हरकारे से अनुरोध
सरकार, तुम पर हमारा पूरा भरोसा है
तुम लिए जा रहे हो हमारी पीड़ाएं हुजूर के पास
उम्मीद पर कायम है दुनिया
कौन जाने हमारी पीड़ा उन तक पहुँच ही जाए महाराज!
हम जानते हैं कि चाट-पकौड़ी से अब तुम्हारा काम नहीं चलता
तुम जाहिर कर चुके हो यह हमसे कई बार बातचीत में
लेकिन हम तुम्हारा यह दुःख तो दूर नहीं कर सकते
अन्न बेचकर बस इतना ही कर सके
लेकिन हमारी शिकायत हुज़ूर तक जरूर पहुंचा देना महाराज!
हमारा दुःख तुम्हें यात्रा में सालेगा जरूर
लेकिन विचलित न होना
हमारी बातें हुज़ूर को नागवार गुजरेंगी
लेकिन उन्हें नरम न कर देना
वैसे ही तन कर कहना जैसे कि हमने तुमसे कहा था
जीवन भर के लिए हरकारे हो
लेकिन राम कसम तुम हमारे एकमात्र सहारे हो!
तुम नदी पार करना लेकिन हमारा दुःख बहा मत देना
तुम हवा में उड़ना लेकिन हमें उड़ा मत देना
तुम विश्राम करना लेकिन हमारी बेचैनी भूल न जाना
तुम सैर-सपाटा करना लेकिन हमारे हाथ-पाँव के छाले याद रखना.
उम्मीद तो कमै है कि बनेंगे हमारे बिगड़े काज
लेकिन असलियत तो थोड़ा और खुलैगी महाराज.
-vijayshankar chaturvedi






