फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

दोहा सलिला : दोहों की दीपावली: --संजीव 'सलिल'


दोहा सलिला :
दोहों की दीपावली: 
--संजीव 'सलिल'

दोहों की दीपावली, रमा भाव-रस खान.
श्री गणेश के बिम्ब को, अलंकार अनुमान..

दीप सदृश जलते रहें, करें तिमिर का पान.
सुख समृद्धि यश पा बनें, आप चन्द्र-दिनमान..

अँधियारे का पान कर करे उजाला दान.
माटी का दीपक 'सलिल', सर्वाधिक गुणवान..

मन का दीपक लो जला, तन की बाती डाल.
इच्छाओं का घृत जले, मन नाचे दे ताल..

दीप अलग सबके मगर, उजियारा है एक.
राह अलग हर पन्थ की, ईश्वर सबका एक..

बुझ जाती बाती 'सलिल', मिट जाता है दीप.
यही सूर्य का वंशधर, प्रभु के रहे समीप..

दीप अलग सबके मगर, उजियारा है एक.
राह अलग हर पन्थ की, लेकिन एक विवेक..

दीपक बाती ज्योति को, सदा संग रख नाथ!
रहें हाथ जिस पथिक के, होगा वही सनाथ..

मृण्मय दीपक ने दिया, सारा जग उजियार.
तभी रहा जब परस्पर, आपस में सहकार..

राजमहल को रौशनी, दे कुटिया का दीप.
जैसे मोती भेंट दे, खुद मिट नन्हीं सीप..

दीप ब्रम्ह है, दीप हरी, दीप काल सच मान.
सत-शिव-सुन्दर है यही, सत-चित-आनंद गान..

मिले दीप से दीप तो, बने रात भी प्रात.
मिला हाथ से हाथ लो, दो शह भूलो मात..

ढली सांझ तो निशा को, दीप हुआ उपहार.
अँधियारे के द्वार पर, जगमग बन्दनवार..

रहा रमा में मन रमा, किसको याद गणेश.
बलिहारी है समय की, दिया जलाये दिनेश..

लीप-पोतकर कर लिया, जगमग सब घर-द्वार.
तनिक न सोचा मिट सके, मन की कभी दरार..

सरहद पर रौशन किये, शत चराग दे जान.
लक्ष्मी नहीं शहीद का, कर दीपक गुणगान..

दीवाली का दीप हर, जगमग करे प्रकाश.
दे संतोष समृद्धि सुख, अब मन का आकाश..

कुटिया में पाया जनम, राजमहल में मौत.
आशा-श्वासा बहन हैं, या आपस में सौत?.

पर उन्नति लख जल मरी, आप ईर्ष्या-डाह.
पर उन्नति हित जल मरी, बाती पाई वाह..

तूफानों से लड़-जला, अमर हो गया दीप.
तूफानों में पल जिया, मोती पाले सीप..

तन माटी का दीप है, बाती चलती श्वास.
आत्मा उर्मिल वर्तिका, घृत अंतर की आस..

जीते की जय बोलना, दुनिया का दस्तूर.
जलते दीपक को नमन, बुझते से जग दूर..

मातु-पिता दोनों गए, भू को तज सुरधाम.
स्मृति-दीपक बालकर, करता 'सलिल' प्रणाम..

जननि-जनक की याद है, जीवन का पाथेय.
दीप-ज्योति में बस हुए, जीवन-ज्योति विधेय..

नन्हें दीपक की लगन, तूफां को दे मात.
तिमिर रात का मिटाकर, 'सलिल' उगा दे प्रात..

दीप-ज्योति तन-मन 'सलिल', आत्मा दिव्य प्रकाश.
तेल कामना को जला, तू छू ले आकाश..


***********************

दोहा गाथा सनातन: ४९ दोहे अमृत-धार संजीव 'सलिल'


दोहा गाथा सनातन: ४९

दोहे अमृत-धार

 
संजीव 'सलिल'
*
मंत्र ऋचा श्रुति श्लोक हैं, दोहे अमृत-धार.
राग-विराग सिंगार हैं, प्रेम-भक्ति पतवार.

दोहा गाथा की इस समापन कड़ी में दोहा गीतिका की चर्चा अप्रासंगिक न होगी. ऐसे दोहे जिनके सम पदों की तुक सामान हो, एक साथ प्रस्तुत किये जाएँ तो वे दोहा गीतिका बनाते हैं. दोहे के समपदों में पदांत तथा तुकांत समय होने पर भाव सौंदर्य तथा नाद सौंदर्य का संगम रस तथा शिल्प को हृद्ग्राही बनाता है. दोहा गीतिका के दोहे किसी विषय विशेष पर केन्द्रित भी हो सकते हैं और अलग-अलग विषयों से सम्बंधित भी हो सकते हैं.

