प्रतियोगिता की सोलहवीं कविता हरकीरत कल्सी हकीर की है। कवयित्री बहुत लम्बे अर्से के बाद हिन्द-युग्म पर सक्रिय हुई हैं। हिन्द-युग्म पर कई बार प्रकाशित हो चुकी हैं।
कविता: कपड़े उतारती कविता
मानव मन की चेतना में
नित हो रहा है विस्फोट ...
आद्यांत राजनीती में धँसे
हिम शय्या पर लेटे
परम्पराओं के ....
नवाचारों के संघात से
क्षीण-विक्षीण संस्कृति में
लिपटी कविता
वेदना और आक्रोश में
उतारती है कपड़े .....
सत्ता पक्ष ने
खड़ी कर दी है इक
अमानवीय क्रूर बौद्धिकता ....
जहाँ सम्वेदनशील कविता
देश की अंतहीन दुर्दशा पर
बहाती है आँसू .....
इक खामोश डर
कहीं भीतर कुलबुलाता है
पता नहीं कब, कौन,कहां
हथियार लिए आये
और दाग दे गोली सीने पर
अभी पिछले ही दिनों वह
देश की सभी बड़ी ताकतों को
जेब में लिए घूमता था .....
कोई रहस्य नहीं है इसमें
न असमंजसता का है कोई कारण
मानवीय शक्तियों ने छीन ली है
मानव से उसकी मनुष्यता ....
अब वह नहीं लिखता
प्रेम-प्रसंग पर कवितायें
किसी भारी-भरकम पत्थर की तरह
अपने वाक्जाल से पटक देता है
कविता को सड़क पर ....
और कविता धराशाई हो
अपने रिसते ज़ख्मों से
धीरे-धीरे फ़ैलाने लगती है
शब्दों का संक्रमण ......!!




यह पहला मौका है कि यूनिकवि प्रतियोगिता के शीर्ष १० में कोई पूर्वोत्तर भारत से विजयी हुआ हो। यद्यपि हिन्द-युग्म गुवाहाटी से बहुत शुरूआत से पढ़ा जाता रहा है, लेकिन जिस भूभाग से हिन्दी बोलने वालों को भगाया जा रहा हो, वहाँ हिन्दी में रचना हो, यह उम्मीद करना बेमानी सा लगता है। लेकिन उसको कौन भगा सकता है जिसका जन्म ही वहाँ की चाय की बागानों में हुआ हो और जिसे हिन्दी से विशेष लगाव हो। जी हाँ, इस बार आठवें स्थान की कविता की रचनाकारा हरकी़रत कलसी 'हकी़र' गुवाहाटी असम में ही जन्मी हैं। हिन्दी और पंजाबी में काव्य-लेखन, आलेख, कहानियाँ, स्तम्भ और अनुवाद करती रही हैं। 'इक दर्द' नाम से इनकी एक काव्य-पुस्तक भी प्रकाशित हो चुकी है। आकाशवाणी और दूरदर्शन से काव्यपाठ तो करती ही रहती हैं। इनका आत्मकथ्य पढ़ें-

