फटाफट (25 नई पोस्ट):

कृपया निम्नलिखित लिंक देखें- Please see the following links

चिड़चिड़ी


केवल उंगलियां देख कर
घबराती ग्वालिन
देख रही अपनी ’मौसी’ का चेहरा -
आग-बबूला
पहाड़ से लुढ़कते पत्त्थर सा क्रोध
उफनती नदी खो चुकी अपनी शालिनता
काँपते हुये हिरन के बच्चे
कुलांचे भरते
देखते कगार पर अपनी मृत्यु
कत्लगाह से छुट पाने की विफलता पर
बैठे अनमने हो कर
पलकें एकटक
जिनके बोल खो जाते कहीं धुएँ में ।


देखा था मौसी ने -
ऋषि-मुनियों के यज्ञ की आहुति का धुआँ -
टकराते चकमक पत्थर से निकलती
अग्नि से प्रज्ज्वलित हवन
जिसके साथ जुड़ी प्रार्थना और श्रद्धा ने ही
बददिमाग कर दिया मौसी को
अब तो कण्डे के उपले भी
जल कर उसे देने लगे हैं
तंग करती हुई गुदगुदी
क्यों नहीं सह पाती
अपने लाड़ले बेटों की शरारत ?
कहती है -
“सिगरेट सा यह धुआँ !
क्यों छोड़ते हो अधोवायु
तुम्हारी बिना बैल की गाड़ी से ?
और तु्म्हारे कारखानो के
इन मशीन-पुर्जों में
हाय राम !
खुद ही पीसी जा रही हूँ
कब तक जलाऊंगी अपनी चमड़ी
और अस्थियां !
बड़ी तकलिफ देते हो मुझे !
कहे देती हूँ
मरोगे बिना मौत
मैं आगा-पीछा नहीं देखती
गुस्से में
शुरू कर दूंगी
मेरा काली-नृत्य शुरू
तो फिर कोई शिव की छाती
रोक नही पायेगी
मेरे पैर !”

सठिया गई है मौसी
देखी नहीं जाती उससे
हमारी प्रगति
हमारी समृद्धि और विकास
कोढ़ के मरीज सी
बदसूरत हो चली
चिड़चिड़ी मौसी ।

-हरिहर झा

हो संतुलित अपना पर्यावरण


"हो सुन्दरतम अपनी ये धरा..
हो हरी भरी यह वसुन्धरा...
माता का रूप धरती धरती
निज सुत सम ही पालन करती..."



है निहित सभी का हित इसमें
हो संतुलित, अपना पर्यावरण
रक्षित हों जीव जंतु नभ थल
प्रकृति, शैल, पताल, तरण.......
प्रकृति, शैल, पताल, तरण.......

क्यूँ पेड़ काटकर काट रहे ?
हम अपने पैरों को प्रतिदिन,
क्यूँ मिटा रहे सोन्दर्य स्वमं ?
वसुधा के अंगो से गिन गिन
क्यूँ रणभूमि में बदल रहे ?
आश्रयदायी सब अभ्यारण
है निहित ........................

नदियों की सांसे रुकीं रुकीं;
सागर प्यासे से खड़े हुए,
प्रकृति मौन हो विवश खड़ी
पेड़ों के शव जो पडे हुए,
क्यूँ बन दुःशासन अनुयायी?
करते धरती का चीर-हरण
है निहित ........................

तारों की धूमिल हुई चमक;
चिमनी के विषैले धुँए से,
चहल पहल खो गयी कहाँ ?
पूँछो इस अँन्धे कुँए से,
कब तक मन-मोर नचायें यूँ
आभासी ये सौन्दरीयकरण
है निहित .........................

पें-पें,टी-टी, हुर्र-हुर्र की
बस ध्वनि सुनाई देती है,
दूर निगाहो तक उगती बस
कंकरीट की खेती है...
शेर, बया, दादुर, जिराफ
देने को रहे बस उदाहरण
है निहित ......................

हाय! कितने सारे बेल-फूल;
तत्पर करने को स्वमं दाह,
तिल-तिल कर मरने से अच्छा
हों एक बार में खत्म!!.. आह !
हाँ लुप्त प्राय हो गये बहुत,
बैबून, तुम्बी और घट-परण
है निहित ........................

लगता है मानव दानव से;
अब सब कतराते फिरते हैं,
अपने दाँतों के हित हाथी
हँसते हुये नही विचरते हैं,
छुप गये किताबों में जाकर
कुछ प्रजाती के सांप, हिरण..
है निहित .........................

है माघ पसीने में लथ-पथ;
अपनी अवनी अनमनी हुई,
मैं फिसल रहा दिवाली पर
क्यूँ राहें इतनी सनी हुई ?
अब गगन विचरते खग गिरते
गुम गये आशियाँ, कहाँ शरण ?
है निहित ........................

ओजोन छ्त्र भी क्षीण हुआ
हो रहे बहुत से बडे छेद,
तपता सीना, तपता माथा
हिम पिघल पिघल बह रहा स्वेद,
हों जागरूक अब यत्न करें,
क्यूँ नही बोलता अंत:करण...

है निहित सभी का हित इसमें;
हो संतुलित अपना पर्यावरण,
रक्षित हों जीव जंतु नभ थल;
प्रकृति, शैल, पताल, तरण.......


17-04-2008