फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

कविताओं के चेहरे


कमरे को हल्का
सा धकियाया,
सोता कमरा
हड़बड़ा के
उठ बैठा
दायीं और
बिखरी कई
कविताओं के
पुस्तकों से..
एक एक
कविता निकल के
उड़ने लगी...
देखे मैंने..
परखे मैंने...
कविताओं के चेहरे

कुछ सुलझे से..
कुछ उलझे से..
कुछ उग्र से..
कुछ नर्म से...
कुछ गुदगुदाते
कुछ रुलाते
कुछ झकझोरते..
कुछ जागते...


चेहरे करीब
आते
दुनिया नयी
होती..
पिघलता बरसों का
दबा लावा
(गरम आँसू)..
पोंछ देते..
ये चेहरे
उन आँसुओं को..


महीनों से
आकारहीन
कविता..
डोल रही
है मन में...
आज उसे
चेहरा दे
दूँ।

कवयित्री- दिव्या श्रीवास्तव

दिव्या का खालीपन.....


चाय की प्यालियों का खालीपन
क्षण भर को अखरा था.....
विचारों की तल्लीनता भंग हुई थी....
"खोखला और खाली होना
क्या कोई अक्षम्य अपराध है???"
शून्यता तो....
एकांकी का परिचायक है...

अंतर में जो घुटता है मेरे
शोर करता है....
तुम होती तो
मैं दिन-रात रो लेती..
और खाली हो जाती....

"रुदन की क्रिया भी..
तुम्हारे बिना अधूरी!!!!
क्यों-क्यों-क्यों अधूरी???"

भय-लहर मन के चट्टानों
को लहूलुहान किये है....
विचार घूम रहे है घुन-घुन
ऐंठ रहे है जिस्म को....

स्वीकृत करते ही....अनावृत्त हो जायेगा
एक फुँफकारता जहरीला नाग....

"फिर क्या तुम लौट के आओगी..
मेरे पास????
शायद कभी नहीं"...
प्यालियों में चाय डाल दी है
अखरना कम हो गया है....

यूनिकवयित्री दिव्या श्रीवास्तवा

लाल चिड़िया


मेरा स्वागत यहीं था
काटे गए डोर
का अवशेष
अब भी बचा
है मुझमेM...

यहाँ...

देखती थी
लाल चिडिया को
जब पंख फैलाती थी
उड़ नहीं पाती थी..
फड़फड़ाती थी..
बहुत देर तक...
चिड़ा उड़ता रहता था
अपने में मगन...
बिना उसपे ध्यान दिए....

अब तो..
पंख है उसके पास
ये भी उसे स्मरण नहीं.
मैं भी एक,
लाल चिड़िया...
तुम्हारे लिए
समर्पित होते
हुए भी...
अपने अंदर
झूलते रस्सी से
अटकी हूँ....


मन में कहीं
छोटी सी एक नदी
है...
उसमें रंग बिरंगी
मछलियाँ रहती
हैं.....
दिन में उन्हें दबा
देती हूँ..
पर रात मे...
मेरी स्वतंत्रता
में...
एक-एक मछली
उछलती है...
तैरती है...
ले जाती है मुझे
सफेद संगमरमर के
ताजमहल के पास

वहाँ अकेली होती
हूँ मैं...
दूर-दूर तक तुम
नहीं दिखते...
दिखती है वही
लाल चिड़िया
उड़ते हुए...

सवेरे मछलियाँ
छुप जाती हैं...
और मैं लाल चिड़िया
बैठी रह जाती हूँ
उदास..
चिर उदास...

यूनिकवयित्री दिव्या श्रीवास्तव

दिव्या का अकेलापन


दिसम्बर २००७ की यूनिकवयित्री दिव्या श्रीवास्तव हिन्द-युग्म पर अब जाकर दुबारा सक्रिय हुई हैं और जुलाई माह की प्रतियोगिता के लिए दुबारा एक कविता भेजी हैं। उनकी यह कविता छठवें पायदान पर भी आई है। हम इनसे आग्रह करेंगे कि ये नियमित लेखन करें।

पुरस्कृत कविता- अकेलापन

ये मार्ग सीधा
उस पेड़ के निकट
जाता है..
पेड़ के तीन और
मोटे-पतले
लंबे-नाटे
मकान है. ...
वह पेड़
अकेला खड़ा है
मकानों के मध्य....
उस पेड़ के पत्ते
हरे नहीं...
लाल है..
सिंदूरी लाल..
उन पर सुनहरे फूल
खिले हुए हैं...
प्रतीत होता है .
जैसे....
आग का जलता गोला
झूल रहा है..
आकाश और ज़मीन
के बीच में..
पेड़ दर्शनीय है..
अनोखा है...
इस पर बरसों से
शोध
हो रहे हैं..
पेड़ का रहस्य...
रहस्य ही है
अब तक......
आज मैं उस
पेड़ के सामने
खड़ी थी....
देखा मैंने...
मेरे तन पे
लाल पत्तियाँ
उग आयीं हैं..
सुनहरे पुष्प
प्रस्फुटित हो
रहे हैं..
इस क्षण
पेड़ और मैं,
मैं और पेड़..
एक में हो गए हैं..
व्यथा ने व्यथा को
अंगीकार कर लिया है..
अकेलापन उसका और
मेरा कुछ क्षण
को ही सही..
सिमट तो गया है...



