फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

विश्वनागरिक


देश के बड़े से शहर में
बारह मंज़िला इमारत में
बालकनी वाले फ़्लैट में रहता हूँ।

ऊपर से मुख्य सड़क दिखती है।
नीचे सभी छोटे-छोटे दिखते है ।
बालकनी पर ही साइकल चलाता हूँ
और उसकी दीवारों के साथ फ़ुटबॉल खेलता हूँ।
नीचे भी एक लड़का मेरी तरह ही फ़ुटबॉल खेलता है।
लेकिन उसका नाम पापा को मालूम नहीं है।
कभी समय मिलेगा तो पूछूँगा।

अभी तो मैं
अपने कम्प्यूटर के चूहे पर सवार
दुनिया की सैर कर रहा हूँ
डिस्नीलैण्ड और पैरिस घूमा हूँ।

अभी सीर्फ़ पाँच साल का हूँ
लेकिन तीन भाषाएँ जानता हूँ।
पिताजी ने कहा
बड़ा होकर विदेश जाऊँगा तो काम आएँगी।

घर में चीन के भालू
फ्रांस के खिलौने
अमेरिका का वीडियो गेम हैं।
लेकिन खेलने का समय नहीं मिलता
सुबह पापा को जल्दी काम पे जाना होता है
शाम को मम्मी देर से दफ्तर से लौटती है
स्कूल से ज़्यादा समय
क्रेश में बिताता हूँ।

आज स्कूल में हमने पौधे बोए
टीचर बोली
इनसे दुनिया बचेगी
हरियाली आएगी
जब मैं घर आया
तो मम्मी से कहा
मुझे घर पर एक पेड़ बोना है
मम्मी ने कहा...
बेटा यहाँ पेड़ बोएँगे कैसे?
नीचे तो माटी है नहीं
जड़े कहाँ जाएँगी
और किसी तरह पेड़ लग भी गया तो
पत्ते उपर छत से टकराकर सूख जाएँगे...

(मैं थोड़ा रोया
फिर मम्मी ने वही कार्टून चलाया
जिसमें मेरा प्रिय जापानी हीरो
दुनिया को बचाता है)

यूनिकवि- गुलशन सुखलाल