करके अब
ये आनाचार बंद करो
हमारी आत्मा का दुराचार बंद करो
दुराचार बंद करो।

दीपक मशाल की अधूरी जीत


मार्च माह की यूनिकवि प्रतियोगिता की ग्यारहवीं कविता सित्मबर 2009 के यूनिकवि रह चुके दीपक चौरसिया 'मशाल' की है।

पुरस्कृत कविताः अधूरी जीत

तुम्हारे सच के लेबल लगी फाइलों में रखी
झूठी अर्जियों में से एक को
एक कस्बाई नेता की दलाली के जरिये
मेरे कुछ अपने लोग
हकीकत के थोड़ा करीब ले आये

आज बोलने पड़े कई झूठ मुझे
एक सच को सच साबित करने के वास्ते
वो झूठ जो तुम्हारे ही एक
कानून के घर में सेंध लगाने वाले विशेषज्ञ ने
लिख कर दिए थे मुझे

कतई नामुमकिन नहीं
कि कुछ भी अजीब सा ना लगे इसमें तुम्हें
क्योंकि तुम्हारे लिए हो चुका है ये
दाँत मांजने जैसा
पर मेरे लिए अभी भी अजीब
या शायद बहुत अजीब ही है ये
कि मेरे सच की कमाई
एक झूठ को झूठ साबित करने में लग गई

किसी ने कहा भी तो था पीछे से
कि 'कुछ खर्च हुआ तो हुआ
पर सच जीत ही गया आखिरकार'
और आज मैं एक बिन किये अपराध का
छोटा सा अपराधी बन
मुचलके पर रिहा हो रहा हूँ
अब बस इंतज़ार है
कल के अदालती चक्करों का..

वह सूरज के निकलने का सपना देखेगा


मार्च माह की प्रतियोगिता की नौवीं कविता एम वर्मा की है। एम वर्मा लम्बे समय से हिन्द-युग्म पर सक्रिय हैं और फरवरी 2010 का यूनिकवि सम्मान पा चुके हैं।

पुरस्कृत कविताः सफर जो अभी बाकी है

नीम अन्धेरे
जागा
आँख मलते-मलते
भागा
रक्त पिपासु
काली लपलपाती जीभ-सी
सड़क
वह भागता रहा
फिर भी
बेधड़क
गुजरा वह
कभी अन्धेरे सुरंग से
टकराया फिर
किसी दबंग से
गंतव्य क्या है?
मंतव्य क्या है?
किसी सवाल का जवाब नहीं
आँखों में कोई ख्वाब नहीं
समुन्दर की तलहटी खंगाला
खो गया जब भीड़ में
खुद की उँगली पकड़
खुद ही को निकाला
सिक्के उछालकर
खरीदा खुद को
कभी खुद को
सिक्के-सा उछाला
तय नहीं
क्या किस्सा है
भीड़ उसके अन्दर है
या वह भीड़ का हिस्सा है

सूरज अस्ताचल को है
अब वह लौटेगा
दरवाजे से बात करेगा
फिर अन्दर हो लेगा
कुछ खा-पीकर
कुछ देर में सो लेगा

वह सूरज के निकलने का
सपना देखेगा
सफर जो अभी बाकी है


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

प्यार का बढ़ना तापमान के बढ़ने जैसा नहीं है


ओम आर्य अपनी ख़ास शैली के लिए कविताप्रेमियों के बीच सक्रिय है। इनकी एक कविता पिछले साल हिन्द-युग्म पर प्रकाशित हुई थी। आज हम इनकी एक नई कविता प्रकाशित कर रहे हैं, जिसने मार्च माह की प्रतियोगिता में छठवाँ स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविताः चाँद के उस तरफ बर्फ जमा है

इसमें कोई अतिरंजन या रोमांटिसिज्म नहीं है
जब मैं कह रहा हूँ
कि आजकल रोज जुड़ रहा है थोड़ा-थोड़ा प्यार
हमारे बीच
पहले से जमा होते प्यार में

रोज बढ़ रहा है प्यार
रोज खिल रहे हैं गुलदाउदी, गेंदा और गुलाब
हमारे बीच

मगर फिक्र की बात है कि
उससे ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है
बाहर तापमान
महीना मार्च का और पारा चालीस के पार

