पाँचवें स्थान के कवि नीलेश माथुर हिन्द-युग्म पर पहली बार प्रकाशित हो रहे हैं। पेशे से व्यवसायी नीलेश का जन्म वैसे तो बीकानेर (राजस्थान) में हुआ, मगर फिलहाल गुवाहाटी में रहते हैं और वहीं से अपना व्यवसाय चलाते हैं। शौकिया तौर पर कविता लिखते हैं, स्थानीय पत्र-पत्रिका में इनकी कविताएँ प्रकाशित होती रहती हैं।पुरस्कृत कविता- जिंदगी कुछ इस तरह
ज़िन्दगी यूँ ही गुज़र जाती है
बातों ही बातों में
फिर क्यों न हम
हर पल को जी भर के जिएँ,
खुशबू को
घर के एक कोने में कैद करें
और रंगों को बिखेर दें
बदरंग सी राहों पर,
अपने चेहरे से
विषाद की लकीरों को मिटा कर मुस्कुराएँ
और ग़मगीन चेहरों को भी
थोड़ी सी मुस्कुराहट बाटें,
किसी के आंसुओं को
चुरा कर उसकी पलकों से
सराबोर कर दें उसे
स्नेह की वर्षा में,
अपने अरमानों की पतंग को
सपनों की डोर में पिरो कर
मुक्त आकाश में उड़ाएं
या फिर सपनों को पलकों में सजा लें,
रात में छत पर लेट कर
तारों को देखें
या फिर चांदनी में नहा कर
अपने हृदय के वस्त्र बदलें
और उत्सव मनाएं,
आओ हम खुशियों को
जीवन में आमंत्रित करें
और जिंदगी को जी भर के जिएँ !
प्रथम चरण मिला स्थान- पाँचवाँ
द्वितीय चरण मिला स्थान- पाँचवाँ
पुरस्कार और सम्मान- मुहम्मद अहसन की ओर से इनके कविता-संग्रह 'नीम का पेड़' की एक प्रति।