दोहा रचना उर्दू ग़ज़ल की बहर के अनुरूप हो तो उसे दोहा ग़ज़ल कहा जायेगा.

माटी ने शत-शत दिए, माटी को आकार.
यह माटी सुरभित सुमन, वह माटी है खार..

माटी में सीकर मिले, निराकार-साकार.
अविनाशी माटी कहे, हे नश्वर आभार.

कनकाभित कुंदन हुआ, जग-वन्दित हर बार.
बिना जले निज आभ से, देता जग उजियार..

जो अच्छे इंसान हैं, जो काबिल फनकार.
ऊपरवाले तुझे क्यों है उनकी दरकार?

कुंदन देता संदेसा, दिल को दिल का प्यार.
गले मिले हँस पूछता, कैसे हैं सरकार?

निराकार को लगन श्रम' कौशल दे आकर.
स्वप्न तभी सार्थक 'सलिल', जब हों वे साकार..

****************

तुमको मालूम ही नहीं, शोलों की तासीर.
तुम क्या जानो ख्वाब की, कैसे हो ताबीर?.

बहरे मिलकर सुन रहे, गूंगों की तक़रीर.
बिलख रही जम्हूरियत, सिसक रही है पीर..

फेंक द्रौपदी ही रही, फाड़-फाड़ निज चीर.
भीष्म द्रोण कृप कृष्ण संग, घूरें पांडव वीर..

सपनों को साकार कर, धरकर मन में धीर.
हर बाधा-संकट बने, पानी की प्राचीर..

दहशतगार्डों की हुई, है जब से तकसीर.
वतन परस्ती हो गयी, खतरनाक तकसीर..

हिम्मत मत हारें करें, सब मिलकर तदबीर.
प्यार-मुहब्बत ही रहे, मजहब की तफसीर..

हिंद और हिन्दी करें, दुनिया को तनवीर.
बेहतर से बेहतर बने, दुनिया की तस्वीर..

हाय सियासत रह गयी, सिर्फ दगा-तज्वीर.
खिदमत भूली कौम की, बातों की तब्जीर..

तरस रहा मन दे 'सलिल', वक़्त एक तब्शीर.
शब्दों के आगे झुके, ज़ालिम की शमशीर..

******************

दोहा गाथा सनातन की यह लेख माला ४९ पाठों तथा १६ गोष्ठियों कुल ६५ कड़ियों में विश्व की किसी भी भाषा के काव्य शास्त्र की सर्वाधिक लम्बी लेखमाला होने का रिकोर्ड बना चुकी है. आप सब पाठकों और सहभागियों को ही इसका श्रेय है.

इस लेखमाला के माध्यम से अंतर्जाल (इंटरनेट) पर पहली बार कई छंदों के रचना-विधान का उल्लेख हुआ. छंदहीन काव्य की बाढ़ के इस दौर में भावी पीढी को अंतर्जाल पर हिंदी गीति काव्य से परिचित करने का यह सारस्वत अनुष्ठान हिंद युग्म के संचालक मंडल विशेषकर श्री शैलेश भारतवासी के सहयोग के बिना सम्भव नहीं था. इसका पूरा श्रेय युग्म के संचालकों और सहभागियों को है. इसमें जो भी कमियाँ और त्रुटियाँ रही हों उनके लिए मैं आप सबसे क्षमाप्रार्थी हूँ.

नव वर्ष पर आप सबका अभिनन्दन -

शुभकामनायें सभी को, आगत नवोदित साल की,
शुभ की करें सब साधना, चाहत समय खुशहाल की।

शुभ 'सत्य' होता स्मरण कर, आत्म अवलोकन करें,
शुभ प्राप्य तब जब स्वेद-सीकर राष्ट्र को अर्पण करें।

शुभ 'शिव' बना, हमको गरल के पान की सामर्थ्य दे,
शुभ सृजन कर, कंकर से शंकर, भारती को अर्घ्य दें।

शुभ वही 'सुन्दर' जो जनगण को मृदुल मुस्कान दे,
शुभ वही स्वर, कंठ हर अवरुद्ध को जो ज्ञान दे।

शुभ तंत्र 'जन' का तभी जब हर आँख को अपना मिले,
शुभ तंत्र 'गण' का तभी जब साकार हर सपना मिले।