प्रथम चरण के जजमेंट में मिले अंक- ५॰५, ५॰५, ६॰५५, ६॰७५
औसत अंक- ६॰०७५
स्थान- चौथा


द्वितीय चरण के जजमेंट में मिले अंक- ५॰७, ६॰५, ६॰०७५(पिछले चरण का औसत)
औसत अंक- ६॰०९१६६६
स्थान- छठवाँ


पुरस्कार- मसि-कागद की ओर से कुछ पुस्तकें। संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी अपना काव्य-संग्रह 'दिखा देंगे जमाने को' भेंट करेंगे।

मुक्ति


मैं उड़ गयी..
उस पिंजरे में सुराख कर,
मैं उड़ गयी...

बैठी हूँ अभी इस
छोटी पतली टहनी पर..
सहारा कमजोर सही
मेरा अपना है...
मुक्त हूँ उन बंधनों से,
खुले गगन में..
अब बस बिचरना है..

अब उड़ूँगी,बस उड़ूँगी
घटाओं से होकर,
पर्वतों के पार जाऊंगी....
टकराऊंगी बाधाओं से,
विघ्नों से...कई बार...
उन बाधाओं के पास..
फिर भी,बार-बार जाऊंगी...

ये मुक्ति, ये मेरा जीवन..
स्वतः ही इसमें
अब रंग भरुँगी...
पिंजरे में जो,
बंधे हुए हैं..
उन्हें अब मैं
आज़ाद करुँगी...

यूनिकवयित्री- दिव्या श्रीवास्तव

परिवर्तन


६० साल पहले...


कुछ लोग खडे थे
कश्तियों के इंतज़ार में
कश्तियाँ आती थी
पर उन्हें बिठाती न थी
बस ललचा के
गुजर जाती थी..

ये उचित न था..
हाँ न था...

६० साल बाद..

ये मेहनतकश लोग
बिना कश्तियों के
पार जाते है सागर
पर किनारे नहीं लग
पाते......
"कुछ लोगों" के अधिकार
अब ज्यादा है....
कश्तियाँ भी डूबती जा
रही है..

ये भी तो उचित नहीं है
हाँ नहीं है...


यूनिकवयित्री- दिव्या श्रीवास्तव

देशी कवयित्री विलायती पाठिका


सर्वप्रथम हमें इस बात का अत्यंत खेद है कि कुछ अपरिहार्य कारणों से दिसम्बर अंक की यूनिकवि एवम् यूनिपाठक प्रतियोगिता के परिणाम २ दिन की देरी से प्रकाशित कर रहे हैं।

जनवरी २००७ में जब हिन्द-युग्म ने इंटरनेट पर हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए 'हिन्द-युग्म यूनिकवि एवम् यूनिपाठक प्रतियोगिता' के आयोजन की शुरूआत की थी तह हमें मात्र ६ कवियों ने अपनी कविताएँ भेजी थी। एक पाठक नियमित कमेंट करता था (सदस्यों को छोड़कर)।

दिसम्बर २००७ में प्रतिभागी कवियों की संख्या ४८ हो गई और प्रतिभागी टिप्पणीकर्ताओं की संख्या १२ से भी अधिक हो गई। मतलब प्रतिभागियों की संख्या में ७००%-११००% का इज़ाफ़ा। निश्चित रूप से यह टीम वर्क के सुपरिणाम हैं। साथ ही साथ दुनिया भर के १०० से अधिक देशों के हज़ार से अधिक शहरों से हज़ारों-हज़ार पाठकों ने जिस प्रकार हमें पढ‌़ा, सराहा और सहयोग दिया है, शायद वही हमें नित नई ऊँचाइयों पर पहुँचाता रहा है।

कुल ६ निर्णयकर्ताओं ने चार चरणों में (प्रथम चरण में ३, द्वितीय, तृतीय व अंतिम में क्रमशः १-१ निर्णयकर्ता) जजमेंट प्रक्रिया को पूरा किया। कुल ४७ कवियों की कविताओं को पीछे छोड़ती हुई दिव्या श्रीवास्तव की कविता 'उस रात' ने प्रथम स्थान पर कब्ज़ा कर लिया। यूनिकवयित्री दिव्या श्रीवास्तव ने ५ से भी अधिक बार यूनिकवि प्रतियोगिता में भाग लिया है और बहुत बढ़िया बात यह रही है कि हमेशा ही इनकी कविता प्रकाशित हुई है। तब भी जब हम टॉप १० कविताएँ प्रकाशित करते थे और तब भी जब टॉप २० कविताएँ प्रकाशित करते थे।