बढ़ते प्यार के साथ
यह एक अलग सा अनुभव है मेरे लिए
जिसमें कुछ सपने रोज हो रहे हैं पूरे
और बन रहें हैं रोज कुछ नए

उगने से पकने तक की
प्रक्रिया पूरी करके
बहुत खुश हैं सपने
इसके ठीक उलट बढ़ते तापमान में
जल रहें हैं सपने
झुलस रहे हैं गुलदाउदी, गेंदा और गुलाब।

आप तो जानते हीं हैं
कि प्यार का बढ़ना
तापमान या आर्थिक विकास दर के बढ़ने जैसा नहीं होता
जो हर बार बढ़ने के साथ बढ़ा देता है
पृथ्वी पे असमानताएँ
उन सपनों कों जलाकर
जो नहीं सोते वातानुकूलित घरों में

यह अब रहस्य नहीं है किसी के लिए
कि दरअसल धरती उनका उपनिवेश तब तक है
जब तक तापमान एक सीमा से परे नहीं है
और अगला उपनिवेश चाँद होगा
क्यूँकि उन्हें पता चल गया है कि
चाँद के उस तरफ बर्फ जमा है.


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

हरी दूब सा एक रिश्ता


भावना सक्सेना की दो कविताएँ हिन्द-युग्म पर प्रकाशित हो चुकी है। आज हम इन्हीं की एक नई रचना प्रकाशित कर रहे हैं, जिसने मार्च माह की प्रतियोगिता में पाँचवाँ स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविता

हाथ से फोड़े
अमरूद के स्वाद-सा
जुबाँ पर
संदूक के कोने में
छिपी चवन्नी-सा भी है,
डिबिया में बंद
जुगनू-सा चमकता
जेब में कंचे-सा
खनकता भी है।
पहली फुहार पे उठी
सौंधी महक-सा
तृप्त बालक की आँख-सा
दमकता भी है
सघन नीम-सा
ठंडाता जेठ में
माघ में बरोसे-सा
गरमाता भी है
बंद मुट्ठी-सा
करीब है दिल के
छुटपन की शरारत-सा
मगर, खटकता भी है
कहें क्या
क्या नाम दें
क्या पुकारें इसको
ये जो रिश्ता
उग आया
हरी दूब-सा है।


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

हमेशा गाँव ही खुद को शहर में ढाल लेते हैं


मार्च माह की चौथी कविता एक ग़ज़ल है जिसे लिखा है रवीन्द्र शर्मा 'रवि' ने। रवि की ग़ज़लें हिन्द-युग्म के पाठक बहुत पसंद करते हैं। रवि एक बार हिन्द-युग्म के यूनिकवि भी रह चुके हैं।

पुरस्कृत ग़ज़ल

गरीबी में भी बच्चे यूँ उड़ाने पाल लेते हैं
ज़रा सी डाल झुक जाए तो झूला डाल लेते हैं

जहाँ में लोग जो ईमान की फसलों पे जिंदा हैं
बड़ी मुश्किल से दो वक्तों की रोटी दाल लेते हैं

शहर ने आज तक भी गाँव से जीना नहीं सीखा
हमेशा गाँव ही खुद को शहर में ढाल लेते हैं

परिंदों को मोहब्बत के कफस में कैद कर लीजे
न जाने लोग उनके वास्ते क्यों जाल लेते हैं

अभी नज़रों में वो बरसों पुराना ख्वाब रक्खा है
कोई भी कीमती सी चीज़ हो संभाल लेते हैं

ये मुमकिन है खुदा को याद करना भूल जाते हों
तुम्हारा नाम लेकिन हर घडी हर हाल लेते हैं

हमें दे दो हमारी ज़िन्दगी के वो पुराने दिन
'रवि' हम तो अभी तक भी पुराना माल लेते हैं


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

माँ और बेटा


युवा कवि मृत्युंजय साधक की दो कविताएँ हिन्द-युग्म पर प्रकाशित हो चुकी हैं। आज हम इनकी तीसरी कविता प्रकाशित करने जा रहे हैं, जिसने मार्च माह की यूनिकवि प्रतियोगिता में तीसरा स्थान बनाया है।