शुभ तंत्र वह जिसमें, 'प्रजा' राजा बने, चाकर नहीं,
शुभ तंत्र रच दे 'लोक' नव, मिलकर- मदद पाकर नहीं।

शुभ चेतना की वंदना, दायित्व को पहचान लें,
शुभ जागृति की प्रार्थना, कर्त्तव्य को सम्मान दें।

शुभ अर्चना अधिकार की, होकर विनत दे प्यार लें,
शुभ भावना बलिदान की, दुश्मन को फिर ललकार दें।

शुभ वर्ष नव आओ! मिली निर्माण की आशा नयी,
शुभ काल की जयकार हो, पुष्पा सके भाषा नयी।

शुभ किरण की सुषमा, बने 'मावस भी पूनम अब 'सलिल',
शुभ वरण राजिव-चरण धर, क्षिप्रा बने जनमत विमल।

शुभ मंजुला आभा उषा, विधि भारती की आरती,
शुभ कीर्ति मोहिनी दीप्तिमय, संध्या-निशा उतारती।

शुभ नर्मदा है नेह की, अवगाह देह विदेह हो,
शुभ वर्मदा कर गेह की, किंचित नहीं संदेह हो।

शुभ 'सत-चित-आनंद' है, शुभ नाद लय स्वर छंद है,
शुभ साम-ऋग-यजु-अथर्वद, वैराग-राग अमंद है।

शुभ करें अंकित काल के इस पृष्ट पर, मिलकर सभी,
शुभ रहे वन्दित कल न कल, पर आज इस पल औ' अभी।

शुभ मन्त्र का गायन- अजर अक्षर अमर कविता करे,
शुभ यंत्र यह स्वाधीनता का, 'सलिल' जन-मंगल वरे।

*


दोहा गाथा सनातन: ४८


दोहा गाथा सनातन: ४८

इस श्रंखला के समापन पूर्व अंक में हम दोहा पर आधारित त्रिपदिक छंदों से साक्षात् करते हैं. त्रिपदिक छंदों की परंपरा भी संस्कृत से हिंदी में आयी है. त्रिपदिक छंदों के तीन चरणों की तुक के आधार पर ५ वर्गों में वर्गीकृत किया जा सकता है. १. तीनों चरणों की तुक समान हो, २. प्रथम-द्वितीय चरणों की तुक सामान हो, ३. प्रथम-तृतीय चरणों की तुक समान हो, ४. द्वितीय-तृतीय चरणों की तुक असमान हो तथा ५. प्रथम-द्वितीय चरणों की तुक समान हो, ६. तीनों चरणों की तुक असमान हो.

दोहा के सम विषम चरण क्रमशः १३-११ मात्राओं के होते हैं. इनके विविध संयोजनों से निम्नानुसार त्रिपदियाँ बनती हैं.

१. तीनों चरण तेरह मात्री हों:

स्वागत में नव वर्ष के
अपने मन की उदासी
पल में छू मंतर हुई.

२. तीनों चरण ग्यारह मात्री हों:

पञ्च शरों की मार.
इंगित का व्यापार.
बौराया संसार.

३. प्रथम-तृतीय तेरह मात्री तथा द्वितीय चरण ग्यारह मात्री हों:

मैं तुम यह वह ही नहीं,
मन्मथ की मनुहार.
फागुन में सबको रुची.

४.प्रथम-तृतीय ग्यारह मात्री तथा द्वितीय चरण तेरह मात्री हों:

करें ठुमक इसरार
ढोलक, टिमकी, मंजीरा
नाचो गाओ यार.

५. प्रथम-द्वितीय तेरह मात्री तथा तृतीय चरण ग्यारह मात्री हों:

नैन मिले लड़ झुके उठ
देख नैन में बिम्ब निज
कर बैठे इकरार.

६. प्रथम-द्वितीय ग्यारह मात्री तथा तृतीय चरण तेरह मात्री हों:

मादक रूप निखार
या दहके अंगार
किंशुक कुसुम किलक रहे.

७. द्वितीय-तृतीय तेरह मात्री तथा प्रथम चरण ग्यारह मात्री हों:

यह जीवन वरदान
आदिकाल से आज तक
पुस्तक के बल पर हुआ.

८. द्वितीय-तृतीय ग्यारह मात्री तथा प्रथम चरण तेरह मात्री हों:

काल नहीं कुछ देखता
कुटिया है या ताज?
विगतागत या आज?