यूनिकवयित्री- दिव्या श्रीवास्तव
परिचय-सुश्री दिव्या श्रीवास्तवा का जन्म कोलकाता महानगर में हुआ था। ४ साल पहले इन्होंने कविता- सृजन आरंभ किया। इस कार्य में उन्हें अपने परिवार का विशेष कर अपने पिताश्री का विशेष सहयोग और प्रोत्साहन मिला। अध्ययन के साथ-साथ साहित्य-सृजन का कार्य भी चलता रहा। कविता के अतिरिक्त व्यंग्य और कथा साहित्य में भी कुछ रचना लिखी हैं। हिंदी साहित्य के प्रति गहरी अभिरुचि और आस्था है। अभी आप मेडिकल (MBBS) की प्रथम बर्ष की छात्रा है।

पुरस्कृत कविता- उस रात

सन्नाटा उतरा था जेहन में.....
चीख हृदयविदारक थी........
मौत को करीब से देखती
चीख......
"बचाओ.....कोई..ईईईईईइ"
चले गए थे दो चेहरे
अँधेरे की गुफा में..
स्तब्ध,गतिहीन
निस्पंद वहाँ...
दो जन थे...
मैं और एक लाश.....

आज....
चर्चा आम है.
उस रात का...
न्याय के
दावेदार अनेक है
संसद में हंगामा है
लोग बोले जा रहे है...
लाश अब जीवित है!!
मैं ही नहीं बोलती
कुछ भी..
क्यों?????
उस रात मैं भी
एक लाश बन गयी थी....
शायद.........




प्रथम चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ७॰२५, ५, ७
औसत अंक- ६॰४१६७
स्थान- सोलहवाँ




द्वितीय चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ४॰९, ६॰४१६७(पिछले चरण का औसत)
औसत अंक- ५॰६५८३
स्थान- अठारहवाँ




तृतीय चरण के ज़ज़ की टिप्पणी-समाज और व्यवस्था की क्रूरता और असंवेदनशीलता को सामने लाती हुई प्रभावी रचना है।
अंक- मौलिकता: ४/२॰५ कथ्य: ३/१॰५ शिल्प: ३/२
कुल- १०/६
स्थान- तीसरा




अंतिम ज़ज़ की टिप्पणी-
रचना पाठक को सोच प्रदान करती है। सही बिम्ब प्रस्तुतिकरण को सशक्त बना रहे हैं।
कला पक्ष: ७/१०
भाव पक्ष: ७॰५/१०
कुल योग: १४॰५/२०




पुरस्कार- रु ३०० का नक़द ईनाम, रु १०० तक की पुस्तकें और प्रशस्ति-पत्र। चूँकि इन्होंने जनवरी माह के अन्य तीन सोमवारों को भी अपनी कविताएँ प्रकाशित करने की सहमति जताई है, अतः प्रति सोमवार रु १०० के हिसाब से रु ३०० का नक़द ईनाम।

यूनिकवयित्री दिव्या श्रीवास्तव तत्व-मीमांसक (मेटाफ़िजिस्ट) डॉ॰ गरिमा तिवारी से ध्यान (मेडिटेशन) पर किसी भी एक पैकेज़ (लक को छोड़कर) की सम्पूर्ण ऑनलाइन शिक्षा पा सकेंगी।




पाठकों के बीच की प्रतिस्पर्धा बढ़ती ही जा रही है। अधिकतम प्रविष्टियों पर कमेंट करने वाली शर्त तो अब लागू ही नहीं होती। ४-५ पाठकों के कमेंट तो बराबर की संख्या में होते हैं।

इस बार आलोक कुमार सिंह 'साहिल', शैलेश चन्द्र जमलोकी, अवनीश एस॰ तिवारी और अल्पना वर्मा ने बराबर की संख्या में प्रतिक्रियाएँ दी है।

शैलेश चन्द्र जमलोकी टिप्पणियाँ देने में अनियमित रहे। जबकि अल्पना वर्मा ने हिन्द-युग्म के अपडेट पर इस प्रकार नज़र रखी कि इधर पोस्ट प्रकाशित हुई, उधर इन्होंने पढ़ डाला।

इसलिए हमने इस बार अल्पना वर्मा को यूनिपाठिका चुना है। यह प्रथम बार हो रहा है कि यूनिकवि और यूनिपाठक दोनों सम्मानों पर स्त्रियों का कब्ज़ा है।

यूनिपाठिका- अल्पना वर्मा

नाम- श्रीमती अल्पना वर्मा
जन्म--अगस्त १९६७ में गाज़ियाबाद [उ०प्र० ]
वनस्थली विद्यापीठ [राज०] से बी.एस.सी.,बी.एड.,फ्रेंच भाषा में डिप्लोमा,
पत्रकारिता, संगीत व कंप्यूटर सॉफ्टवयेर ऍप्लिकेशन में बेसिक शिक्षा आदि।
१५ सालों से देश के बाहर ही निवास है।
कार्यक्षेत्र- गृहिणी
वर्तमान में अलेन इंडियन सोशल सेंटर में वीमन फॉरम की अध्यक्षा हैं।
हिन्दी से लगाव- नवीं कक्षा में पहली कविता प्रकाशित हुई।
कॉलेज के दिनों में महान कवयित्री महादेवी वर्मा जी, डॉ. शिव मंगल सुमन जी और डॉ. कुंवर बैचैन जी का आशीर्वाद मिलना को अपना सौभाग्य मानती हैं।
अब भी कभी कभी लिख लेती हैं, यदा-कदा प्रकाशित भी हुईं। यू.ऐ.ई. में कई बार कवि सम्मेलन और मुशायरों में पढने का सुअवसर मिला।