पुरस्कृत कविताः स्नेह

घर
बहुत दिन बाद आया बेटा
माँ
उसे सीने से लगा लेती है
पूछती है
कैसे रहे?
कोई
तकलीफ तो नहीं?
बेटा
नहीं कह कर
माँ
के आँचल में छुप जाता है
ठीक
वैसे ही जब बचपन में
माँ
की डाँट से बचने के लिए
छुपा करता था....
माँ
की ममतामयी आँचल
आज
भींग गई है आँसुओं से
आँचल
में छुपा बेटा
रोक
नहीं पाता अपने को
और
बह पड़ती है
गंगा-जमुनी धारा
नेत्र
के दोनों कूलों से
एक
दूसरे का कर रहे
जलाभिषेक
आँसुओं से.......
कोई एक
दूसरे को
छोड़ना
नहीं चाहता
बहुत
दिनों का दर्द
आज
सामूहिक हो गया है
कौन
हटाये उन्हें कैसे हटें वे
दोनो
की आँखें लाल
पर
आँसू रुकना ही नहीं चाहते
उन्हे
तो बहुत दिनों के बाद
स्नेह
का स्वाद मिला है
बेटा
झट माँ के चरण छूता है
माँ
उसके माथे को चूमती है...
बेटे
के माथे पर कटे निशान को
याद
कर फिर रो लेती है...
जब
उसके बेटे को लगी थी
कैंची साइकिल चलाते समय गिरकर चोट
बेटा
माँ की फटी साड़ी से
झाँकते
बालों को छिपाता है...
पर
अपने आँसू नहीं छिपा पाता
दोनों
की यादें आज हरी हो गई हैं
पा
रहीं हैं पानी दोनों के आँसुओं का
अब
कौन किससे कहे
कौन
किसकी सुने
दोनों
मौन ...नि:शब्द...
बेटे
को अभी माँ के लिए
लाई
साड़ी निकालनी है
तो
माँ को बेटे के लिए
बूढ़ी
आँखों से बुने ऊनी दास्ताने....
बेटे
को अभी पूछना है
नंदिनी
गाय ने अबकी बाछा दी या बाछी
संवरु
कुत्ता कहाँ ....?
आज
चौराहे पर नहीं मिला .....
माँ
को भी बताना है
मंगरु
के बेटी लाली का गौना हो गया
और
वो चली गई
और
पड़ोस के राय साहब आये थे
कुंडली, फोटो दे गये हैं...................


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

खुद्दार किसान का अन्तर्द्वन्द्व


मार्च 2010 की यूनिकवि प्रतियोगिता की दूसरी कविता अतुल चतुर्वेदी की है। अतुल चतुर्वेदी की कविता ने फरवरी महीने की प्रतियोगिता में भी दूसरा स्थान बनाया था।

पुरस्कृत कविताः खुद्दार किसान का अन्तर्द्वन्द्व

मैंने नहीं मांगी तुमसे दया
दिशा या दृष्टि नहीं मांगी
नहीं चाहा चलना
तुम्हारे सुझाए रास्तों पर
तुम्हारे उपदेशों को भी नहीं सुनना चाहता था मैं
मुझे चिढ़ थी
अनुकरणों से
उदाहरणों से
मैं बोना चाहता था
स्वयं के पसीने का बीज
उद्यम की धरती उर्वरा बनाना चाहता था
मुझे नहीं चाहिए थीं नगदी फसलें
मैं तो ज्वार-बाजरा उगाना चाहता था
मुझे नहीं फिराने थे
सहायता के ट्रैक्टर
मुझे तो पुरुषार्थ के हल चलाने थे
मुझे इंतजार नहीं था मेघों का
मैं स्वयं श्रम का जल बन
पसरना चाहता था
फसलों की नसों में
मिट्टी में
तुम्हारी आँखों में
सच पूछो तो मुझे आज भी नफरत है
ऋण लेने से
और जिंदगी से गहरा प्यार है
लेकिन यही है मुसीबत है इन दिनों
कि किसान जीवन ऋण बिना सधता नही
और खाली पेट प्यार पनपता नही
मैं दोनों में से किसे साधूँ
जिंदगी से अपने प्यार को
या तिल-तिल बढ़ते उधार को
खुलकर चिल्लाऊँ
या मुँह ढाँप सो जाऊँ
नए मुआवजे की प्रतीक्षा में


