प्रतियोगिता के अगले विजेता जीष्णु हरिशरण मॉरिशस निवासी हैं। 12 दिसम्बर 1988 को जन्मे जीष्णु B. A. (Hons) हिन्दी के विद्यार्थी हैं। इन्हें जब कभी भी मौका मिलता है, कविता लिख देते हैं। अपनी सारी उपलब्धियों का श्रेय ये अपने परिवार और अपने गुरुजनों की सहायता/ प्रोत्साहन को देते हैं।पुरस्कृत रचना- एक बच्चे को
आज,
न चाहकर भी देख आया मैं
स्कूल से लौटते हुए एक बच्चे को
फटे उसके गंदे जूतों को
पुराने कमीज़ के असाधारण रंग-बिरंगे बटनों को
पतलून के ज़िप पर लगे पिन को
मैले रंगहीन बसते को
देख आया मैं।
आँखों में उसके देखा
एक ओर थकान थी
तो दूसरी ओर खुशी
एक ओर व्यस्तता थी
तो दूसरी ओर शांति
एक ओर दारिद्रय था
तो दूसरी ओर पूर्ती
तब एका एक
दिल से दुआएं निकलीं
प्रार्थनाएँ निकलीं
दुःख हुआ पर खुशी भी मिली
कि अच्छा है-
संघर्ष है
सपने हैं
आशाएं हैं...
मंजिल भी मिल जाएगी
पर हे प्रभु!
इन छोटी-छोटी मासूम आँखों को
धोखा मत देना
देर ही सही
इन नन्हे पैरों को
अपनी मंजिल तक पहुVचा देना
लेकिन
इतना भी सहायक न बन जाना
कि ये ही पद
एक दिन
दूसरों को कुचल कर आगे बढ़ जाए.
इसलिए
इन्हें नियंत्रित रखना
मार्ग दिखाना
ठोकर देना
आँचल भी देना
आज
न चाहकर भी
देख आया मैं
स्कूल से लौटते हुए एक बच्चे को
प्रथम चरण मिला स्थान- चौदहवाँ
द्वितीय चरण मिला स्थान- आठवाँ
पुरस्कार- समीर लाल के कविता-संग्रह 'बिखरे मोती' की एक प्रति।