पुरस्कार- रु ३०० का नक़द ईनाम, रु २०० तक की पुस्तकें और प्रशस्ति पत्र।

यूनिपाठिका अल्पना वर्मा तत्व-मीमांसक (मेटाफ़िजिस्ट) डॉ॰ गरिमा तिवारी से ध्यान (मेडिटेशन) पर किसी भी एक पैकेज़ (लक को छोड़कर) की सम्पूर्ण ऑनलाइन शिक्षा पा सकेंगी।



इससे पहले कि हम आगे के पाठकों और कवियों की बात करें, हम एक विशेष बात कर लेना चाहते हैं।

आलोक कुमार सिंह 'साहिल' हिन्द-युग्म के ऐसे पाठक हैं जिन्हें एक आदर्श पाठक कहें तो गलत नहीं होगा। इन्होंने पिछले २-२॰५ महीनों से हिन्द-युग्म को पढ़ना शुरू किया है और हिन्द-युग्म के आधे से अधिक संग्रहालय को पढ़ डाला है। हिन्द-युग्म के सभी मंचों (कविता, कहानी-कलश, बाल-उद्यान और आवाज़) पर इनकी नज़र रही है। यदि यह कहा जाय कि हिन्द-युग्म को पढ़ने में ये दिन के ४-५ घण्टे का समय देते हैं तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। हमारा मानना है कि यदि हिन्दी में आलोक कुमार सिंह जी के जैसे हज़ार पाठक भी पैदा हो गएँ तप साहित्य-जगत से पाठकों का अकाल जाता रहेगा। हिन्द-युग्म के प्रमुख उद्देश्यों में से एक साहित्य जगत को आलोक जैसा पाठक देना भी है।

अतः आलोक कुमार सिंह 'साहिल' को विशेष सम्मान 'हिन्द-युग्म पाठक सम्मान २००७' से सम्मानित किया जा रहा है। हिन्द-युग्म की ओर से रु ५०० का नक़द ईनाम और प्रशस्ति-पत्र भेंट किये जाते हैं।

हिन्द-युग्म पाठक २००७- आलोक कुमार सिंह 'साहिल'

नाम- आलोक सिंह "साहिल"
माता जी- श्रीमती द्रौपदी सिंह
पिता जी - श्री हरे राम सिंह
जन्म- २४ जून १९८८,(अपने ननिहाल सिवान, बिहार में)
गाँव- लार, सलेमपुर,देवरिया, उत्तर प्रदेश
इंटर तक की पढ़ाई देवरिया में हुई,
बी.एस.सी.(जीव विज्ञान) सेंट एन्द्र्युज कालेज, गोरखपुर (दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्व विद्यालय, गोरखपुर), संप्रति- दिल्ली में मीडिया के पढ़ाई की तयारी
उपलब्धियाँ- बचपन में कुछ अख़बारों और स्कूल की पत्रिकाओं में लेख और कवितायेँ, राज्य स्तर तक वाद-विवाद,भाषण, विज्ञान प्रदर्शनी और विज्ञान कोंग्रेस का अनुभव, बचपन से ही ये वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के जुनून की हद तक दीवाने थे, विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और कार्यक्रमों में सक्रीय प्रतिभागिता, विशेष तौर से विज्ञान की प्रदर्शनियों और विज्ञान काग्रेसों में सक्रिय प्रतिभागिता, बचपन से ही नाटक, एकांकी, कौव्वाली, लोक नृत्य और मुशायरों में प्रतिभागिता, अभिनय के शौक के चलते कुछ दिनों तक गोरखपुर में थियेटर से जुड़े रहे। बड़े होने पर तमाम नाटकों और मूक नाटकों में अभिनय और उनका निर्देशन किया। अभी अख़बारों में छोटे-मोटे लेख लिखते हैं। कुछ दिनों तक क्षेत्रीय टीवी चैनलों पर कार्यक्रमों का संचालन। तमाम स्टेज शोज के संचालन का अनुभव।
संपर्क- आलोक सिंह "साहिल" द्वारा एम्. एस. चौहान. ३१५- ढक्का, किंग्सवे कैंप, दिल्ली-११०००९

