फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

माँ तो माँ है.....गीत भी , कविता भी


यूँ तो माँ पर लिखना आसान नहीं, लेकिन यह भी है कि माँ पर लिखना सबसे ज्यादा हीं संतोषप्रद होता है। वह जिसको आप अपनी ज़िंदगी के पहले क्षण से जानते हैं,उसका चरित्र-चित्रण करने के लिए आपको दिमाग के घोड़े नहीं दौड़ाने पड़ते। बातें खुद-ब-खुद दिल से कागज़ पर उतरती जाती हैं।

जो रचना मैं आज यहाँ पेश कर रहा हूँ, वह दर-असल एक गीत है, जो मैंने आवाज़ के लिए लिखा है। यह गीत आज आवाज़ पर भी प्रस्तुत हुआ है। गीत सुनने के लिए यहाँ जाएँ। पाँच मुखड़ों और पाँच अंतरों में लिखा यह गीत जब रिकार्ड हुआ तो समयाभाव के कारण तीन मुखड़ों और दो अंतरों तक हीं सीमित होकर रह गया । पूरा का पूरा गीत लोगों के सामने आए और मैं पूरे पाँच अंतरों के माध्यम से माँ तक अपनी भावनाओं को पहुँचा सकूँ ,बस इसीलिए इसे यहाँ सबके सामने रख रहा हूँ।


माँ मेरी लोरी की पोटली,
गुड़ जैसी!!

मिट्टी पे दूब-सी,
कुहे में धूप-सी,
माँ की जाँ है,
रातों में रोशनी,
ख्वाबों में चाशनी,
माँ तो माँ है,
ममता माँ की, नैया की नोंक-सी,
छलके दिल से, पत्तों में झोंक-सी।

माँ मेरी पूजा की आरती,
घी तुलसी!!

आँखों की नींद-सी,
हिंदी-सी , हिंद-सी,
माँ की जाँ है,
चक्की की कील है,
मांझा है, ढील है,
माँ तो माँ है।
चढती संझा, चुल्हे की धाह है,
उठती सुबह,फूर्त्ति की थाह है।

माँ मेरी भादो की दुपहरी,
सौंधी-सी!

चाँदी के चाँद-सी,
माथे पे माँग-सी,
माँ की जाँ है,
बेटों की जिद्द है,
बेटी की रीढ है,
माँ तो माँ है।
भटका दर-दर, शहरों मे जब कभी,
छत से तकती, माँ की दुआ दिखी।

माँ मेरी भोली सी मालिनी
आँगन की!

अपनों की जीत में,
बरसों की रीत में,
माँ की जाँ है,
प्यारी-सी ओट दे,
थामे है चोट से,
माँ तो माँ है,
चंपई दिन में,छाया-सी साथ है,
मन की मटकी, मैया के हाथ है।

माँ मेरी थोड़ी-सी बावली,
रूत जैसी!

मेरी हीं साँस में,
सुरमई फाँस में,
माँ की जाँ है,
रिश्तों की डोर है,
हल्की-सी भोर है,
माँ तो माँ है,
रब की रब है, काबा है,धाम है,
झुकता रब भी, माँ ऎसा नाम है।

-विश्व दीपक ’तन्हा’

आखिर कब तक.....






खूनी मंजर
*******

वो सात दशक बूढी आखें
सूखे आँसू रोये रोये...
एक सात बरस का ये बचपन
माँ बाप बहन भाई खोये...
पथाराई आँखें बापू की
बेटा अब तक घर नहीं लौटा
राखी भी रह-रह बिलख रही
खो गया भाई भी इकलोता
लाशें लाशों को देख हँसी
ना रहा कोई रोने वाला
वरना मरता हर रोज कोई
इतना कुनबा खोने वाला ।


ललकार
*****

छुप छुप के धमांके करने से
दुधमुँहों की लोथ बिखरने से
साबित होती एक बात मगर
तू कोई जानवर से बद्तर
तू मरे से परे निष्प्रान कोई
ना धर्म जाति ईमान कोई
ना तेरा अल्लाह ईश कोई
ना ही तेरा भगवान कोई....

