फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

दोहा गाथा सनातन: ४८


दोहा गाथा सनातन: ४८

इस श्रंखला के समापन पूर्व अंक में हम दोहा पर आधारित त्रिपदिक छंदों से साक्षात् करते हैं. त्रिपदिक छंदों की परंपरा भी संस्कृत से हिंदी में आयी है. त्रिपदिक छंदों के तीन चरणों की तुक के आधार पर ५ वर्गों में वर्गीकृत किया जा सकता है. १. तीनों चरणों की तुक समान हो, २. प्रथम-द्वितीय चरणों की तुक सामान हो, ३. प्रथम-तृतीय चरणों की तुक समान हो, ४. द्वितीय-तृतीय चरणों की तुक असमान हो तथा ५. प्रथम-द्वितीय चरणों की तुक समान हो, ६. तीनों चरणों की तुक असमान हो.

दोहा के सम विषम चरण क्रमशः १३-११ मात्राओं के होते हैं. इनके विविध संयोजनों से निम्नानुसार त्रिपदियाँ बनती हैं.

१. तीनों चरण तेरह मात्री हों:

स्वागत में नव वर्ष के
अपने मन की उदासी
पल में छू मंतर हुई.

२. तीनों चरण ग्यारह मात्री हों:

पञ्च शरों की मार.
इंगित का व्यापार.
बौराया संसार.

३. प्रथम-तृतीय तेरह मात्री तथा द्वितीय चरण ग्यारह मात्री हों:

मैं तुम यह वह ही नहीं,
मन्मथ की मनुहार.
फागुन में सबको रुची.

४.प्रथम-तृतीय ग्यारह मात्री तथा द्वितीय चरण तेरह मात्री हों:

करें ठुमक इसरार
ढोलक, टिमकी, मंजीरा
नाचो गाओ यार.

५. प्रथम-द्वितीय तेरह मात्री तथा तृतीय चरण ग्यारह मात्री हों:

नैन मिले लड़ झुके उठ
देख नैन में बिम्ब निज
कर बैठे इकरार.

६. प्रथम-द्वितीय ग्यारह मात्री तथा तृतीय चरण तेरह मात्री हों:

मादक रूप निखार
या दहके अंगार
किंशुक कुसुम किलक रहे.

७. द्वितीय-तृतीय तेरह मात्री तथा प्रथम चरण ग्यारह मात्री हों:

यह जीवन वरदान
आदिकाल से आज तक
पुस्तक के बल पर हुआ.

८. द्वितीय-तृतीय ग्यारह मात्री तथा प्रथम चरण तेरह मात्री हों:

काल नहीं कुछ देखता
कुटिया है या ताज?
विगतागत या आज?

इस तरह दोहा पर आधारित कुल त्रिपदियों की संख्या ६ X ८ = ४८ होती है. यदि विविध पदों में में एक मात्रा कम या अधिक होने की छूट ली जाये तो छंदों की संख्या सहस्त्रों में पहुँच जाएगी. हिंदी गीति काव्य में छंदों का आधार पूरी तरह गणितीय है.

आजकल साहित्यकारों में इन आधारों पर छंद रचना कर उनके आविष्कारक होने का दावा करने की होड़ लगी है किन्तु यह सब हिंदी पिंगल की सनातन सम्पदा है. अनावश्यक विस्तार से बचने के लिए हमने उक्त के साथ एक-एक उदाहरण दिए हैं किसी पाठक की रूचि हो तो वह पृथक संपर्क कर अधिक जानकारी अथवा ४८ प्रकारों के उदाहरण प्राप्त कर सकता है.

अगली समापन किस्त में हम दोहा गीतिका या दोहा गजल की चर्चा करेंगे.

****************

दोहा गाथा सनातन: ४६ मनहरण (कवित्त/घनाक्षरी) छंद


दोहा गाथा सनातन: ४६

काव्य रसिकों!

'दोहा गाथा सनातन' के समापन से पहले दोहा के लक्षणों से समय रखते कुछ लोकप्रिय छंदों की चर्च में आल हम मनहरण (कवित्त/घनाक्षरी) छंद से साक्षात् करते हैं.

मनहरण छंद एक वर्णिक छंद है जबकि दोहा मात्रिक छंद है. मनहरण छंद का पदभार गिनाते समय दोहा की तरह मात्रा न गिनें अपितु लघु-गुरु का भेद भूलकर हर अक्षर को एक ही गिनें.

दोहा में दो पद और चार चरण होते हैं. मनहरण में चार पद होते हैं. दोहा में १३-११ पर विराम होता है मनहरण में १६-१५ पर. मनहरण के हर पद में ८,८,८ और ७ पर यति होती है. मनहरण में अंतिम वर्ण गुरु होना आवश्यक है.