शैलेश चन्द्र जमलोकी जी को पाठक की जगह समीक्षक कहें तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। ये कविता के मजबूत और कमज़ोर दोनों पक्षों को बहुत बारीकी से देखने की कोशिश करते हैं। इनकी टिप्पणियों को पढ़कर एक साधारण से पाठक को भी यह अंदाज़ा लग सकता है कि शैलेश जमलोकी ने कविता पर टिप्पणी करने से पहले कई बार उसे पढ़ा होगा। शैलेश चन्द्र जमलोकी ने काव्य-पल्लवन के ताज़ा अंक की सभी २९ कविताओं पर अलग-अलग विश्लेषणात्मक टिप्पणियाँ की। हम इन्हें यूनिपाठक बनाना चाहते हैं अल्पना वर्मा का पलड़ा भी उतना ही भारी है और उन्होंने ज्यादा नियमित पढ़ा है, इसलिए हिन्द-युग्म समझता है कि शैलेश जमलोकी जी परिणामों को सकारात्मक लेते हुए जनवरी ००८ के यूनिपाठक बनने की चुनौती स्वीकार करेंगे। फिलहाल हम इन्हें दिसम्बर २००७ के दूसरे स्थान का पाठक चुनते हैं और सूरज प्रकाश द्वारा सम्पादित कहानियों की पुस्तक 'कथा दशक' और प्रो॰सी॰बी॰ श्रीवास्तव 'विदग्ध' की पुस्तक 'वतन को नमन' भेंट करते हैं।

तीसरे स्थान के पाठक के रूप में हमने सीमा गुप्ता को चुना है, इन्होंने भी ढेर सारी कविताओं पर कमेंट किया, मगर इनके अधिकतरम कमेंट या तो रोमन-हिन्दी में हैं या अंग्रेज़ी में हैं। जबकि हिन्द-युग्म सारा प्रयास हिन्दी देवनागरी को प्रोत्साहित करने के लिए करता है। आशा है कि सीमा जी इस महीने से देवनागरी में ही कमेंट करने की कोशिश करेंगी। इन्हें प्रो॰सी॰बी॰श्रीवास्तव 'विदग्ध' की काव्य-पुस्तक 'वतन को नमन' भेंट की जाती है।

चौथे स्थान के पाठक हैं राजीव तनेजा जोकि हमें यदा-कदा ही पढ़ते हैं, हम इनसे और अधिक सक्रियता की उम्मीद करते हैं। इन्हें भी हिन्द-युग्म प्रो॰सी॰बी॰श्रीवास्तव 'विदग्ध' की काव्य-पुस्तक 'वतन को नमन' भेंट करता है।

इसके अतिरिक्त हरिहर झा, मीनाक्षी, राम चरण गुप्ता 'राजेश', सतीश वाधमरे, दिव्य प्रकाश दुबे, राकेश पाठक आदि ने भी हिन्द-युग्म को पढ़ा, हम आशा करते है कि आगे आपलोग हिन्द-युग्म को और अधिक समय देंगे और हिन्दी का झंडा बुलंद करेंगे।

इस बार हम एक और खुशख़बरी देना चाहते हैं। जनवरी २००८ में हम दिसम्बर माह की प्रतियोगिता से शीर्ष २५ कविताएँ प्रकाशित करेंगे।

टॉप १० कवियों के अन्य ९ कवियों के नाम जिन्हें कवि ऋषिकेश खोडके 'रूह' की काव्य-पुस्तक 'शब्दयज्ञ' की स्वहस्ताक्षरित प्रति भेंट की जायेगी और जिनकी कविताएँ एक-एक करके प्रकाशित होंगी, निम्नलिखित हैं-

अनुराधा शर्मा
हरिहर झा
सुमन कुमार सिंह
विनय के॰ जोशी
अजय काशिव
गौरव जैन
पंकज
गिरिश बिल्लोर 'मुकुल'
पंकज रामेन्दु मानव

टॉप २५ के अन्य १५ के नाम जिनकी कविताएँ जनवरी माह में क्रमानुसार प्रकाशित होंगी-

विनय चंद्र पाण्डेय
केशव कुमार 'कर्ण'
विवेक रंजन श्रीवास्तव 'विनम्र'
सुमित भारद्वाज
अम्बर पांडेय
दीपेन्द्र शर्मा (कवि दीपेन्द्र)
दिनेश गेहलोत
सीमा गुप्ता
अवन्तिका मेहरा
प्रकाश यादव 'निर्भीक'
मनुज मेहता
कुमार लव
आशुतोष मासूम
अमलेन्दु त्रिपाठी
सन्नी चंचलानी

उपर्युक्त सभी कवियों से निवेदन है कि ३१ जनवरी २००७ तक न अपनी कविता कहीं प्रकाशित करें और न हीं कहीं प्रकाशनार्थ भेजें।

इस बार कवियों की सूची लम्बी है। निम्नलिखित कवियों का भी हम धन्यवाद करते हैं जिन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेकर इसे सफल बनाया और निवेदन करते हैं कि आगे भी इसी प्रकार हिन्द-युग्म के सभी आयोजनों में शिरकत करते रहें।

