फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

हिन्दी दिवस पर 'हल्का-ए-तश्नागन-ए-अदब' और 'आनंदम' के कवियों का काव्य-पाठ


'आनंदम' की द्वितीय काव्य गोष्ठी

सीमाब सुल्तानपुरी और बलदेव वंशी

'आनंदम' संस्था ने प्रतिमाह द्वितीय रविवार को पश्चिम विहार में काव्य-गोष्ठी का जो क्रम बनाया है, उस के अनुसार दिनांक 14 सितम्बर को संस्था के संस्थापक श्री जगदीश रावतानी के निवास पर एक गोष्ठी आयोजित हुई. इस माह की गोष्ठी उर्दू-हिन्दी कवियों की प्रसिद्ध संस्था 'हल्का-ए-तश्नागन-ए-अदब' जो की पिछले तीस वर्ष से भी अधिक समय से काव्य-सम्मलेन करती रही है, के साथ मिल कर की गई. इस गोष्ठी में सर्वश्री जी आर कँवल, सीमाब सुल्तानपुरी, बलदेव वंशी, आज़म गुरविंदर सिंह कोहली, जाम बिजनौरी, बिशन लाल, साक्षात भसीन, भूपिंदर कुमार, दिल साहब, प्रेमचंद सहजवाला व जगदीश रावतानी आदि ने भाग लिया.

गोष्ठी से एक दिन पूर्व दिल्ली बहुत दर्दनाक तरीके से दहल गई थी. ग्रेटर कैलाश, कनाट प्लेस व करोल बाग़ में पाँच धमाके हुए. बलदेव वंशी ने इसीलिए गोष्ठी की शुरुआत मृत लोगों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करने हेतु मौन प्रार्थना से की. तत्पश्चात गोष्ठी की प्रथम कुछ कवितायें बलदेव वंशी जी ने पढ़ी. एक बच्चे को अक्सर उस के माता-पिता, अध्यापक व अन्य वरिष्ठगण चुप कराते रहते हैं. जब वह बड़ा हो जाता है तब भी कमो-बेश यही स्थिति रहती है. इस भूमिका के साथ उन्होंने निम्न पंक्तियाँ पढ़ी:

यूँ देखने को वह बच्चा / हट्टा-कट्टा नौजवान है / पर चलता फिरता / चुप्पियों का कब्रिस्तान है.

बलदेव वंशी जी की कुछ अन्य सशक्त कविताओं के बाद कविता पाठ का दौर आगे बढ़ा. 'हल्का-ए-तश्नागन-ए-अदब' के एक सशक्त कवि श्री सीमाब सुल्तानपुरी जी ने कुछ सुंदर दोहे हिन्दी-दिवस पर सुनाये क्योंकि गोष्ठी हिन्दी-दिवस के दिन हो रही थी. कुछ दोहे हिन्दी की वर्तमान स्थिति पर एक अच्छा कटाक्ष थे. उदाहरण;

साल भर रटते रहे अंग्रेज़ी का नाम,
एक दिवस में हो गया वर्ष बराबर काम.


सीमाब जी ग़ज़ल लिखने में अपना सानी नहीं रखते. उन्होंने कुछ सशक्त गजलें पेश की, जिन के शेरों में से दो शेर यहाँ प्रस्तुत है:

मुहब्बत की कोई कीमत नहीं है
ये शय बाज़ार में आई नहीं है.
जो आ कर मौत मुझ से छीन लेगी,
हयात ऐसा तो कुछ लाई नहीं है.


श्री जगदीश रावतानी ने अपनी दो गज़लों व एक नज़्म से माहौल को ज़ोरदार बना दिया. यथा:

जहाँ जहाँ मैं गया इक जहाँ नज़र आया
हरेक शय में मुझे इक गुमाँ नज़र आया
गले लगा के मिला ईद सब से जब भी मैं
कोई भी फर्क किसी में कहाँ नज़र आया.