इस तरह दोहा पर आधारित कुल त्रिपदियों की संख्या ६ X ८ = ४८ होती है. यदि विविध पदों में में एक मात्रा कम या अधिक होने की छूट ली जाये तो छंदों की संख्या सहस्त्रों में पहुँच जाएगी. हिंदी गीति काव्य में छंदों का आधार पूरी तरह गणितीय है.

आजकल साहित्यकारों में इन आधारों पर छंद रचना कर उनके आविष्कारक होने का दावा करने की होड़ लगी है किन्तु यह सब हिंदी पिंगल की सनातन सम्पदा है. अनावश्यक विस्तार से बचने के लिए हमने उक्त के साथ एक-एक उदाहरण दिए हैं किसी पाठक की रूचि हो तो वह पृथक संपर्क कर अधिक जानकारी अथवा ४८ प्रकारों के उदाहरण प्राप्त कर सकता है.

अगली समापन किस्त में हम दोहा गीतिका या दोहा गजल की चर्चा करेंगे.

****************

दोहा गाथा सनातन: ४७ यति दस-आठ, आठ-छः पर है त्रिभंगी में --आचार्य संजीव 'सलिल'


दोहा गाथा सनातन: ४७

यति दस-आठ, आठ-छः पर है त्रिभंगी में

आचार्य संजीव 'सलिल'

यति दस-आठ, आठ-छः पर है त्रिभंगी में,

चरणान्त गुरु औ' जगण वर्जित है.

चार चरणों का छंद, मोहे मन रसिकों का,

पाई न उधार करी कीर्ति अर्जित है.

छन्द लय रस बिम्ब भाव कथ्य भाषा को,

साधना-सँवारना 'सलिल' न सहज है.

शब्द-ब्रम्ह की कृपा से सिद्ध होता है छंद,

शारदा के चरणों की छंद पग-रज है..

त्रिभंगी एक मात्रिक छंद है.

इस छंद में दस-आठ तथा आठ-छः पर यति होती है.

बत्तीस मात्रा के हर चरण के अंत में गुरु आवश्यक है.

यह छंद चार चरणों का होता है तथा इसमें जगण (ज भा न = लघु गुरु लघु) वर्जित होता है.

उदाहरण:

१.
रसराज-रसायन, तुलसी-गायन,

श्री रामायण मंजु लसी.

शारद शुचि-सेवक, हंस बने बक-

जन-कर-मन हुलसी हुलसी..

रघुवर-रस-सागर, भर लघु गागर,

पाप-सनी मति गई धुल सी.

कुंजी रामायण के परायण,

से गयी मुक्ति-राह खुल सी..

२.
रस-सागर पाकर, कवि ने आकर,

अंजलि भर रस-पान किया.

ज्यों-ज्यों रस पाया, मन भरमाया,

तन हर्षाया, मस्त हिया..

कविता सविता सी, ले नवता सी,

प्रगटी जैसे जला दिया.

सारस्वत पूजा, करे न दूजा,

करे 'सलिल' ज्यों अमिय पिया..

**********************

दोहा गाथा सनातन : ४५ सरस सवैया नित पढो -सलिल


दोहा गाथा सनातन : ४५

सरस सवैया नित पढो

गण की आवृत्ति सात हों, दो गुरु रहें पदांत.
सरस सवैया नित पढो, 'सलिल' न तनिक रसांत..

विविध गणों में से किसी एक गण की सात बार आवृत्तियाँ तथा अंत में दो दीर्घ अक्षरों का प्रयोग कर सवैये की रचना की जाती है. विविध गणों के प्रयोग के आधार पर इस छन्द के कई प्रकार (भेद) हैं. यह एक वर्णिक छन्द है.

मत्तगयंद (मालती) सवैया

इस वर्णिक छंद के चार चरण होते हैं. हर चरण में सात भगण (S I I) के पश्चात् अंत में दो गुरु (S S) वर्ण होते हैं.

उदाहरण:

१.
धूरि भरे अति सोभित स्यामजू, तैंसी बनी सिर सुन्दर चोटी.
खेलत-खात फिरें अँगना, पग पैंजनिया, कटी पीरि कछौटी.
वा छवि को रसखान विलोकत, वारत काम कलानिधि कोटी.
काग के भाग बड़े सजनी, हरि हाथ सों ली गयो माखन-रोटी.

२.
यौवन रूप त्रिया तन गोधन, भोग विनश्वर है जग भाई.
ज्यों चपला चमके नभ में, जिमि मंदर देखत जात बिलाई.
देव खगादि नरेन्द्र हरी मरते न बचावत कोई सहाई.
ज्यों मृग को हरि दौड़ दले, वन-रक्षक ताहि न कोई लखाई.