डॉ॰ आशुतोष शुक्ला
पंखुड़ी कुमारी
शैलेश चन्द्र जमलोकी
अभिजीत शुक्ला
आलोक कुमार सिंह 'साहिल'
एस॰ कुमार शर्मा
सुनील प्रताप सिंह
सतीश वाघमरे
राम चरण वर्मा 'राजेश'
शिवानी सिंह
आशीष दुबे
अंजु गर्ग
राकेश पाठक
महेश चंद्र गुप्त 'खलिश'
तपन शर्मा
सौम्या अपराजिता
दिव्य प्रकाश दुबे
पराग अगरकर
उपासना पाण्डेय
प्रगति सक्सेना
अवनीश एस॰ तिवारी
आनंद गुप्ता
दिवेश मेहता 'निर्जीव'

सभी विजेताओं को बहुत-बहुत बधाई।

प्रतियोगिता की चौथी प्रस्तुति


हम एक-एक करके प्रतियोगिता की कविताएँ प्रकाशित करते हैं, लेकिन हम दूसरी कविता के बाद सीधे चौथी कविता लेकर आये हैं। कारण यह है कि तीसरे स्थान के कवि ऋतुराज की कविता कल ही प्रकाशित होनी थी, लेकिन कल पूरे दिन का इंतज़ार करने के बावज़ूद भी उनका परिचय हमें नहीं प्राप्त हुआ। पिछले २-३ दिनों से कई बार उनके दिये गये मोबाइल नं॰ पर हमारे साथियों ने सम्पर्क किया, लेकिन वो पहुँच से दूर हैं।

अब हम उनके परिचय का टॉप १० कविताओं के प्रकाशित होने तक इंतज़ार करेंगे।

चौथी स्थान पर फ़िर से एक कवयित्री का कब्ज़ा है। कवयित्री दिव्या श्रीवास्तव ने ५ से भी अधिक बार इस प्रतियोगिता में भाग लिया और हर बार इनकी कविता प्रकाशित हुई है, लेकिन टॉप ५ में आने का इनका पहला अवसर है।

परिचय-सुश्री दिव्या श्रीवास्तवा का जन्म कोलकाता महानगर में हुआ था। ४ साल पहले इन्होंने कविता- सृजन आरंभ किया। इस कार्य में उन्हें अपने परिवार का विशेष कर अपने पिताश्री का विशेष सहयोग और प्रोत्साहन मिला। अध्ययन के साथ-साथ साहित्य-सृजन का कार्य भी चलता रहा। कविता के अतिरिक्त व्यंग्य और कथा साहित्य में भी कुछ रचना लिखी हैं। हिंदी साहित्य के प्रति गहरी अभिरुचि और आस्था है। अभी आप मेडिकल (MBBS) की प्रथम बर्ष की छात्रा है।

पुरस्कृत कविता

जीवन, तू मौन है
पर मैं सुनती हूँ
तुझे मौत से प्यार नहीं.........

धवल से वस्त्र धारण
कर टहलती है तू
मैं ही तुझ पर
रंगों के छींटें फेंकती
रहती हूँ
गुदगुदाती हूँ.....तब
तू हंसती है खिलखिलाती है,
जैसे सरिता का कल-कल निनाद!

जीवन, तू ने कितने चेहरे
धारण किये है.....
शायद अनगिनत.....
कुरूप, सुरूप, भयावह
सलोना.......
मैंने कभी तेरे चेहरे
के आकार को चूमा है
कभी दुत्कारा है
कभी लांक्षित किया है....
पर तू सदेव तटस्थ रही है
न आवेग, न अवहेलना
वक़्त के साथ तू
बस चलती रहती है, बस चलती रहती है
ठहरती है तू सिर्फ
मौत के गोद में
जिसको तूने कभी
प्यार नहीं किया.....


जजों की दृष्टि-


प्रथम चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ७॰१, ६
औसत अंक- ६॰५५
स्थान- सातवाँ


द्वितीय चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ७॰२५, ७॰९५, ५, ६॰५५ (पिछले चरण का औसत)
औसत अंक- ६॰६८७५
स्थान- ग्यारहवाँ


तृतीय चरण के ज़ज़ की टिप्पणी-जीवन पुल्लिंग होता है। कविता में उसे स्त्रीलिंग की तरह बरता गया है। वर्तनी और व्याकरण की अशुद्धियां हैं। सरल शब्दों के प्रयोग का अभ्यास करें।
मौलिकता: ४/२॰५ कथ्य: ३/१॰५ शिल्प: ३/१॰५
कुल- ५॰५
स्थान- छठवाँ


अंतिम ज़ज़ की टिप्पणी-
दर्शन का रचना में अच्छा प्रस्तुतिकरण है। कविता सहजता से ऐसी बात कह जाती है जिसमें पाठक नवीनता तो नहीं पाता किंतु ठहर कर आध्यात्म से सोच को जोड़ता अवश्य है।

कला पक्ष: ६॰५/१०
भाव पक्ष: ६॰५/१०
कुल योग: १३/२०


पुरस्कार- प्रो॰ अरविन्द चतुर्वेदी की काव्य-पुस्तक 'नक़ाबों के शहर में' की स्वहस्ताक्षरित प्रति

दिव्या की कथाओं का चक्रव्यूह


इस माह की अंतिम कविता प्रतियोगिता की २०वीं कविता के रूप में हम लेकर हाज़िर हैं। ६-७ महीनों से प्रतियोगिता में भाग ले रही दिव्या श्रीवास्तव लगभग हर बार ही टॉप २० में रहती हैं।

कविता - कथाओं का चक्रव्यूह

कवयित्री- दिव्या श्रीवास्तव, कोलकाता


शोभित सम्पूर्ण नवीन कथा
वही परिचित-सी है अकथनीय व्यथा
परिचित है तथापि नवीन है,
रंगों से परिपूर्ण; फिर भी रंग-हीन है......