माँ का कुछ दूध पिया है गर
तो मिला आँख सन्मुख आकर
क्यूँ चूहों सा छुपता बुझदिल
भोले बे-गुनाहों के कातिल
ये खूनी खेल बर्बरता का
बस भ्रम है तुझे सफलता का
जाहिर करता खिसियानापन
नापाक तेरी असफलता का

ये मंजर दहशतगर्दी के
है नमूने सब नामर्दी के
यदि फड़क रही तेरी बाजू
तो क्यूँ न सामने आता तू
हिम्मत है सामने लड़ आकर
यूँ पीठ भौंकने से खंजर
अच्छा है डूबकर मर जाना
लेकर के पानी चुल्लूभर

तू खोद रहा है स्वंम कब्र
जो टूट गया जिस रोज सब्र
जिन्दा तुझे दफन करेंगे हम
भारतमाता की हमें कसम
हम शांत हैं तो तू ये न जान
लेता नहीं अपना लहू उफान
सौ बार निछावर वतन हेतु
हमें जान से प्यारा हिन्दोस्तान
हमें जान से प्यारा हिन्दोस्तान
हमें जान से प्यारा हिन्दोस्तान


कविता वैसी कुछ खास चीज नहीं है ( एक नेपाली कविता )


रमेश श्रेष्ठ की नेपाली कविता 'कविता-उत्सव'
हिन्द-युग्म के अनुवादक (नेपाली से हिन्दी) कुमुद अधिकारी की व्यस्तता के कारण हम पिछले कई माहों से कोई नेपाली कविता नहीं प्रस्तुत कर सके। इंतज़ार काफी लम्बा हो गया था, लेकिन आज कुमुद अधिकारी एक नेपाली कविता 'कविता उत्सव' लेकर प्रस्तुत हैं जिसके रचनाकार है रमेश श्रेष्ठ।

रमेश श्रेष्ठः एक परिचय

पोखरा में रहने वाले 1967 में जनमें कवि एवं कलाकार श्री रमेश श्रेष्ठ दस साहित्यिक संस्थाओं से संबद्ध हैं और राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण कोष, पोखरा में कार्यरत हैं।
प्रकाशित कृतियाँ-
  • 1. नपोतिएका रङहरू(गीत)

  • 2. चराहरूको पहाड(कविता संग्रह)

  • 3. आमा नदीहरू(कविता संग्रह)

  • 4. बुद्ध बिम्ब अक्षर बिम्ब(कविता संग्रह)

  • 5. In the name of Buddha(Poems)

  • 6. घाँस उखेलीरहेकी केटी(काव्य)

  • 7. रोदी रोएको देशमा(काव्य)

  • 8. कविता र साँझ(भी.सी.डी.)

  • 9. अक्षरको खेत(काव्य)

  • 10. एक खण्डकाव्य और कविता संग्रह शीघ्र प्रकाश्य।

पुरस्कार सम्मानः
राष्ट्रीय प्रतिभा पुरस्कार, युवावर्ष मोती पुरस्कार के साथ अन्य बारह पुरस्कार एवं सम्मान।

कविता उत्सव
 रमेश श्रेष्ठ

अन्य नेपाली कविताएँ
  1. पहली नेपाली कविता:पुरखों के प्रति...

  2. दूसरी नेपाली कविता:जीवनवृत्त

  3. तीसरी नेपाली कविता:पेड़

  4. कुछ पल एक नेपाली कविता के संग

  5. दो नेपाली कवितायें
जवाँ उजाले के सामने
कविता वैसी कुछ बड़ी
चीज नहीं है
आज
तुम्हारे नाम पर तारे गिर गए
तारों के गर्म आँसू
न आकाश देख पाया
न धरती देख पायी
आज बहककर ही तारे
तुम्हारे नाम पर गिरे