पढने में ये बंधन प्रारंभ में कठिन प्रतीत होते हैं किन्तु कुछ छंदों को लगातार दोहराने के बाद मन में लय बैठ जाये तो सहज ही भाव मनहरण के रूप में ढल कर व्यक्त हो पाते हैं. आइये! कुछ कवित्तों का रसपान करें:

१.
सुनिए विटप वर, पुहुप तिहारे हम, रखिहो तो सोभा हम, राबरी बढायेंगे.
तजिहों हरिष के तो, विलग न माने कछु, जहाँ-जहाँ जैहें, तहाँ दूनो जस गायेंगे.
सुर न चढ़ेंगे नर, सिर न चढ़ेंगे फेरि, सुकवि अनीस हाथ, हाथन बिकायेंगे.
देस में रहेंगे, परदेस में रहेंगे, काहू- भेस में रहेंगे तऊ, राबरे कहायेंगे.

२.
सिसिर में ससि को सरुप पावै सविता हूँ, घाम हूँ में चाँदनी की दुति दमकति है.
'सेनापति' होत सीतलता है सहस गुनी, रजनी की झाईं बासर में झलकति है.
चाहत चकोर, सूर ओर दृग छोर करी, चकवा की छाती तजि धीर धसकति है.
चंद के भरम होत, मोद है कुमोदिनी को, ससि-संक पंकजनी फूलि न सकति है.

३.
मातु शारदा के ज्ञानदा के चारु चरणों का, ध्यान धर धीरों के गुणानुवाद गाइए.
प्राण वार दीजिये, कृपान की कृपा पै आज, वीरों की बहादुरी का, सुयश सुनाइए.
काम वासना के मीत, प्रीत-गीत जो बने हैं, गा के राग, राग के न काग बन जाइए.
भेद नायिका के, जो लिखे गए लकीर पीट, छोड़ के अतीत, नए गीत आज गाइए.

४.
भारती की आरती उतारिये 'सलिल' नित, सकल जगत को सतत सिखलाइये.
जनवाणी हिंदी को बनायें जगवाणी हम, भूत अंगरेजी का न शीश पे चढ़ाइये.
बैर ना विरोध किसी बोली से तनिक रखें, पढ़िए हरेक भाषा, मन में बसाइये.
शब्द-ब्रम्ह की सरस साधना करें सफल, छंद गान कर रस-खान बन जाइए.

यदि आप किसी विशेष छंद की चर्चा या शंका का समाधान चाहते हों तो बतायें. ३० दिसंबर की कड़ी से इस लेखमाला का समापन होगा. सभी नए-पुराने सहभागी
आदि से अंत तक के अध्यायों और गोष्ठियों पर दृष्टिपात कर सकें तो उन्हें लाभ होगा

****************************

Acharya Sanjiv Salil

http://divyanarmada.blogspot.com

दोहा गाथा सनातन: 42 दोहा की बहिना चौपाई


************************

दोहा गाथा सनातन: ४२

दोहा की बहिना चौपाई

दोहा की बहिना चौपाई, गुरु मात्रा पदांत में लाई.
चरण हमेशा सोलह मात्री, रचिए चौपाई सुखदात्री..

दोहा की बड़ी बहिन चौपाई मात्रिक सम छंद है जिसके हर पद में दो चरण तथा प्रत्येक चरण में सोलह मात्राएँ होती हैं.

चौपाई के हर चरण के अंत में 'जगण' तथा 'तगण' का निषेध है अर्थात गुरु मात्रा होना अनिवार्य है. हर चरण के अंत में 'यति' (विराम) होती है.

गोस्वामी तुलसीदास रचित रामचरित मानस में दोहा और चौपाई का साम्राज्य दृष्टव्य है.

उदाहरण:

१.
बिनु सत्संग विवेक न होई, राम-कृपा बिनु सुलभ न सोई.
सत संगति मुद मंगल मूला, सोई फल सिधि सब साधन फूला.. - तुलसीदास

२.
मीन विलग जल से जब होती, तडप-तडप निज जीवन खोती.
बुझे शीघ्र जल दीपक-बाती, जब न सनेह भरी रह पाती..ओमप्रकाश बरसैंया 'ओमकार'


३.
नेतागण हैं सिक्का खोटा, जैसे बेपेंदी का लोटा.
लूट-बेच खा रहे देश को, जोड़ रहे धन क्या हमेश को? - सलिल

चौपाई में हर रस का रंग देखा जा सकता है. समर्थ कवि के लिए यह छंद सरस्वती का वरदान है.