३.
मोर पखा सिर ऊपर राखिहौं, गुंज की माल गले पहिरौंगी.
ओढ़ी पीताम्बर लै लकुटी, वन गोधन गजधन संग फिरौंगी.
भाव तो याहि कहो रसखान जो, तेरे कहे सब स्वांग करौंगी.
या मुरली मुरलीधर की अधरान धरी अधरा न धरौंगी.

दुर्मिल (चन्द्रकला) सवैया

इस वर्णिक छंद के चार चरणों में से प्रत्येक में आठ सगण (I I S) और अंत में दो गुरु मिलाकर कुल २५ वर्ण होते हैं.

उदाहरण:

बरसा-बरसा कर प्रेम सुधा, वसुधा न सँवार सकी जिनको.
तरसा-तरसा कर वारि पिता, सु-रसा न सुधार सकी जिनको.
सविता-कर सी कविता छवि ले, जनता न पुकार सकी जिनको.
नव तार सितार बजा करके, नरता न दुलार सकी जिनको.

दोहा गाथा सनातन: ४३, गीतिका छंद: एक परिचय.


दोहा गाथा सनातन: ४३

गीतिका छंद: एक परिचय.

संजीव 'सलिल'

गीतिका एक सम-मात्रिक छंद है. इसके प्रत्येक चरण में १४-१२ की यति में २६ मात्राएँ होती हैं. पदांत में लघु-गुरु होना अनिवार्य है. इसके हर चरण की तीसरी, दसवीं, सत्रहवीं और चौबीसवीं मात्राएँ हमेशा लघु होती हैं. छन्द के अंत में रगण = राजभा = गुरु लघु गुरु छन्द को अधिक श्रुति मधुर बना देता है.

उदाहरण:

१.
धर्म के मग में अधर्मी से कभी डरना नहीं.
चेत कर चलना कुमारग में कदम धरना नहीं..
शुद्ध भावों से भयानक भावना भरना नहीं.
बोधवर्धक लेख लिखने में कमी करना नहीं..

२.
हे प्रभो आनंददाता! ज्ञान हमको दीजिये.
शीघ्र सारे दुर्गुणों से दूर हमको कीजिये.
लीजिये हमको चरण में हम सदाचारी बनें.
ब्रम्हचारी धर्मरक्षक वीर, व्रतधारी बनें.....

३.
यत्न कर कुछ देश के हित, अंत करिए भीति का.
क्यों निहारे धाम धन जन, पंथ तज अनरीति का.
कष्ट सहके जो पराये काम में नित आएगा.
प्राप्त कर फल जन्म का वह, वह नाम कुछ कर जायेगा..

******************

दोहा गाथा सनातन: 42 दोहा की बहिना चौपाई


************************

दोहा गाथा सनातन: ४२

दोहा की बहिना चौपाई

दोहा की बहिना चौपाई, गुरु मात्रा पदांत में लाई.
चरण हमेशा सोलह मात्री, रचिए चौपाई सुखदात्री..

दोहा की बड़ी बहिन चौपाई मात्रिक सम छंद है जिसके हर पद में दो चरण तथा प्रत्येक चरण में सोलह मात्राएँ होती हैं.

चौपाई के हर चरण के अंत में 'जगण' तथा 'तगण' का निषेध है अर्थात गुरु मात्रा होना अनिवार्य है. हर चरण के अंत में 'यति' (विराम) होती है.

गोस्वामी तुलसीदास रचित रामचरित मानस में दोहा और चौपाई का साम्राज्य दृष्टव्य है.

उदाहरण:

१.
बिनु सत्संग विवेक न होई, राम-कृपा बिनु सुलभ न सोई.
सत संगति मुद मंगल मूला, सोई फल सिधि सब साधन फूला.. - तुलसीदास

२.
मीन विलग जल से जब होती, तडप-तडप निज जीवन खोती.
बुझे शीघ्र जल दीपक-बाती, जब न सनेह भरी रह पाती..ओमप्रकाश बरसैंया 'ओमकार'


३.
नेतागण हैं सिक्का खोटा, जैसे बेपेंदी का लोटा.
लूट-बेच खा रहे देश को, जोड़ रहे धन क्या हमेश को? - सलिल

चौपाई में हर रस का रंग देखा जा सकता है. समर्थ कवि के लिए यह छंद सरस्वती का वरदान है.

महाकाव्यों और खंडकाव्यों में इस छंद की महत्ता देखी जा सकती है.

************************