फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

फिर रात हुई


फिर रात हुई
पूरे दिन सारे संसार को आलोकित करता
मूल शक्ति स्रोत सूरज
धीरे धीरे ठंडा होता हुआ
बुझ गया
दूर उस मकान के पीछे बहती
अंधेरे की नदी में
एक मामूली से अंगारे की तरह!

यूँ तो
बुझने के कुछ बाद तक भी
उसकी यादों का उजाला था
पर वो भी कब तक साथ निभाता
और तब रात के उस सहमे सन्नाटे में
निकल पड़े चंद तारे
मिलजुल कर
अंधेरे का सामना करने
रात खत्म तो फिर भी नहीं हुई
पर उसकी भयानकता अब कुछ कम थी

संसार में अब भी रात है
विचारों की, भूख की, वैमनस्य की
क्यों न हम ही तारे बन जायें
जब तक कि कोई सूरज
इस रात को खत्म नहीं कर देता!