पुरस्कार- विचार और संस्कृति की मासिक पत्रिका 'समयांतर' की ओर से पुस्तक/पुस्तकें।

युवा कहानीकार ने जीता मार्च 2010 का यूनिकवि पुरस्कार


हिन्द-युग्म हर महीने के पहले सोमवार को यूनिप्रतियोगिता के परिणाम प्रकाशित करता है। आज हम मार्च माह की प्रतियोगिता के परिणाम लेकर उपस्थित हैं। यूनिकवि प्रतियोगिता के साथ यह हमेशा से होता आया है कि कई बार शीर्ष 10 कविताओं में सर्वश्रेष्ठ कविता चुनना मुश्किल हो जाता है और कई बार प्रकाशित करने के लिए 10 कविता चुन पाना। इस बार भी 4-5 कविताएँ एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रही थीं। यद्यपि किसी कविता में कथ्य की सघनता या उसकी कसावट का अभाव था तो किसी कविता में मौलिकता का। एक कविता की बिम्बात्मक सुंदरता निर्णायकों का मन मोह रही थी, वहीं एक कविता की समसामयिकता। कुछ निर्णायकों ने प्रतिभागियों से यह आग्रह भी किया कि कविता को अंतिम रूप से देने से पहले उसके कथ्य, विस्तार, भाषा-संरचना आदि पर कई-कई बार विचार करें, एक-एक पंक्ति, एक-एक शब्द पर कई बार सोचें, क्योंकि कविता लिखना एक जिम्मेदारी भी है।

बावजूद इसके हमने सभी 5 जजों (प्रथम चरण के 3 और अंतिम चरण के 2) द्वारा दिये गये औसत अंकों के आधार पर विमल चंद पाण्डेय की कविता को यूनिकविता चुन रहे हैं। विमल चंद पाण्डेय का नाम युवा कहानीकारों में अग्रगामी है। विमल चंद पाण्डेय को वर्ष 2009 में इनके पहले कहानी-संग्रह 'डर' के लिए भारतीय ज्ञानपिठ का प्रतिष्ठित नवलेखन पुरस्कार दिया गया।