जगदीश रावतानी

जगदीश रावतानी ग़ज़ल में एक सशक्त नाम हैं.
अन्य कवियों ने भी अपनी एक से एक बढ़ कर कविताओं व गज़लों से अच्छा समा बाँध लिया. आतंकवाद आज हर भारतीय हृदय की दुखती रग है. सहजवाला की निम्न पंक्तियाँ दिल्ली में घटी दर्दनाक घटना को अपने शब्दों में व्यक्त करती हैं:

कल हुई दहशत ने मारे थे बहुत,
जो गए, वो लोग प्यारे थे बहुत.
जिस जगह पर कल धुआँ उठने लगा,
घर वहाँ मेरे तुम्हारे थे बहुत.
(पूरी ग़ज़ल पढ़ें)

प्रेमचंद सहजवाला

कदाचित रमजान का महीना होने के कारण कुछ मुस्लिम भाई उपस्थिति न दे सके.
अंत में जगदीश रावतानी ने सब का धन्यवाद करते हुए आशा व्यक्त की कि ऐसी गोष्ठियां निरंतर होती रहेंगी व नित नए हस्ताक्षर इन गोष्ठियों की शान बढाते रहेंगे. .


भूपिन्दर कुमार

जी आर कँवल

गुरविंदर सिंह कोहली
पिछली गोष्ठी की रिपोर्ट

'आनंदम' द्वारा काव्य गोष्ठी आयोजित



आनंदम नाम की संस्था द्वारा काव्य गोष्ठी 31 अगस्त 2008 को संस्थापक श्री जगदीश रावतानी के निवास स्थान पर आयोजित हुई. इस काव्य गोष्ठी की अध्यक्षता जाने माने लेखक कवि डॉ. बलदेव राज वंशी द्बारा की गई. हिन्दी और उर्दू के दर्जन भर कवियों ने अपनी अपनी रचनाओं का पाठ किया जिनमें मुख्य कवियों के नाम इस प्रकार हैं: सर्वश्री मुनव्वर सरहदी, प्रेमचंद सहजवाला, जगदीश रावतानी, डॉ. जसबीर त्यागी, आदित्य देव, सुनीता बत्रा, भूपेंद्र कुमार, साक्षात भसीन, डॉ. विजय मित्तल, मनमोहन तालिब शर्मा, डॉ. लालित्य ललित और डॉ. बलदेव राज वंशी. इस सफल गोष्ठी के कुछ रचनाकारों ने एक ओर प्रेम की अभिव्यक्ति की तो वहीं राजनीति और सामजिक समस्याओं को भी कवियों ने बड़े अनूठे ढंग से प्रस्तुत किया. कुछ व्यंग्यात्मक टिप्पिनियों ने जहाँ पर सभी को गुदगुदाया वहीं कुछ प्रश्न भी खड़े किए. इस काव्य गोष्ठी का संचालन डॉ. लालित्य ललित ने बड़े खूबसूरत अंदाज़ में किया. इस गोष्ठी में चित्रकार कथाकार बुद्धिजीवि बड़ी संख्या में मौजूद थे. रचना पाठ के उपरांत अध्यक्ष डॉ. बलदेव राज वंशी जी ने काव्य और ग़ज़ल की अलग अलग विधाओं को बड़े सरल अंदाज़ में बयान किया और आयोजकों को इस प्रकार की गोष्ठी करने की बधाई भी दी और प्रोत्साहन भी. अंत में श्री जगदीश रावतानी के धन्यवाद प्रस्ताव से कार्यक्रम समाप्त हुआ. श्री जगदीश रावतानी ने सभी को यह सूचना दी कि हर माह के दूसरे रविवार वाले दिन सायं ५ बजे उन्हीं के निवास स्थान पर काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ करेगा . तत्पश्चात चाय की चुस्कियां लेते हुए सभी उपस्थित जनों ने कविता ग़ज़ल या कहिये साहित्य को ले कर भरपूर आनंद लिया.