यादों में किसी दिन
सागर में बड़ी सुनामी आई
बहुत सी बस्तियाँ, गुंबद, निर्माण और लोगों को बहा ले गई
लोगों के बनाए प्रेम-स्मारक
प्रेम घोलकर पी जा रही कॉफी व कॉफी-शॉप
दिल में तान बजाते वॉयलिन
और एक बार की जिंदगी में गुजारे हुए प्रेम के पल
ऐसे बह गए जैसे सपने बहते हैं
वह प्रेम, वॉयलिन का दिल और धुन
कोई नहीं देख पाया, नहीं सुन पाया
देखा और सुना तो सिर्फ़ कवि ने
और छाती से लगाकर लिखा
धरती की सुनामी, सागर और प्रेम के साथ
किताबों के अक्षर के साथ जागकर चेतना में घूमती रही
कविता वैसी कुछ बड़ी
चीज नहीं है।

याद करने लायक कोई दिन
सड़कों पर पैरों और आवाजों की कैटरीना आई
मूछें, कुर्सियाँ, गाड़ियाँ और शासन की जड़ें
बहा ले गई
मानव निर्मित असमानताएँ
नींद और तंद्रा की कुरूपता में चौंक गईं
बिन आँखोंवाली गोली भीड़ में आई
और भीड़ के आँसू बहा ले गई
कई लाशें गिरीं
उन्हीं लाशों के गंध से मस्तिष्क के किसी किनारे पर
स्वतंत्रता का आभास हुआ
एकबार की जिंदगी में उनके नाम
फिर चाँद हो गए
मीठे भाषण हुए, बदली मूछें, बदली कुर्सियाँ, बदला शासन
शहीदों का संरक्षण हुआ,
शहीद नाम के उनके चाँद में
सड़क पर फैले खून के साथ गिरते सिंदूर के आँसू
और बच्चों की भूख के दाग
कोई नहीं देख पाया
देखा तो सिर्फ कवि ने
और खुद से बदलकर लिखा
फिर कवि उनका एक नंबर का दुश्मन हो गया
कविता वैसी बड़ी चीज नहीं है

जीवन के जुलूस में
तारे गिर गए तुम्हारे नाम
उन तारों के गर्म आँसू
न आकाश ने देखा
न धरती ने
उन तारों में जीवन के दुःख और
प्रेम की गहराइयाँ चमक रही थीं
पर देखा नहीं किसी ने
देखा तो सिर्फ कवि ने
और लिखी कविता
जवाँ उजाले के सामने
कविता वैसी कुछ खास
चीज नहीं है।

नेपाली से अनुवादः कुमुद अधिकारी

शब्द


शब्द, ठीक थे जब तक खूंटों से बंधे थे,
शब्द, कल शाम खुल गए खूंटों से, आज़ाद हो गए,
हवाओं में उड़ने लगे गुब्बारों की तरह,
शब्द, कोरे थे, मासूम थे सब,
तिरस्कृत हुए, अपमानित हुए, कुछ इतने शर्मसार हुए,
कि दुबक गए दुनिया के किसी कोने में जाकर,
कुछ डूब मरे दरिया में,
शब्द कुछ जो भाषाओं की सीमाएं लांग गए थे,
उनका धरम जांचा गया,
आश्चर्य, सब ने एक स्वर में उन्हें करार किया - दोषी… दोषी
हुक्म दिया, सजा-ऐ-मौत का,
सरे बाज़ार किया गया उनका सर, धड से जुदा,
ताकि दुबारा कभी कोई शब्द, ये जुर्रत न करे,
शब्द कुछ, कल शाम निकले थे बाज़ार में घूमने,
रात शहर में हुए बम धमाकों में मारे गए,
दोस्ती,
प्यार,
विश्वास,
इंसानियत....
लम्बी है बहुत, मृतकों की सूची,

शब्द, जो एक अमर कविता बन जाना चाहते थे,
कुछ दिन और जिन्दा रह जाते -
अगर जो खूंटों से बंधे रहते …

सोमवार की कविता- हरकारे से अनुरोध


हरकारे से अनुरोध


सरकार, तुम पर हमारा पूरा भरोसा है
तुम लिए जा रहे हो हमारी पीड़ाएं हुजूर के पास
उम्मीद पर कायम है दुनिया
कौन जाने हमारी पीड़ा उन तक पहुँच ही जाए महाराज!

