फटाफट (25 नई पोस्ट):

Friday, September 05, 2008

दूध का ऋण

एक गहन अन्धेरी गुफा से
अपना जीवन चुरा कर
चक्रव्यूह में फंस गया हूं
रोता रहा रात भर
बचाओ ! बचाओ!
वर्जनाओं के घेरे में
दबे पांव चलने के बावजूद
उफनता दूध गीर पड़ा पैरों पर
क्योंकि मां का दूध
चुरा कर ले जा रहा था
बिना ऋण चुकाये

भाग निकला था….
पर आवरण में
कुछ दिखाई न दिया
टहनियों में छुपते छुपाते…
तिमिर इतना गहन कि
डाली काटने के बदले
हाथ काट लिया
फिर अपने से कट कर
मनमानी का अर्थ भी भूल गया
जिसका इल्जाम ढो रहा था
निर्दोष साबित करने में
झुलसाता रहा अपनी अक्ल को
उन्माद प्रतीत होता था सब को
इस भटकन में
डर के मारे
देखता था तिरछी नजरों से
जहां पर सजा कर रखी थी हर चोरी की चीज
जो जबरदस्ती बांध कर
थानेदार ने मेरे भेजे में उतारी थी
वह भी उस भेजे में
जिसमें थी केवल राख
जो नानी माँ ने
घुट्टी में पिलाई थी
चुपके चुपके सरक कर
फैली है बदन में
बनती है राह का रोड़ा
जिससे ठोकर खाये बिना
निकल जाना चाहता हूँ
कि कोई पदचाप भी सुन न ले
पकड़ा न जाऊँ
आखिर तो है जवाब मेरे पास
सब की साजिश का
इस दुनियाँ को ही मार दूँ
खुद मर कर…
पर रोक लेती है माँ मुझे
जाने कहाँ से टपक पड़ी थी
पिछ्ली बार
कंजूस बनिये की तरह
क्योंकि बाकी ही तो था
उसके दूध का ऋण ।

- हरिहर झा

आप क्या कहना चाहेंगे? (post your comment)

4 कविताप्रेमियों का कहना है :

shyam का कहना है कि -

harihar ji .aap ke dard de sakShat kar kiya.acchaa kiya dard bahar kar diya .ma ka karz ?kya sacmuch ma karz deti hai? aur han to kya use utarnaa sambhav hai?
niyntarknji roman hindi me nahin badal rha hain.shyamskha

vinay k joshi का कहना है कि -

जो नानी माँ ने
घुट्टी में पिलाई थी
चुपके चुपके सरक कर
फैली है बदन में
बनती है राह का रोड़ा
जिससे ठोकर खाये बिना
निकल जाना चाहता हूँ
.
बधाई ! एक बहुत ही भाव पूर्ण रचना|
इसकी गहराई एक उम्र गुजारे बिना
नही पकडी जा सकती है |
सादर |
विनय

Smart Indian - स्मार्ट इंडियन का कहना है कि -

सुंदर भाव और सुंदर शब्दों का सुंदर समन्वय.

शोभा का कहना है कि -

खुद मर कर…
पर रोक लेती है माँ मुझे
जाने कहाँ से टपक पड़ी थी
पिछ्ली बार
कंजूस बनिये की तरह
क्योंकि बाकी ही तो था
उसके दूध का ऋण ।
हरिहर जी
बहुत सुन्दर लिखा है। बधाई स्वीकारें।

आप क्या कहना चाहेंगे? (post your comment)