प्रेषक- प्रेमचंद सहजवाला


इस माह की आनंदम काव्य गोष्ठी जगदीश रावतानी के आवास पर १४ सितम्बर की दोपहर ३ बजे से शाम ६ बजे तक आयोजित होगी।

पता- जगदीश रावतानी, बीएस-19, शिवा एनक्लेव, ए/4- पश्चिम विहार, नई दिल्ली-110063

इच्छुक कवि या तो उपर्युक्त पते पर दिये गये समय पर सीधे पहुँचें या निम्न संपर्क सूत्रों पर संपर्क करें।

मो॰ (जगदीश रावतानी)- 9811150638
ईमेल- jagdishrawtani@rediffmail.com और ardentne@gmail.com

डैलास, अमेरिका के रेडियो सलाम नमस्ते पर निखिल अपनी आवाज़ का ज़ादू बिखेरेंगे


अभी पिछले रविवार की ही बात है कि हिन्द-युग्म के युवा कवि निखिल आनंद गिरि ने AIR FM Rainbow (102.6 FM) पर अपनी आवाज़ का ज़ादू बिखेरा, और उन्हें इस रविवार का न्यौता आ गया। विश्व पुस्तक मेला 2008 में प्रसिद्ध हास्य कवि अभिनव शुक्ला ने रेडियो सलाम नमस्ते (डैलास, अमेरिका का 24X7 चलने वाला हिन्दी FM रेडियो स्टेशन) से हिन्द-युग्म के कई साथियों का साक्षात्कार लिया था और उनसे काव्य-पाठ भी करवाया था। उन्होंने हिन्द-युग्म के संयोजक शैलेश भारतवासी से तो बकायदा हिन्द-युग्म की कहानी जानी थी। रेडियो सलाम नमस्ते हिन्दी गीत-संगीत के अतिरिक्त हिंदी कविता पर विशेष कार्यक्रम "कवितांजलि" प्रस्तुत करता है जिसका संचालन आदित्य प्रकाश करते हैं। स्थानीय समयानुसार रात्रि 9 बजे से 10 बजे तक प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम में भारत के नामचीन मंचीय कवियों यथा कुमार विश्वास, सुनील जोगी, राजेश चेतन, ओम व्यास, पवन दीक्षित, मनोज कुमार मनोज, दीपक गुप्ता, अर्जुन सिसोदिया, मनीषा कुलश्रेष्ठ, डाँ कविता वाचकनवी, दिनेश रघुवंशी आदि ने शिरकत की है, वहीं प्रवासी कवियों में अंजना संधीर, लावण्या शाह (लावण्याजी जाने माने गीतकार स्वर्गीय पं. नरेंद्र शर्मा की पुत्री है), इला प्रसाद, अभिनव शुक्ल, रेखा मैत्र, प्रियदर्शिनी, कुसुम सिन्हा, देवेन्द्र सिंह, अर्चना पांडा, रेणुका भटनागर, सुधा धिंगरा, हरिशंकर आदेश, डाँ ज्ञान प्रकाश, शशि पाधा, कल्पना सिंह चिटनिस भागीदार रहे हैं। अधिक जानकारी

अभिनव शुक्ला द्वारा लिये गये साक्षात्कार को रेडियो सलाम नमस्ते के श्रोताओं ने सुना। आदित्य प्रकाश निखिल आनंद गिरि की आवाज़ से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने 'कवितांजलि' का न्यौता दे दिया। हिन्द-युग्म का एक उद्देश्य मंचों तक असली साहित्य पहुँचाना भी है। और हिन्द-युग्म यह मानता है कि निखिल उसी असल साहित्य के युवा प्रतिनिधि हैं। तो इस रविवार यानी 6 अप्रैल 2008 की रात्रि 9 बजे से 10 बजे तक (अमेरिका के श्रोताओं के लिए) और इस सोमवार यानी 7 अप्रैल 2008 की सुबह 7:30 से 8:30 (भारत के श्रोताओं के लिए) हिन्द-युग्म, निखिल आनंद गिरि और रेडियो सलाम नमस्ते का साथ रहेगा। आप भी सुनें और निखिल आनंद गिरि की आवाज़ का ज़ादू देखें। जल्द ही हिन्द-युग्म अन्य कवि रेडियो सलाम नमस्ते से सुनाई देंगे।

यह कार्यक्रम रेडियो सलाम नमस्ते की वेबसाइट http://www.radiosalaamnamaste.com/ पर सुना जा सकता है। डैलास, अमेरिका में FM रेडियों सेटों से यह कार्यक्रम 104.9 FM पर ट्यून किया जा सकता है।