हम जानते हैं कि चाट-पकौड़ी से अब तुम्हारा काम नहीं चलता
तुम जाहिर कर चुके हो यह हमसे कई बार बातचीत में
लेकिन हम तुम्हारा यह दुःख तो दूर नहीं कर सकते
अन्न बेचकर बस इतना ही कर सके
लेकिन हमारी शिकायत हुज़ूर तक जरूर पहुंचा देना महाराज!

हमारा दुःख तुम्हें यात्रा में सालेगा जरूर
लेकिन विचलित न होना
हमारी बातें हुज़ूर को नागवार गुजरेंगी
लेकिन उन्हें नरम न कर देना
वैसे ही तन कर कहना जैसे कि हमने तुमसे कहा था
जीवन भर के लिए हरकारे हो
लेकिन राम कसम तुम हमारे एकमात्र सहारे हो!

तुम नदी पार करना लेकिन हमारा दुःख बहा मत देना
तुम हवा में उड़ना लेकिन हमें उड़ा मत देना
तुम विश्राम करना लेकिन हमारी बेचैनी भूल न जाना
तुम सैर-सपाटा करना लेकिन हमारे हाथ-पाँव के छाले याद रखना.

उम्मीद तो कमै है कि बनेंगे हमारे बिगड़े काज
लेकिन असलियत तो थोड़ा और खुलैगी महाराज.

-vijayshankar chaturvedi

आखिर किस ठोर चलें ... ???


जाने कहाँ क्या घट जाये...
जाने कब बम फट जाये....
ले साइकल स्कूल ना जाये;
मुन्ना इतना घवराये......
भूखा रहने को राजी अब;
टिफिन उठाते कतराये....
जाने कहाँ क्या घट जाये....
जाने कब बम फट जाये.....

प्रभु के सन्मुख शांति प्रार्थना;
अजान; जान भी ले लेगी,
मन्दिर के घंटों की प्रतिध्वनि;
चीत्कार बन खेलेगी,
हिमगिरि से लेकर जलधिपार;
किस ठोर कहाँ कोई शहर मिले,
जहाँ न खूनी होली हो और
जहाँ न बर्बर कहर मिले,
जहाँ न बम की दहल देहरी दहलाये...
जाने कहाँ क्या घट जाये.....
जाने कब बम फट जाये.....

ज्वर से जलता लाल गोद में;
लेकर बैठी कब से माँ,
बिलख रही पर ! बख्सो बख्सो;
अस्पताल नहीं ले जाना,
बिखर गया जो अस्पताल में
माँटी कहाँ समेटुंगी,
कम से कम अब इतना तो है
आँचल में भर बैठुँगी,
रह रह आंसू टपकाये.........
जाने कहाँ क्या घट जाये...
जाने कब बम फट जाये...

बंगलोर; बमलोर हुआ आह !
शहर गुलाबी लाल हुआ;
बममई हो गयी अब बम्बई;
सूरत, बदसूरत ! कमाल हुआ,
कम्पित कलकत्ता, देहली दहली;
किस ओर नही लो बबाल हुआ,
चैन से जीना ! मसखरी हा हा...
चैन से मरना तक; बेहाल हुआ,
किस लिये योनि मानव पाये....
जाने कहाँ क्या घट जाये .....
जाने कब बम फट जाये .....


06-08-2008

क्यों कोई हो


केशव बन कलियुग का
क्यों कोई
इतिहास दोहराता नहीं

फिर तर्क को अस्त्र बना
क्यों कोई
गीता यहाँ रच पाता नहीं

विजेताओं की साख पर
लिखी जाती पांडूलिपियाँ यहाँ
क्यों कोई
सत्य पर मर मिटने वालों को
सर काँधों पर बिठलाता नहीं

राजनेता भोज और महफ़िलों में
दल डूबे हुए हैं दलदलों में
बोली बोलो कि बिक रही कुर्सियां
क्यों हर कोई
बंधित हो इस कोप को है ढो रहा
क्यों कोई
अर्जुन बन इस लक्ष्य को नहीं भेदता
और इस शाप से मुक्ति दिलाता नहीं