यूनिकवि- विमल चंद्र पाण्डेय

इनका परिचय इन्हीं की जबानी-

जब आंखें खोलीं तो खुद को ऐसी किताबों के बीच पाया जिन्हें पढ़ने की सख्त मनाही थी। मेरी बुआ और मेरी मां उन उपन्यासों की प्रखर पाठिका थीं जिन्हें पढ़ते वे आपस में उन पात्रों पर चर्चा करतीं और उनके दुख से दुखी और उनकी खुशी में उल्लासित होती थीं। प्रतिबंध ने उत्सुकता को बढ़ाया और मैंने उन उपन्यासों को छिप-छिप कर पढ़ना शुरू किया तो एक नई दुनिया के द्वार मेरे लिए खुलने लगे। एक किताब में इतने भाव? यह मेरे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था। छिप कर पढ़ने की वजह से पाठन में एक गति आई जो आज भी एक अच्छी आदत की तरह साथ है। 1996 में जब हाई स्कूल में 75 प्रतिशत अंक आए तो पिता के भीतर मुझे इंजिनियर या उसी टाइप की कोई चीज बनाने की इच्छा जोर मारने लगी। मैं अब तक सुरेंद्र मोहन पाठक, वेद प्रकाश शर्मा, प्रेम बाजपेई और मनोज वगैरह के सैकड़ों उपन्यास पढ़ चुका था। दो घटनाएं तभी साथ-साथ हुईं। पिता ने मेरी मर्जी के खिलाफ मुझे इंटर में गणित लेने पर विवश किया और मैंने अचानक एक दूसरी तरह का उपन्यास पढ़ा। यह एक ऐसा उपन्यास था जिसे पढ़ कर मैं कई रातों तक सो नहीं सका। मैं यह सोच कर आश्चर्य में था कि कोई कहानी इस तरह भी लिखी जा सकती है। उन सस्ते उपन्यासों से मन हट गया और इसी तरह के उपन्यासों की तलाश रहने लगी। वह उपन्यास था शरतचंद्र का गृहदाह। फिर क्या था। खोज-खोज के उनको पूरा पढ़ डाला। उनको खोजने गया तो रास्ते में प्रेमचंद मिल गए। उनको पढ़ के अलग तरह का हर्ष हुआ। उनको खोज-खोज कर पूरा पढ़ने में लगा था कि अज्ञेय, निराला और मुक्तिबोध टकरा गए। फिर तो इन सबसे दोस्ती होने लगी। ये मेरा हाथ पकड़ कर रास्ता दिखाने लगे। इन सबको पढ़ते-गुनते इंटर पास किया और अंकों के मामले में पिछली बार से दस प्रतिशत पिछड़ गया। अब स्नातक में हिंदी लेकर पढ़ने की इच्छा जोर मारने लगी थी पर पिता का सपना अभी पूरी तरह टूटा नहीं था। उन्होंने गणित लेकर पढ़वाने के लिए साम दाम दंड भेद सभी प्रयोग कर दिए। आखिरकार बी॰एस॰सी॰ करते हुए उदय प्रकाश, कमलेश्वर, राजेंद्र यादव, अमरकांत, मनोहर श्याम जोशी इत्यादि नामों से परिचित हुआ। साहित्य अब मेरे अंदर सांस लेने लगा था। साहित्य से जुड़ाव एक तरह से आध्यात्मिक क्रिया है, आप सबसे बेखबर रहने लगते हैं और अपनी दुनिया में मस्त। यह खतरनाक भी होता है खासतौर पर एक ऐसे लड़के के लिए जिसके सामने पूरा करियर पड़ा हो। बहरहाल बीण॰एस॰सी॰ में पहली बार मैं अपने शिक्षाकाल में ऐसी घटना से दो चार हुआ जिसे सेकेण्ड आना कहते हैं। वह भी इतने बुरे प्राप्तांकों के साथ कि उल्लेख करना संभव नहीं।
फिर पिताजी ने मेरे डगमगाते भविष्य को देखते हुए मुझे दिल्ली भेजा और अपने एक परिचित के संस्थान से कंप्यूटर कोर्स कराया ताकि लड़का धंधे से लग जाय। लड़का लग भी गया पर चैन नहीं था। अब लगता था जैसे कुछ ऐसा काम किया जाय जिसमें कहानियां न सही कुछ लिखना हो, कुछ पढ़ना हो, शब्द हों, अक्षर हों और सोंधी सोंधी गन्ध वाली किताबें हों। एक दिन अखबार में एक नोटिस देख कर दिल्ली विश्वविद्यालय में पत्रकारिता पाठ्यक्रम के लिए आवेदन कर दिया, घर पर बिना बताए। घर पर तब बताया जब साक्षात्कार के बाद दाखिले की तिथि आई। हंगामा मचा और बवाल हुआ पर प्रवेश हो गया। इस दौरान खुद को खोजा। खूब पढ़ा और कुछ लिखने की कोशिश भी की। कोशिशों को पहचान मिलने लगी तो हौसला बढ़ा। कहानियाँ छपने लगीं। पत्र आने लगे, फोन पर बधाइयाँ मिलने लगीं। अच्छा लगता है और अच्छा लिखने की प्रेरणा भी मिलती है। आज जब अमरकांत जी जैसे लेखकों के पास बैठता हूँ और उन्हें आज भी उसी श्रद्धा और मेहनत से लिखता और उसी उत्सुकता से पढ़ता देखता हूँ तो लगता है जैसे अभी कुछ भी नहीं पढ़ा। कहने को तो वागर्थ, कथा-क्रम, नया ज्ञानोदय, दैनिक जागरण, कथा-बिंब, कथन और साहित्य अमृत जैसी पत्रिकाओं में लगभग दस-ग्यारह कहानियां छप चुकी हैं जिसने ढेरों प्रशंसक और मित्र दिए हैं पर एक भी कहानी ऐसी नहीं जिसे लिखने के बाद लगा हो कि हाँ, ऐसे ही तो लिखना चाहता था इसे। पढ़ने को लिखने से ज्यादा महत्व देता हूँ और देता रहूँगा क्योंकि यह सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। उदय प्रकाश सबसे पसंदीदा कहानीकार हैं और मनोहर श्याम जोशी पसंदीदा उपन्यासकार। अपने समकालीन कहानीकारों में कुणाल सिंह, चंदन पाण्डेय, नीलाक्षी सिंह और मो॰ आरिफ का प्रशंसक हूँ। जब दो-तीन कहानियां छपी थीं तो लगभग हर दूसरे दिन एक कहानी तैयार कर दिया करता था। लगता था जैसे मैं बहुत अच्छा लिखता हूँ। अब गति धीमी हो गई है क्योंकि अब लिखने पर ज्यादा ध्यान देना चाहता हूँ। एक बार फिर दोहराना चाहूँगा कि ढेर सारा लिख देने में कोई बहादुरी नहीं अगर हम पढ़ने में लिखने से दस गुना ज्यादा उत्सुक नहीं हैं।