दो विपरीत धाराओं से जुड़ी हुई,
यह कहानी है सीधी और मुड़ी हुई,
कहानी लिखित है और मौखिक भी,
कहानी के पात्र लौकिक हैं और अलौकिक भी;
स्वत: हीं होते हैं कहानी के पात्र उजागर
ज्यों प्रात: काल उदित होता है दिवाकर......
रसात्मक कहानी में डूबी हुई
मन हारे मैं हूँ अकारण उबी हुई......

दर्शित-अदर्शित घटनाक्रमों का चक्रव्यूह है,
इस कथा में अनेक कथाओ का समूह है;
हर कथा दूसरी कथाओं का दर्पण है
ज्यों हर रात्रि में प्रात: काल का समर्पण है;
पढ़े कोई इसे चक्षु और श्रवण बंद किए,
हर एक जड़ और मूल को पसंद किए;
सारी उदासीनता और उत्साह समेटे हुए,
समझे लोकजन बरगद के छांव में बैठे हुए;
तनिक क्षण अफरातफरी को दूर फेंक कर,
नैनों को गीला कर, धूप में हस्त-पाँव सेक कर;
कथाओं की चर्चा करें अपने अंत:स्थल में,
प्राप्त हो सारांश हमें इस धरती या जल में......

निरूद्देश्य यूं हीं किसी क्षण में
शायद हम जान जाएँ
यह कथा नहीं हमारा जीवन है.....


जजों की दृष्टि-


प्रथम चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ६, ७॰७५, ५॰४
औसत अंक- ६॰३८
स्थान- तेरहवाँ


द्वितीय चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ३, ५
औसत अंक- ४
स्थान- बीसवाँ


सिन्धु और सरिता


सितम्बर माह की यूनिकवि एवम् यूनिपाठक प्रतियोगिता से आज हम आखिरी कविता लेकर आये हैं। हम पिछले २ महीनों से प्रतियोगिता की उत्कृष्ट २० कविताएँ एक-एक करके प्रकाशित करते हैं। २०वीं कविता 'सिन्धु और सरिता' की रचयिता दिव्या श्रीवास्तव पिछले ४-५ महीनों से प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं और लगभग हर बार इनकी कविता प्रकाशित हुई है। लेखन की इस स्थिरता को हमारा नमन।

कविता- सिन्धु और सरिता

कवयित्री- दिव्या श्रीवास्तव, कोलकाता



सत्य है, मुझे तुमसे प्रेम है...
मेरा प्रेम और तुम्हारा प्रेम
भिन्न है...
तुम्हारा प्रेम सिन्धु है,
उतावला, चंचल...
कभी-कभी निर्मोही,
मेरा प्रेम सरिता है,
शांत स्निग्ध-सा बहता हुआ...
सिन्धु लहरों को टकराता,
उफनता...सरिता को स्वयं में
विलीन करना चाहता है...
सरिता, धीरे धीरे शृंखलाओं
से उतरती, सपने बुनती है
प्रिय से मिलन की..
मेरी आँखों में
वही सपने हैं
और तुममें बस
पाने की चाह...
अपने हर संशय
को ले सरिता...सिन्धु
के गर्भ में जा
मिलती है...
वो मिलन कितना
अनोखा है एवं
दोनों संग में
बहते हैं
अपना अस्तित्व खोकर
यही तो प्रेम है...
सत्य है
मुझे तुमसे प्रेम है...

रिज़ल्ट-कार्ड
--------------------------------------------------------------------------------
प्रथम चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ७, ९, ५॰५, ६॰१५, ६॰६
औसत अंक- ६॰८५
स्थान- ग्यारहवाँ
--------------------------------------------------------------------------------
द्वितीय चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक-६॰७५, ८॰३, ४, ६॰८५ (पिछले चरण का औसत)
औसत अंक- ६॰४७५
स्थान- बीसवाँ
--------------------------------------------------------------------------------