रोज सजते धर्म गुरुओं के सिंहासन
भीड़ जुटती है श्रद्धालुओं की अपार
इक तरफ़ धर्म से, इक तरफ़ राज से
दोहरा हो रहा मुनाफ़े का व्यापार
क्या नया है जो एक बुद्धिजीवी जानता नहीं
भीड़ का हिस्सा बना, आत्मा की मानता नहीं
क्यों हर कोई
बस देखा देखी है भेड़ चाल चल रहा
अधिकारों की है बात करता
कर्तव्यों से है कर छल रहा

क्यों कोई हो
क्यों न हम सब हों
और लक्ष्य जनहित का भला हो
धर्म को रखें घरों तक और
सबके लिये दिल प्यार से भरा हो
तेरे मेरे सब के दर्द की सांझी दवा हो
बेखौफ़ जिसमे साँस ले सब, ऐसी हवा हो

सोचता हूं कि पूछ ही लूं तुम से


यूं तो
अधिकार तनिक नहीं
फ़िर भी
सोचता हूं कि पूछ ही लूं तुम से

किस संकल्प हेतू
ढोया तुमने
यह एकेलापन
स्वपनों का होम कर
प्रतिकार में हाथ जलाये

सोचता हूं कि पूछ ही लूं तुम से

क्या है जिसे
उर उमंग बना
हंस लेती हो
किस तरह
रेत के सपाट तल पर
भावनाओं की
नाव खेती हो

सोचता हूं कि पूछ ही लूं तुम से


क्यों नैनों के द्वार पर
लगा पलकों का पहरा है
कौन राज
ह्र्दय में
पैठ मारे गहरा है

सोचता हूं कि पूछ ही लूं तुम से


किंचित फ़ूलों का मौसम
अभी नहीं बीता है
अंकुर बिम्बों का
आज भी जीता है
हरित है
चाहे पलाश नहीं
जीवन्त राहे हैं
भविष्य की सोच कर
वर्तमान हताश नहीं

सोचता हूं कि पूछ ही लूं तुम से

कम्प्यूटर कविता लिखेंगे


एक युग था
कवि
कविता क्या लिखता था !
भावों को व्यक्त करता था
संवेदनशील मन से
पीड़ा को मथता
तब गंगोत्री से
कविता की धारा बहती
भावनाओं का संचार
फलीभूत होता था

अब गये
पतवार चलाने के दिन
चरखा कातते थे गांधी बाबा
गये चरखे के दिन
अब अन्धाधुन्ध कारखानो से
निकलती कपड़ों की थान
देखो कम्प्यूटर पर
दर्जन कविता की शान

अब कवि लिखेंगे सोफ्टवेयर
सोफ्टवेयर लिखेगा कविता
धड़ाधड़ ले लो
कविता-सविता
भावों और शब्दों की खिचड़ी बना कर
खायेंगे चटखारे लेकर
हिंसक और
विभत्स
आई सी चिप्स से निकलते रस
उल्टी करते रस ;
फड़फड़ा उठेगें
राइम और रिथम
शब्दों को बिलोते औजार
नोचेंगे शैली का जिस्म
अब कवि की क्या बिसात !
कम्प्यूटर कविता लिखेंगे
लेपटोप तालियां बजायेंगे ।

-हरिहर झा

एक दिन......


न ले जमाने में बद-दुआयें किसी की
साथ तेरे बस एक दुआ जायेगी
जिन्दगी और मौत दोनों किनारे पर हैं
जाने कब कौन सी लहर आयेगी

मांगना है कुछ तो खैर सब की मांग ले
ये दिल भरा है न भरेगा कभी
खुद बखुद भर जायेगी खाली झोली तेरी
बांटी है हंसी तो खुशी आयेगी

झूठे सहारों की आगे न होगी जरूरत कोई
जो कुछ है यहीं रह जायेगा
जो दिया था किसी को वो पुल बन जायेगा
राह की हर खाई पट जायेगी

एक दिन खाक में मिलना तय बात है
याद रख पाये तो बेहतर रहे
आंधीयों में उडता हर जर्रा यह जान ले
एक दिन यह हवा रुक जायेगी

मोनालीसा और मैं...