रुचियाँ- दुनिया भर की सभी भाषाओं की अच्छी फ़िल्में देखना (जिस प्रकार मुझे प्रत्येक भाषा की बढ़िया किताबें पढ़ने का) , फ़िल्म बनाना (कई डाक्यूमेंट्री फ़िल्मों का निर्माण

सपना- सफलतम फ़िल्म-निर्देशक बनना

जन्मतिथि- 20-10-1981

संप्रति- UNI, लखनऊ में सब-एडीटर

पुरस्कृत कविता- तुमसे प्रेम, तुम्हारे शहर से

अगर दुनिया का दस्तूर निभाने के लिये
तुमसे कहा जाय
अपनी ज़िन्दगी से निकाल फेंको
वे दो दिन
जो अचानक ख़त्म हो गये
रोंयेदार ख़रगोश की छलांग की तरह
जिसके सफ़ेद रोंये का एहसास
अब भी मौजूद है मेरे खुरदुरे गालों पर
वे दो दिन
जब एक पुराने अनुभवी शहर की देह पर
अचानक उगा था एक टापू
जिस पर मैं खड़ा था अकेला
तुम्हारा इन्तज़ार करता हुआ
जैसे हिरनी करती है अपने बच्चों का इन्तज़ार
तुम कैसे निकाल फेंकोगी
वे दो दिन
जब दिन में चाँद उगा था
अपने तमाम साथियों के साथ
उत्सुकतावश
सिर्फ़ हमें देखने के लिये
तुम आयी थी
तुम्हारे आने पर गिर गई थी
इन्तज़ार की पत्ती पर टिकी संशय की वह बूँद
मैंने तुम्हें शहर के बीचोंबीच चूमा था
और इस तरह प्यार किया था तुम्हारे शहर को
ख़ूब-ख़ूब प्यार
बदले में तुम मुझसे लिपट गई थी मुझसे
अपने शहर की तमाम ख़ासियतों के साथ
तुमसे ख़ूशबू आयी थी फूलों-पत्तियों के साथ
तमाम खनिजों की
एक चमत्कार से मैं हतप्रभ थ
तुम कैसे करोगी वह फ्लाईओवर पार
जिससे गुज़रते अनायास तुम्हारी गर्दन मुड़ जाया करेगी
एक ख़ास दिशा की ओर
तुम कैसे बनाओंगी अपने लिये खीर
वहाँ हर निवाले में मेरे स्वाद की वंचना होगी
सच
तुम्हारा शहर बहुत ख़ूबसूरत है
चाँद, फूलों, गिलहरियों, कौओं, चट्टानों
और मोबाइल टॉवरों के साथ
तुम कैसे कर सकोगी
अपने शहर से उतना प्यार
जितना मैंने मेहमान होकर सिर्फ़ दो रातों में किया है
मैं जानता हूं
जो मैं कर सकता हूं आसानी से
तुम नहीं कर सकोगी उसी तरह
मैं तुम्हारी मदद करूँगा इसमें
अपने शहर का हाल सुनाकर
तुम तुलना करना दोनों की
और ख़ुश हो जाया करना
मेरे शहर में चाहे जितने हादसे हों
मैं हर बार तुम्हें ´ख़ैरियत है तमाम´ लिखूँगा
मैं हर चिट्ठी में अपना बदलता हुआ नाम लिखूँगा।