दिव्या श्रीवास्तव का अनोखा अवलोकन


हम कल तक जुलाई माह की यूनकवि एवम् यूनिपाठक प्रतियोगिता में आईं कविताओं में से टॉप १० कविताओं को प्रकाशित कर चुके हैं। हमेशा से हमने ग़ौर किया है कि दो कविताओं के मिले अंकों में दशमलव का ही फ़र्क होता है। कभी ऐसा नहीं होता कि दो क्रमवार कविताओं के प्राप्ताकों में १ अंक का अंतर हो। हम टॉप १० कविताओं को जब चुनते हैं तो शेष कविताओं को छोड़ने का मलाल रह जाता है। हम धीरे-धीरे इसका भी समाधान निकालने की कोशिश में हैं। आज हम ग्यारहवीं स्थान की कविता 'अनोखा अवलोकन' लेकर आये हैं। इसकी रचयिता दिव्या श्रीवास्तव ने फिछली बार भी प्रतियोगिता में भाग लिया था, जहाँ इनकी कविता 'ज़ुदाई की शामें' इस बार की ही तरह ग्यारहवीं स्थान पर थी।

कविता- अनोखा अवलोकन

कवयित्री- दिव्या श्रीवास्तव, कोलकाता

चक्षुओं का आंतरिक
वातायन अनायास
ही खुल गया और
प्रेम के नवीन संसार का
अवलोकन हुआ......

टकराते मेघ और
दामिनी का चीत्कार
प्रेम के सृजन से
ज्यों अभिभूत हो
हर्षातिरेक शब्द फूटे हों

झुलसती धरती पर
पड़ता टिप-टिप जल
अपने प्रिय को तड़पते देख
ज्यों गगन के नैन
अश्रुओं से बह उठे हों

एक अल्हड़ का
लौटता प्राणप्रिय मीत
खनकती चूड़ियां, बजती
पैजनिया, ना जाने कितने
कंगन खन-खन टूटे हों

इस ओर से उस छोर तक
बिखरा है प्रेम ही प्रेम
आतंरिक वातायन खुल जाए
तो सभी को नजर आए............

रिज़ल्ट-कार्ड

प्रथम चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ६॰५, ८॰५, ६॰५
औसत अंक- ७॰१६६६७
स्थान- नोवाँ

द्वितीय चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक-
७॰५, ६॰५, ८॰५, ७॰४५, ३, ७॰१६६६७ (पिछले चरण का औसत)
औसत अंक- ६॰६८६११११
स्थान- ग्यारहवाँ

ज़ुदाई की शामें


जून माह की प्रतियोगिता के में दूसरे चरण के निर्णय के बाद यह कविता ११वें स्थान पर थी, परंतु अंतिम चरण के ज़ज़मेंट के बाद जब दो कविताएँ दूसरे स्थान पर आ गईं तो इसे दसवाँ स्थान मिल गया। चूँकि यह तीसरे दौर में नहीं पहुँच पाई थी, इसलिए रिज़ल्ट-कार्ड में केवल २ चरणों के अंक हैं।

कविता- ज़ुदाई की शामें
कवयित्री- दिव्या श्रीवास्तवा, कोलकाता

चलो, उन शामों की बातें करें..
जब हम-तुम दूर-दूर
तनहाई या भीड़ में घिरे होंगे
हम होंगे इधर, तुम होगे वहाँ...

स्मृति के फाटक पर दस्तक देंगीं
आज की शामें,
जिन शामों की लालिमा-पीलिमा में बिखरे
पड़े हैं, हम दोनों के हास्य-रुदन
हाथ थामे विचरते हुए कि
अधूरी तस्वीरें, बेसुरे गाने लबों
से फूटते-लजाते हुये, बिन पहचानी गलियों में
पूछ-पूछ कर भटकते नजारे
और जाने कितनी ही अनछुई मिठास भरी यादें
जिनके स्मरण से ही नैन मुस्कुरा देंगे
हम दोनों के, भले ही..
हम होंगे इधर, तुम होगे वहाँ...

बरस बीतेंगे, फासले होंगे ही होंगे
मिलन की आस, बिछोह की विरह
घुल कर शायद नयी भावना का
आविष्कार करें, निज जीवन
के दैनिक कार्यों से निवृति हो..
हर शाम वायु की सरसराहट में
सूरज के डूबते हुये अक्स में
निशि के घटते-बढ़ते आकार में
एक क्षण को भी तेरी महक छू जाये तो..
लम्हा-लम्हा प्रकृति की ताल पर
थिरक उठेगा, बाग-बाग डाल-डाल तेरी
अनसुनी आवाज से चहक उठेगा
मेरे हृदय के सम्प्रेषण से
तेरी हर शाम भी खिल उठेगी
मेरे दोस्त, उस पल भी
हम होंगे इधर, तुम होगे वहाँ...

रिज़ल्ट-कार्ड
--------------------------------------------------------------------------------
प्रथम चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ६, ७, ७॰५
औसत अंक- ६॰८३३३
स्थान- नवाँ
--------------------------------------------------------------------------------
द्वितीय चरण के ज़ज़मेंट में मिले अंक- ७॰९, ६॰२५, ७, ६॰८३३३ (पिछले चरण का औसत)
औसत अंक- ६॰९९५७५
स्थान- छठवाँ
--------------------------------------------------------------------------------
पुरस्कार- कवि कुलवंत सिंह की ओर से उनकी पुस्तक 'निकुंज' की स्वहस्ताक्षरित प्रति।