जब भी देखा है दीवार पर टंगी
मोनालीसा की तस्वीर को
देख के आईने में ख़ुद को भी निहारा है
तब जाना कि ..
दिखती है उसकी मुस्कान
उसकी आंखो में
जैसे कोई गुलाब
धीरे से मुस्कराता है
चाँद की किरण को
कोई हलका सा 'टच' दे आता है
घने अंधेरे में भी चमक जाती है
उसके गुलाबी भींचे होंठो की रंगत
जैसे कोई उदासी की परत तोड़ के
मन के सब भेद दिल में ओढ़ के
झूठ को सच और
सच को झूठ बतला जाती हैं
लगता है तब मुझे..
मोनालीसा में अब भी
छिपी है वही औरत
जो मुस्कारती रहती है
दर्द पा कर भी
अपनों पर ,परायों पर
और फ़िर
किसी दूसरी तस्वीर से मिलते ही
खोल देती है अपना मन
उड़ने लगती है हवा में
और कहीं की कहीं पहुँच जाती है
अपनी ही किसी कल्पना में
आंगन से आकाश तक की
सारी हदें पार कर आती है
वरना यूं कौन मुस्कराता है
उसके भीचे हुए होंठो में छिपा
यह मुस्कराहट का राज
कौन कहाँ समझ पाता है!!

रजनी सखी मुस्कराने लगी


बाद मुद्दत के उससे जो मिलने गया, देख रजनी सखी मुस्कराने लगी
एक छोटी सी बदली को कर सामने, ओट में चाँद मुखड़ा छुपाने लगी

रूप छुपता है कब ऐसे पर्दों से पर, चाँदनी सारे अंबर पे छायी रही
और गगन-ओढ़नी पे चमकते हुये, उन सितारों को भी नींद आई रही
खुद में सिमटी रही मानिनी मान से, मैं रह-रह के उसको मनाता रहा
झूठा गुस्सा भी आखिर हवा हो गया, चाह की चाँदनी झिलमिलाने लगी

रात रानी की खुशबू लिये गोद में, एक झोंका बदन को यूँ ही छू गया
सारे दिन की थकन और जहाँ भर के ग़म मिट गये करके वो जादू गया
मौन अधरों से गाती रही रागिनी, चुपके सुनता रहा बंद पलकें किये
हाथ थामे हुये निद्रा-पथ से मुझे ले के सपनों की दुनिया में जाने लगी

कायनात के पार



शब्दों को बना के मिलन का सेतु
मैं अपने दिल के इस किनारे से
तेरे दिल के उस किनारे को छूती हूँ
जहाँ कोई याद जैसे
होंठो पर सिसकती..
थिरकती ,मचलती
नदी सी मुझे लगती है
और तब नयनों से जैसे
कोई बदरी बिन बरखा के बरसती है

और फ़िर यूं ही कुछ उभरे हुए
अखारों की जुबान
पूछती है एक सवाल
नही जानती किस से?
क्या मिलेगा कभी कोई जवाब मुझे
अपने ही भीतर दहकते इस लावे का
कौन हिसाब देगा मुझे?

बस जानती हूँ कि
एक जमीन ...एक आसमान
बसते है इस माटी के पुतले में भी
और मोहब्बत का जहान
एक जाल कभी बुनता है
कभी उलझता है
चाहता है सिर्फ़
यह उसी मोहब्बत का तकाजा
हमसे......
जिसका दीदार
सिर्फ़ इस कायनात के पार होता है ..
और यह सफर यूं ही अधूरा रहता है....

रंजू

अधिकार किसका




पल्लवित होते फ़लतरू पर
कहिये किस का अधिकार हो
एक स्वप्न जिसने किसी को
इक बीज रोपण को कहा ?
या अधिकार है उस धरा का
जिसने स्वयं में समाहित कर
शुष्क बीज को जीवन दिया ?
उस बूंद का क्या जो रही सींचती
अपना अस्तित्व माटी में मिला ?
या फ़िर उस मलय का जो
शीत-ऊष्ण साथ ले अपने बहा ?
उस बाड का जिसने नव अंकुरित को
हर बाहरी आप्पति से रखा बचा ?
उन हाथों का जो रहे उसे सहेजते
आसपास उगती खतपतवार को हटा ?
अब तो वो पक्षी भी
हक अपना जताने लगे
आपात काल में जिन्होंने
इसपर नीड लिये थे बना
पेड की किसको पडी
बस उस डाली पर आंख है
जिस डाली में लोच है
जिसमे फ़ल है लगने लगा
है करबद्ध प्रार्थना सब
पत्थर फ़ैंकने वालों से मेरी
रितुऐं और भी आयेंगी
यदि अस्तित्व इस तरू का रहा.