पुरस्कार और सम्मान- समयांतर, की ओर से पुस्तकें तथा हिन्द-युग्म की ओर से प्रशस्ति-पत्र। प्रशस्ति-पत्र वार्षिक समारोह में प्रदान किया जायेगा। समयांतर में कविता प्रकाशित होने की सम्भावना।

इनके अतिरिक्त हम जिन अन्य 9 कवियों की कविताएँ प्रकाशित करेंगे तथा उन्हें विचार और संस्कृति की चर्चित पत्रिका समयांतर की ओर से पुस्तकें प्रेषित की जायेंगी, उनके नाम हैं-

अतुल चतुर्वेदी
मृत्युंजय श्रीवास्तव ’साधक’
रविंद्र शर्मा ’रवि’
भावना सक्सेना
ओम आर्य
गोपाल दत्त देवतल्ला
अविनाश मिश्र
एम वर्मा
रेणु दीपक


हम शीर्ष 10 के अतिरिक्त भी बहुत सी उल्लेखनीय कविताओं का प्रकाशन करते हैं। इस बार हम निम्नलिखित 3 कवियों की कविताएँ भी एक-एक करके प्रकाशित करेंगे-

दीपक चौरसिया ’मशाल’
ऋषभ मिश्रा
देवेश पांडेय


उपर्युक्त सभी कवियों से अनुरोध है कि कृपया वे अपनी रचनाएँ 3 मई 2010 तक अनयत्र न तो प्रकाशित करें और न ही करवायें।

इस बार हम किसी भी पाठक को यूनिपाठक नहीं चुन रहे हैं क्योंकि इस बार कोई भी पाठक टिप्पणी करने में निरंतर नहीं रहा। हम अपने पाठकों से निवेदन करते हैं कृपया 1 अप्रैल से 30 अप्रैल के मध्य हिन्द-युग्म पर प्रकाशित सभी कविताओं को गंभीरता से पढ़ें और उनपर समीक्षात्मक टिप्पणी करें, इससे कवियों को प्रोत्साहन और मार्गदर्शन तो मिलेगा ही साथ ही साथ हमें भी स्वयं में सुधार करने की प्रेरणा मिलेगी।

हम उन कवियों का भी धन्यवाद करना चाहेंगे, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाया। और यह गुजारिश भी करेंगे कि परिणामों को सकारात्मक लेते हुए प्रतियोगिता में बारम्बार भाग लें। इस बार शीर्ष 13 कविताओं के बाद की कविताओं का कोई क्रम नहीं बनाया गया है, इसलिए निम्नलिखित नाम कविताओं के प्राप्त होने से क्रम से सुनियोजित किये गये हैं।

सुधीर गुप्ता चक्र
राजेंद्र स्वर्णकार
विजय प्रकाश सिंह
रजनीकांत मिश्र
दीपक कुमार
संध्या पेडण॓कर
कमल किशोर सिंह
तरुण ठाकुर
मनसा आनंद
ब्रह्मनाथ
विपुल दुबे
आर्य मनु
नमिता राकेश
तपन शर्मा
शामिख फ़राज
अंतराम पटेल
हिमानी दीवान
महेंद्र प्रताप पांडेय ’नन्द’
नीलम अरोरा
अमिता कौंडल
आशीष पंत
स्नेह सोनकर ’पीयूष’
डॉ अनिल चड्डा
शशि सागर
अनामिका (सुनीता)
ब्रजेंद्र श्रीवास्तव ’उत्कर्ष’
रतन शर्मा
बोधिसत्व कस्तुरिया
संगीता सेठी
अमित सागर
अजय दुरेजा
प्रदीप वर्मा