महाकाव्यों और खंडकाव्यों में इस छंद की महत्ता देखी जा सकती है.

************************

दोहा गाथा सनातन: 40 मुर्दों में भी फूँकता, छंद वीर नव जान.


दोहा गाथा सनातन: ४०

मुर्दों में भी फूँकता, छंद वीर नव जान.

मुर्दों में भी फूँकता, छंद वीर नव जान.
सोलह-पन्द्रह पर यती, रखते हैं रस-वान..

वीर छंद भी दोहा की ही तरह दो पदों (पंक्तियों) तथा चार चरणों (अर्धाली) में रचा जाता है किन्तु दोहे की १३-११ पर यति की जगह वीर छंद में १६-१५ पर यति होती है. बहुधा वीर छंद के १५ मत्री अंश में से चार मात्राएँ कम करने पर दोहा का सम अंश शेष रहता है. वीर छंद में विषम पद की सोलहवी मात्रा गुरु तथा सम पद की पंद्रहवीं मात्रा लघु होती है.

सोलह-पंद्रह यति रखें, गुरु-लघु पर हो अंत.
जगनिक रचकर अमर हैं, गायें आल्हा कंत..



उदाहरण:

१.
संध्या घनमाला की ओढे, सुन्दर रंग-बिरंगी छींट.
गगन चुम्बिनी शैल श्रेणियाँ, पहने हुए तुषार-किरीट..

सम पदों मे से 'सुन्दर' तथा 'पहने' हटाने पर दोहा के सम पदांत 'रंग-बिरंगी छींट' तथा 'हुए तुषार-किरीट' शेष रहता है जो दोहा के सम पद हैं.

वीर छंद को मात्रिक सवैया या आल्हा छंद भी कहा गया है.

२.
तिमिर निराशा मिटे ह्रदय से, आशा-किरण चमक छितराय.
पवनपुत्र को ध्यान धरे जो, उससे महाकाल घबराय.
भूत-प्रेत कीका दे भागें, चंडालिन-चुडैल चिचयाय.
मुष्टक भक्तों की रक्षा को, उठै दुष्ट फिर हां-हां खाँय

३.
कर में गह करवाल घूमती, रानी बनी शक्ति साकार.
सिंहवाहिनी, शत्रुघातिनी सी करती थी आरी संहार.
अश्ववाहिनी बाँध पीठ पै, पुत्र दौड़ती चारों ओर.
अंग्रेजों के छक्के छूटे, दुश्मन का कुछ, चला न जोर..

४.
पहिल बचिनियाँ है माता की, बेटा बाघ मारि घर लाउ.
आजु बाघ कल बैरी मारिउ, मोरि छतिया की दाह बताउ.
बिन अहेर के हम ना जावैं, चाहे कोटिन करो उपाय.
जिसका बेटा कायर निकले, माता बैठि-बैठि पछताय.

५.
टँगी खुपड़िया बाप-चचा की, मांडूगढ़ बरगद की डार.
आधी रतिया की बेला में, खोपडी कहे पुकार-पुकार.
कहवां आल्हा कहवां मलखै, कहवां ऊदल लडैते लाल.
बचि कै आना मांडूगढ़ में, राज बघेल जिये कै काल.

६.
एक तो सुघर लड़कैया के, दूसरे देवी कै वरदान.
नैन सनीचर है ऊदल कै, औ बेह्फैया बसै लिलार.
महुवर बाजि रही आँगन मां, युवती देखि-देखि ठगि जांय.
राग-रागिनी ऊदल गावैं, पक्के महल दरारा खाँय.

७.
सावन चिरैया ना घर छोडे, ना बनिजार बनीजी जाय.
टप-टप बूँद पडी खपड़न पर, दया न काहूँ ठांव् देखाय.
आल्हा चलि भये, ऊदल चलि भये, जइसे राम-लखन चलि जांए.
राजा के डर कोई न बोले, नैना डभकि-डभकि रहि जाएँ.

बुंदेलखंड के कालजयी महाकवि की अमर काव्य कृति 'आल्हा' से अंतिम चार उदाहरण दिए गए हैं जो वीर छंद में विविध रसों की प्रस्तुति कर रहे हैं.

पाठक इनका आनंद लें और वीर छंद रचें.

८.
बड़े लालची हैं नेतागण, रिश्वत-चारा खाते रोज.
रोज-रोज बढ़ता जाता है, कभी न घटता इनका डोज़.
'सलिल' किस तरह ये सुधरेंगे?, मिलकर करें सभी हम खोज.
नोच रहे हैं लाश देश की, जैसे गिद्ध कर रहे भोज..

*********************