बहुत देर तक


बहुत देर तक,
यूहीं तकता रहा मैं,
परिंदों के उड़ते हुए काफिलों को,
बहुत देर तक,
यूहीं सुनता रहा मैं,
सरकते हुए वक्त की आहटों को,

बहुत देर तक,
डाल के सूखे पत्ते,
भरते रहे रंग आँखों में मेरे,
बहुत देर तक,
शाम की डूबी किरणें,
मिटाती रही जिंदगी के अंधेरे,

बहुत देर तक,
मेरा मांझी मुझको,
बचाता रहा भंवर से उलझनों की,
बहुत देर तक,
वो उदासी को थामे,
बैठा रहा दहलीज पे धडकनों की,

बहुत देर तक,
उसके जाने के बाद भी,
ओढा रहा मैं उसकी परछाई को,
बहुत देर तक,
उसके एहसास ने,
सहारा दिया मेरी तन्हाई को,

बहुत देर तक...
हाँ ... बहुत देर तक ...

फिर रात हुई


फिर रात हुई
पूरे दिन सारे संसार को आलोकित करता
मूल शक्ति स्रोत सूरज
धीरे धीरे ठंडा होता हुआ
बुझ गया
दूर उस मकान के पीछे बहती
अंधेरे की नदी में
एक मामूली से अंगारे की तरह!

यूँ तो
बुझने के कुछ बाद तक भी
उसकी यादों का उजाला था
पर वो भी कब तक साथ निभाता
और तब रात के उस सहमे सन्नाटे में
निकल पड़े चंद तारे
मिलजुल कर
अंधेरे का सामना करने
रात खत्म तो फिर भी नहीं हुई
पर उसकी भयानकता अब कुछ कम थी

संसार में अब भी रात है
विचारों की, भूख की, वैमनस्य की
क्यों न हम ही तारे बन जायें
जब तक कि कोई सूरज
इस रात को खत्म नहीं कर देता!

हर पल इक नया स्वप्न



हर पल देखते नयन मेरे, इक नया स्वप्न
और मिटा देते उसको स्वंय, मन ही मन

शुष्क कोष्ठों में निहित
अस्फ़ुटित, निश्चेत सा
घुटता धरा की कोख में
एक जीवन जी रहा
रितु आगमन की चाह में
जब तनिक सी नमी से
बीज यह प्राण प्रतिष्ठा पायेगा
नव जीवन की किरण बन
कोमल कौंपल के रूप में
प्रकट हो धरा पर आयेगा

हर पल देखते नयन मेरे, इक नया स्वप्न
और मिटा देते उसको स्वंय, मन ही मन

समाप्त होती नहीं यहीं पर
अनुतरित प्रश्नों की झडी
जाने कितनी बाधायें हों
प्रकाशित सतह पर खडी
क्या हो यदि अवतरण हुआ
आंचल में किसी कंटीली झाड के
जो दे चुभन ही चुभन बदले में
उस आपेक्षित छाया और आड के
इससे चिरकाल निंद्रा का स्वाद ही भला
जीवन पाकर काहे, जीवन से जाऊं छला

हर पल देखते नयन मेरे, इक नया स्वप्न
और मिटा देते उसको स्वंय, मन ही मन

गणतंत्र दिवस,


छुट्टी का एक और दिन !
एक और दिन
कोसने का ,
समाज़ को
रिवाज़ को
व्यवस्था और व्यवस्थापकों को
गंदगी को , नालियों को
अमीरी - गरीबी की खाई को
भ्रष्ट नेताओं की कमाई को

एक और दिन
जब निकाल सको अपनी भड़ास
इतिहास पर
अन्धविश्वास पर
उसूलों की ज़ंजीर पर
सड़क के फ़कीर पर
बिगड़ते युवाओं पर
बेरहम हत्याओं पर

