संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी हिन्द-युग्म के पुराने पाठक लेखक हैं। काफी दिनों से इनकी टिप्पणियाँ नहीं दिख रहीं, लेकिन कभी-कभार कविताओं के माध्यम से इनकी उपस्थिति दिख जाती है। दिसम्बर २००८ की यूनिकवि प्रतियोगिता में इनकी कविता ने दसवाँ स्थान बनाया है।
पुरस्कृत रचना- यदि चाहो आतंक मिटाना
एक राह से नहीं रूकेगा, हर-राह पर चलना होगा।
यदि चाहो आतंक मिटाना, मिलकर आगे बढ़ना होगा।।
आतंक नहीं है, नई चीज,
युगों-युगों से चलता आया।
प्रति-पल जगकर आगे बढ़,
सुरक्षित अपना देश बनाया।
आतंक-रावण हावी है फिर, युवा-राम को जगना होगा।
यदि चाहो आतंक मिटाना, मिलकर आगे बढ़ना होगा।।
बम का ही आतंक नहीं है,
शोषण भी आतंक मचाता।
नारी भी आतंकित होती,
जबरन नर, रंगरेली मनाता।
द्रोपदी चीर-हरण हो रहा, श्याम को फिर से आना होगा।
यदि चाहो आतंक मिटाना, मिलकर आगे बढ़ना होगा।।
व्यवस्था, अव्यवस्था कर रही,
प्रशासन ही नाकारा हो रहा।
भ्रष्टाचार में आकंठ डूबकर,
अधिकारी है जेब भर रहा।
भ्रष्टाचार मिटाकर जड़ से, प्रशासन को सुधरना होगा।
यदि चाहो आतंक मिटाना, मिलकर आगे बढ़ना होगा।।
जनतंत्र को भीड़तंत्र कर,
राजनीति आतंक कर रही।
हिन्दी-मराठी झगड़ा करके,
देश को ये, कमजोर कर रही।
जनता को अब जगकर खुद ही, नेताओं को कसना होगा।
यदि चाहो आतंक मिटाना, मिलकर आगे बढ़ना होगा।।
अपनी रक्षा सुदृढ़ करके,
पड़ोसियों को कसना होगा।
राष्ट्रभाव हर हृदय जगाकर,
जन-जन जाग्रत करना होगा।
प्रेम-रंग में रंगकर सबको, अपनत्व का भाव जगाना होगा।
यदि चाहो आतंक मिटाना, मिलकर आगे बढ़ना होगा।।
प्रथम चरण के जजमेंट में मिले अंक- २॰५, ५॰५, ६॰०५
औसत अंक- ४॰६८३३
स्थान- तेइसवाँ
द्वितीय चरण के जजमेंट में मिले अंक- ४, ५, ४॰६८३३ (पिछले चरण का औसत
औसत अंक- ४॰५६११
स्थान- दसवाँ
पुरस्कार- कवि गोपाल कृष्ण भट्ट 'आकुल' द्वारा संपादित हाडौती के जनवादी कवियों की प्रतिनिधि कविताओं का संग्रह 'जन जन नाद' की एक प्रति।




प्रतियोगिता की सातवीं कविता के रूप में हम संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी की कविता प्रकाशित कर रहे हैं। संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी विगत ६ महीनों से हिन्द-युग्म पर आ रहे हैं, पढ़ रहे हैं और हर प्रकार से सहयोग कर हमारा प्रोत्साहन करते रहे हैं। इनका जन्म अभावों व संघर्षों के बीच उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के एक छोटे से गाव गढ़ी अहवरन (ननिहाल) में सन् 3 अप्रैल 1971 को हुआ। इनकी प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा अभावों के कारण अत्यन्त अव्यवस्थित रही। इन्होंने सन् 1987-88 में जबकि ये स्नातक में ही थे, अपनी लेखनी चलाना प्रारंभ किया। इनका पहला काव्य-संग्रह जिसमें 77 कविताए संग्रहीत हैं `मौत से जिजीविषा´ है। दूसरे काव्य संग्रह `बता देंगे जमाने को´ में 56 कविताए हैं और तीसरा काव्य संग्रह है- `समर्पण´। समर्पण में 101 कविताए संकलित हैं। काव्य संग्रहों के अलावा विभिन्न स्थानीय, क्षेत्रीय व राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में 400 से अधिक कविताए प्रकाशत हो चुकी हैं। अनेकों सम्मानों से नवाज़े जा चुके हैं। आप वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालय, कुचामन शहर, राजस्थान मे हिन्दी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं।