एक और दिन
जब यह हिसाब हो
कि देश ने क्या क्या न किया
जब यह तय हो
कि कितने बरस बीत गये
और हम कितने आज़ाद हैं
जब एक और भाषण हो
एक प्रतीक का ध्वज लहराये
और सब को याद दिलाना पड़े
कि हम कितने महान हैं,
हम एक राष्ट्र हैं ।

एक और दिन
जब मुझे यह सोचना पड़े
कि क्या इस जगह पर मैं सुरक्षित हूँ ?
जब मैं भाग लूँ फ़िर से एक
'सुरक्षित ' देश में
जहाँ पैसा और चैन मिले ।

एक और दिन
जब एक विस्फ़ोट हो
और उसकी धमक महीनों गूँज़े
और पुलिस , प्रशासन
जो कि नकारा है, इस सब के लिये
ज़िम्मेदार हो

एक दिन जब
हमें सब समझ में आ जाये
कि इस देश में क्या गलत हो रहा है
और कौन गलत कर रहा है
फ़िर हम चौपाल पर
यह निर्णय लें
कि इस देश का कुछ नहीं हो सकता ।

एक और दिन
जब हम सोचें कि काश कोई नायक आये
और इन जुर्मों के सारे गुनहगारों को
एक लाइन में खड़ा करके खत्म कर दे ।
फ़िर बिजली के खंभे से
चोरी के कनेक्शन पर टीवी देखने
बैठ जायें
अपने घर में , जहाँ
वह सब कुछ है
जिससे चैन से जी सकें
सब कुछ है ,
बस,
एक आईना नहीं है ।
- आलोक शंकर

प्रतिज्ञा...


आज क़सम खाकर हम कहते,
खुद को इतना सख्त करेंगे
माँ तेरी ममता का आँचल,
बैरियों से रिक्त करेंगे ....

बहुत सहा है अब ना सहेंगे,
जाया अब नही वक्त करेंगे
कठिन मार्ग नही रोक सकेगा
राहें खुद प्रशस्त करेंगे ....

जल में थल में या हो नभ में,
छुपा क्यों ना हो भूमि गर्भ में
उसे ढूँढ कर ही दम लेंगे
नापाक इरादे पस्त करेंगे....

बात जरा भी जान पडी तो,
अगर आन पर आन पडी तो
मृत्यु का नही खौफ़ करेंगे
फिर से मांटी रक्त करेंगे....

तेरी रक्षा फ़र्ज़ हमारा,
जर्रा- जर्रा हमको प्यारा
अनहोनी अब हो ना सकेगी
अब निश-दिन हम गस्त करेंगे....

नही चाल अब चलने देंगे,
नही दाल अब गलने देंगे
देश दलाली के दल- दल को
आओ मिलकर नष्ट करेंगे....

बल-बुद्धि के पैरों पर हम,
अब दिखालाएँगे चलकर हम
फूट डाल कर चलने वाले
फिर कैसे पथ- भ्रष्ट करेंगे ....

आओ वीरो कसम उठायें
वतन की रक्षा फर्ज बनायें
मातृभूमि पर आँच न आये
चाहे अपना सर कट जाये....
कदम न पीछे हटने वाले
हम फौलादी, डंटने वाले
तारों पर लहराये तिरंगा
हम इतना उत्कृष्ट करेंगे....


-जय हिन्द

कसक




दर्द ने जब हद से बढ कर
दिल की गहराई में दूर कहीं
किसी अहसास को पाला होगा
उस घडी आंखों ने तेरी चुपके
आस का मोती ढाला होगा

मुस्कान होंठों की शिकन भर
और हंसी बेमानी चुभन भर
मैं बांटे फ़िरा जमाने भर में
बेवजह सौगात समझ कर
और तुमने तो आह को भी
बरसों होठों पर संभाला होगा

क्या पाया मैने भी सोचो तो
यूं अपनी हदों से निकल कर
वापस आ नहीं सकता फ़िर से
तुझ तक अब खुद चल कर
चुन लूं सभी फ़ूल और कलियां
उससे भी भला अब क्या होगा
तोड के एक बार जो बिखेरा था
वो प्यार फ़िर कहां से माला होगा